
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
20 जून 2025 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
——————
-संपादकीय-
—मानसुनी बारिश में ढंके बादल और दिन भर की उमस लोगों के कुछ समझ नहीं आ रहा है‚खासकर उन किसानों को जो पखवाडे भर पूर्व से ही अपने खेतों में यह सोचकर बीच डाल दी कि बदरिया बरसेगा ही तोǃ खेती रकबे की ओर अगर आप देखें तो इन दिनों खेतों में महिला पुरूष किसान लगे दिखायी दे रहे हैं। हां इस बार मंहगी मजदूर खर्च और मानक के अनुरूप रोपाई नहीं किये जाने के चलते लाई चोपी पद्वति जो कि पुरानी पद्वति है‚किसान उपयोग कर रहे हैं। खर्चा तो कम आता ही है‚ऊपज भी ज्यादा आती है। हवाओं के झाेंकों से धान के गर्भावस्था के समय गिरने का अंदेशा होता है‚मौसम साफ है‚ तो सबसे अच्छा। जो नर्सरी रोपाई में खर्चा होता है‚वह निंदाई गुडाई में खर्च होता है‚बावजूद लाईचोपी पद्वति में फायदा ज्यादा ही है।
——————
01.अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास में सांसद श्री नाग होंगे शामिल।
—11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन शनिवार 21 जून को किया जाएगा। आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार इस बार ‘योग संगम’ तथा ‘हरित योग’ की थीम पर आधारित योगाभ्यास कराया जाएगा। जिला स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में सुबह 6.45 बजे से आयोजित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग सहित वरिष्ठ नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी व एनएसएस, स्काउट गाइड, विद्यार्थी तथा नागरिकगण उपस्थित रहकर एक साथ सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।
——————
02.प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु मेरिट सूची जारी, काउंसिलिंग 23 जून से।
—प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों की वर्गवार मेरिट एवं प्रतीक्षा सूची विभाग की वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in पर अपलोड किया गया है। मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों की काउंसिलिंग प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय गुढ़ियारी रायपुर में की जाएगी। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग की तिथि निर्धारित की गई है।
इसके तहत अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह बालक के लिए काउंसिलिंग 23 जून को प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक निर्धारित की गई है। इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह बालिका हेतु 24 जून, अनुसूचित जनजाति बालक-बालिका हेतु 25 जून, अन्य पिछड़ा वर्ग बालक-बालिका हेतु 26 जून तथा सामान्य वर्ग बालक-बालिका एवं अल्पसंख्यक बालक-बालिका के लिए 27 जून प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे निर्धारित की गई है। सहायक आयुक्त ने बताया कि काउंसिलिंग में विद्यार्थी को अपना प्रवेश पत्र, सक्षम राजस्व अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र, वर्ष 2024-25 में कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य है। इसके अलावा यदि परिवार नक्सल हिंसा से सीधे प्रभावित है तो इस आशय का संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र, शाला स्थानांतरण प्रमाण पत्र, मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सा जांच प्रमाण पत्र, सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र एवं स्वयं का 02 रंगीन पासपोर्ट साईज का फोटो आदि आवश्यक दस्तावेज के साथ उपस्थित हो सकते हैं।
——————
03.आर्थिक सहायता स्वीकृत।
—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर द्वारा सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण में मृतक के परिजनों के लिए 25-25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। कांकेर तहसील के ग्राम किरगापाटी के चमनलाल कोरेटी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर उनके परिजन दयालूराम कोरेटी, भानुप्रतापपुर के ग्राम जुनवानी निवासी चन्द्रपाल कोमरा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पिता मोहपाल कोमरा तथा दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम भीरावाही निवासी थानूराम की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर उनकी पत्नी श्रीमती दुलोबाई के लिए 25-25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
——————
04.छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजनांतर्गत खिलाड़ियों को दी जाती है खेलवृत्ति।
—संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रतिभा खोज के तहत खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदाय किये जाने का प्रावधान है। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति दी जाती है। प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड एवं नेशनल गेम्स में शामिल खेलों के राष्ट्रीय खेल, राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के सीनियर, जूनियर एवं सब जूनियर वर्ग पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी। खेल अधिकारी ने बताया कि यह खेलवृत्ति एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार ही प्रदाय की जाएगी। सीनियर वर्ग में प्रथम हेतु 75 हजार रूपए, द्वितीय 50 हजार, तृतीय 40 हजार रूपए खेलवृत्ति प्रदाय किया जाएगा। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में प्रथम 60 हजार, द्वितीय 40 हजार, तृतीय 30 हजार और सब जूनियर वर्ग में प्रथम 50 हजार, द्वितीय 25 हजार, तृतीय 20 हजार रूपए खेलवृत्ति प्रदाय की जाएगी। उन्होंने बताया कि एकल व दलीय खेलों में वास्तविक रूप से उक्त प्रतियोगिता में खेले हुए खिलाड़ी पात्र हो जिसका प्रमाण संबंधित खेल संघ पदाधिकारियों के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा। खिलाड़ी छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए तथा प्रतियोगिता में राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व किया हो। यदि खिलाड़ी एक से अधिक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया हो तो उनमें से श्रेष्ठतम वर्ग के आधार पर खेलवृत्ति प्रदान किया जाएगा। यदि कोई खिलाड़ी दो अलग-अलग वर्गां में पदक अर्जित किया हो तो उसकी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर खेलवृत्ति प्रदाय की जाएगी। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक खिलाड़ी को एक बार ही खेलवृत्ति की पात्रता होगी। खेलवृत्ति की राशि अधिकतम आयु वर्ष 25 तक के खिलाड़ी को प्रदाय की जाएगी।
——————
05.अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदाय करने का प्रावधान।
छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजनांतर्गत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदाय किये जाने का प्रावधान है। वित्तीय वर्ष में मान्यता प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं जैसे ओलम्पिक खेल, विश्वकप, एशियाड, राष्ट्रमण्डलीय खेलों में भाग लेने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को यात्रा व्यय तथा खेल उकरण हेतु प्रोत्साहन राशि प्रदाय की जाएगी। इसमें भाग लेने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि की अधिकतम राशि 03 लाख रूपये या वास्तविक व्यय देय होगी। खेल उपकरण हेतु खिलाड़ियों को खेल उपकरण सामग्री की अभिप्रमाणित कोटेशन, सामग्री दर की प्रति जमा करना अनिवार्य होगा। यात्रा व्यय हेतु खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में सम्मिलित होने संबंधी प्रमाण पत्र, चयन पत्र, वास्तविक यात्रा टिकट इत्यादि जमा करना अनिवार्य होगा जिसके आधार पर यात्रा व्यय की राशि की गणना की जा सकेगी। वित्तीय वर्ष में केवल एक बार ही प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की पात्रता होगी।
——————
06.औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश हेतु 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित।
—संचालनालय रोजगार एवं प्रषिक्षण छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य की षासकीय औद्योगिक प्रषिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में प्रषिक्षण सत्र 2025-26 व 2025-27 हेतु प्रवेष के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले में संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में इच्छुक अभ्यर्थी व्यवसायवार ट्रेडों में 25 जून तक विभागीय वेबसाइट https://cgiti.admission.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों के पंजीयन के लिए वेबसाइट पर यूजर मैन्युअल दिया गया है, जिसका अवलोकन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क किया जा सकता है।
——————
07. जिले में कई अवैध पैथालॉजी लैब का संचालन किया जा रहा है।
—पडताल मे पता चला कि जिला मुख्यालय में सरकारी जिला अस्पताल के सामने नाक के नीचे बिना मान्यता के पैथॉलाजी लैब का संचालन विगत कई वर्षाे से किया जा रहा है। इसके साथ ही कलेक्ट्रट रोड स्थित सिन्हा पैथालाजी लैब भी जहां से होकर प्रतिदिन अधिकारी गुजरते हैं,वह भी बगैर मान्यता के संचालित किया जा रहा है। ना जाने कांकेर जिलांतर्गत इसी प्रकार और कितने अवैध लैब बगैर शासन की मान्यता से संचालित हो रहा होगा। आज नगर में संचालित राजा पैथॉलाजी लैब जो सरकारी अस्पताल के ठीक सामने मुख्य रोड पर संचालित है,जानकारी में एक संचालक सहयोगी ने बताया कि वे यहां किये गये लैब की रिर्पाेट डाक्टर जो यहां से दूर रहते हैं,के डिजीटल साईन तथा असिस्टेंट के हस्ताक्षर से जारी किया जाता है। इस खबर पर जिले के कलेक्टर के नाम शिकायत आज सुनील मौर्य,(आरटीई एक्टिविस्ट) मनोज जायसवाल द्वारा सौंपा गया। आवेदन में शिकायत किया गया है कि यह लैब अवैध एवं गैर कानूनी तरीके से संचालित हो रहा है। इसकी मान्यता शासन में दर्ज नहीं है। इस गंभीर मामले पर आम लोगों के हित में सुक्ष्मता से जांच कराने की कृपा करें। सुनील मौर्य (आरटीई एक्टिविस्ट) ने कहा कि यदि अवैध लैब पर कार्रवाई नहीं की जाती है तो इसकी शिकायत ईओडब्ल्यु रायपुर से किया जायेगा।
08.अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक।
—11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आज कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के अनुकूल प्रोटोकॉल के अनुसार निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसकी मॉनिटरिंग केन्द्र सरकार द्वारा की जा रही है, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। कलेक्टर ने आयुष मंत्रालय के द्वारा जारी किए गए पोर्टल में अधिकाधिक संख्या में पंजीयन कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सुबह 6.30 बजे पीएम श्री नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि उक्त सामूहिक योगाभ्यास में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग उपस्थित रहेंगे। श्री वर्मा ने प्रोटोकॉल के अनुसार सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए कहा। उल्लेखनीय है कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इस वर्ष ‘योग संगम’ की थीम पर सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इसी तरह विकासखण्ड के नगरीय निकायां, ग्राम पंचायतों में ‘हरित योग’ की थीम पर आधारित सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इसमें गणमान्य नागरिकों, दिव्यांगजन, उभयलिंगी व्यक्ति, वंचित समूह, विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति समूह, समस्त आयु वर्ग के महिला, पुरूष, एनजीओ, विभिन्न संस्थाओं एवं छात्र-छात्राओं को सम्मिलित किया जाएगा। सामूहिक योग के आयोजन स्थल तक लाने-ले जाने हेतु परिवहन व्यवस्था की जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग को सौंपी गई है। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
——————
09. खाद—बीज‚दवाई‚नकली खाद को लेकर कल आम आदमी पार्टी कलेक्टर को सौंपेगी ज्ञापन।
10. एनजीटी के नियमों के अनुसार छत्तीसगढ में रेत उत्खनन बंद होने के बाद खनिज विभाग की तेज कार्रवाई कई हाईवा जप्त किये जाने की खबर। लेकिन कांकेर —चारामा से कोई खबर नहीं। विभागीय निर्देशों का शायद सख्ती से पालन किया जा रहा होगा। नदियों के पास फलेक्सी बैनर टांगे गये। लेकिन अभी तक कोई भी वाहन जप्ती की कार्रवाई पर खबर नहीं।
—सुत्रों के मुताबिक चारामा विकासखंड में जो डंपिंग रेत है‚वह महज कुछ दिनों का है‚क्योंकि रेत आज आम लोगों की महती जरूरी वस्तु है। इसकी दर बढना भी तय है‚क्योंकि अभी महानदी से रेत निकलेगी नही और निर्माण कार्य रूकने का नाम नहीं ले रहा है। आने वाला समय रेत के लिए त्राहि त्राहि ना हो जाये। निजी निर्माण के साथ सरकारी कार्य भी जारी है‚ऐसे में रेत की कीमत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
——————
शुभ रात्रि ……….
——————
टीप — खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
——————-