आज की टॉप 10 खबर 19 अगस्त 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
19  अगस्त  2025 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

——————-
संपादकीय—
क्लेश के दिन का नाम भी ‘राखी’ ǃ

—’प्यार ‘के रिश्तों के नाम लाखों वो बहनें है,जिनके दिल के किसी कोने में महज याद का दिन बचा है। यौवन फिर गृहस्थ जीवन के बाद तो कई बहनों का प्यार तब खत्म ही हो गया,जब उन्होंने भाई से पिता की संपत्ति में अधिकार मांग लिया। राखी,भैया दूज पर भाई बहन के ये संबंध महज क्लेश के नाम अब वो याद करते हैं। कई बहन सक्षम होते हुए भी अपने अधिकार लेना चाही। कानूनन अधिकार तो मिला पर खुद वहां बसर ना कर दूसरे के पास वह संपत्ति बेच दी। कई खुद के भाई के पास भी बेच दी हो पर रिश्तों में कभी ना छूटने वाली कडुवाहट और दंश बना हुआ है।  स्नेहिल संबंधों के नाम कई बहनों ने अपने कमजोर आर्थिक हालातों से संघर्ष कर रहे भाई की खातिर अपने कर्म करने और उसी का साथ देकर अडी रही, लेकिन समाज में खुद कई पुरूषों ने बटवारे के नाम कभी रहम नहीं बरतते हुए स्त्री को विवश भी किया। तब ना चाहते हुए बहनें अपने स्नेह को कुर्बान कर दी। समाज में आज जब राखी और भाईदूज का त्यौहार आता है, तो कई भाई-बहन इस स्नेहिल संबंधो के क्षणों में वह क्लेश याद करते हैं,जिस दिन से उनसे बातचीत तक बंद हो गया।  विच्छेदित हो चुके भाई-बहन के ऐसे संबंधों को ना कोई समझौता करने वाला है, ना खुद भाई-बहन समझने तैयार नहीं है। ऐसी बात नहीं है, यह भी है कि आज भी भाई-बहन के बीच प्यार का मिसाल भी देखने मिलता है,जहां जेल में बंद अपने भाई को राखी बांधने जाती है।भाई की किडनी खराब होने पर अपनी किडनी तक दान कर जाती है। ना खून के रिश्तों में भी अपितु दुनिया के व्यावहारिक जीवन में भी। सबकी अपनी किस्मत अपनी हालाते है,सब भाई-बहनों का संबंध स्नेहिल हो सबकी कामना होती है।

✍️ मनोज जायसवाल

——————- 

01. जिले के चारामा में कुल 85 एनएचएम कर्मचारी हैं‚जो कल 18 अगस्त से  अपनी 10 सुत्रीय मांगो को लेकर अनिश्चितकालीन हडताल पर बैठ गए हैं।  कर्मचारी संघ में चारामा में प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति लिया।

चित्र—जिले में धरनारत एनएचएम कर्मचारी।

इसी तरह चारामा विकासखंड से सटे नरहरपुर विकासखंड में भी कर्मचारी हडताल पर चले गए हैं।  आने वाले समय में स्वास्थ्य व्यवस्था  पर इसका असर पडेगा। पूरे जिले की बात करें तो तकरीबन 650 एनएचएम कर्मचारी हडताल पर हैं।

चित्र—नरहरपुर में धरनारत एनएचएम कर्मचारी।

————————

02.विशेष अभियान में कांकेर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही।जुआ प्रतिशेध अधिनियम के तहत् कार्यवाही में 04 आरोपी गिरफ्तार।शहर में सट्टा के आरोपी चंगेज खान एवं कादिर खान गिरफ्तार। आरोपीगण के कब्जे से सट्टा पट्टी पर्ची एवं कुल रकम 2090 रूपये जप्ती किया गया है।

—वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उ.ब.कांकेर आई.के. एलिसेला(भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल भानुप्रतापपुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर दिनेश सिन्हा के मार्गदर्शन में एवं अनु. अधिकारी पुलिस मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में शहर में दिन में पैदल, बाईक गस्त एवं रात्रि गस्त पेट्रोलिग बढ़ाकर शराबियों, नशेड़ी, गजेड़ियो,नशीली पदार्थ का सेवन कर उत्पात करने वाले असामाजिक तत्वो पर सतत् निगरानी रखने एवं जुआ-सट्टा पर आवश्यक कार्यवाही करने के विशेष अभियान आदेश पर शहर में निरन्तर पुलिसिंग गस्त कार्यवाही कर असमाजिक तत्वों एवं अपराध पर अंकुश लगाने पुलिस थाना कांकेर द्वारा लगातार नागरिकों से संपर्क स्थापित कर शहर में गस्त के दौरान एवं मुखबीर के सूचना पर लगातार कार्रवाई जारी है।
आज की कार्रवाई में—
1. अप.क्र.297/25 धारा-6 छ.ग. जुआ प्रति.अधि. में आरोपी दुर्गेश ठाकुर पिता स्व. नरेन्द्र सिंग ठाकुर उम्र 30 वर्ष पता अन्नपूर्णापारा कांकेर के विरूद्ध अपराध धारा सदर का घटना कारित करने पर वजह सबूत गिरफ्तार किया गया है।
2. अप.क्र.298/25 धारा-6 छ.ग. जुआ प्रति.अधि. में आरोपी मोहन सिन्हा पिता जवाहर सिन्हा उम्र 50 वर्ष पता एम¬.जी. वार्ड थाना कंाकेर के विरूद्ध अपराध धारा सदर का घटना कारित करने पर वजह सबूत गिरफ्तार किया गया है।
3. अप.क्र.299/25 धारा-6 छ.ग. जुआ प्रति.अधि. में आरोपी कादिर खान पिता सुलेमान खान उम्र 40 वर्ष पता अन्नपूर्णापारा कांकेर के विरूद्ध अपराध धारा सदर का घटना कारित करने पर वजह सबूत गिरफ्तार किया गया है।
4. अप.क्र.300/25 धारा-6 छ.ग. जुआ प्रति.अधि. में आरोपी चंगेज खान पिता नौसाद अली खान उम्र 50 वर्ष पता अन्नपूर्णापारा थाना कंाकेर के विरूद्ध अपराध धारा सदर का घटना कारित करने पर वजह सबूत गिरफ्तार किया गया है। उपरोक्त आरोपीगण को न्यायिक रिमांड में न्यायालय पेश किया गया है।

उपरोक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर के नेतृत्व में उप निरी.सुरेन्द्र मानिकपुरी, उप निरी. मनोरथ जोशी, म.प्रआर. हितेश्वरी चेलक, प्रधान आरक्षक कृष्णा यादव, प्रआर.गीतेश्वर कुलदीप, प्र.आर. कौशल साहू ,आरक्षक शक्ति सिंह, दुर्गेश सोनवानी एवं थाना कांकेर पेट्रोलिंग टीम आरक्षक देवेन्द्र मंडावी, अमर नेताम का अहम भूमिका रहा है।

चित्र—विशेष अभियान में कांकेर पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी पकड में।

————-

शोक—समाचार
श्रीमती फुलेश्वरी कश्यप

कुर्रूभाट(चारामा)जिला कांकेर निवासी देवेन्द्र सिंह कश्यप (संकुल समन्वयक तारसगांव एवं ब्लाक अध्यक्ष संकुल समन्वयक संघ चारामा) की धर्मपत्नी श्रीमती फुलेश्वरी कश्यप का आज प्रातः आकस्मिक निधन हो गया हैं। पिछले कई दिनों से वे अस्वस्थ थी, जिनका इलाज रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल मे चल रहा था। आज 19 अगस्त को उनकी अंतिम विदाई गृहग्राम कुर्रूभाट में दी गई।  अंतिम यात्रा में  काफी संख्या में ग्राम तथा क्षेत्र के आम लोग एवं प्रबुद्वजीवी शामिल हुए। उन्हें मौन श्रद्वांजलि दी।

——————–

03.रजत जयंती महोत्सव के आयोजन के लिए सभी विभाग अपनी तैयारियां सुनिश्चित किये जाने कलेक्टर ने  समय—सीमा की बैठक में दिये निर्देश।

—कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें लंबित प्रकरणों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। राज्य शासन द्वारा 15 अगस्त से मनाए जा रहे रजत जयंती महोत्सव के संबंध में सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके आयोजन के संबंध में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा विभागीय गतिविधियों को लेकर पूर्व में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। आज सुबह 10.30 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत 15 अगस्त से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न विभागों द्वारा विविध प्रकार की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी ने रजत जयंती वर्ष के तहत जिले में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत संस्कृति विभाग, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, खेल एवं युवा कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, श्रम, सामान्य प्रशासन, कृषि, वन, पर्यटन, सुशासन एवं अभिसरण, गृह, जनसम्पर्क, समाज कल्याण, खाद्य, जल संसाधन, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर अलग-अलग गतिविधियां तिथिवार आयोजित की जाएंगी। उन्होंने इसके लिए विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां एवं कार्ययोजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने नियद नेल्लानार के तहत जुड़े नवीन ग्रामों में आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने हेतु निर्देशित किया। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने छोटे स्तर के लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के लिए सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण कार्य और पीडीएस सेंटर निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएमएफ के तहत निर्मित भवनों में मद के साथ लोगो अंकित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पोषण पुनर्वास केन्द्र, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, विशेष केन्द्रीय सहायता मद सहित विभिन्न प्रकार के योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिकारियों को अपने निजी निवास में रूफटॉप स्थापित करने पर जोर दिया। उन्हांने कार्यपालन अभियंता विद्युत को इसका सतत प्रचार-प्रसार करने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग डैश बोर्ड में प्रदर्शित जिले के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समय-सीमा में निबटारा कर उसकी ऑनलाइन एंट्री तत्काल कराने हेतु निर्देशित किया। बैठक में डीएफओ  रौनक गोयल, अपर कलेक्टर द्वय   जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी तथा जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।

चित्र—समय—सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर।

————-——-

04.जनजातीय कल्याण एवं विकास के लिए संचालित होगा आदि कर्मयोगी अभियान। कलेक्टर ने बैठक में दी जानकारी।

— भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा गत 10 जुलाई को आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने समय-सीमा बैठक के दौरान आदि कर्मयोगी अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि उक्त अभियान के तहत आदिवासी विकास एवं उत्थान से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को इसमें समेकित किया गया है, जिसके अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु ने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान कैडर आधारित मॉडल एवं अंतरविभागीय अभिसरण पर आधारित है, जो कि आदिवासी क्षेत्र में अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु लक्षित है। उन्होंने बताया कि जिले के ग्रामों में विभिन्न योजनाओं जैसे- धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन के तहत आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि के क्रियान्वयन, उपलब्धता एवं संतृप्तिकरण हेतु ग्राम स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही इसमें अंतरविभागीय योजनाओं को भी शामिल कर क्रिटिकल गैप को चिन्हांकित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके तहत जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय ट्रेनर्स नियुक्त किए जाएंगे, जिसमें क्षेत्रीय भाषा एवं स्थानीय बोली को ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही आदिवासी कल्याण एवं उत्थान हेतु कार्यरत संस्था, संगठन, रेडक्रॉस सोसायटी आदि को भी सम्मिलित किया जाएगा। कलेक्टर ने अभियान को जनभागीदारी आधारित एवं ग्रामीण विकास का सशक्त माध्यम बताते हुए सभी विभागों को इसे सफल बनाने हेतु समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।

————-——-

05.स्तुति भिवगड़े के इलाज हेतु आर्थिक सहायता स्वीकृत। कलेक्टर ने सौंपा 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक।

—कांकेर विकासखण्ड के ग्राम आवासपारा ठेलकाबोड़ निवासी स्तुति भिवगड़े को बेहतर इलाज के लिए कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा रेडक्रॉस सोसाइटी कांकेर की ओर से 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदाय किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पदेन सचिव डॉ. आर.सी. ठाकुर ने बताया कि आवासपारा ठेलकाबोड़ निवासी अरिजीत भिवगड़े ने कलेक्टर के समक्ष अपनी बहन स्तुति भिवगड़े की इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए आवेदन किया था। अपने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि बहन स्तुति भिवगड़े निमोनिया, सेवियर सेप्टिप और हैपेटाइटिस रोग से पीड़ित है, जिसके इलाज के लिए मदद की आवश्यकता है। उनके आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए कलेक्टर श्री नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने स्तुति भिवगड़े की बेहतर इलाज के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी के पदेन सचिव डॉ. आर.सी. ठाकुर को पच्चीस हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि जारी करने हेतु निर्देशित किया, जिसके परिपालन में आवेदक को अपनी बहन के इलाज के लिए 25 हजार रूपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

चित्र— आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपते कांकेर कलेक्टर।

————-——-

06.मृत्यु के तीन प्रकरणों में 12 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।

कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत् प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए सर्प काटने और कुंआ में डूबने से मृत्यु होने के तीन प्रकरणों में मृतकों के निकटतम आश्रितों के लिए चार-चार लाख रूपये के मान से 12 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी है। दुर्गूकोंदल तहसील अंतर्गत ग्राम कोपाकटेल निवासी 55 वर्षीय फगनी बाई की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम वारिस राजेश कुमार, मनीषा और भूमिका के लिए संयुक्त रूप से चार लाख रुपए, ग्राम साधुमिचगांव निवासी 58 वर्षीय रौनूराम की सर्प काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती शामबाई कोमरा के लिए चार लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम फरसकोट निवासी 45 वर्षीय मिश्रीलाल सलाम की कुंआ में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित श्रीमती बिसईन बाई के लिए चार लाख रूपए की सहायता राशि कलेक्टर द्वारा स्वीकृत किया गया है।

————-——-

07.मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वीसी लेकर की जिलों में लंबित कार्यों की समीक्षा। वर्चुअल बैठक में कलेक्टर हुए सम्मिलित।

—मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय ने आज प्रदेश के सभी 05 संभागों के संभागायुक्त एवं 33 जिलों कलेक्टरों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल बैठक लेकर विभिन्न लंबित कार्यों की समीक्षा की। जिले से कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर इसमें सम्मिलित हुए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा आज अपरान्ह 03 बजे ली गई, जिसमें पांच एजेंडों पर समीक्षा हुई। इसमें छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का आयोजन, लोक निर्माण विभाग की सड़कों हेतु भू-अर्जन प्रकरणों का निराकरण, राजस्व विभाग के ई-कोर्ट न्यायालयों में त्वरित निराकरण, एग्रीस्टेक के माध्यम से अधिकाधिक किसानों का पंजीयन एवं फार्मर्स आईडी तथा खरीफ फसलों का डिजिटल फसल सर्वेक्षण (15 अगस्त से 30 सितम्बर तक) पूर्ण करने के संबंध में संभागवार एवं जिलेवार समीक्षा की गई।इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता से जुडे़ मसलों का त्वरित निराकरण हो यह सभी कलेक्टर सुनिश्चित करें। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के तहत भू-अधिग्रहण एवं लंबित प्रतिपूर्ति की राशि का शीघ्रातिशीघ्र का भुगतान करें। उन्होंने 15 अगस्त से प्रारंभ हुए छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के लिए जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने और राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य सचिव  अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री दयानंद पी सहित संबंधित विभागों के सचिव मौजूद थे। इसी तरह जिले से जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुमार कुर्रे के अलावा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

————————

08.जेम पोर्टल पर आयोजित कार्यशाला में दिया गया तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

—/जिले के शासकीय कर्मचारियों को Government e-Marketplace ¼GeM) पोर्टल के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं से रूबरू कराने कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत के सभाकक्ष में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा जेम पोर्टल के महत्व, इसके माध्यम से शासन-स्तर पर पारदर्शी क्रियान्वयन और त्वरित खरीदी प्रक्रिया सुनिश्चित करने, उत्पाद एवं सेवाओं के पंजीयन, निविदा प्रक्रिया, तथा ऑनलाइन भुगतान प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर कर्मचारियों को बताया गया कि जेम पोर्टल से शासन की खरीद प्रणाली और अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी है। साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादकों व सेवा प्रदाताओं को भी इसका सीधा एवं प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी, राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर   राकेश तिवारी सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। 

————————

09.लाइवलीहुड कॉलेज में रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण हेतु काउंसिलिंग 21 अगस्त को किया जायेगा।

—जिले के बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार स्व-रोजगार से जोड़कर उन्हे सक्षम बनाने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30-30 सीटों में सोलर तकनीशियन, सुरक्षा गार्ड व रिटेल सेल्स एसोसिएट कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिये 21 अगस्त 2025 को लाईवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10ः00 बजे से शाम 04ः00 बजे तक काउंसिलिंग का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बताया गया कि जिले के ऐसे इच्छुक युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है, वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में काउंसिलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते है।

————————

10.कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त हुए 38 आवेदन। प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण हेतु विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश।

— जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 38 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जनपद पंचायत चारामा के ग्राम पंचायत परसोदा के सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा खनिज न्यास निधि अंतर्गत टिन शेड निर्माण कार्य के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार पूर्व माध्यमिक शाला केंवटीनटोला में नल जल कनेक्शन लगाने, राशि दिलाने, प्राथमिक शाला में शिक्षक की व्यवस्था करने, वृक्ष काटने की अनुमति, सीमांकन कराने, राशन कार्ड बनवाने, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं आर्थिक सहायता राशि दिलाने, हैंडपंप मरम्मत कराने सहित विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

———————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
———————-

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 1 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *