
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
23 जुलाई 2025 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
——————
संपादकीय—
जीवन समाप्त करने का निर्णय,कोई सही नहीं ठहरायेगा
ऐसा कोई पहली दफा नहीं अपितु कला जगत में अपने प्रिय अदाकारा के असमय दुनियां से चले जाने के बाद उसके फैंस स्वयं अपनी इहलीला समाप्त कर लेते हैं। सिने कलाकार दर्शकों के बीच किस तरह दिलों में अपना जगह बना लिए रहते हैं कई दफा कई कलाकारो को पता नहीं होता। इतना भी इमोशनल न हों कि अपनी खुद की जिंदगी आगे ले जाने में असमर्थ लगे। आध्यात्म जगत के बाद प्रमुख रूप से इस रोजमर्रा की जीवनचर्या से उब महसूस करने वालों के पास इंटरटेनमेंट और शांति के लिए संगीत का आनंद लेता है। वैसे किसी कलाकार की निजी जिंदगी से फेस सरोकार नहीं रखते, लेकिन बालीवुड के अंदर से ही कई दफा अपने देश से प्रेम होने और कुछ गतिविधियों में प्रेम नहीं होने की बातें भी मीडिया पर आती रही है। अभी गत दिनों ही इसी तरह एक निजी चैनल में डिबेट चल रहा था जहां एक नामचीन फिल्मी हस्ती के विदेशी व्यावसायिक संलग्नता के तारतम्य दिल को ठेस लगने वाली बातें बतायी जा रही थे। अपने देश की छोड़ वो देश जो हमारा भला नहीं चाहते के साथ संलग्नता पर जरूर अपने देश के वाशिंदों को अच्छा नहीं लगेगा। बालीवुड में सब कुछ नहीं चल रहा यह कई खबरों से विदित होता है। कलाकारों की भी अपनी निजी जिंदगी होती है, कई दफा उसके साथ जो बीत रहा होता है कईयों को पता नहीं होता। प्रेम करते हैं तो उनकी कला से कीजिए। उनकी कला को प्रणाम कीजिए और यदि चाहें तो आत्मसात भी। अपनी जिंदगी में आप ऐसा टैलेंट विकसित करने का प्रयास करें यदि उस फील्ड में जाना चाहते हैं तो आप भी प्रयास करें। कला हर किसी के अंदर विद्यमान होता है बस सामने लाने की जरूरत है। बहुत दुःख लगा कि हाल ही में बालीवुड अभिनेता सुशांत सिंह की मौत के बाद छत्तीसगढ में ही उनके एक फैंस छात्रा ने अपनी इहलीला समाप्त कर ली। जाने वाला तो पहले से चला गया उसकी याद में अपने को भुला कर इमोशनली लेते अपना जीवन समाप्त कर लेने का निर्णय कोई सही नहीं ठहरायेगा।
—मनोज जायसवाल
——————-
01. आज शिवरात्रि पर अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा आन लाईन टीवी चैनल के माध्यम शिव की विधि विधान से देश के सभी शिवभक्तों को पूजा अर्चना की सुविधा के साथ पूजा चल रही थी कि खराब मौसम ने खलल डाला। जहां बिजली गुल हो जाने के चलते व्यवधान पहूंचा‚ तो मोबाईल चालू कर भी इस सुविधा का लाभ भक्तों ने उठाया। अभी चारामा विकासखंड के कई गावों में झमाझम बारिश हो रही है।
——————-
02. खमढोड़गी में बैम्बू राफ्टिंग और नौकायन का आज से आगाज। पर्यटन के जरिए स्थानीय लोगों को मुहैय्या होंगे रोजगार के अवसर : विधायक श्री नेताम
— जिला मुख्यालय से 08 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम खमढोड़गी (ग्राम पंचायत कोकपुर) अब पर्यटन के नये आयाम से जुड़ गया है। जिला प्रशासन की विशेष पहल पर खमढोड़गी जलाशय में बैम्बू राफ्टिंग और नौकायन (नौका विहार) का आज कांकेर विधायक आशाराम नेताम के द्वारा आगाज किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कांकेर जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। आज खमढोड़गी जलाशय में बैम्बू राफ्टिंग तथा नौकायन का शुभारंभ किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को निश्चित तौर पर रोजगार के नये अवसर मुहैय्या होंगे। विधायक श्री नेताम ने आगे कहा कि इस कार्य को अंजाम देने में जिला प्रशासन ने विशेष तौर पर प्रयास किया तथा पर्यटन के रूप में इस क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में अनेक कार्य किए। उन्होंने बताया कि जलाशय के सौन्दर्यीकरण और पहाड़ पर ट्रेकिंग के लिए भी जिला प्रशासन द्वारा कार्ययोजना बनाई जा रही है। खमढोड़गी के ग्रामीण अनुशासित और स्वच्छताप्रिय हैं। विधायक ने यहां पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रूपए देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में उपस्थित कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि खमढोड़गी का जलाशय सैलानियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पर्यटन के दृष्टिकोण से बैम्बू राफ्टिंग और नौकायन एक नई पहल है तथा भविष्य में ट्रेकिंग व स्टे करने सहित विभिन्न प्रकार की सुविधाओं में विस्तार करने जिला प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा। इस दौरान विधायक एवं कलेक्टर ने खमढोड़गी जलाशय में पूजा-अर्चना कर एवं फीता काटकर बैम्बू राफ्टिंग और नौकायन का शुभारंभ किया। साथ ही अतिथियों ने मोटरबोट पर सवार होकर नौका विहार का आनंद भी लिया। इस दौरान विधायक श्री नेताम ने एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक, उपाध्यक्ष उत्तम यादव, जिला पंचायत सदस्य सुश्री मृदुला भास्कर, पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मण्डावी, महेश जैन, ग्राम पंचायत कोकपुर के सरपंच, उप सरपंच सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
——————-
03.एक पेड़ मां के नाम 2.0 जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम कोदागांव से विधायक एवं कलेक्टर ने शाला परिसर में लगाए नारियल व कटहल के पौधे पेड़ मानव जीवन के लिए बहुत जरूरी, भावनात्मक लगाव के साथ पौधे अवश्य लगाएं : विधायक श्री नेताम।
— ‘एक पेड़ मां के नाम-2.0’ के तहत आज कांकेर विकासखंड की ग्राम पंचायत कोदागांव में जिला स्तरीय पौधरोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री आशाराम नेताम उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री नेताम ने कहा कि मानव जीवन में पेड़ का बड़ा महत्व है। आज के दौर में पौधे लगाना बहुत जरूरी है, साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से पेड़ों से भावनात्मक लगाव होना भी आवश्यक है।ग्राम कोदागांव के विशाल शाला परिसर में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक पौधरोपण कार्यक्रम में विधायक ने आगे कहा कि लोगों को अपने या अपने बच्चों के जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ जैसे अवसरों को यादगार बनाने पौधे जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन की रक्षा करने के संकल्प को आगे बढ़ाने का अनुरोध ग्रामीणों से किया। इस अवसर पर मौजूद कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग (वैश्विक तापमान) में लगातार वृद्धि हो रही है जो बहुत बड़ी चिंता का विषय है। वर्षा की अनियमितता, पर्यावरण असंतुलन, तापमान में लगातार वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए पौधे लगाना आज के समय की मांग है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम-2.0’ के तहत अच्छी नस्ल के पौधे लगाकर पर्यावरण और प्रकृति को सुरक्षित व संरक्षित करने की अपील की। इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय परिसर में नारियल, कलेक्टर ने कटहल का पौधा लगाकर उन्हें पानी से सींचा। तत्पश्चात सभी अतिथियों और ग्रामीणों ने ’एक पेड़ मां के नाम 2.0’ के अंतर्गत एक-एक पौधे लगाकर प्रकृति को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राज्य समाज कल्याण बोर्ड एवं हस्त शिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, उपाध्यक्ष श्रीमती ताराबती ठाकुर, जनपद पंचायत कांकेर की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, पंचूराम नायक सहित स्थानीय सरपंच के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
महतारी वंदन योजना की लाभार्थी के घर किया वृक्षारोपणग्राम कोदागांव में आयोजित जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम के उपरांत विधायक श्री नेताम एवं कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने महतारी वंदन योजना की लाभार्थी श्रीमती बिन्दा बाई व गर्भवती महिला यीशु फाफा के यहाँ जाकर वृक्षारोपण किया तथा रोपित पौधों को संरक्षित करने का अनुरोध भी किया। इस दौरान कलेक्टर के पूछे जाने पर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिला ने बताया कि प्रत्येक माह उनके बैंक खाते में एक हजार रूपए की राशि जमा हो जाती है।
——————-
04.जनपद पंचायत सदस्यों का तीन दिवसीय आधारभूत अभिमुखीकरण प्रशिक्षण।
—जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी के मार्गदर्शन में विकासखंड कांकेर, भानुप्रतापपुर, चारामा एवं नरहरपुर के जनपद पंचायत सदस्यों की 03 दिवसीय आधारभूत अभिमुखीकरण प्रशिक्षण दिया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर पंकज कुमार सिन्हा, संकाय सदस्य कमलेश कुमार साहू एवं वरिष्ठ आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी श्री राजेन्द्र राठौर के द्वारा 73वां संविधान संशोधन, जनपद पंचायत सदस्यों के कर्तव्य एवं अधिकार तथा कामकाज संचालन प्रक्रिया, पेसा कानून एवं त्रिस्तरीय पंचायती राज सहित सभी विभागीय योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। जिला पंचायत संसाधन केन्द्र के प्राचार्य ने कहा कि पंचायती राज संरचना के महत्वपूर्ण एवं आधारभूत जानकारी के साथ ही सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिशा में सार्थक होगा। पंचायती राज व्यवस्था एवं ग्रामीण विकास के सशक्तिकरण में जनपद पंचायत सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
——————-
05. “एक पेड़ मां के नाम“ के अंतर्गत कांकेर जिले में आज 43 हजार से अधिक पौधों का रोपण। जिला स्तरीय पौधरोपण महाअभियान का कोदागांव में हुआ शुभारंभ।
— पर्यावरण संरक्षण और मातृसम्मान को समर्पित अभियान ’एक पेड़ मां के नाम 2.0’ के तहत आज कांकेर विकासखंड की ग्राम पंचायत कोदागांव में जिला स्तरीय पौधरोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलेभर में आज कुल 43,061 पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में विभिन्न स्थानों और समुदायों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों द्वारा 10,145 पौधे लगाए गए। वहीं शैक्षणिक परिसरों में 9101, आंगनबाड़ी परिसरों में 4193, आश्रम परिसरों में 1011, छात्रावास परिसरों में 963, तालाबों के किनारे 5734 तथा अन्य स्थानों में 11914 पौधा रोपण किया गया। इस प्रकार जिले के जनपद पंचायत अंतागढ़ में 4123, भानुप्रतापपुर में 5548, चारामा में 7868, दुर्गूकोंदल में 4520, कांकेर में 6573, कोयालीबेड़ा में 3604 और नरहरपुर में 10825 व्यापक पौधरोपण हुआ। इस तरह कुल 43061 पौधों का रोपण किया गया है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ मातृत्व के प्रति श्रद्धा प्रकट करना भी है। ’एक पेड़ मां के नाम-2.0’ कार्यक्रम में लोगों ने व्यक्तिगत रूप से अपनी मां के नाम पर पौधे लगाकर इस अनूठी सोच को साकार किया। जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम को जनसामान्य का भरपूर समर्थन मिला। वृक्षारोपण को लेकर ग्रामीणों, छात्रों और स्वयंसेवी संगठनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
——————-
06.शिक्षा की गुणवत्ता परखने संयुक्त संचालक ने किया निरीक्षण।
—जिले के शैक्षणिक स्थानों एवं निर्माण कार्यों के गुणवत्ता को बारीकी से देखने के लिए संयुक्त संचालक शिक्षा श्री राकेश पाण्डेय के द्वारा आज आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सबसे पहले उन्होंने शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव में पहुँचकर जोन स्तरीय कला उत्सव कार्यक्रम में बच्चों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। पाठ्यक्रम अनुसार विद्यालय में अध्यापन कर विद्यार्थी के समग्र विकास करने के लिये बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिये गये।
07.पण्डित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु परीक्षा परिणाम घोषित दावा आपत्ति 28 जुलाई तक।
— पण्डित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना 2025-26 अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु 30 मार्च को जिला स्तर पर चयन परीक्षा का आयोजन किया गया। आयोजित चयन परीक्षा के परिणाम की घोषणा की जा चुकी है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त से प्राप्त जानकारी अनुसार परीक्षा परिणाम संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला कार्यालय कलेक्टर, आदिवासी विकास शाखा कांकेर एवं अपने विकासखण्ड अंतर्गत ‘‘कार्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी अथवा कार्यालय मण्डल संयोजक, आदिवासी विकासखण्ड’’ से परीक्षा परिणाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा परिणाम से संबंधित दावा आपत्ति 28 जुलाई 2025, दिन सोमवार को जिला कार्यालय कलेक्टर, आदिवासी विकास शाखा कांकेर में कार्यालयीन समय तक प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि उपरांत प्राप्त दावा आपत्ति पर किसी भी प्रकार का पुनर्विचार नहीं किया जायेगा। अंतिम चयन सूची शासन द्वारा जारी की जाएगी।
