आज की टॉप 10 खबर 20 फरवरी 2026 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
  20  फरवरी  2026 शुक्रवार 

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय-

”कला जगत से दिव्या जी का  असमय जाना”
आज पुण्यतिथि पर सादर नमन……
—माया नगरी मुंबई में बालीवुड जगत में कई अदाकारों का असमय जाना संगीत प्रेमियों को खलता है। अतीत से अब तक ना जाने कितने कलाकारों ने अल्पायु सहित अपने कैरियर की उड़ान कुछ दूर जाने के रास्ते से ही अलविदा कह दिया। जिन कलाकारों पर लोगों का हमेशा स्नेह,प्यार रहा नहीं सोचा था कि इस तरह अचानक हमारे बीच नहीं रहेंगे। विधि के विधान के सामने नतमस्तक होना पड़ता है। अतीत की छोड़ हम 93 के दशक में इसी प्रकार से दुनिया को अलविदा कहने वाली अपनी पीढ़ी की सबसे चित्ताकर्षक युथ अदाकारा दिव्या भारती हमेशा जेहन में आती रहेंगी। प्रभावशाली व्यक्तित्व की धनी दिव्या भारती की फिल्म दीवाना ने धूम मचायी वहीं शोला और शबनम,दिल आशना है,रंग,विश्वात्मा,दिल ही तो है, बलवान,गीत,दिल का क्या कसुर जैसी फिल्में आज भी टीवी पर उसी चाव से लोग देखा करते हैं। 5 अप्रेल 1993 को अचानक उनके न होने की खबर ने दर्शकों चाहने वालों को निराश किया। बाद के दशक तक उनकी मौत के संदर्भ में कई प्रकार की बातें होती रही। सुमधुर गीतों की कन्नड़ गायिका सुष्मिता के खुदकुशी की खबर भी लोगों को काफी दुखी किया।
आज के ही दिन  20 फरवरी 1988 को जन्मी जिया खान (नफीसा खान) जिन्होंने कुछ ही फिल्मों में काम किया लेकिन काफी सफल रही की 2013 में मौत ने संगीत कला प्रेमियों को निराश किया। इस तरह कई अदाकाराओं के नाम है। इसके साथ ही कुछ टीवी सीरियलों में काम करने वाले कलाकार भी इस क्षेत्र में काम करते अलविदा कह दिया। कई टीवी सीरियलों में उनकी अनुपस्थिति के बाद अन्य कलाकारों को लेना पड़ा। पापुलर टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में डा. हाथी का किरदार निभाने वाले कुमार आजाद ने अलविदा कह दिया। हालांकि सीरियल में हालांकि अब शो में उनका रिप्लेसमेंट किया गया लेकिन कवि कुमार आजाद की बात ही अलग थी। इस तरह कला जगत में कई नाम हैं,जिनके असमय चले जाने से सुना हुआ है।नमन…सभी कलाकारों को सादर नमन…!
✍️मनोज जायसवाल
 ————————

 01. कांकेर पुलिस को मिली आधुनिक बॉडी वॉर्न कैमरों की सौगात,थानों में किया गया वितरण ।  

—कांकेर जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त आधुनिक बॉडी वॉर्न कैमरों का जिले के विभिन्न थानों में वितरण किया गया। यह वितरण निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक (भापुसे) कांकेर के निर्देशानुसार तथा योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में किया गया। वितरण से पूर्व संबंधित थाना स्टाफ को कैमरों के संचालन, तकनीकी उपयोग एवं विधिक प्रावधानों के संबंध में प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि – बॉडी वॉर्न कैमरा ड्यूटी के दौरान निरंतर रिकॉर्डिंग करेगा, जिससे पुलिस और आम नागरिकों के बीच होने वाली कार्यवाही में पारदर्शिता बनी रहेगी। इससे किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में वस्तुनिष्ठ तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।

सशक्त वीडियो साक्ष्य की उपलब्धता
कानूनी कार्यवाही, धरपकड़, जांच एवं अन्य पुलिस ऑपरेशन के दौरान प्राप्त वीडियो फुटेज साक्ष्य के रूप में उपयोग किया जा सकेगा। इससे विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।

डिजिटलाइजेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
बॉडी वॉर्न कैमरों के उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली में डिजिटल रिकॉर्ड संधारण को बढ़ावा मिलेगा। तथ्य-आधारित कार्यवाही को प्रोत्साहन मिलेगा तथा जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

अप्रिय घटनाओं में प्रमाणिक साक्ष्य
किसी भी अप्रिय घटना, विवाद या अपराध की स्थिति में वीडियो फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में उपयोगी सिद्ध होगी। दिन अथवा रात—किसी भी समय की गई कार्यवाही की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रूप से संरक्षित की जा सकेगी।

झूठे आरोपों की रोकथाम:–
ड्यूटी के दौरान की गई रिकॉर्डिंग से पुलिस पर झूठे या निराधार आरोप लगाने की प्रवृत्ति पर भी अंकुश लगेगा तथा वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सकेगी। कांकेर पुलिस द्वारा यह पहल पुलिसिंग को आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए भविष्य में भी ऐसे नवाचार जारी रहेंगे।

 ———————— 

02. अवैध देशी महूआ शराब बिक्री करते 01 आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार । आरोपी के कब्जे से 30 लीटर देशी महूआ शराब किमती 3500/- रूपये। थाना बांदे जिला कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

-मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में दिनांक 20.02.2026 को मुखबीर सूचना पर बान्दे पुलिस द्वारा घटना स्थल पीव्ही. 88 रघुनाथपुर आरोपी असीत बसु पिता रंजीत बसु उम्र 37 वर्ष निवासी पीव्ही 88 रघुनाथपुर थाना बान्दे जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ0ग0) के पास अवैध रूप से हाथ भट्टी से बना देशी महुआ शराब 30 लीटर कर जप्त किया गया। आरोपी के विरूध्द आबकारी अधिनियम कि धारा 34(2) के तहत् अपराध पंजीबध्द कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु माननीय न्यायालय पेश किया गया।

 पुलिस टीम का विवरण:-
 निरीक्षक रामचन्द्र साहू थाना प्रभारी बान्दे, सउनि राजकुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक 592 फकीर राम सिन्हा, आरक्षक 350 गजानंद हिड़को, आरक्षक 1241 यषवंत मंडावी , DSF आरक्षक 2305 प्यारे लाल तारम, आरक्षक 1273 अमृत नेताम, आरक्षक 612 नरोत्तम कुलदीप, आरक्षक 906 संतानूराम जुर्री, महिला आरक्षक 195 जयाबत्ती सलाम ।

 कांकेर पुलिस की अपील:-
 अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। कई बार आपकी एक छोटी सी सूचना बड़े अपराधो को रोक सकती है, इसी उद्देश्य जिला-उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा किसी भी संदिग्ध या अपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए अपराधिक हेल्पलाईन नंबर 94791-55125 संचालित की जा रही है। यह दी गई हर सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

     ———————

03.  ‘ आईजीओटी-कर्मयोगी‘ पर आधारित सम्भाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित, बस्तर संभागायुक्त   डोमन सिंह वर्चुअल कार्यशाला में हुए शामिल।

— भारत सरकार की वेबसाइट में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए इंटिग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग (आई गॉट- कर्मयोगी) पर आधारित ऑनलाइन कार्यशाला का संभाग स्तरीय आयोजन आज सुबह 11 बजे किया गया। जिले के स्वान कक्ष में उपस्थित बस्तर संभाग के सम्भागायुक्त  डोमन सिंह के निर्देशानुसार सम्भाग के सभी सातों जिलों के अधिकारियों ने वर्चुअल वर्कशॉप में हिस्सा लिया। इस दौरान कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर भी उपस्थित थे। वर्चुअल वर्कशॉप में मास्टर ट्रेनर श्रीमती अंजू सिंह ने पीपीटी का स्क्रीन शेयर करते हुए उक्त वेबसाइट की तकनीकी पहलुओं की क्रमवार जानकारी दी तथा पंजीयन करने की सम्पूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सी.ई.ओ.  हरेश मण्डावी तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कांकेर  अरूण वर्मा भी स्वान कक्ष में मौजूद थे।

———————— 

04. संभागायुक्त  डोमन सिंह ने भानुप्रतापपुर में मावा मोदोल, पुनर्वास केन्द्र का किया निरीक्षण पीएससी के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर किया मार्गदर्शन।

—बस्तर संभाग के संभागायुक्त  डोमन सिंह आज जिले के चारामा-भानुप्रतापपुर क्षेत्र के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम चपेली में लाख उत्पादन एवं संग्रहण केन्द्र, भानुप्रतापपुर में मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्था तथा ग्राम चौगेल (मुल्ला) में माओवाद पुनर्वास केन्द्र का अवलोकन व निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा कमिश्नर ने ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। 

 05. कृत्रिम हाथ लगाने शिविर का आयोजन 23 फरवरी तक रायपुर में

— ऐसे दिव्यांग जिनका कोहनी से नीचे कलाई हाथ कटा हुआ हो उन्हें बायोनिक हाथ (कृत्रिम हाथ) का निःशुल्क वितरण किया जाना है, इसके लिए समाज कल्याण विभाग एवं इनाली फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में रायपुर में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे सभी दिव्यांग जो दुर्घटनावश या नक्सली हमले अथवा जन्मजात, जिनका कोहनी से नीचे कलाई हाथ कटा हुआ है, उनकी सूची समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। यह शिविर 23 फरवरी तक प्रोफेसर कॉलोनी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित की जा रही है। हितग्राहियों को रायपुर तक लाने-ले जाने और भोजन की व्यवस्था समाज कल्याण विभाग द्वारा की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए श्रीमती सीता के मोबाइल नम्बर 94077-37367 पर संपर्क किया जा सकता है।

  ———————–

06. सड़क दुर्घटना में मृतक के परिजन को आर्थिक सहायता स्वीकृत

—अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कांकेर द्वारा नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम हटकाचारामा निवासी सड़क दुर्घटना में मृतक आशीष कुमार शोरी के पिता द्वारसिंग शोरी के लिए 25 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। हितग्राही को स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान तहसीलदार नरहरपुर के माध्यम से किया जाएगा।

   ———————–

07. एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 25 फरवरी को।

—जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 25 फरवरी को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 887 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी   बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में सिक्युरिटी गार्ड के 200 पद, सिक्युरिटी सुपरवाइजर के 50 पद, फिल्ड ऑफिसर के 02, एकाउंटेट के 06, लेबर के 200, सेल्स एग्जीक्यूटिव के 200, टीम मैनेजर के 25, प्रोडक्ट एडवाईजर के 200 और सेल्स कंसलटेंट के 04 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदक ई-रोजगार के पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।

  ———————–

08. अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष 24 फरवरी को जिले के प्रवास पर रहेंगे।

—छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मण्डावी आगामी 24 फरवरी को कांकेर जिले के प्रवास पर रहेंगे। श्री मंडावी 24 फरवरी को सुबह 11 बजे रायपुर से प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे विश्राम गृह कांकेर पहुंचेंगे तथा सामाजिक प्रमुख जनों से भेंट-मुलाकात करेंगे। तद्पश्चात वे दोपहर 2.30 बजे से कलेक्टोरेट में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर अनुसूचित जनजातियों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं का विभागवार समीक्षा करेंगे। तदुपरांत वे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

———————

09. व्यासकोंगेरा में आयोजित मानसगान कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक आशा राम नेताम।  

 – आज ग्राम व्यासकोंगरा में आयोजित भव्य मानसगान कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर कहा-ऐसे आध्यात्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की जड़ों को मजबूत करते हैं और समाज में एकता व सद्भाव का संदेश देते हैं। ग्रामवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।

वहीं आज ग्राम अमोड़ा में आयोजित जन चौपाल के माध्यम से केंद्र सरकार की महती वीबी जी राम जी कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। इस अवसर पर जन चौपाल के माध्यम से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीण भाइयों-बहनों तक पहुँचाई तथा उन्हें इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिये प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा-हमारा संकल्प है कि सरकार की हर योजना अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और गांव का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र को धरातल पर उतारते हुए हम निरंतर जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। गांव की उन्नति ही प्रदेश और राष्ट्र की प्रगति का आधार है।

  ———————

10. थाना कोरर में रखे विभिन्न अपराध, मर्ग एवं अन्य प्रकरण में जप्तशुदा शराब एवं बिसरा का किया गया विधिवत् नष्टीकरण। 20 वर्ष से अधिक समय से जप्त विसरा एवं 500 लीटर से अधिक शराब का किया गया नष्टिकरण । थाना कोरर, कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

-घटना का संक्षिप्त विवरण  निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में, श्री योगेश साहू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में,   मोहसिन खान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के दिशा निर्देशानुसार थाना में रखे अपराध, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों में रखे बिसरा का नष्टीकरण करने आदेश प्राप्त हुआ। थाना कोरर में हत्या, आत्महत्या, सड़क दुर्घटना एवं अन्य हादसों में मौत के मामलों में जांच के दौरान मृत्यु का सही कारण जानने हेतु बिसरा जप्त की जाती है, जिसे मामला न्यायालय में  विचाराधीन रहते तक थाना में सुरक्षार्थ रखा जाता है।  नायब तहसीलदार कोरर श्रीमती योगिता भेड़िया, थाना प्रभारी कोरर निरीक्षक   जितेन्द्र गुप्ता एवं आबकारी उप निरीक्षक पुरूषोत्तम साकार की उपस्थिति में थाना कोरर में रखे विभिन्न अपराध एवं मर्ग के प्रकरण में जप्त बिसरा एवं देशी महुआ शराब व अंग्रेजी शराब को विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए जेसीबी से गढ्ढा खोदकर नष्टीकरण कराया गया।

 पुलिस टीम का विवरण:-
  निरीक्षक जितेन्द्र गुप्ता, सउनि. छत्रपाल सिंह साहू, प्रधान आरक्षक योगेश मण्डावी, तिरथ गंधर्व, गंभीर पाण्डे, आरक्षक मनोज साहू, लल्लीराम मण्डावी, केतन ठाकुर एवं अन्य स्टाॅफ।

  ———————

विशेष
ठाकुर राम कश्यप ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं…

चारामा। आज से कक्षा 10 वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। क्षेत्र के हजारों विद्यार्थी अपने भविष्य की दिशा तय करने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर जनपद पंचायत चारामा के ब्लॉक उपाध्यक्ष ठाकुर राम कश्यप ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जो उनके आत्मविश्वास, परिश्रम और समर्पण की परीक्षा लेता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे बिना किसी भय या तनाव के शांत मन और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है।

उन्होंने आगे कहा कि कई बार पूरी तैयारी के बावजूद प्रश्नपत्र अपेक्षा के अनुरूप नहीं बन पाता, जिससे विद्यार्थी मानसिक रूप से परेशान हो जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में निराश होने की आवश्यकता नहीं है। एक परीक्षा किसी भी विद्यार्थी के संपूर्ण भविष्य का निर्धारण नहीं करती। जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिलते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को धैर्य बनाए रखते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

कश्यप ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाएं और उन पर अनावश्यक दबाव न डालें। परीक्षा के दौरान बच्चों को सहयोग, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। परिवार का सहयोग और विश्वास बच्चों के आत्मबल को बढ़ाता है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और मेहनत से ही विद्यार्थी इस स्तर तक पहुंचते हैं। परीक्षा के दौरान शिक्षकों द्वारा दिए गए सुझावों और अनुभवों का पालन करना विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

  ———————

 शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 19 फरवरी 2026 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….   19  फरवरी  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- ”हंगामा खड़ा करना हमारा, मकसद नहीं” —ये सुरते हाल बदलनी चाहिए… कहने वाले चल…

आज की टॉप 10 खबर 18 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   18  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- यह है, मेरा कांकेर छत्तीसगढ के खुबसुरत नैसर्गिक पहाड़ियों की गोद में पसरा यह…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *