आज की टॉप 10 खबर 21 जनवरी 2026बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  21  जनवरी  2026  बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय

‘देवार गीत….’

—कही जाने वाली कथा के मुताबिक यही देवार जाति जो राजा महाराजाओं के यहां अपनी मीठी सुरों से गायन कर मनोरंजन करते थे। कहा जाता है कि एक बार उन्हीं राजाओं के द्वारा निकाले जाने के चलते इन्होंने घुमंतु जीवन जीना प्रारंभ किया जो आज भी भ्रमणशील जीवनयापन करते हैं। इनके द्वारा गए गीतों को छत्तीसगढ में देवार गीत कहते हैं। पुर्व में काफी प्रचलित ये देवार गीत आज लोक मंचों में मनोरंजन तक सीमित हो गयी है। यह देवार गीत ठुंगरू मांदर के साथ गाये जाते हैं। पांडव गाथा के वीर रस से युक्त कभी ये गीत होते हैं तो कभी करूणा तो हास्य का पुट भी देखने मिलता है। जरूरत इस बात का है कि देवार,बसदेवा गीतों की इस कड़ी को संवर्धित किये जाने तथा बनाए रखने की।छत्तीसगढ़ में आज भी लोक मंचों पर जब देवार गीत की प्रस्तुती होती है,गावों में दर्शक इसे देखने सुनने जमे होते हैं।

✍️मनोज जायसवाल
 ————————
1 .महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम।
—जिलें में महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम 2013 के अंतर्गत सभी शासकीय कार्यालयों एवं निजी कार्यालयों में जाकर महिलाओं के कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न के संबंध में जनजागरूकता एवं प्रचार प्रसार किया गया एवं ऐसे सभी कार्यालय जहॉ 10 या 10 से अधिक कर्मचारी कार्यरत है वहॉ आंतरिक समिति का गठन किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की शिकायत आंतरिक समिति या SHe-Box पोर्टल https;shebox.wcd. gov.in पर किया जा सकता है।

———————— 

02. कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया ।

— जिला मुख्यालय के शासकीय पीएम श्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारी की जा ही है। कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मण्डावी ने आज स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा सहित पीडब्ल्यूडी, विद्युत मण्डल, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, नगर पालिका, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।

  ———————

03. जिला स्तरीय बस्तर पण्डूम का आयोजन 28 जनवरी को गोंडवाना भवन भीरावाही में। आदिवासी संस्कृति, कला एवं परंपरा की झलक देखने को मिलेगी बस्तर पण्डूम में।

—स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक परंपरा से परिपूर्ण बस्तर अंचल के लोक गीत, संगीत, नाटक, व्यंजन, पेय पदार्थों के संरक्षण व संवर्धन तथा कला समूहों के सतत विकास और जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बस्तर पण्डूम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 28 जनवरी को जिला मुख्यालय कांकेर के गोंडवाना भवन भीरावाही में बस्तर पण्डूम के जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आदिवासी संस्कृति कला, परंपरा, गीत-संगीत, नृत्य की अनुपम झलक देखने को मिलेगी। जिला स्तरीय बस्तर पण्डूम के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

 ———————

04. रोमांच से भरा होगा दुधावा इको एडवेंचर फेस्ट। 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होगा दुधावा इको एडवेंचर फेस्ट।

—जिले के दुधावा जलाशय में 24 से 26 जनवरी तक दुधावा इको एडवेंचर फेस्ट का आयोजन किया जाएगा। प्रकृति प्रेमियों और इको पर्यटकों के लिए यह आयोजन रोमांचक होगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए वन मण्डल कांकेर के वनमडलाधिकारी ने बताया कि प्रकृति प्रेमियों, इको पर्यटकों, विद्यार्थियों तथा साहसिक खेलों के शौकीनों के लिए एक उत्साहवर्धक अवसर प्रदान करने तथा दुधावा सरोवर में इको पर्यटन को बढ़ावा देते हुए वन प्रबंधन समिति दुधावा में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुधावा इको एडवेंचर फेस्ट- 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय इको टूरिज्म एवं एडवेचर महोत्सव प्रकृति के संरक्षण, इको पर्यटन तथा युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों को रोमांच, प्रकृति और स्थानीय संस्कृति का अनुभव प्राप्त होगा। इसकी प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जिपलाइन, हॉट एयर बैलून राइड, वॉल क्लाइविंग, आर्चरी, एयरगन, बंजी ट्रैम्पोलिन एवं अन्य साहसिक गतिविधियाँ, नाइट कैंपिग, स्टार गेजिग (खगोलीय अवलोकन), बर्ड वॉचिंग के साथ ही दुधावा क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण प्रमुख रूप से शामिल हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में सभी गतिविधियों कराई जाएगी, जिससे प्रतिभागियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके। यह आयोजन परिवार, युवाओं पर्यटकों, प्रकृति प्रेमियों तथा फोटोग्राफी एवं एडवेंचर के शौकीनों के लिए विशेष रूप से आकर्षक रहेगा। दुधावा इको एडवेंचर फेस्ट न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने तथा क्षेत्र की प्राकृतिक एवं जैव विविधता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी सहायक सिद्ध होगा। इस आयोजन के संबंध में अधिक जानकारी के लिए संयुक्त वनमण्डलाधिकारी श्री जसवीर सिंह मरावी के मोबाइल नंबर 91310-29448 से संपर्क किया जा सकता है।

 ———————

05.जल जीवन मिशन के तहत जल परीक्षण व जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान आयोजित।

— छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर कांकेर जिले के विभिन्न ग्रामों में जल जीवन मिशन के तहत जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम माटवाडा मोदी एवं आतुरगांव में जल बहिनी, ग्रामवासियों एवं स्कूल के बच्चों की सहभागिता से जल परीक्षण एवं जल संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल गुणवत्ता को प्रभावित करने वाले तत्वों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों एवं बच्चों को जल के महत्व, जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ पेयजल के उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में समझाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत एफ.टी.के. (फील्ड टेस्ट किट) के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे ग्रामीण स्वयं अपने पेयजल की जांच कर सकें और जल जनित बीमारियों से बचाव कर सकें। स्कूली बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई, जिसमें बूंद-बूंद जल बचाने, जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई रखने, जल संसाधनों की उचित देखभाल करने, जल को ग्राम की सामूहिक संपत्ति, जल कर का नियमित भुगतान करने तथा भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए सोख्ता गड्ढा निर्माण एवं पौधरोपण करने का संकल्प लिया गया।

ग्राम इच्छापुर में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल स्रोतों के प्रशिक्षण, साफ-सफाई, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल संरक्षण से संबंधित जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रचार रथ के माध्यम से ग्राम में भ्रमण कर ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल, जल गुणवत्ता जांच, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया। प्रचार रथ के माध्यम से आम नागरिकों को जल जीवन मिशन की योजनाओं, इसके लाभों, घरेलू नल कनेक्शन, हर घर नल से जल योजना, जल गुणवत्ता, स्रोत संवर्धन, जल कर की उपयोगिता तथा पेयजल संरचनाओं के रखरखाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। ऑडियो-वीडियो माध्यमों एवं प्रचार सामग्री के जरिए स्वच्छ पेयजल के स्वास्थ्य लाभों को सरल भाषा में समझाया गया।

कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद कर जीवन में जल की महत्ता को रेखांकित किया गया तथा जल संरक्षण हेतु सामूहिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया। इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जागरूकता अभियान एवं प्रचार रथ आगामी दिनों में जिले के अन्य ग्रामों में भी भ्रमण कर लोगों को जल संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति निरंतर जागरूक करता रहेगा। कार्यक्रमों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

———————–

06.  नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर कांकेर में जश्न।

—छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी, कुशल संगठनकर्ता माननीय नितिन नवीन को सर्वसम्मति से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने पर आज पुराना बस स्टैंड, कांकेर में भारतीय जनता पार्टी के समस्त पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं के साथ आतिशबाजी कर एवं एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हर्षोल्लास के साथ बधाई दी। इस मौके पर कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए।

 ———————–

07. समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अंतिम चरण पर।  जिले के 78 हजार किसानों को 1012 करोड़ 64 लाख रूपए का भुगतान बस्तर पंडुम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम। 

— छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, जो अब अंतिम चरण पर है। कांकेर जिले में अब तक 78 हजार 447 किसानों से 42 लाख 74 हजार 386 क्विंटल धान खरीदे गए हैं, जिसके लिए उन्हें 1012 करोड़ 64 लाख 41 हजार रूपए का भुगतान किया गया है। जिला सहकारी बैंक कांकेर के नोडल अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार सहकारी बैंक शाखा नरहरपुर के अंतर्गत आने वाले 6892 किसानों से 03 लाख 63 हजार 856 क्विंटल धान खरीदा गया है, जिसके लिए उन्हें 86 करोड़ 19 लाख 82 हजार का भुगतान किया गया है। इसी प्रकार आमाबेड़ा सहाकारी बैंक के 1426 किसानों से 66 हजार 556 क्विंटल धान की खरीदी के लिए 15 करोड़ 76 लाख 73 हजार रूपए, दुर्गूकोंदल के 3985 किसानों से 02 लाख 90 हजार 486 क्विंटल धान के लिए 68 करोड़ 81 लाख 62 हजार रूपए, पखांजूर सहाकारी बैंक शाखा के 6943 किसानों से 03 लाख 42 हजार 92 क्विंटल धान के लिए 81 करोड़ 04 लाख 17 हजार रूपए, कांकेर बैंक शाखा के 10484 किसानों से 05 लाख 53 हजार 860 क्विंटल धान के लिए 131 करोड़ 23 लाख 17 हजार रूपए, सरोना बैंक शाखा के 6784 किसानों से 03 लाख 75 हजार 776 क्विंटल धान के लिए 89 करोड़ 02 लाख 44 हजार रूपए, बांदे सहकारी बैंक के 5000 किसानों के 03 लाख 62 हजार 314 क्विंटल धान के लिए 85 करोड़ 83 लाख 23 हजार रूपए, चारामा सहकारी बैंक शाखा के 8663 किसानों के 04 लाख 52 हजार 166 क्विंटल धान के लिए 107 करोड़ 11 लाख 98 हजार रूपए, अंतागढ़ बैंक शाखा से 6046 किसानों के 02 लाख 77 हजार 739 क्विंटल धान के लिए 65 करोड़ 79 लाख 64 हजार रूपए, लखनपुरी बैंक शाखा के 6269 किसानों के 03 लाख 32 हजार 948 क्विंटल धान के लिए 78 करोड़ 89 लाख 03 हजार रूपए, भानुप्रतापपुर बैंक शाखा के 6652 किसानों के 03 लाख 42 हजार 426 क्विंटल धान के लिए 81 करोड़ 12 लाख 08 हजार रूपए, बड़ेकापसी बैंक के 6027 किसानों के 03 लाख 32 हजार 582 क्विंटल धान के लिए 78 करोड़ 78 लाख 88 हजार रूपए और सहकारी बैंक शाखा कोरर के 3276 किसानों के 01 लाख 81 हजार 579 क्विंटल धान के लिए 43 करोड़ 01 लाख 62 हजार रूपए का भुगतान किया गया है।

 ———————

08. हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम अप्रैल माह में होगा आयोजित।

—अखिल भारतीय हिंदू परिषद के तत्वावधान में आगामी अप्रैल माह में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन को लेकर संगठन के प्रदेश नेतृत्व ने संयुक्त रूप से जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना के प्रसार, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा हिंदू समाज को संगठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल साबित होगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रदेश स्तर पर बैठकों का सिलसिला प्रारंभ हो चुका है और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है।

अखिल भारतीय हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे, प्रदेश संगठन महामंत्री गणेश तिवारी एवं प्रदेश महामंत्री उत्कर्ष गढ़ेवाल ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक या प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने का एक सशक्त मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज अनेक प्रकार की सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में समाज को जागरूक करना और एकजुट करना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने कहा कि हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना को जागृत करना, हिंदू समाज को एक सूत्र में पिरोना तथा राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर सार्थक संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज में विघटनकारी शक्तियां सक्रिय हैं और सामाजिक एकता को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे समय में सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति जागरूकता को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सम्मेलन के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रदेश संगठन महामंत्री गणेश तिवारी ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और इसके लिए चरणबद्ध तरीके से योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सम्मेलन में धर्म, संस्कृति, शिक्षा, सामाजिक एकता, राष्ट्र निर्माण, युवाओं की भूमिका और सामाजिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। विभिन्न सत्रों के माध्यम से समाज के समक्ष उपस्थित समस्याओं पर मंथन कर उनके समाधान के मार्ग तलाशे जाएंगे।

प्रदेश महामंत्री उत्कर्ष गढ़ेवाल ने कहा कि हिंदू सम्मेलन केवल एक दिन का आयोजन नहीं होगा, बल्कि यह समाज को दीर्घकालीन दिशा देने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। आज की युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से अवगत कराना अत्यंत आवश्यक है ताकि वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभा सकें। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों, सामाजिक विकृतियों और चुनौतियों पर गंभीर चिंतन कर समाज को सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश देने का कार्य किया जाएगा।

प्रदेश नेतृत्व ने जानकारी दी कि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संत, महात्मा, प्रख्यात वक्ता, सामाजिक चिंतक, प्रवक्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी लोग अपने विचार रखेंगे। इनके विचारों से समाज को मार्गदर्शन मिलेगा और जनमानस में नई ऊर्जा एवं चेतना का संचार होगा। सम्मेलन के दौरान समाज के समक्ष मौजूद ज्वलंत मुद्दों पर खुला संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा तय हो सके।

सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जिला, मंडल एवं प्रखंड स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित, अनुशासित और भव्य रूप दिया जा सके। सम्मेलन स्थल, तिथि, समय और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी। इसके लिए प्रचार-प्रसार की भी व्यापक योजना बनाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सम्मेलन से जुड़ सकें।

प्रदेश नेतृत्व ने अंत में सभी समाजसेवियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे इस हिंदू सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें और समाज व राष्ट्र निर्माण की इस पहल को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन समाज को नई दिशा देगा और सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को और अधिक सशक्त करेगा।

  ———————

09. यातायात पुलिस कांकेर द्वारा नेशनल हाईवे 30 उपर नीचे रोड पर वाहनों में रेडियम लगा कर सुरक्षा का संदेश दिया ।

  ———————

10. चारामा विकास खण्ड के ग्राम पण्डरीपानी एवं ग्राम तुएगहन में मनरेगा मजदूरों के बीच   भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने पहुंचकर उनके कार्य को सम्मान देते हुए कहा कि मनरेगा बचाओ अभियान का उद्देश्य महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को कमजोर करने वाली सरकारी प्रयासों के खिलाफ आवाज बुलंद करना है ताकि हमारे गरीब भाई बहनों को रोजगार की गारंटी, आजीविका सुरक्षा , पलायन रोकने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

———————-
विशेष-
कल 22 जनवरी को चारामा विकासखंड के ग्राम चिनौरी एवं तारसगांव में वार्षिक देवमेला का आयोजन। रात्रि में होगा सांस्कृतिक नाचा कार्यक्रम।
आरोपीगण द्वारा अभद्र, अश्लील गाली गलौच कर मारपीट करने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार । थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की त्वरित कार्यवाही।
— पुलिस के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार से है कि प्रार्थी सुजीत विश्वकर्मा पिता हरे शर्मा निवासी बरदेभाटा कांकेर थाना जिला कांकेर ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 05.11.2025 को आरोपियो द्वारा थाना में हमारे खिलाफ क्यू रिपोर्ट किये हो बोलकर अभद्र, अश्लील गाली गलौच करने पर आरोपियों के विरूद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 34/26 धारा 296,115(2),3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया विवेचना के दौरान पुलिस कांकेर द्वारा त्वारित कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिवत् कार्यवाही कर संज्ञेय अपराध घटित होने की पूर्ण अंदेशा पर आरोपयों के विरूद्ध प्रतिबंधत्मक कार्यवाही धारा 170/126(2),135(3) बीएनएसएस का कार्यवाही कर माननीय एसडीएम न्यायालय कांकेर मे पेश किया गया। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक जितेन्द्र साहू, के नेतृत्व में, उप निरी.सुरेन्द्र मानिकपुरी,प्रआर.जीवधन यादव, आर. पुरन साहू एवं थाना पेट्रोलिंग टीम की अहम भूमिका रही है। –
———————-

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *