कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
19 मार्च 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
————————
01. शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में 25 मार्च तक भरा जाएगा परीक्षा फॉर्म ।
– राज्य व्यावसायिक परीक्षा (एससीवीटी) एवं हायर सेकण्डरी व आईटीआई की संयुक्त अध्यापन योजनांतर्गत प्रदेश के विभिन्न शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में संचालित व्यवसायों में कक्षा 12वीं के पूरक पात्र प्रशिक्षणार्थी (सत्र 2025-26 एवं पूर्व सत्रों के), जिनकी आईटीआई ट्रेड की परीक्षा (नई परीक्षा प्रणाली व पुरानी प्रणाली) माह अप्रैल 2026 में आयोजित होनी है। उक्त परीक्षा में सम्मिलित होने की पात्रता रखने वाले प्रशिक्षणार्थी निर्धारित शुल्क सहित 25 मार्च तक कार्यालयीन अवधि में संबंधित आईटीआई में उपस्थित होकर परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
————————
02.बस्तर हेरीटेज मैराथन प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर एसपी ने किया रवाना।

—बस्तर हेरीटेज मैराथन के व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मैराथन में भाग लेने के लिए पंजीयन कराने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए बस्तर हेरीटेज मैराथन प्रचार वाहन को पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सरस्वती बंजारे सहित जिला शिक्षा अधिकारी, सभी व्यायाम अनुदेशक एवं विभिन्न खिलाड़ी भी मौजूद थे। हेरीटेज मैराथन प्रचार वाहन के रवाना होते समय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में पुलिस बैंड टीम द्वारा देशभक्ति धुन भी बजाया गया।उल्लेखनीय है कि 22 मार्च को जगदलपुर में बस्तर हेरीटेज मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत 22 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हॉफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन तथा 05 किलोमीटर फन रन की प्रतियोगिता आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाग लेने के लिए बस्तर संभाग के प्रतिभागियों का पंजीयन निःशुल्क किया गया है। पुरस्कार राशि सीनियर वर्ग (महिला एवं पुरूष) प्रथम पुरस्कार 01 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए, चतुर्थ पुरस्कार 15 हजार रूपए, पांचवा पुरस्कार 10 हजार रूपए, छठवां पुरस्कार 05 हजार रूपए, सातवां पुरस्कार 04 हजार रूपए, आठवां पुरस्कार 03 हजार रूपए, नवां पुरस्कार 25 सौ रूपए और दसवां पुरस्कार 02 हजार रूपए निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार जुनियर वर्ग (बालक एवं बालिका) के लिए प्रथम पुरस्कार 15 हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार 10 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 08 हजार रूपए, चतुर्थ पुरस्कार 04 हजार रूपए और पंचम पुरस्कार 02 हजार रूपए निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन द्वारा बस्तर हेरीटेज मैराथन में शामिल होने के लिए अधिक से अधिक खिलाड़ियों को पंजीयन कराने की अपील की गई है।
———————
03. तारमिस्त्री परीक्षा हेतु आवेदन 30 अप्रैल तक आमंत्रित।
—छत्तीसगढ़ शासन ऊर्जा विभाग के अंतर्गत कार्यालय कार्यपालन अभियंता (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक संभाग-जगदलपुर के कार्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस्तर, कोण्डागांव, कांकेर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, धमतरी, महासमुंद एवं सुकमा जिले के समस्त इच्छुक आवेदनकर्ता को सूचित किया जाता है कि तारमिस्त्री परीक्षा का आयोजन जुलाई-2026 में किया जायेगा। उक्त परीक्षा हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आमंत्रित किया गया है। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय कार्यपालन अभियंता (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक संभाग-जगदलपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक-19 आजाद चौक, जगदलपुर, जिला बस्तर (छत्तीसगढ़) पिन-494001 में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर निःशुल्क प्राप्त और जमा किया जा सकता है।
————————
04. ग्लोबल वार्मिंग रोकने सबको मिलकर करना होगा संयुक्त प्रयास : कलेक्टर।

— छत्तीसगढ़ राज्य जलवायु परिवर्तन केंद्र के निर्देशानुसार वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग वनमंडल कांकेर द्वारा आज वृत्त स्तरीय जलवायु परिवर्तन जागरूकता पर आधारित कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें क्लाइमेट चेंज के नियंत्रण एवं उपायों के संबंध में वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यशाला में उपस्थित कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग एक वैश्विक समस्या है, जिससे भारत सहित विश्व के अधिकांश देश जूझ रहे हैं।
ग्राम माकड़ी के निजी होटल में आज आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा कि यदि मुनष्य सहित सभी प्राणियों का भविष्य सुरक्षित करना है तो इसके लिए अभी से ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है। दो से तीन दशक में डेढ़ से दो डिग्री तापमान में वृद्धि पूरे ब्रम्हाण्ड के लिए चिंतनीय है। उन्होंने कहा कि इस पर वन विभाग रणनीतियां तैयार कर अनेक उपाय कर रहा है, किन्तु इसे रोकने की जिम्मेदारी सिर्फ वन विभाग की नहीं, बल्कि समस्त विभाग और प्रत्येक मनुष्य की भी है। कलेक्टर ने कहा कि प्लास्टिक को रिसाइकल करने, बारिश के मौसम में वृक्षारोपण कर पौधों को जीवित रखने, खेतों में पराली नहीं जलाने, जंगलों में आग नहीं लगाने, रासायनिक की जगह जैविक खाद अपनाने जैसी सकारात्मक गतिविधियों के साथ ग्लोबल वार्मिंग को रोकने की दिशा में सार्थक प्रयास करना अत्यंत आवश्यक है। इसके पहले, मुख्य वन संरक्षक दुर्ग वृत्त राजेश चंदेले ने कहा कि कभी सघन वनाच्छादित रहने वाले बस्तर संभाग में अब पेड़-पौधों की संख्या में काफी कमी आई है और इसे बचाने के लिए सभी वर्ग को आगे आना चाहिए। उन्हांने कहा कि वन के अस्तित्व से ही जलवायु की स्थिरता संभव है और आज की युवा पीढ़ी को यह समझने की बेहद जरूरत है।वक्ता ने बताया- ग्लोबल वार्मिंग में भारत की भूमिका 4.8 प्रतिशत
कार्यशाला में ग्लोबल वार्मिंग एवं प्रकृति संरक्षण विषयों पर अतिथि वक्ताओं ने अपने विचार रखे एवं वैश्विक ताप के दुष्प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए अपना अभिमत व्यक्त किया। इसी कड़ी कृषि वैज्ञानिक श्री कोमल केराम ने अतिथि वक्ता के रूप में ‘आस्पेक्ट्स और क्लाइमेट चेंज’, पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने ‘नॉन कनवेंशनल सोर्स ऑफ एनर्जी‘, डॉ. संदीप कौशिक ने ‘एन्वायरमेंटल अवेयरनेस’, शरतचंद्र ने ‘डिस्ट्रिक्ट क्लाइमेट सेल थ्रो द लेंस’, सिद्धार्थ ने ‘सप्लाई चेंज एंड इट्स इम्पैक्ट ऑन क्लाइमेट’, सुश्री प्रणिता ने ‘एजुकेशन पॉलिसी एंड इट्स रिलेशन विथ क्लाइमेट चेंज‘ तथा सुश्री अनुभा उपाध्याय ने ‘प्लास्टिक एंड एनवायरमेंटल सिरीज’ विषय पर अपने विचार रखते हुए ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभाव को कम करने तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। अधिकांश वक्ताओं ने प्रकृति संरक्षण में मनुष्य की भूमिका, जलवायु अनुकूल जीवन शैली एवं कृषि पद्धति, वैकल्पिक उपायों और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए प्रमुख घटकों पर व्याख्यान दिया। एक वक्ता ने बताया कि ग्लोबल वार्मिंग में भारत की भूमिका 4.8 प्रतिशत है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा अर्थ रिट्रीट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में सामान्य वन मंडलाधिकारी कांकेर रौनक गोयल, वन मंडलाधिकारी भानुप्रतापपुर पश्चिम हेमचंद पहारे, भानुप्रतापपुर पूर्व श्री ऋषभ जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा वन विभाग के एसडीओ और रेंजर, डिप्टी रेंजर आदि उपस्थित थे।
————————
05. अप्रैल से जून तक तीन माह के चावल का एकमुश्त वितरण।
—छत्तीसगढ़ शासन नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग रायपुर के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत जिले के राशन कार्डधारियों को माह अप्रैल से माह जून तक तीन माह का चावल पात्रतानुसार एकमुश्त वितरित जाएगा।जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार जिले के बीपीएल राशन कार्डधारी (अंत्योदय, प्राथमिकता, निःशक्तजन एवं निराश्रित) परिवारों को माह अप्रैल से जून 2026 तक चावल वितरण करने हेतु शासन से एकमुश्त आबंटन प्रदाय किया गया है। इस प्रकार सामान्य राशन कार्डधारियों (एपीएल) को चावल तथा अन्य राशन सामग्री जैसे शक्कर, चना गुड़ एवं नकक का वितरण प्रतिमाह पृथक-पृथक अप्रैल से जून के दौरान आबंटन अनुसार वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त भण्डारित खाद्यान्न की उचित मूल्य दुकान स्थल पर गठित निगरानी समिति से सहायक खाद्य अधिकारी/ खाद्य निरीक्षक द्वारा पुष्टि कराई जाएगी, ताकि भण्डारित खाद्यान्न में किसी प्रकार का व्यपवर्तन न हो। व्यपवर्तन होना पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
————————
06. मुख्यधारा की ओर लौटता विश्वास : जिले के 38 आत्मसमर्पित माओवादियों ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री से की मुलाकात।

—लाल आतंक से तेजी से मुक्त होते छत्तीसगढ़ में शांति, विकास और विश्वास की नई तस्वीर सामने आई है। कांकेर जिले के चौगेल (मुल्ला) स्थित पुनर्वास केंद्र से रायपुर गए आत्मसमर्पित माओवादियों ने बुधवार 18 मार्च को विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर मुख्यधारा में लौटने पर हर्ष व्यक्त किया।इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने आत्मसमर्पित माओवादियों से आत्मसमर्पण से पहले के जीवन और वर्तमान परिस्थितियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। संवाद के दौरान नक्सलियों ने बताया कि अब उनके जीवन में पहली बार सकारात्मक बदलाव आया है। पहले वे जंगलों में असुरक्षा और भय के बीच जीवन और मौत के बीच अधर में जी रहे थे, वहीं अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्य धारा में लौटकर विकास के वास्तविक पर्याय से वे अब अवगत हुए। उनके क्षेत्रों में अब सड़कों, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे जीवन आसान हुआ है। कुछ आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने पहली बार होली जैसे त्योहार को परिवार के साथ मनाया, यह उनके लिए एक नया और सुखद अनुभव रहा।मुख्यमंत्री श्री साय और उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सभी का मुख्यधारा में स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल व्यक्तिगत बदलाव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा और साहसिक कदम है। उन्होंने कहा कि संविधान पर विश्वास जताकर सभी ने एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास, रोजगार और सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद उन्मूलन के संकल्प को शीघ्र ही पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक भी उपस्थित थीं।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी की विशेष पहल पर जिले में 38 आत्मसमर्पित माओवादी, जो भानुप्रतापपुर के चौगेल (मुल्ला) में विभिन्न आजीविकामूलक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, उन्हें एक्सप्लोरर विजिट के तहत रायपुर के विभिन्न स्थलों का तीन दिवसीय भ्रमण कराया गया। इसके अंतर्गत रायपुर के अंबुजा मॉल, ट्राइबल म्यूजियम, रेलवे स्टेशन, पुरखौती मुक्तांगन, मंत्रालय महानदी भवन, विधानसभा भवन आदि महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण आत्मसमर्पित माओवादियों को कराया गया।
————————
07. हिन्दू नव वर्ष चैत्र शुक्ल वर्ष प्रतिपदा मनाया गया ।

—सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर में चैत्र शुक्ल वर्ष प्रतिपदा 2083 का उत्सव पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवा ध्वज फहराया गया एवं भैया बहनों ने रंगोली सजाई व तिलक लगाकर एक दूसरे को नव वर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएंँ प्रदत्त की। प्राचार्य कैलास कुमार तारक ने भैया बहनों को बतलाया कि हिन्दू नव वर्ष अपनी बहुत सी विशेषताओं व महत्व को समेटे हुए हैं। यह पर्व अपनी भारतीय संस्कृति व परिवेष को प्रस्तुत करता है। गुरूजनों को प्रणाम कर आशीर्वाद लेने का यह श्रेष्ठ दिन है। इस शुभ अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य दीदियाँ व भैया बहन उपस्थित थे।
————————
08. सेवानिवृत्त एवं मृत शिक्षकों के पेंशन अदायगी आदेश एवं सम्मान समारोह । मुख्य एवं विशेष अतिथि रहे श्री नारायण साहा अध्यक्ष, शंकर सरकार उपाध्यक्ष न. पंचा. पखांजूर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की त्वरित पहल का सभी शिक्षकों ने किया स्वागत ।

—पखांजूर – खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोयलीबेड़ा द्वारा विकासखण्ड के सेवानिवृत्त एवं मृत शिक्षकों के पेंशन अदायगी आदेश वितरण हेतु सम्मान समारोह कोयलीबेड़ा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पखांजूर में आयोजित किया गया।इस दौरान इन्हें शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। समारोह हो को संबोधित करते हुए नगर पंचायत उपाध्यक्ष शंकर सरकार जी ने कहा कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के इतिहास में यह पहली बार है कि जब खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की विशेष सक्रियता से 14 शिक्षकों एवं दिवंगत शिक्षकों के परिवार के मुखिया का पेंशन अदायगी आदेश एक साथ प्रदाय किया जा रहा है। पीपीओ एवं पेंशन जारी करने हेतु खंड शिक्षा अधिकारी एवं सभी शाखा लिपिको को धन्यवाद ज्ञापित किया साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षकों के इस जीवन भर की सेवा की लिए समाज उनका हमेशा ही ऋणी रहेगा।
समारोह में संबोधित करते हुए बीईओ कोयलीबेड़ा देवकुमार शील ने बताया कि विकासखण्ड के सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद पाठक, दीपक चंद्र मंडल, गणेश चंद्र मंडल, श्रीमती गीता रानी सरकार, हेमंत कुमार वैध एवं सेवा काल के दौरान दिवंगत शिक्षकों स्वर्गीय सुबल कुमार विश्वास, रविंद्र नाथ हवलादार, अनुप कुमार देहारि, ओम प्रकाश महला, नरेंद्र मंडावी, शिवकुमार नाग, रवि कुमार, जूथिका दास, मुहरा राम कचलाम परिजनों को पेंशन अदायगी आदेश जारी किया गया।

उपस्थित समस्त शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में पीपीओ एवं पेंशन जारी करने हेतु खंड शिक्षा अधिकारी एवं शाखा लिपिक कौशल नेताम को धन्यवाद ज्ञापित किया।सभा को खंड स्रोत समन्वयक कोयलीबेड़ा विप्लव बनर्जी, मंडल सयोजक कोयलीबेड़ा शॉप सिंह नेताम, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अभिजीत सरकार, वरिष्ठ व्याख्याता कृष्णेन्दू आईच ने संबोधित किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हुए शिक्षक विनोद पाठक, दीपक चंद्र मंडल, एवं हेमंत बैध भी अपने पूरे शिक्षकिय जीवन के अनुभव को साझा किए एवं विभाग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किए।
इस दौरान विकासखंड कोयलीबेड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार शील, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अमिताभ सरकार, मंडल संयोजक शोप सिंग नेताम एवं शिक्षा विभाग के कृष्णेन्दु आईच अरुण रावटे, गोपाल सरकार, गोविंदा बघेल, कौशल नेताम( पेंशन शाखा लिपिक) सहित सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शेवाकाल के दौरान असामयिक निधन हुए शिक्षकों के परिजन शहीद अनेको शिक्षक साथी उपस्थिति थे।
———————-
09. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हिन्दू नववर्ष के अवसर पर रामराज परिवार के द्वारा प्रभु श्रीराम जी की विशाल शोभायात्रा में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई।

————————
10. क्षेत्र के युवा जिला पंचायत सदस्य लोकप्रिय जनप्रतिनिधि मृदुला भास्कर के अथक प्रयास से गांव के जरूरतमंद को मेडिकल बना कर समाज कल्याण विभाग को सौंपा गया। इस पर विभाग द्वारा साइकिल उपलब्ध कराया गया। सरपंच मोहपुर,संदीप मंडावी द्वारा इसे नेक कदम कहा।

————————
विशेष-
संस्कार भारतीय इकाई कांकेर द्वारा नया वर्ष मनाया गया।

नवल प्रभात सुभाषित गान हो, पंछियों के कलरव तान हो। आदित्य के लालित्यमय, मधुर गीत नव सृजन पान हो। नवोन्मेष की शुभ बेला में, अंतर्मन में मंगल गान हो। कण- कण, क्षण -क्षण जगत, चराचर, संदल, मंगल शुभ पहचान हो।
कला एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती जिला इकाई कांकेर के तत्वावधान में नव संवत्सर हिंदू नव वर्ष की शुभ बेला एवं चौत्र नवरात्रि की पावन अवसर पर समस्त दायित्ववान भगिनी एवं बंधुओं तथा नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी धर्मानुरागियों की पावन उपस्थिति में ऊपर नीचे रोड डढ़िया तालाब में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर एवं दीपदान कर नव वर्ष की शुभकामनाओं के संग सकल चराचर के मंगल कामनाओं की मंगलाचरण संस्कार भारती के ध्येय गीत के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ ।

वसुधैव कुटुंबकम की परिभाषा को चरितार्थ करते हुए एक दूसरे को तिलक लगा, शुभकामनाएं संदेश देते हुए संस्कार भारती परिवार के समस्त सदस्यों एवं नगर वासियों द्वारा आज प्रातः 6.00 बजे प्रभा की अरूणिम छटा से मन प्रफुल्लित एवं जीवन प्रज्वलित करने का सुसंकल्प, दीप प्रज्वलन, आरती तथा प्रसाद वितरण कर नववर्ष धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। उक्त कार्यक्रम में संस्कार भारती के समस्त दायित्ववान सदस्यों की उपस्थिति रही। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, महामंत्री अवधेश लारिया, कोषाध्यक्ष रामशरण जैन, कला धरोहर विभाग संयोजक शिवसिंह भदौरिया, उपाध्यक्ष श्रीमती रीना लारिया, प्रान्त मंत्री रिजेन्द्र गंजीर, सत्यनारायण शर्मा, श्री अशोक राठी, वीरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधुम्न ठाकुर, श्रीमती आभा श्रीवास्तव, श्री जितेंद्र धर शर्मा, निर्मल माहेश्वरी, श्रीमती शैलजा सिंह, श्रीमती बेला सिंह, डॉ शशि चौहान,श्रीमती वैदेही शुक्ला, एश्वर्या शुक्ला आदि मातृशक्ति, सदस्यों की पावन उपस्थिति में भारत माता की जयघोष के संग कार्यक्रम संपन्न हुआ।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






