आज की टॉप 10 खबर 19 फरवरी 2026 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
  19  फरवरी  2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

 ————————

संपादकीय-

”हंगामा खड़ा करना हमारा, मकसद नहीं”
—ये सुरते हाल बदलनी चाहिए… कहने वाले चल भी दिए पर न सुरत बदल रही और न हंगामा कम हो रहा। जहां देखें वहां समस्याओं के नाम पर कहीं ज्वलंत समस्याओं के नाम तो कहीं आम लोगों को अपने अधिकारों की खातिर हंगामा करना पड़ रहा है। हंगामा नहीं करें तो आैर क्या करें इसके सिवाय बड़ा और क्या भी है जो किया जा सकता है। समस्या सुलझे तो ठीक, नहीं तो आज देखने में यह आ रहा है कि हंगामे पर भी हंगामा हो रहा है। बोलने का मतलब यह कि आज हंगामे पर यह हंगामा हो रहा है कि वह हंगामा क्यों हुआ। कुट कुट कर राजनीतिक बयानबाजी हो रही है आम जनता टूकुर टूकुर देख रही है उसे तो यह समझ नहीं आ रहा है कि किसी बात पर हंगामा तो हुआ पर उस हंगामे पर यह क्यों उठापटक करते, मंथन करते, समीक्षा करते हंगामा किया जा रहा है।
✍️मनोज जायसवाल
 ————————

 01. “मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान के अंतर्गत जिले में सुदृढ़ बीट प्रणाली होगी लागू । 154 ग्रामों में कांकेर पुलिस के बीट प्रभारी कार्यरत । गांवों में शांति व्यवस्था भंग करने वाले एवं अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर पुलिस की होगी कड़ी नजर ।  

— निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.), पुलिस अधीक्षक, उत्तर बस्तर कांकेर के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने एवं आम जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से “मोर मितान – कांकेर पुलिस ” अभियान के अंतर्गत जिले के थानो से 154 ग्रामों में बीट प्रणाली लागू की गई। प्रत्येक बीट प्रभारी एवं आरक्षक को “बीट बुक ” दी जाएगी । बीट बुक में क्षेत्र के पुलिस सहयोगियों,संस्थाओं की जानकारी, निगरानी/गुंडा बदमाश व संदिग्ध व्यक्तियों का रिकॉर्ड, मकान मालिक-किराएदार, कबाड़ी व बाहरी मुसाफिरों की जानकारी,इसके साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों का विवरण, शस्त्र लाइसेंसियों की जांच, पेंशनधारक व शासकीय सेवकों की जानकारी तथा ग्राम में आयोजित मड़ई, मेला ,त्योहारों व बाजारों का विवरण भी संधारित किया जाएगा । थाने में पदस्थ सिपाही से लेकर एएसआई तक को अलग-अलग क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक ग्राम के लिए बीट प्रभारी नियुक्त किया गया है । थाना क्षेत्र में आने वाले बीट प्रभारी के नाम व मोबाइल नंबर को पंचायत भवन में चस्पा करने के साथ ही वहां पर बोर्ड लगाएं जाएंगे ताकि कोई भी पीड़ित कभी भी बीट प्रभारी से संपर्क कर सकेगें । बीट प्रणाली के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सरपंच,पटेल,कोटवार,जन प्रतिनिधियों,ग्राम के नवयुवको ,महिला समूह,समाज सेवी संस्थाओं तथा पुलिस सहयोगी व्यक्तियों का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से जनता और पुलिस के मध्य की दूरी को कम कर संवाद को मजबूत किया जाएगा । “मोर मितान – कांकेर पुलिस ” का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच मजबूत, भरोसेमंद और निरंतर संपर्क स्थापित करना है। इस अभियान के माध्यम से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर, स्थानीय समस्याओं की पहचान तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना है। साथ ही इस अभियान द्वारा जनता के साथ संवाद बढ़ाकर उनके मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना विकसित करना है। ।
 ———————— 

02. चारामा पुलिस ने किया जुआ सटटा खिलाने वाले खाईवाल को किया गिरफ्तार । आरोपी के कब्जे से एक नग मोबाईल फोन एवं नकदी रकम एवं सटटा पटटी जप्त ।

-घटना का संक्षिप्त विवरण   निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में,  योगेश साहू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में,  मोहसिन खान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के पर्यवेक्षण में, थाना चारामा में दिनांक 18/02/2026 को पुलिस बल द्वारा जुर्म जरायम पता साजी एंव पेट्रोलिंग डियूटी पर रवाना हुआ था, ग्राम लखनपुरी के पास सूचना मिला कि लखनपुरी औधोगिक क्षेत्र में कमलकिशोर साहू नाम का व्यक्ति विभिन्न अंको पर रूपये पैसों का दांव लगाने का सट्टा पट्टी पर्ची लिख रहा है कि सूचना पर मुखबीर के बताये स्थान ग्राम लखनपुरी औधोगिक क्षेत्र में जाकर गवाह एवं स्टाफ के साथ सूचना तस्दीक किया। एक व्यक्ति लखनपुरी औधोगिक क्षेत्र में सट्टा पट्टी पर्ची लिखकर विभिन्न अंको में रूपये पैसे का दांव लगाकर जुआ खेलवाते मिला जिसे नाम पता पुछताछ करने पर अपना नाम कमलकिशोर साहू पिता धनंजय साहू उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम लखनपुरी थाना चारामा जिला कांकेर छ0ग0 का होना बताया ।जिसका तलाशी लेने उसके कब्जे से 01 नग पेन, 01 नग सट्टा पट्टी पर्ची एवं एक नग रेडमी मोबाईल फोन व नगदी रकम एवं मोबाईल फोन में हजारो रूप्ये का सटटा पर्ची लिखा हुआ को जप्त किया गया ।  आरोपी का कृत्य अपराध धारा 6 छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधि0 2022 एव धारा 112(2) बीएनएस का घटित करना पाये जाने से अपराध क्रमांक 31/26 कायम किया जाकर आरोपी को दिनांक 18.02.2026 को गिर0 कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया ।

 गिरफ्तार आरोपी का विवरण:- कमलकिशोर साहू पिता धनंजय साहू उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम लखनपुरी थाना चारामा जिला कांकेर छ0ग।

 अपराधिक रिकार्ड:-
(01) अपराध क्र.119/2017 धारा 4 (क) जुआ एक्ट
(02) अपराध क्र. 261/2018 धारा 4(क) जुआ एक्ट
(03) अपराध क्र. 37/2018 धारा 4(क) जुआ एक्ट।
 बरामदगी का विवरण:- 01 नग पेन, 01 नग सट्टा पट्टी पर्ची एवं एक नग रेडमी मोबाईल फोन व नगदी रकम |

 पुलिस टीम का विवरण:-निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर , उनि सोनराज सूर्यवंशी , आर0 664 तरूण सिन्हा ,आर0 477 मुनाफ यादव एवं सायबर सेल कांकेर के निरीक्षक यशवंत श्याम ,सउनि भकेश पटेल , आर0 1338 जितेन्द्र नाग |

   ———————

03.  जिले के थाना व डीआरजी जवानों को 100 अत्याधुनिक मोटरसाइकिलें सौंपीं गईं। जिले कांकेर में अपराधों की रोकथाम एवं नक्सल विरोधी अभियान को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से डीआरजी जवानों को मोटर साइकिल सौंपी गईं। इस पहल को कांकेर पुलिस को हाईटेक करने की दिशा में सराहनीय कदम ।

—विधायक  कांकेर  आशाराम नेताम की उपस्थिति में विधिवत पूजा अर्चना कर गाड़ियों की चाबी जवानों को सुपुर्द किया गया । हरी झंडी दिखाकर इन्हें नक्सल विरोधी अभियान के लिए ऑपरेशनल किया गया । कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू के मार्गदर्शन में,   गिरिजा शंकर साव, डीएसपी (नक्सल ऑप्स), डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, डीएसपी (बस्तर फाइटर्स),   अविनाश ठाकुर, डीएसपी (डीआरजी) के पर्यवेक्षण तथा RI   दीपक साव एवं RI गोविन्द कांकेर द्वारा संपूर्ण व्यवस्था संपन्न कराई गई।फ्रंटलाइन जवानों को मिलेगा सीधा लाभ :-
आधुनिक संसाधनों से लैस डीआरजी  इन हाई पावर 100 सीसी मोटरसाइकिलों के माध्यम से जवानों को दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्रों में त्वरित मूवमेंट की सुविधा मिलेगी। सर्च ऑपरेशन में तेजी, आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, थाना और कैंपों के बीच बेहतर समन्वय, गश्त व्यवस्था की मजबूती, शासकीय कार्यों के शीघ्र निष्पादन में सहूलियत होंगी  नक्सल प्रभावित जिले कांकेर में यह पहल सुरक्षा व्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाली साबित होगी। रफ्तार, संसाधन और संकल्प” इन तीन स्तंभों पर खड़ी यह पहल कांकेर में सुरक्षा और विश्वास का नया अध्याय लिखने जा रही है नगरपालिका अध्यक्ष   अरूण कौशिक,  दीपक खटवानी ,  राजीव लोचन सिंग अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं पुलिस के अधिकारियो कर्मचारियों के साथ   उपस्थित रहे।

———————— 

04. संभागायुक्त  डोमन सिंह ने भानुप्रतापपुर में मावा मोदोल, पुनर्वास केन्द्र का किया निरीक्षण पीएससी के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर किया मार्गदर्शन।

—बस्तर संभाग के संभागायुक्त  डोमन सिंह आज जिले के चारामा-भानुप्रतापपुर क्षेत्र के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने ग्राम चपेली में लाख उत्पादन एवं संग्रहण केन्द्र, भानुप्रतापपुर में मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्था तथा ग्राम चौगेल (मुल्ला) में माओवाद पुनर्वास केन्द्र का अवलोकन व निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा कमिश्नर ने ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। 

विद्यार्थी मेहनत करें, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता
संभागायुक्त श्री सिंह दोपहर को विकासखण्ड मुख्यालय भानुप्रतापपुर में स्थित मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्था एवं हाईटेक लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु बेहतर माध्यम बताया। इस दौरान श्री सिंह ने लाइब्रेरी में अध्ययनरत विद्यार्थियों से रूबरू होकर मार्गदर्शन किया। साथ ही क्लासरूम में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे पूरी शिद्दत से पाठ्यक्रमों पर मेहनत करें, क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। आज के दौर में विभिन्न सुविधाओं के साथ-साथ कॉम्पीटिशन भी बढ़ गया है। बस्तर कमिश्नर ने सभी विद्यार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही है, जो जीवन में आमूल-चूल और सकारात्मक परिवर्तन लाती है। अतः जीवन में शिक्षा बहुत ही आवश्यक है। 
पुनर्वास केन्द्र का अवलोकन कर कृषि आधारित पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण देने के दिए निर्देश
कमिश्नर श्री सिंह ने भानुप्रतापपुर क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम चौगेल (मुल्ला) स्थित माओवाद पुनर्वास केन्द्र का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आत्मसमर्पित माओवादियों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी मांग अनुसार जरूरी सुविधाएं विकसित करने के लिए जिला पंचायत के सीईओ और नोडल अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने मूलभूत सुविधाओं सहित नए ट्रेड में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए कार्ययोजना बनाने हेतु निर्देशित किया। आत्मसमर्पित माओवादियों की मांग के अनुसार उन्नत कृषि, बागवानी, मुर्गी पालन, मछली पालन, बकरी पालन, शूकर पालन आदि का तकनीकी प्रशिक्षण प्रदाय करने के लिए एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना तैयार करने हेतु नोडल अधिकारी श्री अहिरवार को निर्देशित किया। साथ ही कार्यालयीन उपयोग हेतु बस्ता निर्माण का भी प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश नोडल अधिकारी को दिए। उन्होंने विशेष तौर पर सभी के आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा बैंक में खाते अनिवार्य रूप से खोलने के लिए भी निर्देशित किया। कमिश्नर ने पूरे परिसर में आवश्यक साज-सज्जा करने तथा रिनोवेट कराने के लिए जिला सीईओ को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणरत 39 आत्मसमर्पित माओवादियों को ड्राइविंग लर्निंग लाइसेंस और 06 को राशन कार्ड मौके पर वितरित किए। नोडल अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 40 आत्मसमर्पित माओवादियों को चार पहिया वाहन चालन, सिलाई, सहायक इलेक्ट्रिशियन तथा काष्ठशिल्प पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही नियमित रूप से प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर की शिक्षा भी दी जा रही है। 
महिला समूह द्वारा ग्राम चपेली में लाख उत्पादन एवं संग्रहण की ली जानकारी 
इसके पहले, कमिश्नर श्री सिंह चारामा विकासखंड के ग्राम चपेली स्थित लाख उत्पादन एवं संग्रहण केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे लाख उत्पादन और स्वरोजगार से लाभ की जानकारी ली। मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती मालती मंडावी ने बताया कि 10 सदस्यीय समूह के द्वारा लाख का उत्पादन लगभग 8-10 सालों से किया जा रहा है। इसके पहले पूर्वजों के द्वारा पारंपरिक तौर पर लाख की खेती की जाती थी। समूह की महिलाओं ने बताया कि लाख का उत्पादन प्रायः कुसुम, बेर के पेड़ अथवा बौनी प्रजाति के सेमियालता के पौधों में किया जाता है। इसके लिए शाख कर्तन कर उसमें लाख के बीज रोपित किए जाते हैं और कीड़े के प्रोसेस से लाख तीन से छह महीने में लाख तैयार हो जाता है। इसके बाद पेड़ की छोटी-छोटी शाखाओं को काटकर उनके सूखने के बाद उसे अलग किया जाता है। संभागायुक्त के द्वारा इसके विपणन के संबंध में पूछे जाने पर महिलाओं ने बताया कि वर्तमान में यह झारखंड के रांची की निजी फर्मों के द्वारा 1000-1100 रुपए प्रति किलो के मान से खरीदा जाता है। अगर इसकी प्रोसेसिंग की जाती है तो गुणवत्ता के आधार पर यह 1400-1500 रुपए प्रतिकिलो की दर से भी बिकता है। कमिश्नर श्री सिंह ने इसके विपणन की मध्यस्थता समाप्त करते हुए समूह के द्वारा प्रत्यक्ष मार्केटिंग के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ श्री मंडावी को दिए। साथ ही और भी महिलाओं का समूह तैयार कर लाख उत्पादन व संग्रहण से जोड़ते हुए आय अर्जित कराने की बात कही। इस दौरान उन्होंने कुसुम, बेर और सेमियालता में लगाए गए लाख का भी अवलोकन किया।
ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की ली संक्षिप्त बैठक
जिला प्रवास के दौरान बस्तर कमिश्नर श्री सिंह ने भानुप्रतापपुर विकासखंड मुख्यालय के जनपद पंचायत के सभाकक्ष में ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं और गतिविधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कमिश्नर ने मोतियाबिंद उन्मूलन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक की लक्ष्य के विरुद्ध भौतिक प्रगति की जानकारी बीएमओ से ली। इसी तरह अपार आईडी में रजिस्ट्रेशन, सरस्वती निःशुल्क सायकल वितरण योजना, स्कूलों में अब तक जारी किए गए जाति प्रमाण पत्र के संबंध में बीईओ से प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंचायत के सहयोग से दरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही नशामुक्त अभियान अंतर्गत कोटपा एक्ट के तहत् लगातार छापामार कार्रवाई करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी और एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री जीडी वाहिले को दिए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान वन अधिकार मान्यता पत्र के संबंध में एसडीओ द्वारा समुचित जवाब नहीं देने पर अगली बैठक में पूरी जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य विभाग के अधिकारियों को शासन की मंशानुसार ग्रामीणों से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए निर्देशित किया।

05. रैम्प योजना के तहत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित  एमएसएमई उद्यमियों और बैंकों के बीच हुआ सीधा संवाद

—जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा बैंको के सहयोग सहयोग से रैम्प योजना के अंतर्गत कांकेर में उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों, महिला उद्यमियों, पीएमएफएमई व पीएमईजीपी योजना और स्टार्टअप्स के हितग्राहियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख बैंकों जैसे केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया तथा बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों के अधिकारियों सहित जिला पंचायत व जनपद पंचायत के अधिकारियों ने भाग लेकर उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना और सीजीटीएमएसई के लाभों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बैंक अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला। उपस्थित उद्यमियों ने अपने व्यापार से जुड़ी वित्तीय समस्याओं को साझा किया, जिन पर बैंक अधिकारियों ने समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया। मौके पर ही कई ऋण प्रस्तावों पर कार्यवाही प्रारंभ की गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक  टंकेश्वर देवांगन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम एमएसएमई सेक्टर को सशक्त करने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं और भविष्य में ऐसे और भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी बैंकों, उपस्थित उद्यमियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन एवं स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।

  ———————–

06. नेशनल लोक अदालत की जागरूकता हेतु मोबाइल वैन के माध्यम से प्रचार-प्रसार  

—प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर के अध्यक्ष श्री संजीव कुमार टामक के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शहर में मोबाइल वैन के माध्यम से प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु पाम्प्लेट भी वितरित किए जा रहे हैं।मोबाइल वैन के माध्यम से नागरिकों को लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर प्रकरणों के त्वरित सरल एवं निःशुल्क निराकरण की जानकारी दी जा रही है तथा अधिक से अधिक लोगों को लोक अदालत का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत में बैंक ऋण प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, वैवाहिक पारिवारिक विवाद, बिजली-पानी बिल संबंधी मामले, चेक बाउंस प्रकरण सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का निराकरण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री टामक द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि जिनके प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं अथवा प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलह योग्य है, वे अधिक से अधिक संख्या में नेशनल लोक अदालत में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

   ———————–

07. असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग 21 फरवरी को।

—जिले के बेरोजगार युवाओं के भविष्य को बेहतर व आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार व स्वरोजगार से जोड़कर सक्षम बनाने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30 सीटों में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। इसकेे लिये 21 फरवरी को लाइवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10 से शाम 04 बजे तक काउंसलिंग का आयोजन किया गया है। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है वे इस काउंसिलिंग में शामिल होकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 04 पासपोर्ट साइज फोटोग्रॉफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में काउंसलिंग में उपस्थित होने कहा गया है।।

  ———————–

08. अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष 24 फरवरी को जिले के प्रवास पर रहेंगे।

—छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मण्डावी आगामी 24 फरवरी को कांकेर जिले के प्रवास पर रहेंगे। श्री मंडावी 24 फरवरी को सुबह 11 बजे रायपुर से प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे विश्राम गृह कांकेर पहुंचेंगे तथा सामाजिक प्रमुख जनों से भेंट-मुलाकात करेंगे। तद्पश्चात वे दोपहर 2.30 बजे से कलेक्टोरेट में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर अनुसूचित जनजातियों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं का विभागवार समीक्षा करेंगे। तदुपरांत वे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

———————

09लाख पालन से वनांचल के किसान बन रहे आत्मनिर्भर प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग से लाख पालक किसानों की आय में हुई वृद्धि।  

 – कभी माओवाद प्रभाव के कारण विकास से दूर रहा वनांचल आज सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल बन रहा है। पहले यहां के किसान मुख्यतः धान की खेती पर निर्भर थे, लेकिन अब शासन की पहल और वन विभाग के मार्गदर्शन से किसान लाख उत्पादन को अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं। वनमंडल पश्चिम भानुप्रतापपुर द्वारा कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के किसानों को लाख पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, इसके लिए जिला खनिज न्यास निधि अंतर्गत आदर्श लाख पालन परियोजना की स्वीकृति मिली है। इस महत्वांकांक्षी परियोजना का क्रियान्वयन कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के 06 क्लस्टर में किया जा रहा है, इनमें वन परिक्षेत्र कोयलीबेड़ा के 05 क्लस्टर क्रमशः कोयलीबेड़ा, कोतुल, चारगांव, मन्हाकाल एवं पानीडोबीर तथा पश्चिम परलकोट के 01 क्लस्टर छोटेबेठिया को शामिल किया गया है। इन सभी 06 क्लस्टरों के 621 किसानों के खेतों एवं भाठा जमीन में लगभग 4559 कुसुम के वृक्ष मौजूद हैं, इसके अलावा बेर एवं पलाश के पौधे भी हैं, जिसमें लाख पालन कार्य किया जा सकता है। वर्तमान में कुसुम वृक्षों में ब्लेजिंग, मार्किंग एवं शाखा कटाई-छंटाई का कार्य जारी है। लाख पालन के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, इसके लिए कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के सुदूर वनांचल के ग्राम पंचायत छोटेबोदेली के आश्रित ग्राम मन्हाकाल में कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक श्री विक्रमदेव उसेण्डी थे तथा अध्यक्षता  लच्छूराम गावड़े के द्वारा की गई। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कोयलीबेड़ा श्रीमती श्यामबती मंडावी, जिला वनोपज सहकारी संघ पश्चिम भानुप्रतापपुर वनमंडल के अध्यक्ष सुकलाल देहारी, वन विभाग के एसडीओ आर.एन. शोरी, एम.एस. नाग, जी.एस. जामड़े, क्षेत्र के गायता, पुजारी, लघु वनोपज सहकारी समिति के अध्यक्ष, वन सुरक्षा समितियों के सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल थे।

राष्ट्रीय स्तर के संस्थान भारतीय प्राकृतिक राल एवं गोंद संस्थान नामुकम रांची के सहयोग से तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। वहां से पहुंचे वैज्ञानिक चीफ टेक्निकल ऑफिसर ए.बी. आजाद और तकशियन शक्तिधर कोयरी के साथ ही ग्राम तिरकादंड विकासखण्ड चारामा निवासी पुरषोत्तम मंडावी एवं कांकेर निवासी नरेन्द्र पटेल द्वारा लाख पालन करने वाले किसानों को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें किसानों को लाख पालन के लिए बीहन लाख पोषक वृक्ष प्रबंधन तथा कटाई-छंटाई की तकनीक जानकारी दी गई, जिससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो और किसानों को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो। प्रशिक्षण के दौरान सभी 06 क्लस्टर के लखपति स्व-सहायता समूह को लाख पालन टूल किट भी प्रदाय किए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अंतागढ़ विधायक  विक्रम उसेंडी ने कहा कि यहां के किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से लाख पालन के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि उन्हें अधिक से अधिक आमदनी प्राप्त हो, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। इस क्षेत्र में कुसुम पेड़ों की भरमार है, जमीन पथरीली एव अपेक्षाकृत कम उपजाऊ होने के कारण धान का पैदावार कम होता है, उनके खेतों और टिकरा जमीन में बहुतायत मात्रा में कुसुम के पेड़ हैं, जिसमें लाख पालन कर आय अर्जित किया जा सकता है। किसान यदि वैज्ञानिक पद्धति से लाख की खेती करें तो वे एक साल में लाखों रूपए कमा सकते हैं। हमने ऐसी व्यवस्था की है कि यहां के किसानों को लाख पालन का प्रशिक्षण दिया जाए, इसके लिए खनिज न्यास निधि से व्यवस्था की गई है। सभी किसान पूरी लगन के साथ इस प्रशिक्षण में सींखे और लाख पालन को अपनाकर आत्मनिर्भर बनें। कुसुम पौधे के संरक्षण व संवर्धन के लिए उनके द्वारा कुसुम पौधे का रोपण भी कार्यक्रम के दौरान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लच्छूराम गावड़े ने भी किसानों को लाख पालन की खेती को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। पश्चिम वनमंडल भानुप्रतापपुर के वनमण्डलाधिकारी   हेमचंद पहारे ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए यहां के किसानों को रांची भेजा जायेगा ताकि वे वैज्ञानिक पद्धति से लाख का उत्पादन करना सीख सकें। क्षेत्र में 6 क्लस्टर और 10 स्वसहायता समूहों के माध्यम से 600 से अधिक किसान लाख उत्पादन से जुड़े हैं तथा हजारों कुसुम, बेर और पलाश वृक्षों पर लाख संवर्धन कार्य प्रगति पर है।
उल्लेखनीय है कि ओडिसा से महाराष्ट्र सीमा के मध्य स्थित बस्तर पठार के उत्तरी ढलान की उबड़-खाबड़ एवं पथरीली भूमि कृषि के लिए अपेक्षाकृत कम उपजाऊ मानी जाती है। इन क्षेत्रों में कुसुम के प्राकृतिक वृक्ष प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। यहां के नदी-नालों में भी कुसुम के वृक्षों की बहुतायत है। इन्हीं वृक्षों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए किसानों को उनकी निजी भूमि पर उपलब्ध कुसुम वृक्षों में लाख पालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। आदर्श लाख पालन परियोजना में दूरस्थ क्षेत्रों के कृषक के साथ-साथ बेरोजगार युवा भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। क्षेत्र के आदिवासी एवं अन्य परंपरागत निवासियों में इस योजना को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। परियोजना के माध्यम से कुसुम एवं बेर के पौधों के रोपण, संरक्षण और संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शासन का उद्देश्य वनांचल के किसानों को आत्मनिर्भर बनाना तथा पारंपरिक संसाधनों पर आधारित टिकाऊ आजीविका उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में लाख उत्पादन के प्रशिक्षण, प्रसंस्करण एवं विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। जो क्षेत्र कभी नक्सल प्रभाव के कारण पिछड़ा माना जाता था, वहीं आज सरकारी योजनाओं, संस्थागत प्रशिक्षण और किसानों की मेहनत से लाख उत्पादन के माध्यम से विकास और समृद्धि की नई राह पर अग्रसर है।
लाख पालन से किसानों के आय में हुई वृद्धि
लाख पालन से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम बिरकोन्दल के किसान  विकास हुर्रा ने वर्ष 2025-26 में लगभग 3 लाख रुपये की आय अर्जित कर लाख पालन के क्षेत्र में सर्वाधिक लाभ प्राप्त किया है। कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ग्राम चिलपरस निवासी   राकेश नेताम ने लाख पालन से लगभग 2 लाख रुपये की आय प्राप्त की है। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम धनेली के  जयश्री सलाम ने लाख पालन से लगभग 93 हजार रुपये की आय अर्जित की। लाख पालन की खेती करने वाले इन सभी किसानों का कहना है कि लाख पालन से उन्हें वर्ष में अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त हो रही है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। साथ ही वन आधारित आजीविका होने के कारण जंगल संरक्षण और वृक्षारोपण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
  ———————

10.युवक कांग्रेस ने खनिज अधिकारी का पुतला फूंका

– दुर्गूकोंदल के सटेली, डंडईखेड़ा, गुदुम, डांगरा नदी में चैन माउंटेन मशीन से खुदाई और हाईवा वाहनों सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ ब्लाक युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने युकां अध्यक्ष गन्नू सिन्हा के नेतृत्व में मुख्य चौक दुर्गूकोंदल में जिला खनिज अधिकारी का पुतला जलाया।

 ———————

 शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 18 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   18  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————— संपादकीय- यह है, मेरा कांकेर छत्तीसगढ के खुबसुरत नैसर्गिक पहाड़ियों की गोद में पसरा यह…

आज की टॉप 10 खबर 17 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   17  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  01. 25 वर्षो से फरार स्थायी वारंटी को थाना पखांजूर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *