आज की टॉप 10 खबर 25 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
  25  फरवरी  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

विशेष-

”महिलाओं के लिए सराहनीय बजट”
—सभापति-जनपद पंचायत चारामा  श्रीमती  रेणुका सिन्हा ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट वर्ष 2026-2027 का  बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।  उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग को विभिन्न योजनाओं के लिए 10,857 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण और बाल विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस बजट में महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिनमें से कुछ प्रमुख हैं- 
– महिलाओं के नाम से संपत्ति क्रय पर पंजीयन शुल्क में 50% की छूट
– बालिकाओं को 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1.50 लाख रुपये की सहायता
– महतारी वंदन योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान
– लखपति दीदियों को व्यवसाय के लिए सहायता
– आंगनबाड़ी और पोषण के लिए 2,320 करोड़ का प्रावधान
– 75 करोड़ 250 महतारी सदन निर्माण
– 120 करोड़ प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना
– 15 करोड़ रानी दुर्गावती योजना
– 80 करोड़ मिशन वात्सल्य

सभापति जनपद पंचायत चारामा श्रीमती रेणुका सिन्हा ने कहा कि इस बजट के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बजट महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।

 ————————

  01. चौकी दुधावा क्षेेत्रांतर्गत ग्राम बासनवाही में अवैध शराब बेेचने वालो पर रेड कार्यवाही किया गया ।चौकी दुधावा पुलिस की कार्यवाही।घटनास्थल सेे 12.5 लीटर महुआ शराब एवं बिक्री रकम 200 रूपये को जप्त किया गया।।

—घटना का संक्षिप्त विवरण: इस प्रकार है कि दिनांक 24.02.2026 को चौकी दुधावा से जूर्म जरायम पता साजी व ग्राम भ्रमण पर ग्राम बासनवाही में मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि ग्राम बासनवाही गढ़ियापारा में रमिना नेताम पति श्यामु नेताम के द्वारा अपने घर के सामने परछी में अवैध महुआ शराब रखकर बाजार आये लोगों एवं भारतमाला रोड में काम करने वाले मजदूरो को अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री कर रही है। उजियारा अभियान के तहत् अवैध शराब पर रोक लगाने मौके पर उपस्थित गवाह के साथ मुखबीर द्वारा बताये स्थान पर पहुंचकर शराब रेड कार्यवाही किये जहां पर एक महिला मिली जिसका नाम पता पुछने पर अपना नाम रमिना नेताम पति श्यामुलाल नेताम उम्र 50 वर्ष साकिन बासनवाही गढ़ियापारा का होना बतायी, महिला के सहमति से गवाहो के समक्ष घर का तलाशी लेने पर उसके घर से एक सफेद रंग के बड़े प्लास्टिक जरकीन जिसमें देशी महुआ शराब 12.5 लीटर पाया गया। उक्त हाथ भट्टी का बना देशी महुआ शराब 12.5 लीटर कीमती 1250 रूपये को रखने व बिक्री रकम 200 रूपये पेश करने पर जप्त किया गया। अपराध धारा 34(2) आबकारी एक्ट कारित करने से आरोपी महिला रमिना नेताम पति श्यामु नेताम उम्र 50 वर्ष साकिन बासनवाही गढ़ियापारा को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय न्यायालय पेश किया गया।

  ———————— 

02. कोरर में सट्टा खेलाने वाले 02 आरोपियों को किया गिरफ्तार।जिला कांकेर में सट्टे के विरुद्ध लगातार कार्यवाही।थाना-कोरर , कांकेर की कार्यवाही ।

-घटना का संक्षिप्त विवरण निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन  में, श्री योगेश साहू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में, श्री मोहसिन खान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के पर्यवेक्षण में जिले में लगातार जुए सट्टे पर कार्यवाही की जा रही है।इसी तारतम्य में थाना कोरर क्षेत्रान्तर्गत अपराधों की रोकथाम करने जुआ रेड की कार्यवाही की गई। रेड कार्यवाही में घर के सामने आरोपियों द्वारा सट्टा पट्टी लिखकर सट्टा खिला रहे आरोपियों के कब्जे से 18 नग सट्टा पट्टी, 02 नग डाट पेन, 02 नग स्क्रीन टच मोबाईल एवं नगदी रकम 17450/रू0 बरामद कर जप्त किया गया ।आरोपीगण को थाना कोरर के अपराध क्रमांक 24/2026 धारा 6 छ0ग0जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के धारा 112(2) बीएनएस के तहत् गिरफ़तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया।

———————

03. कोरर की तीन दुकान में चोरी करने वाले नाकाब पोश आरोपी गिरफ्तार। 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये।  200 से अधिक मोबाइल नंबरो के टावर लोकेशन का अवलोकन किया गया। तीन आरोपियों में से दो आरोपी नारायणपुर जिले के निगरानी बदमाश है।

—घटना का संक्षिप्त विवरणः- प्रार्थी लक्ष्य कुमार देवांगन कोरर निवासी के द्वारा दिनांक 20.02.2026 को थाना आकर लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि, मेरा लक्ष्य कलेक्शन के नाम पर कपडा दुकान है मेरे दुकान एवं मेरे बगल के हारिओम किराना दुकान तथा राठौर मेडिकल स्टोर्स से तीनो दुकानों में अज्ञात चोर द्वारा ताला तोडकर मेरे दुकान से 21 हजार का कपडा जींस, टी-शर्ट, शर्ट एवं गल्ले में रखे 300 रू0, हरिओम किराना दुकान से 4000/00 रू., राठौर मेडिकल स्टोर्स से 9000/रू0 का सिक्का व फटे नोट ले गये अज्ञात चोरो के खिलाफ थाना कोरर में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। ◽ मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीमान निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में,   योगेश साहू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में,  मोहसिन खान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के पर्यवेक्षण में पता तलाश हेतु थाने का टीम व साईबर टीम को लगाया गया। प्रकरण में विवेचना के दौरान घटना दिनांक से आरोपी फरार थे, पता साजी के के दौरान कोरर, किसनपुरी, पुरी, चारामा रास्ते के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। तब पता चला कि आरोपी स्कुटी व बाईक से चोरी करना पता चला फुटेज व हुलिया देखकर आज दिनांक को थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा अपराध कबूल करने पर चोरी हुयी कपडा पैसा चोरी के दौरान प्रयुक्त स्कुटी, बाईक, मोबाईल, लोहे की राड जप्त किया गया।आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि तीनों आदतन अपराधी है आरोपियों के द्वारा दिनांक 09.02.2026 को फरसगांव में स्कुटी चोरी कर वहां से रात में ही नारायणपुर चले गये नारायणपुर में उसी रात को मेडिकल स्टोर्स, खुशी जूता दूकान में चोरी किये वहां से सुबह आकर चारामा किराये के मकान लेकर रह रहे थे। दिनांक 19-20.02.2026 को चारामा से कोरर आकर तीन दुकान में ताला तोडकर चोरी किये है पैसा खर्च होना बताये है। कुछ पैसों को जप्त किया गया है। आरोपियो द्वारा चोरी शौक को पूरा करने व अनिल पोटाई द्वारा गाडी का किस्त पटाने हेतु चोरी करना व अपराध कारित करना कबूल कर

———————— 

04. माओवादी कैडर डीवीसीएम मल्लेश तथा पार्टी सदस्य रानू पोडियाम ने हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया ।

—कांकेर जिला अंतर्गत एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में Communist Party of India (Maoist) की उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी के माओवादी कैडर डीवीसीएम मल्लेश तथा पार्टी सदस्य रानू पोडियाम ने हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है।निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक, कांकेर ने बताया कि गत दिनों में डीवीसीएम मल्लेश तथा पार्टी सदस्य रानू पोडियाम ने कांकेर पुलिस और BSF सुरक्षा बलों से आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास के लिए संपर्क कर उनके पास पहुँचे lडीवीसीएम मल्लेश तथा पार्टी सदस्य रानू पोडियाम द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इलाके में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर मुख्यधारा में शामिल करने के लिए प्रयास जारी हैं।डीवीसीएम मल्लेश तथा पार्टी सदस्य रानू पोडियाम के सामाजिक मुख्यधारा में पुनःएकीकरण तथा हथियारों के औपचारिक रूप से सुपुर्दगी इत्यादि कार्रवाई संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात आयोजित किया जाएगा। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, सुन्दरराज पट्टलिंगम ने एक बार फिर माओवादी कैडरों से हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि जो कैडर शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आगे आएंगे, उन्हें पुनर्वास नीति के अंतर्गत सभी प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी।
यह उल्लेखनीय है कि सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर पिछले 24 महीनों में 2400 से अधिक माओवादी कैडर मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।

  ———————–

 05. महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता को लेकर अनुविभाग अंतागढ़ में विशेष कार्यशाला का आयोजन। महाविद्यालय परिसर में शिकायत पेटी (SHe BOX) स्थापित।

कांकेर पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार,ASP   आशीष बंछोर के मार्गदर्शन में,सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक( IUCAW ) एवं श्री शुभम तिवारी SDOP अंतागढ़ के पर्यवेक्षण में,थाना प्रभारी श्री रमेश जायसवाल के नेतृत्व में महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा अंतागढ़ क्षेत्र में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

  ———————–

06. नरहरपुर के विद्यालय ग्राम डूमरपानी के जय बजरंग मानस मंडली ने अंचल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करके संभाग स्तर में भाग लिया

—एकल अभियान एवं श्री हरि कथा प्रसार योजना के तत्वाधान में आयोजित संभाग स्तरीय सत्संग मंडली भजन प्रतियोगिता पाटीदार सामाजिक भवन रायपुर में 24/02/2026 दिन मंगलवार को हुआ जिसमें छत्तीसगढ़ संभाग के 15 मंडलिया ने भाग लिया जिसमें कांकेर अंचल के   नरहरपुर के विद्यालय ग्राम डूमरपानी के जय बजरंग मानस मंडली ने अंचल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करके संभाग स्तर में भाग लिया जिसमें संभाग स्तर पर चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ यह कार्यक्रम मनमोहक था जिसमें छत्तीसगढ़ संभाग के सभी क्षेत्रीय मंडलिया ने अपने अपने वेशभूषा भाखा बोली एवं अपनी संस्कृति के माध्यम से नाच गाकर एवं सत्संग भजन करके प्रस्तुति किये यह कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होकर शाम 5 बजे मुख्य अतिथियो के उद्बोधन के पश्चात समाप्त हुआ इस कार्यक्रम में अंचल कांकेर से संस्कार शिक्षा सचिव सुश्री पदमिनी साहू दीदी जी , अंचल अभियान प्रमुख श्रीमान बिरेन्द्र अतकारी जी , अंचल साधक सुश्री अनिता मरकाम दीदी जी सुश्री रताय नेताम जी , सुश्री शांति मरकाम एवं जय बजरंग मानस परिवार के बंधुओं ने भाग लिया जिन्होंने गायन, व्याख्यान, वाद्ययंत्र से सभी अतिथियों के सामने मनमोहक प्रस्तुति दी I

   ———————–

07.जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ के बजट 2026-27 को बताया ’कल्याणकारी बजट’ संकल्प से सिद्धि तक : 1.72 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट प्रदेश की समृद्धि की ओर सशक्त कदम।

– प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने मंगलवार 24 फरवरी को विधानसभा में छत्तीसगढ़ का आम बजट 2026-27 पेश किया, जिसे उन्होंने ’संकल्प से सिद्धि तक’ पर आधारित बताया, जो 1.72 लाख करोड़ रूपए का ऐतिहासिक बजट है। इसके पेश होने पर जिले के जनप्रतिनिधियों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक तथा कल्याणकारी बताते हुए बस्तर संभाग के विकास के लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ बजट निरूपित किया। कांकेर विधायक  आशाराम नेताम ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांकेर में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना का प्रावधान किया गया है, जो क्षेत्रवासियों की बरसों पुरानी मांग थी। इसके बन जाने से बस्तर के युवाओं को रोजगार बड़े अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि कांकेर में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। यह बजट सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो राज्य सरकार की कल्याणकारी मंशा को दर्शाता है।अंतागढ़ विधायक   विक्रम देव उसेण्डी ने आम बजट की घोषण होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि सुदूर वनांचल क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों में तेजी आएगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सिंचाई परियोजना की दिशा में बेहतर एवं समन्वित प्रयास को केन्द्रित कर सुशासन के ध्येय से राज्य सरकार द्वारा आम बजट तैयार किया गया है। राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा ने इसे सर्वसमावेशी एवं सर्वग्राही बताया है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना की दृष्टि से छत्तीसगढ़ में परिवहन, ऊर्जा, संचार, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य में विशेष ध्यान आम बजट 2026-27 में दिया गया है जो राज्य के विकास में मिल का पत्थर साबित होगा। साथ ही बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के विकास पर विशेष फोकस किया गया है। अबूझमाड़ और जगरगुंडा में “एजुकेशन सिटी“ शिक्षा के क्षेत्र में बस्तर को एक नई पहचान देगी और मछली पालन को प्रमुख आजीविका साधन के रूप में विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।  जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए इसे विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति देने वाला साबित होगा और इससे ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रगति की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आम बजट में समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के मूल मंत्र को प्राथमिकता दी है। यह बजट समाज के हर वर्ग किसान, मजदूर, महिला, युवा और व्यापारियों की जनाकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष   अरूण कौशिक ने आम बजट 2026-27 को विकास का आईना बताया है। उन्हांने कहा कि बस्तर में औद्योगिक विकास की दिशा में कृषि संबंधित उद्योगों की स्थापना के लिए 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री स्टार्टअप योजना से युवाओं को नई दिशा मिलेगी। श्री कौशिक ने बताया कि नगरीय विकास के लिए उक्त बजट में 2150 करोड़ रूपए का ऐतिहासिक प्रावधान किया गया है, जिससे निश्चित तौर पर नगरपालिका परिषद कांकेर की सूरत व सीरत में सकारात्मक बदलाव दिखेगा। इस तरह जिले के जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ को संवारने के संकल्प वाले इस बजट को कल्याणकारी और सर्वजनों के हित में बताया है।

   ———————–

08. चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत।   

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए भानुप्रतापपुर तहसील अंतर्गत ग्राम ऊंचपानी निवासी 70 वर्षीय बरतनीन की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित मेहतर, केश कुमार, रमेश कुमार को संयुक्त रूप से चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। हितग्राहियों को संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार द्वारा डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जाएगा।

———————–

  09.जनगणना-2027 पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण   

-आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण के लिए मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन आज किया गया। उक्त कार्यशाला में जनगणना से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी चार्ज अधिकारियों को दी गई, साथ ही विभिन्न प्रावधानों के बारे में अवगत कराया गया।जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज सुबह आयोजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला के प्रथम दिवस में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा जनगणना अधिनियम 1948 तथा 1990 में विहित धाराओं तथा उपधाराओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। इसके अलावा स्वगणना मकान सूचीकरण (एचएलओ) का निर्माण, ग्राम एवं नगर के चार्ज रजिस्टर में प्रविष्टियां, मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) का नजरी नक्शा तैयार करना, स्वगणना की प्रक्रिया, पोर्टल का उपयोग करना, प्रगणकों की नियुक्ति आदि के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि इस बार जनगणना दो चरणों में पेपरलेस यानी ऑनलाइन पद्धति से ही सम्पन्न होगी। प्रथम चरण में 01 मई से 30 मई के बीच सम्पन्न होगी, जिसमें प्रगणकों द्वारा भवनों का चिन्हांकन एवं सूचीकरण कर संख्या निर्धारित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनगणना की जाएगी। इसके अलावा प्रथम चरण की जनगणना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई। कार्यशाला में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे, विभिन्न अनुभागों के अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारीगण उपस्थित थे।  

  ———————

10. जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर सुरेवाही में 26 फरवरी को

-कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार आमजनता की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन गुरूवार 26 फरवरी को अंतागढ़ विकासखण्ड के माध्यमिक शाला खेल मैदान सुरेवाही में जनसमस्या निवारण शिविर लगाया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत भैंसासुर, टेमरूपानी, मण्डागांव, हिन्दुबिनापाल, कानागांव, बुलावण्ड, मासबरस, जेठेगांव, अमोड़ी और कोदागांव इत्यादि ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। शिविर में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया जाएगा, साथ ही योजनाओं का लाभ उठाने में कोई कठिनाई आ रही हो तो उसका समाधान भी शिविर में मौके पर किया जाएगा। कलेक्टर ने जनसमस्या निवारण शिविर में जिला, ब्लॉक स्तरीय एवं क्लस्टर स्तर के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीणों की विभिन्न मांगों और समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। 

 ———————

विशेष-
असुरक्षित खाद्य पदार्थ का विक्रय प्रतिबंधित
-खाद्य एवं औषधि प्रशासन कांकेर द्वारा खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच के उपरांत उसके असुरक्षित होना पाया गया है। उक्त खाद्यान्न के विक्रय एवं उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है। अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य नमूने ‘पैक्ड टाटा सम्पन्न फाईन’ बेसन 500 ग्राम, बैच GV5H0844D1 मैन्युफैक्चरिंग एंड मार्केटेड बाई टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड, 1 बिशप लेफ्रॉय रोड कोलकाता पश्चिम बंगाल का नमूना जांच हेतु लिया गया था, जो जांच रिपोर्ट के अनुसार असुरक्षित पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर उक्त असुरक्षित पाए जाने वाले खाद्य पदार्थ का विक्रय प्रतिबंधित किया गया है। तदनुसार खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 36 के अंतर्गत उक्त खाद्य पदार्थ का विक्रय प्रतिबंधित किया गया है।
अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि उक्त बैच नंबर के खाद्य पदार्थ का विक्रय तत्काल प्रभाव से बंद करते हुए उपलब्ध स्टॉक को अन्य खाद्य पदार्थ से अलग रखने विनिर्माता कंपनी को निर्देशित किया गया है। खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 एवं नियम, विनियम अंतर्गत प्रावधानों का पालन नहीं करने या उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाई की जाएगी, जिसके लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।

 ———————

शहीद मोतीराम आंचले की तृतीय पुण्यतिथि मनाई गई
-शहीद मोतीराम आंचले की तृतीय पुण्यतिथि आज शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय कांकेर में जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में मनाई गई। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (से.नि.) श्री संजय शुक्ला ने बताया कि शहीद की पत्नी श्रीमती पदमावती आंचले को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर पुण्य स्मरण किया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकगण, संस्था के प्राचार्य, सहायक प्राचार्य तथा विद्यार्थीगण उपस्थित थे।अयोध्या के कृषि वैज्ञानिकों के दल ने किया रबी दलहन अनुसंधान कार्यों का निरीक्षणबताया- जल्द पकने वाली

 ———————

जीनोटाइप फसलों के लिए कांकेर जिला उपयुक्त

-इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सिंगारभाट कांकेर में चल रहे रबी शोध कार्यों का निरीक्षण भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों का उच्च स्तरीय दल ने किया। निरीक्षण दल में अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शिवनाथ, पादप रोग विज्ञान के डॉ. पंकज, कीट वैज्ञानिक डॉ. सुभाष चन्द्रा एवं डॉ. प्रफुल्ल कुमार सोनी शामिल थे।अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के वार्षिक निगरानी कार्यक्रम के तहत पहुंचे कृषि वैज्ञानिकों के दल ने कांकेर के लिए जल्दी पकने वाली जीनोटाईप को उपयुक्त बताया जो कि धान के खेत के खाली होने पर किया जा सके। इसमें से सर्वश्रेष्ठ जीनोटाईप का चयन करके किस्म के रूप में विभाजित किया जाता है। वरिष्ठ वैज्ञानिक शिवनाथ ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिससे भविष्य में अनुसंधान कार्यो में और अच्छा कार्य किया जा सके। डॉ. सुभाष चन्द्रा फ्यूजेरियम, पित्त और कॉलर रॉट के चने अनुसंधान में कुछ पौधे में लक्षण पाया और मृदा उपचार को इसके निदान के लिए कारगर बताया। अखिल भारतीय अनुसंधान परियोजना अन्तर्गत ए.वी.टी. चना समय पर बुवाई, आईवीटी चना समय पर बुवाई, एवीटी चना देर से बुवाई, तिवड़ा आईवीटी, एवीटी तिवड़ा और एवीटी मसूर लगाए एवीटी चना फसल की वर्तमान स्थिति विशेष रूप से पोंड फॉर्मेशन फली बनने की अवस्था का निर्धारण के संबंध में जानकारी दी।केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जीवन सलाम ने कहा कि कांकेर क्षेत्र की जलवायु दलहनी फसलों की किस्मों के लिए काफी अनुकूल है। इस शोध के सफल परिणाम आने वाले समय में बस्तर संभाग के किसानों के लिए अधिक उपज देने वाली और रोगों से लड़ने में दलहनी फसलों की नई किस्म के द्वार खोले जाएंगे। कृषि वैज्ञानिक थलेश कुमार, प्रदीप कुमार गंजीर, डॉ. जागृति पटेल, डॉ. प्रदीप कुमार बढ़ई ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में इस केंद्र पर 06 महत्वपूर्ण अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

 ———————

जैसाकर्राृचारामा) में देव खुंटा हटाने पर बढ़ा विवाद, हल्बा समाज ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी दी

-कांकेर जिले के चारामा विकासखंड के ग्राम जैसकर्रा में हल्बा समाज द्वारा स्थापित माँ दंतेश्वरी के देव खुंटा को वन विभाग द्वारा हटाए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है।ग्रामीणों से मिली जानकारी अनुसार कि 26 दिसंबर को शक्ति दिवस के अवसर पर हल्बा समाज के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माँ दंतेश्वरी का देव खुंटा स्थापित किया था। यह स्थापना समाज की पारंपरिक आस्था और रीति-रिवाजों के अनुसार की गई थी।साथ ही ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग के कर्मचारियों ने देव खुंटा को उखाड़कर फेंक दिया तथा वहां लगाया गया तिरंगा भी हटा दिया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।इस घटना के विरोध में हल्बा समाज के लोग एकत्रित हुए और रैली के माध्यम से तहसील कार्यालय पहुंचे। इस दौरान समाज के लोगों ने जोर-शोर से नारेबाजी करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष इस रैली में शामिल हुए। तहसील कार्यालय पहुंचकर समाज के प्रतिनिधियों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और देव खुंटा को पुनः स्थापित कराने की मांग की।

इस पर समाज प्रमुख ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि यह क्षेत्र अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है और यहां पेसा कानून लागू है। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज का पारंपरिक अधिकार है। समाज अपने पूर्वजों की परंपराओं का पालन करते हुए देवी-देवताओं की स्थापना करता आया है और आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति से अवगत कराने के लिए ऐसे आयोजन करता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज अपने अधिकारों के लिए खड़ा है। यदि आगामी 26 फरवरी तक देव खुंटा को पुनः स्थापित नहीं किया गया तो समाज उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।वही विजय ठाकुर ने भी वन विभाग की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि हल्बा समाज जल, जंगल और जमीन का रक्षक है। पेसा कानून लागू होने के बावजूद इस प्रकार की कार्रवाई करना अशोभनीय है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर उचित समाधान निकालने की मांग की।ग्राम की महिलाओं ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर देव खुंटा स्थापित किया गया था, लेकिन बिना सूचना उसे हटा दिया गया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही देव खुंटा को पुनः स्थापित नहीं किया गया तो वे भी आंदोलन को और तेज करेंगी।इस मामले में जब डीएफओ रौनक गोयल से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की गई है।और ग्रामीणों को निर्देश दिया गया है।अब देखना होगा कि आपसी संवाद से समाधान निकलता है या मामला आगे और गरमाता है।

 ———————

 शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 24 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   24  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ‘भेंट मुलाकात, के साथ ‘ चिंतन ‘ का भी वक्त” —चलो यह खबर है…

आज की टॉप 10 खबर 23 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   23  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ‘छत्तीसगढ कला जगत में आल्हा उदल का आयोजन’  —बुंदेलखंड की वीर भूमि महोबा में…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *