आज की टॉप 10 खबर 19 दिसंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  19  दिसंबर  2025 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

काकोरी काँड के क्रांतिकारियों की शहादत को श्रद्धांजलि…

   19 दिसंबर के लिए विशेष…

—जंग-ए-आजादी की इसी कड़ी में 1925 में एक महत्वपूर्ण घटना घटी, जब नौ अगस्त को चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र लाहिड़ी और रोशन सिंह सहित 10 क्रांतिकारियों ने लखनऊ से 14 मील दूर काकोरी और आलमनगर के बीच ट्रेन में ले जाए जा रहे सरकारी खजाने को लूट लिया.इतिहासकार हरिशंकर प्रसाद के अनुसार इन जांबाजों ने जो खजाना लूटा, दरअसल वह हिन्दुस्तानियों के ही खून पसीने की कमाई थीजिस पर अंग्रेजों का कब्जा था, लूटे गए धन का इस्तेमाल क्रांतिकारी हथियार खरीदने और जंग-ए-आजादी को जारी रखने के लिए करना चाहते थे. इतिहास में यह घटना काकोरी कांड के नाम से जानी गई.ट्रेन से खजाना लुट जाने से ब्रितानिया हुकूमत बुरी तरह तिलमिला गई और अपनी बर्बरता तेज कर दी. आखिर इस घटना में शामिल सभी क्रांतिकारी पकड़े गए सिर्फ चंद्रशेखर आजाद हाथ नहीं आए.हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी (एचएसआरए) के 45 सदस्यों पर मुकदमा चलाया गया जिनमें से राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र लाहिड़ी और रोशन सिंह को फांसी की सजा सुनाई गई.गोरी हुकूमत ने पक्षपातपूर्ण ढंग से मुकदमा चलाया जिसकी बड़े पैमाने पर निन्दा हुई. डकैती जैसे अपराध में फांसी की सजा अपने आप में एक विचित्र घटना थी. फांसी के लिए 19 दिसंबर 1927 की तारीख मुकर्रर हुई, लेकिन राजेंद्र लाहिड़ी को इससे दो दिन पहले 17 दिसंबर को ही गोंडा जेल में फांसी दे दी गई.राम प्रसाद बिस्मिल को 19 दिसंबर 1927 को गोरखपुर जेल और अशफाक उल्ला खान को इसी दिन फैजाबाद जेल में फांसी दी गई.रोशन सिंह को भी 19 दिसंबर को फांसी पर लटका दिया गया. क्रान्तिकारी बिस्मिल, अशफाक व रोशन उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहाँपुर के रहने वाले थे.

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01. कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में उत्पन्न तनाव  स्थति नियंत्रण में।  

—यह कि चमरा राम सलाम, निवासी ग्राम बड़े तेवड़ा, थाना आमाबेड़ा, जिला कांकेर, एक 70 वर्षीय पुरुष की मृत्यु दिनांक 16 दिसंबर 2025 को हुई। मृतक का पुत्र गांव का सरपंच है। सरपंच एवं मृतक का परिजनों द्वारा मृतक का दफन संस्कार गांव में अपनी निजी भूमि पर किया गया। चमरा राम सलाम की मृत्यु को लेकर संदेह व्यक्त करते हुए तथा दफन प्रक्रिया के संबंध में गांव के कुछ ग्रामीण विरोध कर रहे हैं और शव को बाहर निकालने (Exhumation की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि दफन संस्कार स्थानीय आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार नहीं किया गया। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा विधिक प्रावधानों के अनुसार शव को बाहर निकालने (Exhumation) का आदेश जारी किया गया। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा उसके उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस मुद्दे को लेकर गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीण आपस में आमने-सामने आ गए तथा पत्थरबाजी की घटना हुई। पुलिस कर्मियों एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने हेतु आवश्यक कदम उठाए गए है। घटना के दौरान संपत्तियों को भी नुकसान पहुँचा है।घटना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर सहित 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।घायल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ एवं पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार हेतु उच्च केंद्र रेफर किया गया है।

सम्पूर्ण घटना के संबंध में आवश्यक विधिक प्रक्रिया एवं अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, उप पुलिस महानिरीक्षक, कांकेर, कलेक्टर कांकेर, पुलिस अधीक्षक कांकेर, पुलिस बल एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी गांव में उपस्थित हैं।वर्तमान में स्थिति नियंत्रित है। मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

आमाबेडा की घटना के संदर्भ पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था हेतु फलेग मार्च निकाला गया।

———————— 

02. खाद्य सुरक्षा विभाग की सतत निगरानी, फूटे चने में हानिकारक रंग के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई।

  — भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा फूटे एवं रोस्टेड चने में औद्योगिक रंग औरामाईन ‘ओ’ के उपयोग को लेकर जारी अलर्ट के बाद जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सतत निगरानी एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी गई है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल एवं कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन कांकेर द्वारा फूटे चने के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में जिले के बड़े व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर दबिश दी गई। संदेह के आधार पर फूटे चने का स्टॉक जब्त कर औरामाईन ‘ओ’ की विशेष जांच हेतु राज्य के बाहर स्थित विशेषज्ञ प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके साथ ही कन्फेक्शनरी उत्पादों के 5 नमूने भी प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।

विभाग द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि फूटे चने का स्टॉक कहां से मंगाया गया तथा किन-किन स्थानों पर इसका वितरण किया गया। इस संबंध में संबंधित फर्मों को नोटिस जारी किया जा रहा है। अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन श्री सुष्मित देवांगन ने बताया कि वर्तमान जांच में जिले में फूटे चने के विनिर्माता नहीं पाए गए हैं, हालांकि जिले में छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से फूटे चने का आयात हो रहा है। जिला मुख्यालय एवं सभी विकासखंड मुख्यालयों के बड़े व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर फूटे चने के निर्माण एवं विक्रय से जुड़े सभी कारोबारी विभाग की सतत निगरानी में हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल विभाग को दें। विभाग द्वारा समय-समय पर की जा रही कार्रवाई के तहत 6 खाद्य कारोबारकर्ताओं के नमूने फेल पाए जाने पर नोटिस जारी किए जा चुके हैं। प्राप्त जवाब के आधार पर अग्रिम कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, बिना खाद्य लाइसेंस, पंजीयन के खाद्य कारोबार करने पर एक फर्म के विरुद्ध अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य पदार्थों की पैकिंग में न्यूज़पेपर के उपयोग पर भी सख्ती बरतते हुए संबंधित कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी कर इसे तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान धारा 55 के अंतर्गत 5 खाद्य व्यापारियों को नोटिस दिया गया है, अनुपालन न होने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  ———————

03. पॉलीटेक्निक में इम्पलायबिलीटी स्किल पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुभांरभ ।

— शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर मे स्वयंसेवी संगठन नान्दी फाउण्डेशन के तत्वावधान में छात्राओं के लिए इम्पलायबिलीटी स्किल पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज शुभांरभ किया गया। उक्त कार्यक्रम में पॉलीटेक्निक की छात्राओं के साथ आई.टी.आई माकड़ी की छा़त्राएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक मधुरिका साहू द्वारा छात्राओं को रोजगार प्राप्त करने के बाद कार्य क्षेत्रों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाईयों के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण में यह भी बताया जा रहा है कि उन्हें टीमर्वक के रूप में कैसे कार्य करना है। इसके अलावा छात्राएं सॉफ्ट स्किल के अर्न्तगत प्रभावी संवाद स्थापित करने के बारे में भी प्रशिक्षण ले रही हैं। शासकीय पॉलीटेक्निक के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तकनीकी शिक्षा प्राप्त छात्राओं के लिए विशेष उपयोगी है, जो उन्हें निकट भविष्य में रोजगार प्राप्त करने और कार्यक्षेत्र में आने वाली कठिनाईयों के लिए तैयार करेगा। उन्होंने छा़़त्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

  ———————

04.प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के बैंक खाते में 1491.421 लाख रूपए राशि हस्तांतरित।  

—नगरपालिका परिषद कांकेर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत शहरी क्षेत्र के पात्र 696 हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य प्रारंभ की गई है। पूर्ण किए गए हितग्राहियों का मूल्यांकन के आधार पर पूर्ण किए गए हैं। उन हितग्राहियों का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से कुल 1491.421 लाख रूपए भुगतान की गई है, शेष हितग्राहियों द्वारा स्तर पूर्ण होने पर भुगतान की जाएगी।नगरपालिका परिषद कांकेर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बीएलसी प्रथम चरण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत निर्माणाधीन सभी आवासों में नियमानुसार निर्माण प्रगति होने पर जैसे-जैसे नींव, लिंटल, छत एवं पूर्णता स्तर पर कार्य पूर्ण होगा, उसी के अनुरूप शत-प्रतिशत अनुदान राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हितग्राही अनुदान राशि सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से योजना का लाभ प्रदान करना निकाय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगरपालिका कांकेर प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से सभी के लिए आवास के संकल्प को साकार करने हेतु प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में और अधिक हितग्राहियों को पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा।
———————–

05. कृषि स्थायी समिति की बैठक अब 23 दिसम्बर को।

—जिला पंचायत के कृषि स्थायी समिति की बैठक तिथि में संशोधित करते हुए अब 23 दिसम्बर को दोपहर 02 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी संबंधितों को उपस्थित होने के लिए कहा गया है। 

———————

06.जिला स्तरीय युवा खेल उत्सव एवं महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन । खेल और सकारात्मक जीवनशैली से होगा सशक्त भविष्य का निर्माण :  श्री नेताम। 

— खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के युवाओं को   सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी प्रतिभाओं को निखारने एवं खेलों के प्रति उत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव खेल प्रतियोगिता का आयोजन नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में किया गया। 

युवा उत्सव के अवसर आयोजित कार्यक्रम को कांकेर विधायक   आशाराम नेताम ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय के नेतृत्व में युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने का सतत प्रयास किया जा रहा है, जिससे बेहतर भविष्य का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग देश और प्रदेश की रीढ़ है। युवा स्वस्थ रहेंगे और नशामुक्त जीवन अपनाएंगे, तभी राज्य और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा। श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में खेलों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने युवा उत्सव में भाग ले रहे सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा महिलाओं को आगे बढ़ने और हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष   भरत मटियारा ने कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप ‘खेलो इंडिया’, सांसद खेल प्रतियोगिता एवं अन्य खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अलग-अलग जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक एवं पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकनृत्य (दलीय), .पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य (दलीय),. लोकगीत (दलीय) सम्मिलित हैं। इसके अलावा कहानी लेखन, चित्रकला, वाद-विवाद, कविता लेखन, नवाचार-विज्ञान मेला, एकांकी, पारंपरिक वेशभूषा (विविध वेशभूषा), रॉकबैंड की भी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव बिलासपुर में शामिल होंगे। इसी प्रकार जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता में एथलेटिक्स 100 मीटर, 400 मीटर दौड़, तवा फेंक, खो-खो, हॉकी, बैडमिंटन, व्हालीबॉल, कुश्ती, बास्केटबॉल, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग एवं रस्साकसी का आयोजन किया। इस अवसर पर नगर पालिका कांकेर के उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, एसडीएम कांकेर श्री अरुण वर्मा, जिला खेल अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

 ———————–

07. उभयलिंगी समुदाय के पुनर्वास एवं अधिकार संरक्षण पर कार्यशाला एवं सम्मान समारोह आयोजित।

—छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा उभयलिंगी समुदाय के व्यक्तियों के पुनर्वास एवं अधिकारों के संरक्षण विषय पर यहां कार्यशाला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन आज कंपोजिट बिल्डिंग, कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कांकेर   आशाराम नेताम ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि उभयलिंगी समुदाय समाज का अभिन्न अंग है और सब का साथ, सब का विकास’ सरकार की मूल भावना है। उन्होंने उभयलिंगी समुदाय के लिए शहर के मध्य में कार्यालय एवं आवश्यक कार्यों के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष  भरत मटियारा ने भी उभयलिंगी समुदाय के शासन के द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासो की सराहना की। नगर पालिका परिसद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक ने इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए उभयलिंगी समुदाय के सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में दृष्टि एवं श्रवण बाधित बच्चों के विशेष विद्यालय द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्टेला ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत उभयलिंगी समुदाय के लिए संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी साझा की। कार्यशाला में उपसंचालक समाज कल्याण विभाग द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। पुलिस विभाग से डीएसपी सुश्री विंकेश्वरी पिंदे ने उभयलिंगी समुदाय की समस्याओं को सुना एवं उनके समाधान के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उच्च शिक्षा विभाग से मनोवैज्ञानिक श्रीमती अलका ने उभयलिंगी समुदाय के व्यक्तियों की मानसिक स्थिति एवं काउंसलिंग पर विस्तार से जानकारी दी। विधिक सेवा प्राधिकरण की स्वयंसेवी सुश्री वर्षा पोया ने उभयलिंगी व्यक्तियों को प्राप्त विधिक अधिकारों एवं सुविधाओं पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के दौरान उभयलिंगी समुदाय के सदस्यों ने भी अपनी समस्याएं एवं अनुभव साझा किए साथ ही उनके द्वारा इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यशाला में उभयलिंगी समुदाय के 08 बस्तर फाइटर एवं 02 पुलिस सेवा में चयनित व्यक्तियों को रोल मॉडल के रूप में शाल, श्रीफल एवं सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस अवसर पर नगर पालिका के उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, समाज कल्याण विभाग सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जिला पंचायत, उद्योग विभाग, समाजसेवी संस्था के संस्थापक लक्ष्मी सहारे सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 ———————–

08.जिले के अंतिम छोर में बसे ग्राम भैंसगांव में लगा जनसमस्या निवारण शिविर।  शिविर में 205 आवेदन प्राप्त, मौके पर 70 आवेदन निराकृत।

— जिले के दूरस्थ एवं अंतिम छोर पर बसे ग्राम भैंसगांव में आज जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 205 आवेदन प्राप्त हुए, इनमें से 170 आवेदन विभिन्न प्रकार के मांग और 35 आवेदन शिकायतों से संबंधित थे, शिविर स्थल पर 70 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही किया गया।


प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याआें के निराकरण के लिए जिले के कलेक्टर  निलेश कुमार महावेद क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, इसी कड़ी में आज जिले के दूरस्थ अंचल में स्थित अंतागढ़ विकासखण्ड के नारायणपुर जिले के नजदीक रावघाट पुलिस थाना के अंतर्गत ग्राम भैंसगांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मण्डावी, जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ श्रीमती मनोरमा मण्डावी, उपाध्यक्ष गुबलसिंह भुसाखरे एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियो की उपस्थिति में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आम जनता की समस्या व शिकायतों से संबंधित आवेदन लिए गए। शिविर में शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई और इससे लाभ उठाने के लिए आग्रह किया गया। जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री मण्डावी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में जनसस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में प्राथमिकता के आधार पर जिले में दूरस्थ अंचलों में शिविर लगाए जा रहें है ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय तक आना न पड़े। आप शासन की योजनाओं से संबंधित अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को प्रस्तुत कर सकते हैं, जिनका नियमानुसार निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शासन द्वारा संचालित योजनाओं से लाभ उठाने का अनुरोध भी ग्रामीणों से किया। जनपद अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मण्डावी सहित जनपद सदस्य एवं ग्राम पंचायत के सरपंच ने भी क्षेत्र की समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराते हुए उनके निराकरण के लिए आग्रह किया, जिनके नियमानुसार निराकरण का भरोसा जिला पंचायत सीईओ द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का निराकरण मौके पर हो सकता है, उन्हें तत्काल निराकृत किए जाएंगे एवं जिनमें प्रक्रियागत कारणों से समय लग सकता है, उनके लिए समय सीमा निर्धारित की जाएगी। शिविर स्थल में विभिन्न विभागों के द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जिसमें विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई एवं प्राप्त आवेदनों का विधिवत निराकरण की कार्यवाही की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर स्थल पर 87 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाकर चिकित्सा परामर्श दिए गए साथ ही निःशुल्क दवाइयां भी दी गई।

———————–

09. जिले में अब तक 15 लाख 70 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी संपन्न। 

— खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149़ उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 15 लाख 70 हजार 725 क्विंटल धान की खरीदी संपन्न हो चुकी है। इसमें 15 लाख 49 हजार 128 क्विंटल मोटा धान तथा 20 हजार 418 क्विंटल पतला और 01 हजार 177 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए सभी किसानों को अब सप्ताह के सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से तथा उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर टोकन प्राप्त करने की सुविधा प्रारंभ हो गई है। उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 149 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं तथा धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

———————-

10. लखनपुरी में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन 25 दिसंबर को।।

—- जिले के लखनपुरी में आने वाले 25 दिसंबर को हिन्दू सम्मेलन-2025 का आयोजन हिन्दू रक्षा मंच द्वारा किया जा रहा है। 25 दिसंबर को यह आयोजन मॉं वैष्णवी मंदिर प्रांगण में होगी। आयोजन के मुख्य अतिथि जगदीश देशमुख प्रांताध्यक्ष तुलसी मानस प्रतिष्ठान छ.ग., मुख्य वक्ता राजेश भार्गव, प्रांत संगठक हिन्दू जागरण मंच छ.ग. एवं विशेष्ज्ञ अतिथि श्रीमती त्रिवेणी साहू पूर्व जिला उपाध्यक्ष साहू समाज कांकेर होंगे। आयोजन में 11.30 से अपरान्ह 1000 बजे तक स्वरांजली मानस मंडली भैंसाकट्टा की प्रस्तुती होगी। दोपहर 1.00 बजे से 4.00 बजे तक उद्बोधन एवं रामप्रसादी वितरण होगा।

आज आयोजन को लेकर रक्षा मंच एवं प्रबुद्वजीवियों की बैठक मॉं वैष्णवी मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुई,जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई है।

 ———————-
विशेष-
यूनिसेफ के ‘नोनी जोहार’ कार्यक्रम में कांकेर ज़िलेकी उल्लेखनीय सहभागिता

-रायपुर के बेबीलॉन इंटरनेशनल होटल में यूनिसेफ़ द्वारा 18 एवं 19 दिसंबर को आयोजित दो दिवसीय ष्नोनी जोहारष् कार्यक्रम में पूरे छत्तीसगढ़ से 250 से अधिक युवाओं ने सहभागिता की। ये वही युवा थे ,जिन्हें अपने-अपने ज़िलों में किए जा रहे उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के आधार पर इस राज्य स्तरीय आयोजन में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करना रहा। दो दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें आमंत्रित अतिथियों ने अपने अनुभव साझा किए और सभी समाज-सेवकों के साथ संवाद स्थापित करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में काँकेर ज़िले से भी प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय सहभागिता की, जिसमें सुश्री शिल्पा साहू समाज सेविका जनपद सदस्य , हर्ष कुमार डोंगरे, काँकेर वॉलिंटियर्स की कोऑर्डिनेटर, रानू गुप्ता काँकेर वॉलंटियर्स सब-कोऑर्डिनेटर, भूमि नागवंशी एवं प्रेम श्रीवास शामिल रहे। कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं ने आपसी विचार-विमर्श के माध्यम से सामाजिक दायित्वों को समझने और अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी योगदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। यूनिसेफ़ के इस अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेने वाले काँकेर ज़िले के प्रतिनिधि मंडल की प्रशंसा समस्त ज़िले में की जा रही है।

 ———————-

  शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   09  फरवरी  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  ”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर” लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *