कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
18 मार्च 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————

————————
01. नवरात्रि, ईद और रामनवमी को लेकर कांकेर पुलिस अलर्ट ,शांति समिति की बैठक संपन्न। कांकेर पुलिस की पहल : आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु आवश्यक दिशानिर्देश जारी । सौहार्द्रपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने की अपील। ।

-यह बैठक पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू,SDM अरुण कुमार वर्मा,अनुभागीय पुलिस अधिकारी मोहसिन खान, प्रतीक दादासाहब बंसोडे(प्रशिक्षु IPS)सहित विभिन्न समितियों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के प्रमुख बिंदु इस प्रकार है
—सभी उपस्थित सदस्यों को त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
—संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी।—डीजे, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं धुमाल के उपयोग के संबंध में उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा गया।
— कार्यक्रम की सूचना: सभी समितियों को अपने आयोजनों की पूर्व सूचना संबंधित थाना को देने एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने निर्देशित किया गया।
— पूजा पंडालों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया।
— सतर्कता एवं सहयोग: किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
— सोशल मीडिया निगरानी: भ्रामक खबरों, अफवाहों एवं आपत्तिजनक पोस्ट से बचने तथा ऐसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई।
————————
02.अवैध शराब बिक्री पर कोरर पुलिस की कार्यवाही। कनेचुर के आमापारा व खासपारा में रेड कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
—घटना का संक्षिप्त विवरण- कांकेर जिले में अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर n मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में जिले में चलाए जा रहे अपराध मुक्त समाज बनाने उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।दिनांक 17.03.2026 को थाना कोरर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कनेचुर के आमापारा एवं खासपारा में अवैध रूप से अंग्रेजी एवं महुआ शराब का संग्रहण कर बिक्री की जा रही है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।पुलिस टीम द्वारा ग्राम कनेचुर में दबिश दी गई, जहां आरोपी के घर से 06 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹600)आरोपी कैलाश मंडावी के घर से 35 नग प्लेन शोले अंग्रेजी शराब (6.300 लीटर, कीमत ₹2880)बरामद कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही की गई।
———————
03.गर्मी के मौसम के मद्देनजर ताप लहर से बचने व सुरक्षात्मक उपाय हेतु समसामयिकी सलाह जारी।
— प्रदेश सहित जिले में गर्मी का मौसम प्रारंभ हो गया है, भीषण गर्मी एवं ताप की लहर (हीट वेव) से बचने के संबंध में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नगर सेना द्वारा समसामयिक सलाह जारी की गई है, जिसमें गर्मी के पहले और गर्मी के दौरान सुरक्षात्मक उपाय करने के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्हांने समसामयिक सुझाव देते हुए बताया कि जहां तक संभव हो, तेज धूप में जाने से बचें, खास कर दोपहर 12 से 03 बजे के बीच घर से बाहर जाने से यथासंभव बचना चाहिए। प्यास न लगने पर भी लगातार अंतराल में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है तथा यात्रा के दौरान भी थोड़े-थोड़े समय में पानी अवश्य पिएं। इसी तरह हल्के रंग के ढीले, सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। लोगों को सुरक्षात्मक चश्मे, छाता, टोपी का प्रयोग करने, धूप में निकलते समय सिर ढंकने के लिए तौलिया या गमछा सहित जूते-चप्पल पहनने का सुझाव दिया गया है। कहा गया है कि चिलचिलाती धूप में अधिक ऊर्जा एवं शक्ति लगने वाली गतिविधियों से बचें, जब बाहर का तापमान अधिक हो। हल्का भोजन और पानी की मात्रा से भरपूर फल जैसे खरबूजे, ककड़ी और खट्टे फल खाएं। मांस और नट्स जैसे उच्च प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से जरूर बचें, बासी भोजन से परहेज करें। घर में बने भोजन और पारंपरिक स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थो जैसे नींबू पानी, छाछ और जूस आदि का उपयोग करें। पार्क किए गए वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। पशुओं को छाया में रखें और उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी दें।
समसामयिक सुझाव देते हुए कहा गया है कि अपने घर को ठंडा रखें, पर्दे, शटर या सनशेड आदि का प्रयोग करें। रात को खिड़कियां खोलें व कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमानों को सुनें और आगामी तापमान परिवर्तनों से अवगत रहें। बीमारी और चक्कर आने या अचेतना की अवस्था के मामले में डॉक्टर से परामर्श लें या तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
हीट स्ट्रोक में क्या करें
व्यक्ति को घर के अंदर या किसी ठंडी, छायादार जगह पर लिटा दें, उसे पैरों को थोड़ा उपर उठाकर लिटा दें। गीले कपड़े से शरीर को पोछ लें या त्वचा पर ठंडे पानी का छिड़काव करें। शरीर को फिर से हाइड्रेट करने के लिए व्यक्ति को ओआरएस, नींबू पानी, नमक, चीनी का घोल या जूस पिलाएं। अगर कोई व्यक्ति पूरी तरह से होश मे नही है तो उसे कुछ भी खाने या पीने के लिए न दें।
एक घंटे मे लक्षणों में सुधार न होने पर व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाएं।
हीट वेव के पहले क्या करें
अस्थाई विंडों रिफ्लेक्टर जैसे एल्यूमिनियम फॉयल से ढके कार्डबोर्ड आदि लगाएं। जिन खिड़कियों पर सुबह या दोपहर की धूप पडती उन्हे पर्दा, छाया से ढंक दें। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमानों को सुनें और आने वाले तापमान परिवर्तनों से अवगत रहें। अपने आस-पड़ोस के उन लोगों को जानें जो बुजुर्ग, युवा, बीमार या अधिक वजन वाले हैं, जो अत्यधिक गर्मी के शिकार हो सकते हैं और जिन्हें मदद की जरूरत है। गर्मी से संबंधित आपात स्थितियों का इलाज कैसे करे, यह जानने के लिए प्राथमिक चिकित्सा मे प्रशिक्षित हो।
————————
04. स्टार्ट-अप एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम 19 मार्च को।
— जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा स्टार्ट-अप एवं उद्यमिता पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार 19 मार्च को शासकीय पॉलिटेक्निक नाथियानवागांव में सुबह 11 बजे किया जाएगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक उद्यमियों को निर्धारित समय व स्थान पर उपस्थित होने कहा गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से संपर्क कर सकते हैं।
इसी तरह 17 मार्च को शासकीय महिला आईटीआई कांकेर में छात्र-छात्राओं को स्टार्टअप, उद्यमिता, स्वरोजगार और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संस्थागत सहयोग के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ स्टार्ट-अप नीति 2025-30 के बारे में विस्तार से अवगत कराया। साथ ही प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024-30 तथा उससे संबंधित प्रोत्साहनों की जानकारी एवं विभिन्न योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों, उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, पंजीयन, वित्तीय सहायता तथा मार्गदर्शन से संबंधित जानकारी भी दी गई।
————————
05. अप्रैल से जून तक तीन माह के चावल का एकमुश्त वितरण।
—छत्तीसगढ़ शासन नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग रायपुर के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत जिले के राशन कार्डधारियों को माह अप्रैल से माह जून तक तीन माह का चावल पात्रतानुसार एकमुश्त वितरित जाएगा।जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार जिले के बीपीएल राशन कार्डधारी (अंत्योदय, प्राथमिकता, निःशक्तजन एवं निराश्रित) परिवारों को माह अप्रैल से जून 2026 तक चावल वितरण करने हेतु शासन से एकमुश्त आबंटन प्रदाय किया गया है। इस प्रकार सामान्य राशन कार्डधारियों (एपीएल) को चावल तथा अन्य राशन सामग्री जैसे शक्कर, चना गुड़ एवं नकक का वितरण प्रतिमाह पृथक-पृथक अप्रैल से जून के दौरान आबंटन अनुसार वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त भण्डारित खाद्यान्न की उचित मूल्य दुकान स्थल पर गठित निगरानी समिति से सहायक खाद्य अधिकारी/ खाद्य निरीक्षक द्वारा पुष्टि कराई जाएगी, ताकि भण्डारित खाद्यान्न में किसी प्रकार का व्यपवर्तन न हो। व्यपवर्तन होना पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
————————
06. जिले में साक्षरता बढ़ाने के लिए महापरीक्षा अभियान 22 मार्च को, कलेक्टर ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की।

—जिले में साक्षरता दर बढ़ाने और महिला-पुरुष के बीच शिक्षा के अंतर (जेंडर गैप) को कम करने के उद्देश्य से 22 मार्च दिन रविवार को प्रौढ़ शिक्षार्थियों के लिए महापरीक्षा अभियान आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक जिले के सभी 454 ग्राम पंचायतों एवं 39 नगरीय वार्डों में आयोजित होगी। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक असाक्षर महिलाओं एवं पुरुषों को इस महापरीक्षा अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें साक्षर बनाने के लिए उनकी भागीदारी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांकेर जिले में गत दशक साक्षरता कार्यक्रम के विभिन्न सोपानों में यहां के प्रौढ़ो ने अच्छी सहभागिता दिखाते हुए साक्षरता का लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल रहे हैं। इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में 17,255 असाक्षरों को साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्र के वार्डों में “उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम” संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रौढ़ शिक्षार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखी जा र ही है।
————————
07. दुर्गूकोंदल के 17 होनहारों ने नवोदय में रचा इतिहास।
—दुर्गूकोंदल के लिए आज गर्व और खुशी का दिन है। यहां के 17 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का माहौल है।भाजपा मंडल महामंत्री रामचंद्र कल्लो ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
————————
08. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 कानापोंड में छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक की शाखा आ जाने के बाद अब कामकाज भी शुरू हुआ।

—लखनपुरी में अरसे से संचालित छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक की शाखा अब राजमार्ग 30 कानापोंड में स्थानांतरित हो गई है। यहां आ जाने के बाद अब कामकाज शुरू हो गया है। भवन के सामने बोर्ड भी टांगा गया है। फिलहाल भवन तो नया है,पर सेटअप पुराने जैसा ही है, आशा की जा सकती है कि जिस प्रकार चारामा में छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक का सेटअप किया गया वैसा ही कुछ देखने मिले। बहरहाल बैंक में आने वाले आम ग्राहकों को आवाजाही सहित पार्किंग की एक प्रमुख समस्या हल होती दिखायी दे रही है।
लखनपुरी जिले का औद्योगिक क्षेत्र विकास,मेडिकल कालेज के चलते आज लोगों की जुबां पर है। इसी के चलते अब व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा भी बढ गई है। अभी यहां छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक के अतिरिक्त जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर की शाखा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा कार्यरत है। खबर है कि यहां कुछ और बडी निजी बैंक की शाखाएं जगह तलाश रही है।
आने वाले समय में धमतरी से जगदलपुर फोरलेन का निर्माण होगा,जहां लखनपुरी टर्निंग में होने की वजह से यहां का व्यवसाय पूरी तरह चरमरा जायेगा। इस बातों को लेते भविष्य पर विचार करते कानापोंड की ओर विचार जा रहा है। कानापोंड में ही विद्युत सब स्टेशन वितरण केंद्र स्थापित है। नजदीक में पेट्रोल पंप औद्योगिक क्षेत्र एवं अन्य ग्राम का सेंटर भी है,जिसके चलते कानापोंड की ओर उन्मुख हो रहे हैं।
———————-
09. योग साधना केन्द्र में योग अभ्यासियों की संख्या चार गुना बढ़ी

—विगत 27 वर्षो से लोगों के स्वास्थ्य एवं नैतिकता, अनुशासन के लिए प्रयत्नशील योग विद्या साधना केन्द्र सिविल लाइन कांकेर में योग अभ्यासियों की संख्या में चार गुना वृद्धि हुई है लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति बहुत जागरूक होकर निःशुल्क योग क्लास में प्रातः 5 बजे से पहुँच रहे हैं जो प्रतिदिन 35,40 की संख्या में युवक, युवती महिला पुरुष कांकेर शहर एवं आसपास 15 किलो मीटर कान्हानपुरी मालगांव, भीरावाही आदि ग्रामीण क्षेत्रो से भी सुबह से स्नान आदि से निवृत होकर पहुँच रहे हैं सुरेंद्र कुमार पराग नरहरपुर के कान्हारपुरी से केशव साहू मालगांव से मनीराम नाविक भीरावाही से पहुँच रहे हैं इन सभी से पूछने पर उन्होंने बताया कि जबसे हम योग क्लास में जुड़कर योग एवं मंत्र साधना कर रहे हैं तब से कोई बीमारी नहीं हुआ शुगर कण्ट्रोल बी पी सामान्य हो गया और हर माह डॉ को चेकअप एवं दवाई में जो खर्च होता था वो भी कम हो गया मोहन सेनापति एवं किशोर वात्यानी प्रातः 5 बजे का क्लास नियमित लेते हैं इसके अलावा बरदेभाटा राजापारा आदि वार्डो में जा कर निःशुल्क योग क्लास लेते हैं श्री राजेश शर्मा,अभय बाफ़ना,अशोक राठी, शंकर आहूजा, कमलेश सोन, रत्तीराम देवांगन, बी. आर महावीर, कमल साहू, प्रकाश गुरुपंचायन कामदेव पाल, रेशम वात्यानी, कलाबाई नाग, राजकुमार फवयानी राजकुमार राठौर पिछले 20 वर्षो से केन्द्र से जुड़कर योग अभ्यास करते हैं इसके अलावा एक वर्ष से पांच वर्षो से जुड़ने वालों में शिवानी तिवारी, दमयंती राजपूत, भावना शर्मा, रश्मि शर्मा, रेशमी साहू, मनोज गुप्ता, निरंजन सिंह ठाकुर, पीताम्बर सिन्हा, कोमल लोहानी, सुनीता आहूजा, अंजलि सेंडे,किरण गाँधी, शीला जाएंक, शैलजा सिंहदेव, मनीष सेनानी, पूनम साहू पल्लवी साहू, प्रवीण साहू रुपेश साहू, दिनेश नाग, अजय करायत थे।
————————
10. हल्की बुंदाबादी के साथ मौसम खराब होने के चलते सब्जी खेती कर रहे किसानों की मुश्किलें बढी।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






