आज की टॉप 10 खबर 25 नवंबर 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  25  नवंबर  2025  मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

‘ रेत नहीं तो पुलों के संरक्षण के लिए तो आगे आना ही होगा ‘

—महानदी से रेत का पर्यावरणीय विधि के अनुसार मजबूत सेटिंग के चलते संरक्षित नहीं कर सके, तो अब महानदी के पुलों के संरक्षण के लिए तो आगे आना ही होगा।चाहे अरौद का पुल हो जहां तब पूरे के पूरे क्षेत्र के लोगों को उनके घरों में एक सदस्य को छोड कर जिला मुख्यालय कांकेर में ऐतिहासिक रैली का आयोजन करना पडा। सत्ता जागी और पूर्ण राजनीतिक महात्वाकांक्षा से पुल का निर्माण किया गया और महानदी क्षेत्र विकास की मूल धारा से जुडा। पुल बनने के लंबे समय तक इसे जोडने वाले एप्रोच रोड के लिए भी मशक्कत करनी पडी।

चारामा मुख्यालय से सटे भिरौद पुल के लिए भी आम लोगों को कितना संघर्ष करना पडा, बताने की जरूरत नहीं है। महानदी के इस स्थल पर नदी के उपनदी यानि दो नदियों को बारिश के दिनों में पार करना पडता था। भिरौद ग्राम दुरस्थ लोगों की नजर में डुबान का गांव कहलाता था। लोगों का संषर्ष काम आया और पुल बनने के बाद पता चला कि यहां से डुबान क्षेत्र का गांव नजदीक तो है,पर यह डुब का गांव नहीं है।

हाराडुला में जलमग्न पुल का निर्माण किया गया, यहां से यात्री बसें चला करती थी। तहसील मुख्यालय निकलने के लिए हाराडुला,जेपरा,गीतपहर,हल्बा तक के लोगों को बेहतर सुलभ का साधन बना। इसके ऊपरी क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए एनीकट बनाया गया। जिसके ऊपर से पानी बहना लोगों को आकर्षित करता ही,यहां के भुमिगत जल स्तर बढने से आम लोगों का जीवन बेहतर होने लगा था, कि शायद रेत माफियों की नजर लग गई और पिछली दफा तो गर्मी के दिनों में एनीकट खोल दी गई। प्रशासन द्वारा जांच की बात की गई पर क्या हुआ अब तक सिफर है।*उल्टा बेतरतीब,बेखौफ* होकर उपरी क्षेत्र में अवैध तरीके से रेत उत्खनन के चलते यह पुल ऐन बारिश के वक्त ही टूट गया। आज यह टूटा पुल अपनी बेबसी की कहानी स्वयं बयां कर रहा है।

शाहवाडा-तारसगांव पुल के लिए आदर्श ग्राम घोषित होने वाले तारसगांव के तात्कालीन सरपंच एवं सरपंच संघ के ब्लाक अध्यक्ष रहे नारायण शोरी सहित क्षेत्र के वाशिंदो ने लगातार मांग जारी रखी। कानापोंड की सभा में वर्ष 2012 में तात्कालीन मुख्यमंत्री रहे डॉ. रमन सिंह ने तत्काल पुल के सर्वे के आदेश मंच से दिये और महज कुछ वर्षों में पुल बन गया।*इन तीनों पुल के लिए* बेहद संघर्ष करना पडा। वर्तमान में टांहकापार में पुल के लिए ग्रामीण लगातार लगे हुए हैं। इस पुल के लिए बजट में आने की थोथी भ्रमात्मक बातें फैलायी गई। यदि इस पुल के लिए बजट में आ जाती तो ग्रामीण आज मांग नहीं कर रहे होते।

आज प्रधानमंत्री सडकों पर क्षमता से अधिक अवैध तरीके से रेत से भरी वजनी हाईवा ट्रकें चलायी जा रही है,जो इन पुलों से होकर गुजरती है। तगडी सेटिंग के चलते अवैध तरीके से रेत उत्खनन पर रोक तो नहीं लगायी जा पा रही लेकिन लोगों को महानदी के पुल के संरक्षण के लिए तो आगे आना ही होगा ! अगर आज आप पुलों को बचाने के लिए आगे नहीं आ सके तो हाराडुला पुल टूटने का दंश किस प्रकार से लोग भोग रहे हैं,हाराडुला जाकर पुछ सकते हैं।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01.  वाहन चोरी करने वाले आरोपियों को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल।

—पुलिस जानकारी अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण उमनि- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर इन्दिरा कल्याण ऐलिसेला आईपीएस के दिशा निर्देशन में समय-समय पर थाना क्षेत्र के अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु   अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश  श्रीमाल IPS दिशा निर्देश अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख द्वारा गठित टीम दिनांक 3/11/2025 को जुर्म जरायम पतासाजी एवं कस्बा भ्रमण के दौरान सूचना प्राप्त हुआ कि भानुप्रतापपुर क्षेत्र अंतर्गत में ग्राम संबलपुर बस स्टैंड में तीन व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल में  घूम रहे हैं एवं उक्त मोटरसाइकिलों को बेचने के फिराक में ग्राहक तलाश कर रहे है, की सूचना पर थाना भानुप्रतापपुर पुलिस द्वारा संभावित स्थानों में दबिश देकर आरोपियो को घेरा बंदी कर पूछताछ करने पर आरोपियो अपना नाम (01)कार्तिक शेट्टी पिता वासुदेव शेट्टी उम्र 20 वर्ष निवासी भानुप्रतापपुर बाजार (02) नसरुद्दीन खान पिता अब्दुल गफ्फार खान उम्र 26 वर्ष निवासी शंकर नगर मुल्ला, (03) वासुदेव शेट्टी पिता पड़वेलू सिटी उम्र 42 वर्ष निवासी बाजारपारा भानुप्रतापपुर जिला कांकेर छत्तीसगढ़ होना पाया गया, तीनों आरोपियो के कब्जे से एक-एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया, आरोपियों द्वारा अलग-अलग स्थान से चोरी करना, अपराध कारित करना स्वीकार करने से तीनों आरोपियों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2025 धारा 35(1+ड) तैयार किया जाकर आरोपियो को माननीय न्यायालय पेश किया गया, थाना भानुप्रतापपुर क्षेत्र अंतर्गत अवैध गतिविधि की विधियों की रोकथाम हेतु लगातार दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख द्वारा गठित टीम, के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने में विशेष योगदान रहा है।

  ——————–

02. एग्रीस्टैक में छूटे हुए शेष किसानों का पंजीयन कराने सभी एसडीएम आवश्यक कार्यवाही करें। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

— कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एग्रीस्टैक में जिन किसानों का पंजीयन राजस्व अभिलेख के दुरूस्तीकरण अथवा कमी के कारण पूर्ण नहीं हो पाया है, उसे दूर कर शेष सभी किसानों के पंजीयन के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कृषकों के खेतों का रकबा, खसरा, बी-वन आदि से संबंधित त्रुटियों का निराकरण सभी एसडीएम शीघ्रता से करें। बैठक में उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण व निराकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी की प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ई-ऑफिस के माध्यम से सभी कार्यालय प्रमुखों को पत्राचार करने तथा फाइलें प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया। जनपद पंचायत नरहरपुर, कांकेर और दुर्गूकोंदल में अल्प प्रगति पर असंतोष जाहिर करते हुए कलेक्टर ने जनपद सीईओ को ई-ऑफिस के जरिए अनिवार्य रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। इसी तरह आगामी 07 दिसम्बर को अमीन भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर जानकारी ली। परीक्षा की नोडल अधिकारी श्रीमती आस्था बोरकर ने बताया कि इसके लिए जिले में 44 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें 09 हजार 554 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि व्यापमं द्वारा जारी निर्देशानुसार सभी परीक्षा केन्द्रों में अभ्यर्थियों की अनिवार्य रूप से फ्रिस्किंग एवं दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। इसके लिए परीक्षा की गोपनीय सामग्री वितरण व जमा करने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है तथा वाहन अधिग्रहण हेतु आदेश जारी किया गया है। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने शासन की मुख्यधारा से जुड़े आत्मसमर्पित माओवादियों के लिए विभिन्न दस्तावेज जैसे आधार, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, जाति प्रमाण-पत्र आदि तैयार करने के लिए संबंधित विभागों को कैम्प लगाकर बनाने तथा आवश्यक सहयोग करने हेतु अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन ने इसे उच्च प्राथमिकता के साथ निष्पादित करने के लिए निर्देशित किया है। इस दौरान कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नियद नेल्लानार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं पीडीएस भवन निर्माण, सामाजिक अंकेक्षण, पोषण पुनर्वास केंद्र सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए शीघ्रता से कार्य पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अलावा विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पूर्ण गुणवत्ता के साथ उनका निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर  बी.एस. पैकरा, अनुविभागीय अधिकारी कांकेर   अरूण वर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित थे।

 ———————

03.  राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष 26 नवम्बर को जिले के प्रवास पर।

— छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा)   संदीप शर्मा 26 नवम्बर को कांकेर जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे प्रातः 9.30 बजे विश्राम गृह कांकेर पहुंचेंगे तथा सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आंगनबाड़ी, उचित मूल्य दुकान, मध्यान्ह भोजन एवं छात्रावास का निरीक्षण करेंगे। तत्पश्चात श्री शर्मा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 तक कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे, जिसके बाद वे रायपुर के लिए रवाना होंगे।
 ———————

04.  आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।

— कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में मृतक के आश्रित को चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। आमाबेड़ा तहसील के ग्राम राजपुर निवासी 55 वर्षीय फागूराम कावड़े की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती बनको बाई के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है।
———————–

05.  व्यावसायिक शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न ।

— हमर लक्ष्य अभियान के तहत जिला स्तर पर शहीद रामकुमार यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में जिले के व्यावसायिक शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। हमर लक्ष्य अभियान के तहत सत्र 2025-26 में जिले के 50 शालाओं में संचालित व्यावसायिक शिक्षा में शत-प्रतिशत रिजल्ट प्राप्त करना है। इसी कड़ी में व्यावसायिक शिक्षकों एवं प्राचार्याे  के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।प्रशिक्षण में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षकों एवं प्राचार्यों को व्यावसायिक शिक्षा की नवीनतम नीतियों और दिशा निर्देशों से अवगत कराते हुए प्रशिक्षण के पद्धतियों, पाठ्यक्रम संरचना और मूल्यांकन प्रणाली पर चर्चा की गई। साथ ही उद्योगों की जानकारी और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी बनाने की रणनीति, ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों तक इस व्यवासायिक शिक्षा को पहुंचाने के उपायों को साझा कराया गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों एवं प्राचार्यों में व्यावसायिक शिक्षा के प्रति स्पष्ट समझ और दृष्टिकोण का विकास करने के साथ-साथ विद्यार्थियां का रोजगारोन्मुखीकरण पर जोर दिया गया। इस अवसर पर समग्र शिक्षा डीएमसी नवनीत पटेल, एपीसी पेडागॉजी सहित प्रोग्रामर एवं सहायक उपस्थित रहे।

———————

06. एक से अधिक स्थानों में गणना पत्रक जमा करना दंडनीय अपराध : निर्वाचन आयोग ।

— छत्तीसगढ़ राज्य में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य 04 नवम्बर 2025 से शुरू हो चुका है। निर्वाचकों को गणना प्रपत्रों का वितरण लगभग पूर्ण हो गया है और वर्तमान में गणना प्रपत्रों के संग्रहण व डिजिटाइजेशन का कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ द्वारा सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे मृत व्यक्ति या ऐसे व्यक्ति के संबंध में गणना प्रपत्र जमा करना, जो अब भारतीय नागरिक नहीं रहा है, या ऐसे निर्वाचक के मामले में जो जानता है कि उसका नाम निर्वाचक नामावली में एक से अधिक स्थानों पर मौजूद है और वह एक से अधिक स्थानों के संबंध में गणना प्रपत्र जमा करता है। अथवा इस प्रकार गणना प्रपत्र में ऐसी घोषणा करता है जो गलत है या जिसके बारे में वह जानता है या मानता है कि वह सत्य नहीं है, वह लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत दंडनीय है।

———————

07. अमीन भर्ती लिखित परीक्षा 07 दिसम्बर को।  जिले के 44 परीक्षा केन्द्रों में 9554 अभ्यर्थी होंगे शामिल, नोडल अधिकारी नियुक्त ।

—छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा अमीन भर्ती परीक्षा का आयोजन आगामी 07 दिसम्बर रविवार को अपरान्ह 12 बजे से दोपहर 2.15 बजे तक किया जाएगा, जिसमें जिले के लगभग 9554 अभ्यर्थी शामिल होंगे। कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक जिला शिक्षा   लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।उक्त परीक्षा के आयोजन के लिए जिले में 44 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही रोड अलबेलापारा कांकेर, विधि परिसर पीजी कॉलेज कांकेर, शासकीय आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम कॉलेज कांकेर, कृषि कॉलेज एवं रिसर्च स्टेशन सिंगारभाट कांकेर, शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, शासकीय विष्णु प्रसाद शर्मा हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर कांकेर, शासकीय जिला शिक्षा संस्थान एवं प्रशिक्षण केन्द्र डाईट कांकेर, शासकीय महिला आईटीआई कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, शासकीय कन्या छात्रावास हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, शासकीय हाई स्कूल बरदेभाठा, शासकीय कन्या हाई स्कूल मांझापारा कांकेर, शासकीय हाई स्कूल शीतलापारा, सेंट माईकल हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर, जे.पी. इंटरनेशनल स्कूल सरंगपाल कांकेर, पैराडाईज हायर सेकेण्डरी स्कूल ईमलीपारा कांकेर, सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल गढ़पिछवाड़ी, जुपिटर पब्लिक स्कूल माहुरबंदपारा कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल डुमाली, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिदेसर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल बागोडार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पटौद, शासकीय हाई स्कूल दशपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल ईच्छापुर, शासकीय हाई स्कूल माकड़ी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल नाथियानवागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मुरडोंगरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोकपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कन्हारपुरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल धनेलीकन्हार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोदागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पोटगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोकानपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल तारसगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल लखनपुरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल गोलकुम्हड़ा, शासकीय शहीद गैंदसिंह कॉलेज चारामा, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल चारामा, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल चारामा, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल गिरहोला और शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आंवरी चारामा को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।

———————

08.  ब्लाक स्तरीय गोवर्धन पूजा,गोपाष्टमी महोत्सव राऊत नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भिरौद(चारामा) में 01 दिसंबर को आयोजित है।

——छत्तीसगढ यादव समाज ब्लाक चारामा एवं समस्त ग्रामवासी भिरौद एवं ग्राम पंचायत भिरौद तहसील चारामा द्वारा आने वाले 01 दिसंबर को  लगातार द्वितीय वर्ष   विकासखंड स्तरीय गोवर्धन पूजा,गोपाष्टमी राऊत नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरूण साव, उप-मुख्यमंत्री छ.ग. शासन होंगे। राकेश यादव अध्यक्ष यादव समाज ब्लाक चारामा की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न होगा। इस कार्यक्रम के साक्षी सारे जनप्रतिनिधी,पंचायत जनप्रतिनिधी कांकेर एवं भानुप्रतापपुर बनेंगे। कार्यक्रम के लिए सामाजिकजनों द्वारा जोरशोर से तैयारी किया जा रहा है। जिले में अभी से आमंत्रण कार्ड बांटी जा रही है।  ग्राम  भिरौद में कलश एवं शोभायात्रा सुबह 11.00 बजे से निकलेगी। शीतला पूजा‚साहडा देव एवं गोवर्धन पूजा सम्पन्न होगी। अतिथियों का आगमन समय 2.30 बजे रखा गया है। क्षेत्र में इस कार्यक्रम की बेसब्री से उत्सुकता बनी हुई है।

———————–

09. सीजी पीएससी में चयनित जिले के युवाओं का कलेक्टर ने किया मावा मोदोल कोचिंग संस्थान में सम्मान।  जिले के सात अभ्यर्थी हुए चयनित।

—छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा- 2024 की अंतिम चयन सूची जारी की गई है, जिसमें जिले के सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। जिले के कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग सेंटर तथा सेंट्रल लाइब्रेरी कांकेर में सफलता प्राप्त करने वाले जिले की प्रतिभाओं का सम्मान आज किया गया। जिले से कुल सात अभ्यर्थियों का चयन सीजीपीएससी में हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कांकेर जिले से   कमल कुमार ठाकुर का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। इसके पहले वे पटवारी के पद पर जिले में ही पदस्थ थे। इसी तरह आशीष कुमार जुर्री और ग्राम सिदेसर की रीना कोमरा, नरहरपुर विकासखंड के   रिखीराम नेताम का चयन आबकारी उप निरीक्षक के पद पर चयन हुआ है। इसके अलावा श्रवण कुमार मेरिया जैसाकर्रा चारामा का चयन वाणिज्यिक कर निरीक्षक के पद पर हुआ है। सम्मान समारोह के उद्बोधन कलेक्टर ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मावा मोदोल संस्थान के विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने और आगामी परीक्षा हेतु कारगर रणनीति अपनाते हुए मेहनत, लगन और विषयवार अध्ययन करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि महाराष्ट्र पीएससी में पहले प्रयास में ही उनका भी चयन डिप्टी कलेक्टर के पर पर हुआ था तथा बाद में और अधिक मेहनत कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी ने भी सभी प्रतिभाओं एवं उनके पालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन निरंतर क्षेत्र के युवाओं को आगे लाकर उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए मावा मोदोल के माध्यम से प्रतिबद्ध रूप से कार्य कर रहा है। अगली परीक्षाओं में मावा मोदोल के विद्यार्थियों को सफल होने के लिए टिप्स दिए।

 ———————–

10. आज कांकेर के लोकप्रिय विधायक आशा राम नेताम ने नरहरपुर कृषि उपज मंडी में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया। स्थानीय किसानों से मुखातिब होकर हालचाल जानी।

 ———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *