आज की टॉप 10 खबर 23 सितंबर 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
23  सितंबर  2025 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

——————— 
संपादकीय—

‘पिता का भी होता है‚अरमान’
— जीवन में लोग औलाद की खातिर क्या—क्या नहीं करते ǃ
माना कि आप जननी हो। तमाम पारिवारिक, शारीरिक परेशानियों पर किरकिरीपन गुस्सा स्वाभाविक पर पर इस तरह काबु में न आ सकने वाली गुस्सा किसी भी मां को नहीं करनी चाहिए। इस तरह कलयुगी मां न बनो कि गुस्सा के चलते कच्ची मिट्टी समान उस घड़े को पटक दो, जहां वह बातें भी भूल गयी कि औलाद पाने के लिए दुनियां में न जाने लोग मंदिर मस्जिद दुआ मांगते कितने दर दर की ठाेकरें खाते संघर्ष कर रहे होते हैं। देश में कई ऐसी मंदिरें हैं,जहां करूणामयी माता से मनोकामना पूरी होने की बातों पर नवरात्रि में आस्था की ज्योति जलायी जाती है। जहां बस्तर में माता अलोर जो साल में एक बार खुलती है,वहां परंपराओं मुताबिक खीरा खाकर दंपत्ति संतान की कामना करते हैं,बताया जाता है कि माता के पुण्य आर्शीवाद से जरूर दंपत्तियों की झोली भर जाती है। तो माता अंगारमोती को संतान प्रदान करने वाली देवी के नाम विख्यात है। उत्तरप्रदेश की रायबरेली की माता मनसा करूणा बरसाने वाली और जिनके संतान नहीं हैं, उनकी झोली भरने वाली माता कहा जाता है। इसके साथ देश में कई आस्था के केंद्र हैं जहां संतान न होने से दुखित दंपत्तियों को माता से मनोकामना पूरी हुई है। इसके साथ यह कड़वा सच है कि कई दंपत्ति जिनके औलाद नहीं है, इस दुख के साथ दुखी जीवन भी व्यतीत कर रहे हैं। युं तो मेडिकल साईंस में निःसंतानता का आज बहुत कुछ ईलाज संभव हो सकता है,बावजूद कई दंपत्ति काे इसमें भी निराशा हाथ लगी है और उनकी गोद सुने हैं,जिसके भी कई उदाहरण है। औलाद सुख भी एक बड़ा सुख है। विवाहोपरांत किसी दंपत्ति काे संतान न हो तो मुख्य रूप से ‘स्त्रियों’ को समाज में कितना क्या कुछ सुनना पड़ता है, यह सारी बातें बताने की तो जरूरत ही नहीं है। विषय लंबा है। यह आलेख मैं इस वक्त लिख रहा हूं जहां मेरी खुद की स्वास्थ्य ठीक नहीं। बुखार के बीच और पैर की मोच के बीच न चल सकने वाली स्थिति में किसी तरह अपने आफिस में बैठ कर संवेदना के चलते मैं लिख रहा हूं,जहां कलम उठाने बाध्य हो गया। संवेदना का हवास तो हो रहा है पर इतना हवास सोचा नहीं जा सकता। सोशल मीडिया में कमेंट लिख देने से क्या होगा जिनके घर का आज चिराग उजड़ गया पिता के अरमान चला गया उस परिवार का अंदाजा स्वयं लगाया जा सकता है।
—मनोज जायसवाल

——————— 

01. कृषि अधिकारियों का रैली,धरना-प्रदर्शन के साथ हल्ला बोल । मांगे पूरा नही करने की स्थिति में अनिश्चित कालीन हड़ताल की दी चेतावनी।

— नौ सूत्रीय मांगों को लेकर कृषि अधिकारियों ने आज कलेक्ट्रेट के सामने जोशीला प्रदर्शन किया। मांगों को पूरा नहीं किए जाने पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष लिखेश वर्मा के आह्वान पर जिला अध्यक्ष गुमेश नाग के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कृषि अधिकारियों ने मंगलवार को प्रदर्शन स्थान डोम स्थल नया बस स्टैंड कांकेर में अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी कर रैली निकाली गई जिला पंचायत कार्यालय के सामने 9 सूत्रीय मांग को लेकर धरना प्रदर्शन रैली निकालकर मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन में जिलेभर से आए कृषि अधिकारी संगठन के जिला अध्यक्षों ने छत्तीसगढ़ शासन पर मांगों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

वीडियो—कलेक्ट्रेट गेट पर अपनी मांगो को लेकर नारे लगाते प्रदर्शन करते छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी  संगठन।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष रथीन्द्र नाथ बनैर्जी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के 2 वर्ष बीतने जा रहे हैं परंतु हमारी जायज मांगों को अब तक सरकार द्वारा पूरा नहीं किया गया है, यह बहुत ही दुर्भाग्यनक है। हमें विष्णुदेव साय सरकार से बहुत उम्मीदें हैं परंतु अब तक सरकार का जो रवैया हमारी मांगों के प्रति है,वह निराशाजनक है। अगर सरकार हमारी जायज मांगो को नजर अंदाज करेगी तो आगामी आने वाले समय मे अनिश्चित कालीन हड़ताल करने मजबूर होना पड़ेगा जिसकी सम्पूर्ण ज़िमेदारी शासन प्रशासन की होगी

हम आशा करते हैं कि सरकार हमारी सभी 9 सूत्रीय मांगों को गंभीरता से लेते हुए सभी जायज मांगों को पूरा करेगी धरना प्रदर्शन को प्रांतीय महामंत्री रविशंकर नेताम संरक्षक मन्नू राम नेताम प्रांतीय सचिव तामेश साहू केंद्रीय प्रबंधक संजीव कावड़े मीडिया प्रभारी प्रवीण कवाची दुर्गेश सलाम कांकेर ब्लॉक अध्यक्ष समीक्षा सिंह भानुप्रतापपुर ब्लॉक अध्यक्ष पदमनी नेताम चारामा ब्लॉक अध्यक्ष कवल कश्यप दुर्गुकोंदल ब्लॉक अध्यक्ष रूपेश नेताम अंतागढ ब्लॉक अध्यक्ष माधव पाल नरहरपुर ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पराज सेठिया कोयलीबेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष नारायण हालदार एडीओ निरंजन नरेटी संदीप जैन अमिनेश गावड़े मनोहर चंद्रवंशी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित करते हुए 9 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की।

ये है‚ 09 मांगे
1. तकनीकी वेतनमान 43 सौ ग्रेट पे
2. आरएईओ एडीओ क्षेत्रो का पुनर्निर्धारण
3. मासिक स्थाई भत्ता वृद्धि कर पच्चीस सौ रुपए करने हेतु
4. संसाधन भत्ता मोबाइल इंटरनेट लेपटॉप स्टेशनरी
5. अतिरिक्त प्रभार क्षेत्र हेतु अतिरिक्त क्षेत्र भत्ता
6. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी का पदनाम संशोधन कर मध्यप्रदेश पद नाम के समान कृषि विस्तार अधिकारी करने हेतु
7. गैर विभागीय कार्यो में डियूटी न लगाए जाने हेतु
8. आदान सामाग्री का समिति लैम्पसों में भंडारण एवं भुकतान हेतु डीबीडी प्रणाली लागू करने हेतु
9. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने
धरना प्रदर्शन को उद्यानिकी विस्तार अधिकारी ने भी दिया समर्थन: कृषि अधिकारियों के धरना प्रदर्शन को कृषि के सम कक्ष विभाग उद्यानिकी विभाग के ग्रामीण उद्यानिकी विस्तार अधिकारियों के संगठन ने भी अपना समर्थन दिया
इस दौरान कांकेर जिले के सभी विकास खंड से आए बड़ी संख्या में कृषि अधिकारियों की उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मनोहर चंद्रवंशी ने किया।

——————— 

02.छात्राओं में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाने विज्ञान अनुसंधान यात्रा एक नई पहल।

— राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद रायपुर तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान अनुसंधान यात्रा कलकत्ता का आयोजन 13 सितंबर से 18 सितंबर 2025 तक किया गया। जिसमें राज्य के विभिन्न जिले से विज्ञान क्विज द्वारा 54 विजेता छात्राओं का चयन किया गया एवं 9 जोन प्रभारी शिक्षिकाएं शामिल हुई। कांकेर जोन प्रभारी पुष्पांजलि ठाकुर व्याख्याता हायर सेकंडरी स्कूल मुरडोंगरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कांकेर जोन से कांकेर एवं धमतरी जिला की छात्राएं विज्ञान अनुसंधान यात्रा में शामिल हुई। कांकेर जिला की मौसमी धनकर और भोज सिन्हा हायर सेकंडरी स्कूल मुरडोंगरी एवं धमतरी जिला की ललिता गंगबेर और चंचल साहू सेजेस हटकेशर इस यात्रा में शामिल रही।इस पांच दिवसीय अनुसंधान यात्रा का उद्घाटन डॉ. सपन कर्माकर महानिदेशक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रीजनल साइंस सेंटर छत्तीसगढ़ के द्वारा किया गया। इस यात्रा में छात्राओं को छत्तीसगढ़ साइंस सेंटर रायपुर, एम पी बिरला प्लेनेटरियम कलकत्ता, सत्येंद्र नाथ बोस इंस्टिट्यूट फॉर बेसिक साइंस, मेघनाथ साहा इंस्टिट्यूट ऑफ न्यूक्लियर फिजिक्स और साइंस सिटी कोलकाता का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। जिसमें छात्राओं को साइंस सेंटर रायपुर में तारामंडल से संबंधित थ्री डी फिल्म और विज्ञान के मॉडल दिखाया गया। कोलकाता बिरला प्लेनेटरियम में प्राचीनतम एस्ट्रोलॉजी द्वारा तारे,ग्रह,नक्षत्र, राशि और सप्तऋषि की जानकारी ली । एस एन बोस इंस्टिट्यूट में रमन प्रभाव द्वारा प्रकीर्णन, स्कैनिंग इलेक्ट्रॉन सूक्ष्मदर्शी द्वारा अति सूक्ष्म कणों का अवलोकन, ट्रांसमिशन इलेक्ट्रॉन सूक्ष्मदर्शी, मैग्नेटिक ट्विजर द्वारा प्रोटीन की संरचना का अध्ययन किया। साहा इंस्टिट्यूट में परम शून्य ताप पर हीलियम का द्रवीकरण, लाइट मैटर इंटरेक्शन लेजर सिस्टम से परमाणवीय गुण और आयनों की ऊर्जा स्तर, रडार प्रणाली, परम रुद्रा सुपर कंप्यूटर, सिलिकॉन चिप के जगह इलेक्ट्रोमेग्नेटिक मेमोरी चिप का उपयोग को जाना। साइंस सिटी में नासा द्वारा भेजे गए मानव रहित यान वाइजर वन एवं वाइजर टू द्वारा ग्रहों के अध्ययन पर बनी फिल्म और विविध भौतिकी मॉडलों और उपकरणों की जानकारी प्रदान की गई। संपूर्ण यात्रा जे पी रथ अतिरिक्त संचालक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के मार्गदर्शन में, के के शुक्ला व ओ पी मिश्रा सहायक प्राध्यापक के नेतृत्व में, डॉ वसीम रजा वरिष्ट वैज्ञानिक सी एवं डॉ एम चंद्रवंशी वैज्ञानिक डी छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के संयोजन में संपन्न हुआ। इस यात्रा से समस्त छात्राएं और शिक्षिकाएं से कई वैज्ञानिक जानकारी से लाभान्वित हुए। छात्राओं में विज्ञान और तकनीकी के प्रति जागरुकता और नई उत्साह जागृत हुई जिससे वे विज्ञान के प्रति भविष्य में अग्रसर रहेंगे। विज्ञान अनुसंधान यात्रा की सफलता पर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर कलेक्टर कांकेर, हरेश मंडावी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कांकेर, अभय जायसवाल डी ई ओ धमतरी, रमेश कुमार निषाद डी ई ओ कांकेर,लक्ष्मण कावड़े ए डी पी ओ, के आर सिन्हा बी ई ओ कांकेर,हरीश कुमार साहू प्राचार्य मुरडोंगरी, आर के शर्मा प्राचार्य सेजेस हटकेशर एवं सभी स्टाफ ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

——————— 

03.हत्या के 02 आरोपी को दुर्गूकोंदल पुलिस ने किया गिरफ्तार। मर्ग जांच पर हुई हत्या का खुलासा। 

— पुलिस जानकारी मुताबिक मामले में दिनांक 22/06/2025 को ग्राम गुमडीडिह में सरकारी तालाब के पास आम पेड के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला था जिसके गले में फांसी का फंदा संतरा रंग का गमछा बंधा था, और पेड के डंगाल में गमछे का आधा भाग लगा था, गमछा फट गया जिससे मृतक का शव नीचे जमीन पर गिरा था, बाद में मृतक की पहचान एक नाबालिग लडके के रूप में हुई जो अन्य गांव का था, सूचक व परिजन की रिपोर्ट पर मर्ग क्रमांक 19/2025 धारा 194 बीएनएसएस का कायम कर थाना दुर्गूकोंदल पुलिस द्वारा जांच किया जा रहा था।उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर, आई0 के0 एलिसेला के निर्देशन में अति0 पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल व एस0डी0ओ0पी0 भानुप्रतापपुर शेर बहादुर ठाकुर के पर्यवेक्षण में मामले की सुक्ष्मता से जॉच किया गया मर्ग जॉच पर आरोपी 01. श्याम लाल गोटा पिता सुखूराम गोटा उम्र 42 वर्ष निवासी गुमडीडिह 02. भुपेन्द्र गोटा पिता श्याम लाल गोटा उम्र 22 वर्ष निवासी गुमडीडिह के द्वारा, मृतक व उसकी पुत्री के प्रेम संबंध के कारण मृतक को मारकर फांसी लगाकर आत्महत्या का स्वरूप देकर हत्या करना पाया गया। मर्ग जाँच पर से आरोपीगण के विरूद्ध थाना दुर्गूकोंदल में अपराध क्रमांक 31/2025 धारा 103(1) ,3(5) BNS का कायम कर विवेचना में लिया गया। आरोपीगण के विरूद्ध अपराध धारा सदर का सबूत पाये जाने से आरोपीयों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड लिया जा रहा है। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी दुर्गूकोंदल व थाना स्टाफ की अहम भूमिका रहा है।

——————— 

04.भुतआपदा प्रबंधन हेतु टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन।

—नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। कांकेर जिले से सयुंक्त कलेक्टर श्रीमती एस. बंजारे सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने सभी जिलों के आपदा प्रबंधन प्रमुखों एवं विभागीय अधिकारियों को बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों से संबंधित दिशा-निर्देश दिए और महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा किया। राहत एवं बचाव दल की तैयारी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं स्थानीय टीमों की तैयारियों पर जोर दिया गया। प्रभावितों के लिए राहत शिविर एवं आवश्यक सामग्री का भंडारण, नाव, दवाइयाँ, पेयजल एवं खाद्यान्न की व्यवस्था पर चर्चा किया गया। बाढ़ आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की पूर्व पहचान करने, बाढ़ से प्रभावित होने वाले इलाकों को चिन्हांकित करने के निर्देश भी दिए गए।संचार व्यवस्था के तहत आपात स्थिति में सूचना आदान-प्रदान को सुचारु बनाने के लिए मजबूत नेटवर्किंग पर बल, अंतर्विभागीय समन्वय, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, पुलिस, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित सभी विभागों को मिलकर कार्य करने के दिशा -निर्देश दिये। टेबल टॉप एक्सरसाइज से राज्य एवं जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन की कार्ययोजना को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।

——————— 

05.जिला स्तरीय नक्सल पीड़ित पुनर्वास कमेटी की बैठक सम्पन्न। नक्सल पीड़ित प्रकरणों में सहायता राशि की स्वीकृति की।

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय नक्सल पीड़ित पुनर्वास कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नक्सली हत्या के प्रकरणों में आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति, नक्सली आगजनी में संपत्ति नुकसान पर क्षतिपूर्ति, आत्म समर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि जैसे प्रकरणों पर विचार किया गया एवं कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। नक्सली आगजनी में आवेदक देवदास पिता श्री चीर सिंह साहू ग्राम कुरूद जिला दुर्ग भिलाई के वाहन एजाक्स मिक्चर मशीन सीजी 07 सीजी 0112 को जो थाना परतापुर अंतर्गत ग्राम गोटॉज गट्टाकाल रोड निर्माण में लगा हुआ था, जिसे नक्सलियों द्वारा जला दिया गया था, जिसकी क्षतिपूर्ति राशि 06 लाख रूपए की कार्योत्तर स्वीकृति का अनुमोदन किया गया। इसी प्रकार नक्सली आगजनी में आवेदक लाल सिंह यादव पिता हरिसिंह यादव निवासी बसन्तपुर जिला राजनांदगांव का वाहन क्रमांक शिप्टर ट्रक सीजी 07 एमबी 7788 जो थाना छोटेबेठिया अंतर्गत सितरम पहुंच रोड निर्माण में लगा था, को जलाये जाने के कारण क्षतिपूर्ति राशि 06 लाख रूपए की कार्योत्तर स्वीकृति का अनुमोदन किया गया । नक्सल पीड़ित पुनर्वास समिति की बैठक में नक्सली हत्या के 14 प्रकरणों में 12 आवेदकों को अनुकम्पा नियुक्ति के लिए पात्र पाए गए, एक प्रकरण में अर्हताधारी को नाबालिग और एक प्रकरण में शैक्षणिक योग्यता में छूट से संबंधित आवेदन करना पाया गया, जिस पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। आत्म समर्पित नक्सलियों के प्रोत्साहन राशि अंतर्गत 03 आत्म समर्पित नक्सलियों को घोषित ईनाम की कुल राशि 11 लाख रूपए के लिए बजट आबंटन की मांग की गई तथा 13 आत्म समर्पित नक्सलियों को तत्काल 06 लाख 50 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि भुगतान किए जाने के कारण उक्त राशि के समायोजन के लिए पत्र प्रेषित किया गया। इसके अलावा 04 आत्म समर्पित नक्सलियों को घोषित ईनाम की राशि 08 लाख रूपए के लिए बजट की मांग हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में नक्सली हत्या के लंबित 17 प्रकरणों में 08 नाबालिग मुख्य आश्रितों एवं विधिक वारिसों को छोड़कर शेष 09 प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

——————— 

06.कौशल विकास तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री का आत्मीय स्वागत।

—कौशल विकास तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब के कांकेर पहुंचने पर विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। विधायक कांकेर   आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष   भरत मटियारा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष   अरूण कौशिक, पूर्व सांसद   मोहन मंडावी एवं पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी ने पुष्प गुच्छ भेंटकर मंत्री गुरू खुशवंत साहेब का स्वागत किया।

——————— 

07.आपदा पीड़ित परिवारों को आठ लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत।

—कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्राकृतिक आपदा से मृत्यु के दो प्रकरणों में उनके आश्रितों के लिए चार-चार लाख रूपए के मान से 08 लाख रूपए की राशि स्वीकृत किए हैं। आमाबेड़ा तहसील के ग्राम केसूरबेड़ा निवासी 08 वर्षीय कुमारी सुमन दुग्गा की नदी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके आश्रित श्रीमती प्रमिला दुग्गा के लिए 04 लाख रुपए और अंतागढ़ तहसील के ग्राम कलेपरस निवासी 50 वर्षीय श्रीमती दशोबाई ध्रुव की कुआं में गिरने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके आश्रित अंकालू राम के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान हितग्राही के बैंक खाता में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

——————— 

08.एकलव्य विद्यालय अंतागढ़ में 11वीं में लैटरल एंट्री के माध्यम से नामांकन 25 सितम्बर तक।

—जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अंतागढ़ में शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु कक्षा 11वीं में रिक्त सीटों पर लैटरल एंट्री के माध्यम से नामांकन का अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इसके तहत नामांकन 25 सितम्बर तक जाएगा।विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लामकन्हार (अंतागढ़) में कक्षा 11वीं गणित,जीव विज्ञान, वाणिज्य संकाय की कुल 09 सीटें रिक्त हैं, जिन पर अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल 2025 की स्थिति में विद्यार्थी की अधिकतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। अभ्यर्थी कक्षा 10वीं उत्तीर्ण हो, छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी हो तथा छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा घोषित अनुसूचित जनजाति वर्ग का सदस्य हो। इच्छुक विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेज़ जैसे- कक्षा 10वीं की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, 02 पासपोर्ट साईज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अंतागढ़ में 25 सितम्बर तक उपस्थित होकर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करा सकते हैं।

——————— 

09.कौशल विकास तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब एवं खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता का कांकेर आगमन पर भव्य एवं जोशीला स्वागत भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया। सेवा पखवाडा के तहत नगर के पुराना कम्युनिटी हाल में कार्यक्रम का आयोजन रखा गया जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों की बडी संख्या में उपस्थिति रही। मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने मंच को काफी लंबे समय तक संबोधित किया। इसी तरह खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष केदार गुप्ता ने भी अपना संबोधन दिया।

वीडियो—पुराना कम्युनिटी हाल में आयोजन में संबोधन देते मंत्री गुरू खुशवंत साहेब।

——————— 

10.भुत प्रेत बाधा का डर दिखा कर रूपये ऐंठने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने गिरप्तार किया।

—चौकी दुधावा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम की महिलाओं ने चौकी आकर लिखित आवेदन दिया कि भुत प्रेत बाधा एवं घर में विपदा का डर दिखाकर पूजा पाठ के नाम पर ग्राम कनेरी थाना पुरूर जिला बालोद के र्दो ने उक्त महिलाओं से लगभग 10000.00 रूपये ले लिया है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चौकी दुधावा में अपराध कमांक 106/2025, 107/2025 बारा 308(2), 308(5), 3(5) बी.एन.एस. दर्ज कर विवेचना में लिया गया। – पुलिस जानकारी मुताबिक उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के. ऐलिसेला, अति. पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा के निर्देशानुसार एवं उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में तत्काल कार्यवाही करते हुये उक्त दोनों महिला आरोपियों का पता साजी कर पुछताछ करने पर दोनों महिला आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। जुर्म स्वीकार कर बताया कि गांव देहात के महिलाओं को भुत प्रेत बाधा, घर में विपदा एवं उनके बच्चों के मृत्यु हो जायेगा का डर दिखाकर पूजा पाठ के नाम पर चंदन वंदन गुलाल लगा हुआ सिक्का, हनुमान सिक्का का दर्शन कराने के नाम पर लोगों से ठगी करते है। महिलाओं को भुत प्रेत बाधा, घर में विपदा का डर दिखाने एवं अपराध करने में प्रयुक्त सामाग्री लाल एवं काले कपड़े में बंधा हुआ चंदन वंदन, लोहे के नुकीले जंजीर एवं लोहे के छोटे-छोटे त्रिशुल, नीबू, एक-एक रूपये के 04 नग सिक्के एवं हनुमान भगवान की फोटो बनी हुई पीतल के सिक्के को उनके पेश करने पर जप्त किया गया दोनों साकिनान कनेरी थाना पुरूर जिला बालोद को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। उक्त कार्यवाही में चौकी दुधावा के सउनि छत्रपाल सिंह साहू, प्र0आर0 457 परमेश्वर नेताम, प्र.आर. 96 गौतम बिसेन आर0 1082 डोमेश नागेश, आर. 344 प्रमोद कोर्राम एवं महिला आर0 480 बालेश्वरी शोरी, 2178 उषा कुंजाम, 2290 अल्कामणी पोया का विशेष योगदान रहा।

पुलिस की अपील
चौकी प्रभारी दुधावा निरीक्षक योगेन्द्र वर्मा एवं कांकेर पुलिस का जनता से अपील है किसी भी प्रकार के अंधविश्वास एंव आडम्बर में आकर झूठे तांत्रिक बाबाओं के झांसे में आकर अपना अमुल्य समय एवं पैसा उनको देकर ठगी के शिकार नहीं होयें। बाहरी, अनपरिचित लोगों एवं तांत्रिक बनकर घूम रहे लोगों को अपने घर में प्रवेश न दे, अकेले पाकर महिलाओं के साथ ये शरीर एवं संपत्ति संबंधी अपराध कारित करते है।

———————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏

———————-

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 05 दिसंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   05  दिसंबर  2025 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ————————– संपादकीय— ख्यातिप्राप्त और सुन्दर अभिनेत्रियों में से एक ”नादिरा”  आज  जन्म दिवस पर सादर ….…

आज की टॉप 10 खबर 04 दिसंबर 2025 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   04  दिसंबर  2025 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ————————– संपादकीय— 60–70 के दशक में धुम मचाने वाले मशहुर अभिनेता शशि कपुर  आज 8 वीं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *