कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
24 मार्च 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया जिला जेल का निरीक्षण।

-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजीव कुमार टामक ने आज जिला जेल कांकेर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से वार्तालाप कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उन्हें विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान की। साथ ही बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करते हुए नियमित व्यायाम एवं संतुलित दिनचर्या अपनाने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर जेल में उपलब्ध भोजन एवं पेयजल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया तथा गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला प्रधान एवं सत्र न्यायाधीश ने निर्देशित किया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाए, जिससे वे न्याय से वंचित न रहें। इसके अतिरिक्त उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया, जिससे बंदियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भास्कर मिश्र, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शांति प्रभु जैन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी उपस्थित रहे।।
————————
02. ग्रीष्मकाल के मद्देनजर आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन समय में परिवर्तन।
—प्रदेश में गर्मी की अधिकता के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए ग्रीष्मकाल की अवधि में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के समय में परिवर्तन किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि आगामी 01 अप्रैल से 30 जून तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन की समयावधि 6 घण्टे से घटाकर 4 घण्टे की गई है। समयावधि में उक्त परिवर्तन करने पर आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन प्रातः 07 से 11 बजे तक किया जाएगा। ग्रीष्मकाल समाप्ति के उपरांत 01 जुलाई से पुनः आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन सुबह 9.30 से अपराह्न 3.30 बजे तक 6 घण्टे के लिए किया जाएगा।
———————
03. मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 17 अप्रैल तक।
—मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु 17 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट एवं एनडीए की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने के लिए सघन तैयारी कराई जाती है। इसके लिए राज्य में मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।सहायक आयुक्त ने सुश्री जया मनु ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 मार्च से शुरू हो चुकी है। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल (रात्रि 12 बजे तक) निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार 18 से 21 अप्रैल तक किया जा सकेगा तथा जिला स्तर पर दस्तावेजों का परीक्षण 22 से 28 अप्रैल तक किया जाएगा। प्रवेश पत्र 01 से 09 मई तक डाउनलोड किया जा सकता है। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए 10 मई को प्राक्चयन परीक्षा आयोजित होगी। इच्छुक विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detail के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिले के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय तथा प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर से संपर्क किया जा सकता है।
————————
04. उजियारा अभियान के तहत् थाना भानुप्रतापपुर पुलिस अवैध शराब बिक्री करने वाले के विरूद्ध दर्ज अपराध। 07 लीटर देशी महुआ शराब के साथ किया गया आरोपी को गिरफ्तार।

— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि-वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में उजियारा अभियान के तहत में अवैध शराब बिक्री करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना भानुप्रतापपुर में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में दिनांक 24.03.2026 को आरोपी- मनोज यादव पिता हलाल सिंह यादव उम्र 21 वर्ष निवासी बड़ेपारा बांसला भानुप्रतापपुर थाना भानुप्रतापपुर जिला उत्तर बस्तर कांकेर जो अपने घर के पास ग्राम बांसला में अवैध रूप से देशी महुआ शराब बिक्री हेतु रखा है कि सुचना पर रेड़ कार्य कार्यवाही कर आरोपी के कब्जे से 07 लीटर देशी महुआ बरामद किया गया। जिसे गवाहों के समक्ष जप्त कर आरोपी- मनोज यादव पिता हलाल सिंह यादव उम्र 21 वर्ष निवासी बड़ेपारा बांसला भानुप्रतापपुर थाना भानुप्रतापपुर जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.) के विरूद्ध अपराध क्रमांक 71/2026 थारा 34 (2) आबकारी अधिनियम कायम किया गया। आरोपी द्वारा अपराध घटित करने पर दिनांक 24.03.2026 को गिरफ्तार किया गया।
————————
05. नाबालिक बालक को बहला-फुसलाकर घर से सोना, चांदी एवं नगदी चोरी करवाने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार। आरोपियों द्वारा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात एवं नगदी की चोरी । चोरी के सामान को खरीदने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी की गई कार्यवाही ।
————————
06. ”उल्लास” महापरीक्षा अभियान में जिले के 9535 नवसाक्षरों ने दी परीक्षा ।

—उल्लास महापरीक्षा अभियान के तहत रविवार 22 मार्च को महापरीक्षा जिले में आयोजित की गई जिसमें असाक्षरों को साक्षर बनाने 567 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जहां महिला नवसाक्षर 6418 और पुरुष नवसाक्षर 3117 कुल 9535 नवसाक्षरों ने परीक्षा दी।कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में जन-जन को साक्षर बनाने के उद्देश्य से उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वर्ष से अधिक उम्र के असाक्षरों को साक्षर बनाने के लिए 2027 तक शत प्रतिशत 2027 तक साक्षर किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इसी क्रम में 22 मार्च को उल्लास महापरीक्षा जिले के सातों विकासखंडों की प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस परीक्षा में अलग उदाहरण देखने को मिला जहां एक ही परिवार के कई सदस्यों ने एक साथ परीक्षा दी। उम्रदराज महिला एवं पुरुष शिक्षार्थियों ने भी साक्षर होने के लिए आगे बढ़कर परीक्षा दी। बताया गया कि जिले में कुल 9564 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिसमें 9535 नवसाक्षरों ने परीक्षा में सम्मिलित हुए, इस प्रकार नवसाक्षरों की उपस्थिति 99 प्रतिशत रही।
————————
07. विश्व टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मोबाइल यूनिट वैन का शुभारंभ।

—आज कांकेर स्थित कोमल देव अस्पताल में विश्व टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मोबाइल यूनिट वैन का शुभारंभ कांकेर विधायक के करकमलों से किया जा कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अत्याधुनिक सुविधा युक्त वैन अब उन अंतिम गांवों तक पहुंचेगी, जहां के लोग अब तक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित थे। इस मौके पर भाजपा के तमाम पदाधिकारी स्टाफ के कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
————————
08. जिले के चारामा विकासखंड के राजमार्ग 30 स्थित ग्राम कानापोंड(लखनपुरी) में आज देर शाम पांच दिनी रामायण कथा का आयोजन किया गया था,जिसका समापन हो गया। कथा वाचक श्रीमती अंजु शर्मा,राजनांदगांव थी। इस अवसर पर आज काफी भीड रही। लोगों के लिए भंडारा प्रसादी की व्यवस्था रखी गई थी।
———————-
09. पेयजल से निजात दिलाने नगर में आज 04 पानी टैंकरों का कांकेर विधायक आशा राम नेताम के हाथों लोकार्पण किया गया।

– आज कांकेर नगर के घड़ी चौक स्थित फायर स्टेशन में नगर पालिका द्वारा पेयजल संकट से राहत हेतु 04 पानी टैंकरों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया गया। लगभग 14 लाख रुपये की लागत से शुरू की गई यह पहल बढ़ती गर्मी के बीच शहर के विभिन्न वार्डों में पानी की समस्या से जूझ रहे नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। जनसेवा के इस महत्वपूर्ण कार्य में नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, जिलाअध्यक्ष महेश जैन, , मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वार्ड पार्षद एवं अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

————————
10. जिले के ग्राम कुर्रूभाट(चारामा) में छ.ग.राज्य स्तरीय त्रि-दिवसीय भव्य संगीतमय मानसगान आध्यात्मिक महोत्सव 02 से 04 अप्रेल तक आयोजित।
-कांकेर जिले के ग्राम कुर्रूभाट(चारामा) में छ.ग.राज्य स्तरीय त्रि-दिवसीय भव्य संगीतमय मानसगान आध्यात्मिक महोत्सव 02 से 04 अप्रेल तक आयोजित है,जहां प्रदेश की कई नामचीन मानस मंच अपनी प्रस्तुति देगी। मानस प्रचार प्रसार समिति, सर्व पिछडा वर्ग एवं अन्य समाज ग्राम कुर्रूभाट ने आयोजन हेतु बेहतर प्रबंधन के साथ तैयारी प्रारंभ कर दी है। रामायण समिति के युवा पदाधिकारी अध्यक्ष तेज कुमार साहू, उपाध्यक्ष चकेश्वर साहू, दीपक साहू, कोषाध्यक्ष खोमन सेन,चेतन पटेल,सचिव परमेश्वर पटेल, सह-सचिव रामकुमार पटेल,गजेंद्र महावीर,खुमन साहू, प्रवीण नायक आयोजन को सफल बनाने में लगे हुए हैं।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