——————-
08.दिव्यांगजनों को प्रदाय किया गया सहायक उपकरण, चेहरों पर लौटी मुस्कान।
—समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सहायक उपकरणों का वितरण किया जा रहा है। इस पहल से दिव्यांगजनों के चेहरों पर नई उम्मीद की झलक दिखाई दी। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक ने जानकारी देते हुए बताया कि भानुप्रतापपुर निवासी मानकलाल, जो कि 80 प्रतिशत अस्थिबाधित दिव्यांग हैं, उन्हें बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई है। इससे उन्हें आवागमन में सुविधा होगी और वे रोजगार के कार्यों में भी आसानी से भाग ले सकेंगे। उन्होंने इस सहयोग के लिए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी तरह, 70 प्रतिशत दिव्यांगता से ग्रसित खट्टूमल मोटवानी को व्हीलचेयर और श्री भरत तिवारी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। ऐसे उपकरणों से दिव्यांगजनों को न केवल दैनिक जीवन में सहूलियत मिलती है, बल्कि वे आत्मविश्वास के साथ समाज की मुख्यधारा में भी शामिल हो पाते हैं। यह कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग की दिव्यांगजन हितैषी नीतियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
——————-
09.पशु शक्ति चलित बियासी हल पर प्रशिक्षण सह प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित।
—कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने ग्राम मरकाटोला में अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना एवं कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर के संयुक्त तत्वाधान में पशु शक्ति चलित बियासी यंत्र (हल) पर प्रशिक्षण सह प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के प्रधान वैज्ञानिक प्रक्षेत्र यंत्र एवं शक्ति अभियांत्रिकी विभाग डॉ. व्ही.एम. विक्टर ने बताया गया कि धान की छिडकाव पद्धति से खेती में धान की लगभग 14-15 से.मी. ऊंचाई होने पर देशी हल द्वारा खरपतवार की निंदाई की जाती है। इस प्रक्रिया में मानव एवं पशुश्रम ऊर्जा एवं समय अधिक लगता है इस समस्या को दूर करने के लिये बियासी यंत्र का उपयोग कर परम्परागत बियासी की तुलना में श्रम, ऊर्जा एवं समय की बचत होती है। वैज्ञानिक (कृषि अभियांत्रिकी) कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर डॉ नरेन्द्र हरिदास तायड़े ने बताया कि बियासी यंत्र का उपयपोग करने से परम्परागत विधि की तुलना में पौधों को कम हानि पहुंचती है एवं इस यंत्र से बियासी करने से जड़ों व पौधों का विकास अच्छा होता है। इस कार्यक्रम में वैज्ञानिक डॉ आशीष श्रीवास्तव, डॉ अखिलेश चन्द्राकरण इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय एवं ग्राम के सरपंच श्री ठाकुर सहित ग्राम मरकाटोला के कृषकगण सम्मिलित हुए।
——————-
10. ‘सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता’ की कड़ी में यातायात की पाठशाला आज भानुप्रतापपुर के सेंट जोसफ स्कूल मे लगाई गयी।
— उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. के. एलिसेला (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापुर आकाश श्रीमाल तथा अतिरिक्त पुलिस कांकेर दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर तथा यातायात प्रभारी कांकेर दीपक सॉव व थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर श्री रामेश्वर देशमुख एवं यातायात टीम के द्वारा आज भानुप्रतापपुर के सेंट जोसेफ स्कूल मे सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्त पहलुओं से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को सड़क किनारे लगे संकेतको के माध्यम से सड़के कैसे बोलती हैं?, सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का अनिवार्य पालन करने, निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज गाड़ी नहीं चलाने, हमेशा हेलमेट/सीटबेल्ट लगाकर ही दुपहिया/चार पहिया वाहन चलाने, यातायात नियमों का पूर्णत पालन कर दुर्घटना से बचने के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उक्त कार्यक्रम में सेंट जोसेफ स्कूल के प्राचार्य, अध्यापकगण एवं लगभग 500 स्कूली बच्चे सम्मिलित हुए।
——————-
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
——————-