आज की टॉप 10 खबर 24 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
  24  फरवरी  2026 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय-

‘भेंट मुलाकात, के साथ ‘ चिंतन ‘ का भी वक्त”

—चलो यह खबर है कि चारामा वि.खं. के महानदी क्षेत्र के जेपरा में आहूत कांग्रेस की सभा निरस्त हो चुकी है,जो कि आने वाले होली त्यौहार के बाद संभवतया होगी। वैसे बताया जाता है कि यह सभा चिंतन सभा भी नहीं है, कि कांग्रेस में गिरते ग्राफ पर चिंता की जाये। पर यह ऐसा ही कुछ है कि भेंट मुलाकात के माध्यम दुरूस्त किये जायें।कांग्रेस के वरिष्ठों को भी पता है कि उनके जमीनी कार्यकर्ता कितने खुश है। संभवतया हम अनुमान लगा सकते हैं कि कांग्रेस के लिए लीडिंग करने वाले राजेश तिवारी जो कि इस क्षेत्र में महानदी अरौद पुल के लिए संघर्ष करते आगे बढे। उन्होंने इस क्षेत्र से जिला पंचायत का चुनाव लडा जहां क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से विजयी हुए। आगे वे पार्टी संगठन के रणनीतिकार के रूप में भी जाने गये।

‘जेपरा’ में आयोजित भेंट मुलाकात के संदर्भ कुछ लोगों का विचार है कि कांग्रेस को यह सभा जेपरा में ना कर अरौद महानदी घाट पर आयोजित करना चाहिए। क्षेत्र का मध्य गांव है,और राजेश तिवारी की कर्मभूमि भी है। महानदी के अरौद घाट पर सभा में कांग्रेस शासनकाल में बनाये गये अरौद पुल के संरक्षण के लिए भी संभव हो तो कदम उठे। आज पुल की हालात कैसी है,यह बताने की जरूरत नहीं है,इसके ऊपर चलें तब पता चलेगा कि कैसे अरौद घाट रेत खदान से ट्रकों से आ रही मिट्टी पुल में जम चुकी है,और आवाजाही करने वाले लोग परेशान है।लोगों ने जिला मुख्यालय तक कूच किया आवेदन सौंपे। पर आज किसी को नहीं पता है कि पुल की उम्र कितनी है,कितनी बची है, कितने क्षमता का वजन ढोले सक्षम है? जिस पर भी आवाज बुलंद किया जाता ताकि इसका संरक्षण हो।

खैर! बात कर रहे थे,भेंट मुलाकात की तो पुराने लोगों से भेंट अच्छा कदम होगा ही पर जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी कि उनके ही सत्ताकाल के साथ वर्तमान में भी बडे कार्यकर्ता नेता उन्हें किस कदर उपेक्षित करते हैं,जो नहीं होना चाहिए। उन्होंने तो इस काल में भी मेहनत की और सत्ता पर बिठाया पर क्या उनकी समस्याएं सत्तासीन द्वारा की जा रही है,कि इनकी समस्या को दूसरे निकटस्थ जो भी एक कार्यकर्ता ही है,को सौपी जा रही है?कहीं पार्टी के अंदर कुछ गडबड तो नहीं चल रहा है कि अंदरूनी रूप से सामाजिकता के नाम मीटिंग के नाम भविष्य के लिए कुछ और हो। ऊपर के स्तर पर जो दायित्व दिया गया है,क्या अन्य जमीनी और मंजे कार्यकर्ता जो कि पिछले कई वर्षों से पार्टी में सेवा को बाट जोह रहे थे,उन्हें हासिल हुआ? उन्हें उनके मुताबिक जिम्मेदारी दी गई। जो कार्यकर्ता पार्टी छोडकर भाजपा ज्वाईन कर ली उस पर विचार किया गया कि कैसे अविभाजित मध्यप्रदेश काल में जिला सम्हालने वाले कार्यकर्ता का मन इतना भारी कैसे हो गया कि बडी मजबूरी में उन्होंने ना चाहते हुए भी कांग्रेस को अलविदा कहा?

निश्चित ही बडी अंतराल के बाद भेंट मुलाकात का आयोजन अच्छा ही कदम कहा जाएगा। पर आज जो सिर्फ और सिर्फ व्यवहार के नाम पर, संवेदना के नाम पर रस्म अदा की जा रही है,उसे कार्य के नाम पर परिणीत किया जाना हित में होगा। क्योंकि लोग कार्य को याद करते हैं। लेकिन यहां कार्य का नाम आते ही किसी नजदीकी कार्यकर्ता के ऊपर बात को ठेला जाता रहा है,जो कार्यकर्ताओं का हौसला डिगा देता है।

✍️मनोज जायसवाल
 ————————

 01.  कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली कांकेर द्वारा शहर में संचालित सराफा व्यापारियों की बैठक आयोजित ।

—जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली कांकेर द्वारा शहर में संचालित सराफा व्यापारियों की बैठक आयोजित किया गया । बैठक में पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.)के निर्देशन में, योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं मोहसिन खान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर उपस्थिती में शहर के विभिन्न सराफा प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ बैठक लिया गया।बैठक के प्रमुख बिंदु में- दुकान में कार्यरत सभी कर्मचारियों का आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं पूर्ण पता का सत्यापन कर रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश। दुकान के अंदर, बाहर एवं पीछे सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने एवं रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की हिदायत।दुकान खोलने एवं बंद करने के समय नकदी एवं लॉकर की विशेष सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश। प्रत्येक प्रतिष्ठान में सायरन/अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह।त्वरित सूचना आदान-प्रदान हेतु सभी सराफा व्यापारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा चोरी/संदिग्ध आभूषण बेचने के प्रयास पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील। व्यापारियों को सायबर फ्रॉड से बचाव एवं सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

  ———————— 

02. सट्टा के पूर्व प्रकरण में फरार अन्य 02 आरोपी गिरफ्तार सट्टा खिलवाने वाले खाईवाल पर की गई कार्यवाही। सट्टा पट्टी, पेन, नगदी रकम 1500 रूपये एवं 04 नग मोबाईल बरामद किया गया। थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

-पुलिस जानकारी मुताबिक घटना का घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि  निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर जिला में चल रहे उजियारा अभियान के तहत् थाना कांकेर का अपराध क्रमांक 61/26 में फरार अन्य 01 आरोपी मनीष असरानी पिता श्री सुन्दर असरानी उम्र 40 वर्ष निवासी मांझापारा कांकेर को जिला जेल रायुपर से दिनांक 24.02.2026 को प्रोडक्शन वारन्ट के माध्यम से विधिवत् कार्यवाही कर माननीय न्यायालय पेश किया गया।

थाना कांकेर का अन्य अपराध क्र. 63/26 के आरोपी ओमप्रकाश साहू पिता तुलसी राम को पकडने पर आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, पेन, नगदी रकम 1500 रूपये एवं 02 नग मोबाईल को जप्त कर आरोपी के विरूद्ध धारा 06 छ.ग. छ.ग. जुआ प्रतिषेध पाये जाने पर जप्त किया गया था। विवेचना के दौरान ओमप्रकाश साहू और संदेही अविनाश हिरदानी के बैंक खाता पर कुल 99,895 रूपये का क्रेडिट व डेबिट होना पाया गया हैं। आरोपी अविनाश हिरदानी के कब्जे से जुआ सट्टा व रकम भेजने में उपयोग किये गये 02 नग मोबाईल को जप्त कर आरोपी के विरूद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, 112(2)बीएनएस 2023 के तहत विधिवत् कार्यवाही कर माननीय न्यायालय पेश किया गया।

पुलिस टीम का विवर णः- निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, दयालू राम साहू, प्र.आरक्षक 982 शिव प्रसाद बेसरे आरक्षक 1024 शैलेनद्र चतुर्वेदी, आरक्षक 1471 रोशन राठौर, 711 ईश्वर साहू |

———————

03. शासन की योजनाओं का अनुसूचित जनजाति को समुचित लाभ दिलाने विशेष प्रयास करें अधिकारी  राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री मण्डावी ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक

— छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष   रूपसिंह मण्डावी (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा सरकार की मंशानुसार शासन की जमीनी स्तर पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश करने हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज अपरान्ह 03 बजे आयोजित बैठक में अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री मण्डावी ने विभागवार एवं एजेंडावार केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने एट्रोसिटी एक्ट के तहत पंजीबद्ध प्रकरणों तथा वर्तमान स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने से न छूटे, इसके लिए अधिकारी अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित करें और आवश्यक दस्तावेज की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु व्यक्तिगत प्रयास करें। श्री मण्डावी ने सभी आश्रम व छात्रावासों का सतत निरीक्षण कर वहां की वास्तविक वस्तुस्थिति से अवगत होने के निर्देश सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को दिए। आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि जिले के नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम दलदली में एवं भीमाडीह में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति के कमार परिवारों के सदस्यों द्वारा उनके पारंपरिक व्यवसाय बांसशिल्प के उत्कृष्ट कलाकृति के संबंध में जानकारी ली। कमार जनजातियों की इस कला को संरक्षित एवं संवर्धित करने पर जोर देते हुए उनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी वन को दिए। साथ ही वन अधिकार मान्यता पत्र के लंबित प्रकरणों एवं उनकी स्थिति की जानकारी ली। स्कूल शिक्षा विभाग में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष श्री मण्डावी ने नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में एसटी वर्ग के विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता के लिए विशेष कवायद करने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त ने बताया कि धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के तहत जिले के 552 गांवों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदाय किया गया।
बैठक में आयोग के अध्यक्ष श्री मण्डावी ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए एकल शिक्षकीय शालाओं में जल्द से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने और विभिन्न आयोजनों के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अंदरूनी एवं दूरस्थ ग्रामों में चिकित्सकों की उपलब्धता के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया तथा 108 एवं 112 एम्बुलेंस के लिए शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने की बात कही। साथ ही प्रधानमंत्री वय वंदना, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड के संबंध में कहा कि अधिकतर हितग्राहियों को यह जानकारी नहीं होती कि किन-किन बीमारियों में कितनी राशि का प्रावधान कार्ड में किया जाता है। इसके लिए ब्रोशर के माध्यम से हितग्राहियों को जानकारी देने व प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा श्री मण्डावी ने समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन, पशुधन विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास (प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन), वन, उद्योग, कृषि, नगरीय प्रशासन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उद्यानिकी, विद्युत तथा रेशम विभाग में संचालित योजनाओं की एजेंडावार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में आए जनप्रतिनिधियों से प्राप्त मांगों एवं सुझावों पर भी आवश्यक कार्यवाही करने के लिए आयोग ने राज्य शासन को अवगत कराने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में आयोग के अध्यक्ष श्री मण्डावी ने जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर की ओर से दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम चिहरो निवासी   कुलेश्वर प्रसाद कोरटिया को आदिवासी स्वरोजगार योजना के तहत 02 लाख रूपए के ऋण पर 10 हजार रूपए की अनुदान राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जिला पंचायत की सदस्य श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा, जनपद पंचायत कांकेर की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, जनपद पंचायत अंतागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मण्डावी सहित आयोग के सचिव श्री पवन नेताम, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद थे।

———————— 

04. दस पीड़ित परिवारों के लिए कलेक्टर द्वारा 40 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत।

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए सर्प काटने, नदी, तालाब एवं नहर नाली में डूबने से मृत्यु होने के 10 प्रकरणों में मृतकों के निकटतम आश्रितों को चार-चार लाख रूपए की मान से 40 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। पखांजूर तहसील अंतर्गत ग्राम पी.व्ही. 15 गोविन्दपुर के निवासी 33 वर्षीय श्रीमती प्रमिला की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित समरेश मंडल के लिए चार लाख रूपए, ग्राम कुरूषबोड़ी के 11 वर्षीय विराज गावड़े की सर्प काटने से मृत्यु होने पर उनके माता-पिता विश्वनाथ गावड़े और श्रीमती ललिता गावड़े के लिए चार लाख रूपए, ग्राम चारगांव निवासी 45 वर्षीय पतिराम आंचले की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में पत्नी श्रीमती फुलबती आंचले के लिए चार लाख रूपए, ग्राम मदले निवासी 38 वर्षीय लक्ष्मण राम वट्टी की तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर उनके निकटतम आश्रित संजय कुमार वट्टी एवं कु. करीना वट्टी के लिए चार लाख रूपए, पी.व्ही. 39 इन्द्रप्रस्थ की 18 वर्षीय जबा मंडल की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता नरेश मंडल और श्रीमती रिता मंडल के लिए चार लाख रूपए तथा ग्राम मरदा के 12 वर्षीय मन्नू उसेण्डी की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके माता-पिता जंगलूराम उसेण्डी और श्रीमती सनकाय उसेण्डी के लिए चार लाख रूपए सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार कोयलीबेड़ा तहसील के ग्राम पोरोण्डी निवासी 28 वर्षीय शत्रुघन मंडावी की नदी में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके आश्रित श्रीमती दुर्पती मंडावी के लिए चार लाख रूपए, सरोना तहसील के ग्राम पुरियारा निवासी 38 वर्षीय मोहन सिंह तुमरेटी की तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर पत्नी श्रीमती मीरा के लिए चार लाख रूपए, ग्राम सरोना के 70 वर्षीय रामलाल मरकाम की नहर नाली में डूबने से मृत्यु होने पर उनके निकटतम आश्रित सतनबाई के लिए चार लाख रूपए तथा बांदे तहसील के ग्राम सितरम निवासी 32 वर्षीय श्रवण नुरूटी की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में पत्नी श्रीमती सोनारो बाई के लिए चार लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान हितग्राहियों को संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार द्वारा डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।।

  ———————–

 05.विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों से मिले जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री मंडावी पीएम जनमन योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

— छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष  रूपसिंह मंडावी आज कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम दलदली व भीमाडीह पहुंचकर विशेष पिछड़ी जनजाति कमारों की बस्ती पहुंचकर हितग्राहियों से बातचीत कर पीएम जनमन योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम दलदली में कमार जनजाति की महिला श्रीमती कमला से परिवार के सदस्यों, उचित मूल्य दुकान से चावल की उपलब्धता, जीवन-यापन के साधन व व्यवसाय, घर में शौचालय की व्यवस्था इत्यादि जानकारी ली। उनके द्वारा बताया गया कि प्रतिमाह 35 किलो चावल मिल रहा है तथा जीवन यापन के लिए बांस से निर्मित टोकनी, सूपा, पर्रा, बिंझना आदि परंपरागत कार्य किए जा रहे हैं। इसी प्रकार ग्राम भीमाडीह के काशीराम कमार ने भी परंपरागत व्यवसाय बांस शिल्प का कार्य करने की जानकारी दी। इस अवसर पर आयोग के सचिव  पवन नेताम, जनपद पंचायत के सीईओ, नायब तहसीलदार व थाना प्रभारी नरहरपुर मौजूद रहे।

  ———————–

06. जिले में संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत संकेतकों के संतृप्ति हेतु गतिविधियां जारी।

—भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा प्रारंभ किए गए संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत जिले में निर्धारित संकेतकों की संतृप्ति हेतु विभागों द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत के बाद तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार सभी विभाग नियमित रूप से गतिविधियाँ संचालित कर रहे हैं। इसके तहत समय सीमा की साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के नेतृत्व और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत  हरेश मण्डावी के मार्गदर्शन में प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति का मूल्यांकन किया जाता है। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पशुपालन सहित सभी संबंधित विभागों द्वारा संकेतकों की पूर्ति हेतु कार्यों की निगरानी की जा रही है। बैठक के दौरान अभियान को जनभागीदारी के साथ से आगे बढ़ाने, प्रत्येक ग्राम तक शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा मैदानी स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करने पर विशेष जोर दिया गया। विभाग द्वारा यह विश्वास व्यक्त किया गया कि सभी के संयुक्त प्रयासों से लक्ष्य समय सीमा के भीतर अवश्य प्राप्त किया जाएगा। अभियान संकेतक में आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों का नियमित पोषण एवं वजन मापन, आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय एवं पेयजल सुविधा की उपलब्धता, विद्यालयों में बालिकाओं हेतु पर्याप्त शौचालय सुविधा, पशुओं का टीकाकरण, जन्म के समय शिशुओं का वजन दर्ज करना एवं टीबी केस नोटिफिकेशन दर में सुधार करना है। इसके अलावा जनसहभागिता अंतर्गत विभागों द्वारा ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम एवं आउटरीच गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं ताकि समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

   ———————–

07.नरहरपुर में तेंदुपत्ता शाखकर्तन कार्यशाला का आयोजन। वनोपज सहह.समिति अध्यक्ष नितीन पोटाई ने फावडा चला कर किया शुभारंभ।

– आज दिनांक 24.02.2026 को परिक्षेत्र नरहरपुर अंर्तगत वन विश्राम गृह नरहरपुर में तेंदुपत्ता सीजन वर्ष 2026 तेंदुपत्ता शाखकर्तन कार्यशाला आयोजित किया गया। इस कार्यशाला में अध्यक्ष नितिन पोटाई जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर, श्री नंदलाल मंडावी उपाध्यक्ष जिला वनोपज सहकारी संघ कांकेर,श्रीमती सावित्री संजना वट्टी, जिला पंचायत सदस्य,जिला वनोपज संघ संचालक मंडल सदस्य हजारी कुंजाम, जबल सिंह कुंजाम, श्रीमति कौशल्या रामटेके, अध्यक्ष नगर पंचायत श्रीमती प्यारी सलाम, उपाध्यक्ष दिनेश पटेल, मोहन कुंजाम प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति नरहरपुर महेंद्रपाल मंडावी प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति मर्यादित धनेसरा, श्रीमती मांडवी दीक्षित उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी, मोती लाल साहू जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांकेर, परिक्षेत्र नरहरपुर अंतर्गत के सरपंच गण, ग्राम पटेल, गणमान्य नागरिको एवं एस. आर. नेताम वन परिक्षेत्र अधिकारी नरहरपुर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए फडमुंशीयो को समय बुटा कटाई करने एवं वनों में आग नहीं लगाने पर विशेष जोर देते हुए शाखकर्तन करने एवं अग्नि सुरक्षा प्रचार प्रसार कर रोकथाम करने की बात कही गई एवं वनों की संरक्षण हेतू शपथ ग्रहण करवाया गया। आयोजन में काफी संख्या में कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

   ———————–

08. आदिवासी विश्रामगृह नरहरपुर में हुए अतिक्रमण हटाने ज्ञापन सौंपा।   

—गोंडवाना समाज समन्वय समिति नरहरपुर द्वारा आज अपरान्ह आदिवासी विश्राम गृह में हुए अतिक्रमण रकबा 0.20 खसरा 620/1 रकबाा 4.140 हे. में से रकबा 0.20 जिसका पूर्व में भी सीमांकन किया गया है, को हटाने तहसीलदार के नाम ज्ञापन नगर पंचायत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष सगेसिंह वट्टी उपाध्यक्ष सिया राम कोमरे, प्रेमसिंह दर्रो सहसचिव सोमसिंह कुंजाम, यशवन्त नेताम के साथ समाज के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।  

———————–

  09.   

–  

  ———————

10. 

 ———————

 शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 23 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   23  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ‘छत्तीसगढ कला जगत में आल्हा उदल का आयोजन’  —बुंदेलखंड की वीर भूमि महोबा में…

आज की टॉप 10 खबर 22 फरवरी 2026 रविवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   22  फरवरी  2026 रविवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ‘मैंने प्यार किया’ से सम्पूर्ण दर्शकों के दिलों में राज करने वाली भाग्यश्री… 23…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *