आज की टॉप 10 खबर 21 फरवरी 2026 शनिवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
  21  फरवरी  2026 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय-

”लानत है, गरीबों के निवाले छीने जानेे पर…”
—कितनी लाचारी और ये बेशर्म हैं कि हंस रहे हैं। उन्हें नहीं पता है कि अपनी सामाजिकता दिखाने के और अंतिम सिरे के गरीब व्यक्ति को समाज से विच्छेदित करने के दुःख में कई आत्महत्याएं हुई है। इन भावनात्मक बातों में यह प्रमाण ना मांगे। क्योंकि बेशर्मी इतनी कूट कूट कर भरी पड़ी है कि मृत हो चुकी संवेदनाओं में यह बात करें। हताश और परेशान के साथ अपने को उपेक्षित एवं कुंठित जीवन जी रहे लोग कैसे और क्यों ना दूसरे धर्म की ओर उन्मुख होंगे? मनुष्य एक सामाजिक प्राणी रहा है,आप किसी के साथ गलत सलूक करोगे, समाज से विच्छेदित किए जाने का धौंस दोगे, समाज में विलय नहीं करने की बात करोगे तो वह क्या करेगा? वो तो जहां उसे सहारा मिले वहां जायेगा। जितनी सामाजिक दंड राशि जिसका देनदार वह रहता है किसी तरह कभी जमीन बेचकर तो कभी अपनी पत्नी के जेवर बेचकर वह सामाजिकता के दायरे में रहने की खातिर दे देता है, लेकिन आर्थिक तकाजे उनके पीछे होते हैं। जिस तरह उपेक्षा का दंश वह झेल रहा होता है,जिस कदर आसमान टूट जाने वाली विपदा के रूप में वह पाई पाई कर दंड राशि का जुगाड कर वह पटाने बाध्य होता है, आत्मा को दुख देने वाली इस पीड़ा के पैसे का उपयोग कहीं खीर खिलायी जा रही है, तो इसका भागीदार निश्चित रूप से खीर खाकर भौतिक रूप से तृप्त होते उन्हीं लोगों को मुबारक जो इसकी सच्चाई के किनारे होकर भी मजे लेते हैं। लानत है,इस प्रकार के तंत्र पर! जहां गरीबों की पीडा से उपजे निवाले लीले जा रहे हैं। इससे तो कहीं अपने ही पैसों से अन्न भोग कर लें ताकि कभी पता चले तो स्वयं में तो आत्मिक संतुष्टि रहेगी। वरना कुछ फर्क नहीं पड़ता है की नीति पर चल रहे हैं तो किन्हें पड़ा है कि तुम्हें वो ज्ञान दे।
✍️मनोज जायसवाल
 ————————

 01. महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े से सभापति जनपद पंचायत‚चारामा श्रीमती रेणुका सिन्हा(जेपरा) ने की मुलाकात ।  

— जनपद पंचायत चारामा सभापति श्रीमती रेणुका सिन्हा ने महिला एवं बालविकास मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े से गत दिनों सौजन्य भेट करते हुए चारामा ब्लॉक की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने इस संदर्भ बताया कि ब्लॉक में बहुत सारे आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति जो जर्जर हालात में है गंभीर चिंतन के विषय के रूप में बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण संबंधी क्रियान्वयन जरूरी है। सशक्तिकरण को लेकर आ रहे समस्याओं संदर्भित मांग पत्र भी सौंपा। जिस पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाडे ने यथाशीघ्र निदान किये जाने की बात कही।

  ———————— 

02. आईटीबीपी के लापता जवान विनोद गोटी के घर पहुंचकर विधायक सावित्री मनोज मंडावी जी के साथ उनके परिजनो से मुलाकात की।

-ग्राम कसावाही ( चारामा ) आईटीबीपी के जवान विनोद कुमार गोटी जो कि पंजाब के लुधियाना में पदस्थ थे। जो पिछले 7 फरवरी को छुट्टी लेकर लुधियाना से घर के लिए निकले थे कि गोरखपुर ( उत्तर प्रदेश ) से लापता हो गया है और इधर रो रोकर परिजनों का बुरा हाल है। जिसकी सूचना मिलते ही विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी जी के साथ जवान के निवास पहुंचकर आपबीती जानी तथा मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से पुलिस अधीक्षक कांकेर से बात करके लापता जवान को तत्काल पता लगाकर परिजनों के सुपुर्द करने की बात कही है। साथ ही परिवार को हरसंभव मदद की की भरोसा दिलाई। इस अवसर पर हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा, महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस कांकेर, श्रीमती तनु हिरवेन्द्र साहू सदस्य जनपद पंचायत चारामा, श्रीमती तासो गोटी सरपंच कसावाही, ललित गोटी पूर्व सरपंच कसावाही, नरेन्द्र गोटी पूर्व सरपंच कसावाही आदि उपस्थित थे।

———————

03.पखांजूर क्षेत्र में नशीली दवाई/कप सीरप बेचने वाला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल। आरोपी के कब्जे से codeine phosphate and triprolidine hydrochloride syrup अवैध कुल 90 नग कप सीरप व नशीली दवाई बिक्री रकम 3300/- रूपये को जप्त किया गया। थाना पखांजूर जिला कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

— पुलिस जानकारी के अनुसार  घटना का संक्षिप्त विवरण—  निखिल राखेचा (भापुसे) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन पर जिले में चल रहे उजियारा अभियान के तहत् नशे के विरूद्ध कार्यवाहीकी जा रही है ।दिनांक 19.02.2026 को थाना पखांजूर में मुखबीर सूचना से मिला कि वार्ड न. 14 रविन्द्र पल्ली पखांजूर में इंन्द्रजीत विश्वास के निर्माणाधीन मकान के सामने मैदान में मुकेश सरदार नामक एक व्यक्ति सिल्वर काले रंग के मोटर सायकल कमांक CG 19 BP 4603 में वाहन के पेट्रोल टंकी के उपर में एक थैला के अंदर नशीला दवाई कफ सीरप रखकर बेचने हेतु ग्राहक तलाश रहा है । मुखबीर से मिली सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल SIअनिल पालेश्वर के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबिर द्वारा बताये स्थान इंन्द्रजीत विश्वास के निर्माणाधीन मकान के सामने मैदान पखांजूर पहुंचकर घेराबंदी कर 01 व्यक्ति मुकेश सरदार पिता केशव सरदार उम्र 29 वर्ष निवासी पीव्ही 14 श्यामनगर पखांजूर थाना पखांजूर को पकड़ा गया ।
जो अपने मोटर सायकल क्रमांक CG 19 BP 4603 के पेट्रोल टंकी के उपर में एक थैला के अंदर नशीला दवाई कफ सीरप कुल 90 नग codeine phosphate and triprolidine hydrochloride syrup व नशीली दवाई बिक्री रकम 3300/-रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूद्ध NDPS act की धारा- 21 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

 पुलिस टीम का विवरण:-
  निरीक्षक लक्ष्मण केवट थाना प्रभारी पखांजूर, उनि0 अनिल पालेश्वर, सउनि0 पुरूषोत्तम ठाकुर, प्रधान आरक्षक लिहेन्द्र देवागंन, ज्योति साहू, हेमंत द्विवेदी, आरक्षक जोसेफ बड़ा, डोमेश्वर यामले, इन्द्रजीत विश्वास।

 कांकेर पुलिस की अपील
अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। कई बार आपकी एक छोटी सी सूचना बड़े अपराधो को रोक सकती है, इसी उद्देष्य से जिला-उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा किसी भी संदिग्ध या अपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए अपराधिक हेल्पलाईन नंबर 94791-55125 संचालित की जा रही है। यह दी गई हर सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

———————— 

04. “मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान अंतर्गत बीट प्रणाली पर विशेष प्रशिक्षण सम्पन्न ।

—“मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान के अंतर्गत पुलिस एवं आमजन के मध्य विश्वास, सहयोग एवं सतत संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र कांकेर में बीट आरक्षकों हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए कांकेर जिले के 154 ग्रामों में बीट पुलिसिंग प्रणाली लागू की गई है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 140 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों को विभिन्न बीटों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बीट प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण, आमजन से संवाद, संवेदनशील स्थलों की निगरानी एवं स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशिक्षण के दौरान बीट बुक संधारण के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए, जिसमें निगरानी/गुंडा/संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी, किरायेदार एवं मकान मालिकों का विवरण, बाहरी मुसाफिर, कबाड़ी, शस्त्र लाइसेंस धारक, पेंशनधारक, शासकीय सेवक, एनजीओ, ग्राम के प्रतिष्ठित नागरिक, मड़ई-मेला, त्योहार, बाजार एवं धार्मिक स्थलों की जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए गए।साथ ही प्रत्येक बीट प्रभारी को सरपंच, पटेल, कोटवार, जनप्रतिनिधियों, नवयुवकों एवं महिला स्व-सहायता समूहों के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने हेतु निर्देशित किया गया।

यह भी सुनिश्चित किया गया कि बीट क्षेत्र में प्राप्त किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देकर विधिवत वैधानिक कार्यवाही की जाए। प्रशिक्षण के अंत में बीट आरक्षकों को अपने निर्धारित क्षेत्र में सतर्क, सक्रिय एवं जिम्मेदार पुलिसकर्मी के रूप में कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।इस अवसर पर प्रतीक दादासाहब बंसोडे ( प्रशिक्षु IPS), योगेश साहू (ASP), गिरिजा शंकर साव (डीएसपी-नक्सल ऑप्स), डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह (डीएसपी-बस्तर फाइटर्स),  अविनाश ठाकुर (डीएसपी-डीआरजी), सुश्री विंकेश्वरी पिंदे (डीएसपी-मुख्यालय), श्रीमती कविता धुर्वे (डीएसपी-अजाक), आरआई दीपक साव एवं RI गोविन्द वर्मा सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

  ———————–

 05. वैध मदाक पदार्थ गांजा का खेती कर, ब्रिकी करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार। उजियारा अभियान के तहत अवैध मदाक पदार्थ गांजा के विरूद्ध थाना अंतागढ़ पुलिस की बड़ी कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण के अनुसार निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार , जिले में चल रहे उजियारा अभियान के तहत् नशे के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है उसी तारतम्य में दिनांक 20.02.2026 को मुखबिर के माध्यम से थाना अंतागढ़ पुलिस को सूचना मिला कि एक व्यक्ति सुकालूराम उईके ग्राम कानागांव  में अपने कब्जाधारी जमीन पर घर, बाड़ी में अवैध मादक पदार्थ गांजा का पौधा लगाकर खेती करता है एवं अपने में कब्जे गांजा रखा है, तथा बिक्री करने हेतु ग्राहक तलाश कर रहा है। उक्त सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर थाना प्रभारी अंतागढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबीर के बताये स्थान पर घेराबंदी कर पकड़े गये व्यक्ति ने नाम पता पूछने पर अपना नाम सुकालू राम उईके पिता स्व0 मानसिंह उईके उम्र 50 वर्ष साकिन कानागांव थाना अंतागढ़ जिला उ0ब0कांकेर का होना बताये। जिसके कब्जे से एक नीला संतरा रंग का प्लास्टिक बोरी जिसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा सूखा वजन 2.740 किलोग्राम कीमती लगभग 1,40,000/- रूपये एवं उखडा हुआ नमीयुक्त मादक पदार्थ गांजा का छोटा-बडा (डेंढ फीट से 05 फीट लगभग) पौधा डंगाल हल्का मिट्टी युक्त जड़ हरा पत्ती एवं बीज सहित 351 नग वजन 31.680 किलोग्राम कीमती लगभग 15,50,000/-रूपये कुल गांजा का वजन 34.42 किलोग्राम कीमती लगभग 16,90,000/- रूपये को बरामद कर आरोपी के विरूद्ध एन0डी0पी0एस0 एक्ट की धारा- 20(b)(i) A 20(b)(ii) C NDPS act  केे तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को जेल भेजा गया।
पुलिस टीम का विवरण:-
निरीक्षक रमेश जायसवाल, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र देव मांझी, आरक्षक संतोषी निषाद, टोमन साहू, उमेश विश्वकर्मा, मस्सुराम दर्रो, डीएसएफ आरक्षक शामसाय उईके, शम्भू उसेण्डी।

  ———————–

06. कलेक्टर ने परीक्षा केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण। नकल-रहित परीक्षा संचालन के दिए निर्देश।

— कलेक्टर  निलेश महादेव क्षीरसागर ने आज जिले के दो परीक्षा केन्द्रों-शासकीय पीएम श्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कांकेर तथा शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इन परीक्षा केन्द्रों में कक्षा 10वीं के हिंदी विषय की परीक्षा संचालित हो रही थी। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शासकीय पीएम श्री नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 178 परीक्षार्थियों में से 176 विद्यार्थी उपस्थित एवं 2 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। विद्यार्थियों के अनुपस्थिति के संबंध में पूछताछ करने पर एक विद्यार्थी का दुर्घटना होने तथा दूसरा विद्यार्थी का ओपन परीक्षा में सम्मिलित होने के कारण अनुपस्थित होना बताया गया। शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान 215 परीक्षार्थियों में से लगभग 213 विद्यार्थी उपस्थित तथा 02 अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर द्वारा अनुपस्थिति का कारण पूछने पर अनुपस्थित विद्यार्थियों के स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी गई, जिस पर कलेक्टर ने पालकों से भी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ने परीक्षा केन्द्रों में नकल प्रकरण की जानकारी लेते हुए नकल रहित परीक्षा का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों में पेयजल, सुरक्षा गार्ड, चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी भी ली और समुचित व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक  नवनीत पटेल भी उपस्थित रहे।

   ———————–

07. मतदाता सूची का किया गया अंतिम प्रकाशन। एसआईआर के बाद जिले में 04 हजार 909 मतदाताओं की वृद्धि। अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में 05 लाख 40 हजार 273 मतदाता।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार कांकेर जिले में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू किया गया। राज्य भर में 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए और चार महीने तक लगातार चले एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के विभिन्न चरणों के प्रभावी संचालन के बाद आज शनिवार को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया गया। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अनुसार कांकेर जिले की कुल मतदाता 05 लाख 40 हजार 273 हो गई है। एसआईआर पश्चात 04 हजार 909 मतदाताओं की वृद्धि हुई हैं। मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने या मतदाता सूची से अपना नाम हटवाने से संबंधित दावे और आपत्तियां 23 दिसम्बर 2025 से 22 जनवरी .2026 के बीच प्रस्तुत किए गए थे। प्राप्त दावे, आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनधिनियों की आज बैठक लेकर विधानसभावार अंतिम मतदाता सूची के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 68 हजार 225 मतदाता, भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र 01 लाख 96 हजार 151 मतदाता और कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 75 हजार 897 मतदाता हैं, इस प्रकार जिले के कुल मतदाता 05 लाख 40 हजार 273 है। एसआईआर के दौरान अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2808 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए तथा 1506 मदताओं के नाम काटे गए। इस प्रकार इस विधानसभा क्षेत्र में 1302 मतदाताओं की वृद्धि हुई, वही भानुप्रतापुर विधानसभा क्षेत्र में 2224 मतदाताओं के नाम जोड़े गए और 488 मतदाताओं के नाम काटे गए, इस प्रकार कुल 1736 मदताओं की वृद्धि हुई। कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 2048 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से जोड़े गए और 177 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में काटे गए। इस प्रकार 1871 मतदाताओं की वृद्धि हुई। इस प्रकार कांकेर जिले में 7080 मतदाताओं के नाम जोड़े तथा 2171 के नाम काटे गए। इस प्रकार जिले में कुल 4909 मतदाताओं की वृद्धि हुई। बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कलेक्टर द्वारा मतदाता सूची के प्रतियां भी प्रदाय की गई। उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरकर उसके साथ घोषणा पत्र और आवश्यक सहायक दस्तावेज संलग्न कर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए उन्होंने यह भी बताया कि 01 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरा कर चुके युवा भी प्रपत्र संख्या-6 भरकर भविष्य में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। जिले के नागरिक समय-समय पर होने वाले आवश्यक संशोधनों के अनुसार प्रपत्र 6, 7 और 8 भी भर सकेंगे। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने बताया कि एसआईआर के दौरान आगामी अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में भावी मतदाताओं से आवेदन प्रपत्र-6 में प्राप्त किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को सफल बनाने में सहयोग के लिए जिले के सभी नागरिकोंं और राजनीति दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है, साथ ही निर्वाचन प्रणाली के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को बधाई दी है। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से  यासिन करानी एवं उदय प्रकाश शर्मा, भारतीय जनता पार्टी से   प्रदीप जायसवाल, बहुजन समाज पार्टी से  अमोल बेदरकर एवं तिलक मरकाम तथा आम आदमी पार्टी से अर्जुन सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी  जितेन्द्र कुर्रे तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

  ———————–

08.  शैक्षणिक भवनों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण।

— जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर तथा जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी के निर्देशन में विकासखंड दुर्गूकोदल में नव-निर्मित एवं निर्माणाधीन शैक्षणिक भवनों का निरीक्षण किया गया। जिला परियोजना समन्वयक (डीएमसी) नवनीत पटेल ने दुर्गूकोदल पहुंचकर 200 सीटर कन्या आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास भवन का विस्तृत निरीक्षण किया।।

———————

09. आज ग्राम धनेसरा में पैरी नाला से मुड़पार महानदी पुल तक पिचिंग कार्य का कांकेर विधायक आशा राम नेताम द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया। 901.21 लाख की लागत से बनने वाला यह कार्य क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुगमता प्रदान करेगा और बरसात के दिनों में होने वाली समस्याओं से स्थायी समाधान होगा।  

  ———————

10. थाना कोरर में रखे विभिन्न अपराध, मर्ग एवं अन्य प्रकरण में जप्तशुदा शराब एवं बिसरा का किया गया विधिवत् नष्टीकरण। 20 वर्ष से अधिक समय से जप्त विसरा एवं 500 लीटर से अधिक शराब का किया गया नष्टिकरण । थाना कोरर, कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

-घटना का संक्षिप्त विवरण  निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में, श्री योगेश साहू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में,   मोहसिन खान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के दिशा निर्देशानुसार थाना में रखे अपराध, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों में रखे बिसरा का नष्टीकरण करने आदेश प्राप्त हुआ। थाना कोरर में हत्या, आत्महत्या, सड़क दुर्घटना एवं अन्य हादसों में मौत के मामलों में जांच के दौरान मृत्यु का सही कारण जानने हेतु बिसरा जप्त की जाती है, जिसे मामला न्यायालय में  विचाराधीन रहते तक थाना में सुरक्षार्थ रखा जाता है।  नायब तहसीलदार कोरर श्रीमती योगिता भेड़िया, थाना प्रभारी कोरर निरीक्षक   जितेन्द्र गुप्ता एवं आबकारी उप निरीक्षक पुरूषोत्तम साकार की उपस्थिति में थाना कोरर में रखे विभिन्न अपराध एवं मर्ग के प्रकरण में जप्त बिसरा एवं देशी महुआ शराब व अंग्रेजी शराब को विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए जेसीबी से गढ्ढा खोदकर नष्टीकरण कराया गया।

 पुलिस टीम का विवरण:-
  निरीक्षक जितेन्द्र गुप्ता, सउनि. छत्रपाल सिंह साहू, प्रधान आरक्षक योगेश मण्डावी, तिरथ गंधर्व, गंभीर पाण्डे, आरक्षक मनोज साहू, लल्लीराम मण्डावी, केतन ठाकुर एवं अन्य स्टाॅफ।

  ———————

 शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 20 फरवरी 2026 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   20  फरवरी  2026 शुक्रवार  ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ”कला जगत से दिव्या जी का  असमय जाना” आज पुण्यतिथि पर सादर नमन…… —माया…

आज की टॉप 10 खबर 19 फरवरी 2026 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   19  फरवरी  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ”हंगामा खड़ा करना हमारा, मकसद नहीं” —ये सुरते हाल बदलनी चाहिए… कहने वाले चल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *