कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
18 फरवरी 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय-

01. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें दमकसा चौकी में पदस्थ एक पुलिस अधिकारी को ग्रामीणों से पैसे लेते हुए दिखाया गया है।
02. जेईई मेंस प्रवेश परीक्षा हेतु जिले के 28 छात्र क्वालीफाई, 26 छात्र आदिवासी संवर्ग से जेईई प्रवेश परीक्षा में जिले के विद्यार्थी हर साल बेहतर प्रदर्शन कर रहे।
-जेईई मेंस प्रथम सेशन में भाग लिए छात्र छात्राओं में से गत सत्रों के पर्सेंटाइल के आधार पर जिले से 28 छात्रों ने जेईई मेंस परीक्षा हेतु क्वालीफाई करेंगे। जेईई के पिछले सत्र के पर्सेंटाइल जनरल 93.23, ओबीसी 79.676, एससी 60.092 एवं एसटी हेतु 46.698 पर्सेंटाइल रहा। इस सत्र में जिले में इन 28 छात्रों में से 01 छात्र ओबीसी तथा 26 छात्र एसटी, एवं 01 एससी संवर्ग से है जिनमें जेईई में 13 छात्रा एवं 15 छात्र, इस प्रकार कुल 28 विद्यार्थी क्वालीफाइड हुए हैं। सभी क्वालीफाइड छात्र जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरनत हैं इनमें से 05 छात्र प्रयास से और शेष 23 छात्र शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालयों में अध्ययनरत है। जिले के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इन बच्चों एवं इनके शिक्षकों व पालकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। जेईई परीक्षा द्वितीय सेशन एवं जेईई एडवांस की तैयारी हेतु विशेष आवासीय निःशुल्क कोचिंग बोर्ड परीक्षा उपरांत प्रारंभ किया जाएगा जिससे कि जिले से अधिक से अधिक बच्चों का चयन हो सकें।जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्र सौरभ कुमार मंडावी ने 82.34 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान बनाया है, वहीं शासकीय उमावि भीरागांव की कु. चंचल जो कि आदिवासी छात्रा है, ने 76.840 अंक व शास उमावि भिरागांव से ही हर्षल कुमार ने 75.980 तथा भूपेन्द्र कुमार महावे ने 73. 03 अंक प्राप्त किया। इसी तरह पीएमश्री दुर्दूकोंदल के भूपेश कुमार कोमरा ने 71.99 अंक, शास. उमावि अमोड़ा से कु. पायल ने 69.71 अंक, हायर सेकंडरी लोहत्तर से भावेश कुमार को 67.45 अंक प्राप्त हुए। इसके अलावा कोण्डे का छात्र रोशन गोटा को 56.75 अंक मिले।इस संबंध में बताया गया कि जेईई मेंस क्वालीफाई करने वाले छात्रों को एसटी संवर्ग को बोर्ड कक्षा अर्थात 12वीं में 65 प्रतिशत या अधिक अंक लाना आवश्यक होता है। जेईई क्वालीफाई करने वाले छात्रों में कमशः अंतागढ से 06, भानुप्रतापपुर से 03, चारामा से 02. दुर्गूकोंदल से 07. कांकेर से 05 जिसमें प्रयास के ही 05 बच्चे हैं, जबकि नरहरपुर से 05, कुल 28 छात्रों ने जेईई एडवांस परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कांकेर जिला लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, चाहे जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा हो या एनएमएमएससी छात्रवृत्ति परीक्षा जिसमें गत वर्ष 326 छात्र चयनित हुए और अब जेईई मेंस हेतु 28 बच्चों का चयन होना हर्ष का विषय है। जिले में अभी जेईई एवं नीट परीक्षा हेतु छात्रों को परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है तथा निश्चित तौर पर इसके अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों निर्देशित किया है कि 25 फरवरी 2026 के पूर्व जेईई द्वितीय सेशन हेतु पंजीयन करा लिया जावे। जेईई मेन्स परीक्षा मई 2025 में आयोजित होगी, जिसके लिए प्रवेश परीक्षा हेतु शुल्क की प्रतिपूर्ति जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। प्राचार्य एवं एक नोडल व्याख्याता को ही उपरोक्त प्रक्रिया करने हेतु निर्देशित किया गया है।।
———————
03. कृषि विज्ञान केंद्र में जिला स्तरीय तिलहन किसान मेला का आयोजन।
— कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र सिंगारभाट के संयुक्त तत्वावधान में 16 फरवरी को जिला स्तरीय तिलहन किसान मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा क्षेत्र कांकेर के विधायक आशाराम नेताम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा तथा पूर्व सांसद श्री मोहन मंडावी उपस्थित रहे। इस दौरान तिलहन एवं दलहन फसलों की उन्नत खेती, फसल चक्र अपनाने, जैविक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री नेताम ने किसानों को धान के स्थान पर तिलहन-दलहन की खेती, पशुपालन, मुर्गीपालन एवं सब्जी उत्पादन से आय बढ़ाने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्री मटियारा द्वारा उपस्थित कृषकों को विभागीय योजनाओं के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों ने तिलहन उत्पादन, जैविक खेती, कीटनाशक प्रबंधन तथा आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर मार्गदर्शन दिया। इस अवसर जिला एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न विकासखंडों से आए कृषकगण उपस्थित थे।
————————
04. मुर्ति अनावरण में शामिल हुई क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी।
—ग्राम मरकाटोला ( चारामा ) में शहीद विष्णु राम जुर्री के मूर्ति अनावरण समारोह में सम्मिलित होकर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी जी के साथ शहीद विष्णु जुर्री की शहादत को नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित किए। इस अवसर पर शहीद की धर्मपत्नी अनिता जुर्री, सरपंच रमिता उसेंडी, सुखदास मानिकपुरी,के. एल. मरकाम, किशोर नेताम विधायक प्रतिनिधि, चन्द्र कुमार कांगे अध्यक्ष कांग्रेस मंडल कोटतरा, महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस, उपसरपंच ममता पोया, ग्राम गायता कुबेर कांगे, संतोष शिन्दे,प्रेमलता सुखदेवे अध्यक्ष महिला कांग्रेस ब्लॉक चारामा,धरमीन शोरी, शहीद परिवार से हेमुराम जुर्री,इंदल जुर्री, पुरूषोत्तम जुर्री, आत्मा राम जुर्री, महावीर उसेंडी,सुखुराम कांगे आदि उपस्थित थे।
05. इंडस्ट्रीज एवं बैंकर्स मीट का आयोजन 19 फरवरी को।
—सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की कार्य क्षमता को सुदृढ़ करने, उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने, वित्तीय समाधान, सतत विकास तथा समय से एमएसएमई सेक्टर के उन्नयन हेतु भारत सरकार द्वारा रैम्प योजना लागू की गई है। जिले में उक्त योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु 19 फरवरी को सुबह 10 बजे सेएमएसएमई उद्यमियों के साथ टिकरापारा के एक निजी होटल में इंडस्ट्रीट एवं बैंकर्स मीट का आयोजन किया जाएगा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने इच्छुक उद्यमियों को निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होने का आग्रह किया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर से संपर्क किया जा सकता है।
———————–
06. कांकेर पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था एवं आपात स्थिति की चुनौती से निपटने हेतु 2 दिवसीय प्रशिक्षण सह माॅक ड्रील (पूर्वाभ्यास) का आयोजन।जिले के कांकेर अनुविभाग के सभी थाना/चौकी /रक्षित केन्द्र, डीआरजी/बस्तर फाईटर्स बल को सम्मिलित कर प्रशिक्षण सह माॅक ड्रील कराया गया।

—निखिल शोक कुमार राखेचा (भापुसे), पुलिस अधीक्षक जिला उ.ब.कांकेर के निर्देशन मे दिनेश सिन्हा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व मे तथा योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, गिरिजा शंकर साव DSP (नक्सल आप्स) एवं अविनाश ठाकुर DSP डीआरजी, गोविन्द वर्मा व दीपक साव रक्षित निरीक्षक की उपस्थिति मे रक्षित केन्द्र कांकेर मे दिनांक 16.02.2025 एवं 17.02.2025 को कांकेर अनुविभाग के सभी थाना/चौकी /रक्षित केन्द्र कांकेर/यातायात बल/डीआरजी बल/बस्तर फाईटर्स महिला बल के कुल 280 अधिकारी/कर्मचारियों को कानून व्यवस्था एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षण/ कार्यशाला आयोजित कर रक्षित केन्द्र परेड ग्राउण्ड में माॅक ड्रील (पूर्वाभ्यास) कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान पूर्व में घटित घटनाओं एवं परिस्थितियों का अनुभव साझा करते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के द्वारा आगामी समय में कानून व्यवस्था ड्यूटी को बेहतर रूप से संपादित करने हेतु सार्थक इंटरएक्टिव सेशन रखा गया।

इस दौरान जिले व राज्य के अन्य जगहों पर घटित घटनाओं के दौरान कानून व्यवस्था प्रबंधन से संबंधित वीडियो एवं फोटोग्राफ्स के विजुअल्स प्रशिक्षणार्थियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखलाकर भी भविष्य में उन्हें हर चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहने की सिखलाई दी गई। आयोजन के दौरान प्रथम दिवस पर कार्यशाला पश्चात माक ड्रिल आयोजित कर उसकी कमियों को बारीकी से निरीक्षण कर उसे अंतिम दिवस के माक ड्रिल में दूर करने का सार्थक प्रयास किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बल को डिब्रिफ भी किया गया। आने वाले दिनों में जिले के समस्त अनुविभाग में इस प्रकार के आयोजन कर सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर तैयार किया जायेगा।
———————–
07. कोटपा एक्ट के तहत भानुप्रतापपुर, संबलपुर, केंवटी में की गई चालानी कार्यवाही 23 चालान काटकर वसूला गया 3100 रूपए का जुर्माना।
—कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार कोटपा एक्ट के तहत स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आज तंबाकू उत्पाद एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए भानुप्रतापपुर, संबलपुर और ग्राम कंेवटी में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों एवं स्कूल के आसपास चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान स्कूल के आसपास 100 गज की दूरी में तंबाकू उत्पाद विक्रेताओं पर कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई जिसमें कल 23 चालान काटे गए एवं 3100 रूपए की चालान राशि वसूल की गई। साथ ही स्कूल में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बच्चों को शपथ दिलाई गई। स्कूलों में कोटपा एक्ट-2003 की धारा 4 के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध, धारा 5 के तहत सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पादन के विज्ञापन पर प्रतिबंध, धारा 6 के तहत नाबालिगों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सिगरेट या अन्य तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध, उससे होने वाले दुष्प्रभावों, सिगरेट और अन्य तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध संबंध में जानकारी भी दी गई।
———————–
08. सामान्य प्रशासन समिति की बैठक 27 फरवरी को।
—जिला पंचायत कांकेर के सामान्य प्रशासन समिति की बैठक 27 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने कहा है।।
———————
09.बहुदिव्यांग छात्रा गुंजन को मिली व्हीलचेयर, अब नियमित जा सकेगी स्कूल।
-भानुप्रतापपुर की प्राथमिक शाला सलिहापारा तुएगुहान में कक्षा दूसरी की बहुदिव्यांग छात्रा कु. गुंजन चुरेन्द्र को व्हीलचेयर एवं एम.आर. किट प्रदान की गई। समग्र शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में व्हीलचेयर मिलने से छात्रा के दैनिक जीवन में सुगमता आएगी तथा विद्यालय आने-जाने में अब उसे काफी सुविधा होगी तथा आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी। बहुदिव्यांग छात्रा के पिता श्री गौकरण चुरेन्द्र ने बताया कि पहले बच्ची को स्कूल लाने-ले जाने में बहुत कठिनाई होती थी और उन्हें रोज गोद में उठाकर विद्यालय छोड़ना पड़ता था। अब व्हीलचेयर मिलने से उसकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियाँ आसान हो जाएगी।
———————
10.राज्य लोक सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को। दो पालियों में जिले में स्थापित 12 केन्द्रों में 3333 पंजीकृत अभ्यर्थी होंगे परीक्षा में शामिल पारदर्शितापूर्ण परीक्षा के संचालन हेतु आयोग द्वारा व्यापक दिशानिर्देश जारी।
– छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन आगामी रविवार 22 फरवरी को दो पालियों में किया जाएगा। इसके लिए आयोग द्वारा जिले के 12 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 3 हजार 333 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। उक्त परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एवं द्वितीय पाली में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा व्यापक दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान आवंटित परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए गठित 04 उड़नदस्ता दलों द्वारा सतत् निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा केन्द्रों में अभ्यर्थियों को दो घण्टे पूर्व उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनकी मेटल डिटेक्टर व मैन्युअल तलाशी (फ्रिस्किंग) की जा सके, साथ ही मूल पहचान पत्र के साथ उनके प्रवेश पत्र का सत्यापन तथा उनके चेहरे का मिलान किया जा सके। प्रथम पाली में 9.45 और द्वितीय पाली में 2.45 बजे के बाद परीक्षा केन्द्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा, यानी उक्त समय के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी केवल निम्न वस्तुएं रख सकेंगे
आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देश के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी मूल पहचान पत्र (जैसे मतदाता पहचान पत्र/पासपोर्ट ड्राइविंग लाइसेंस पैनकार्ड/आधार कार्ड अथवा ई-आधार कार्ड) रख सकेंगे। इसी तरह अपने साथ लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, आयोग द्वारा जारी किए गए ऑनलाइन प्रवेश पत्र का प्रिंट आउट, काले अथवा नीले रंग के बॉलपाइंट पेन भी साथ रख सकेंगे।
परीक्षा केन्द्र में इनकी नहीं होगी अनुमति
अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की घड़ी (मैकेनिकल/स्मार्ट वॉच) की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों को जूते अथवा मोटे सोल या ऊंची हील वाले फुटवियर पहनने की अनुमति नहीं होगी। वे केवल पतले सोल वाली चप्पलें अथवा स्लीपर पहन सकेंगे। अभ्यर्थियों को नजर के चश्मों के अतिरिक्त अन्य किसी प्रकार के चश्मे, गॉगल्स, गूगल मेटा या अन्य डिजिटल ग्लासेस चश्मे पहनने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह अभ्यर्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश ले सकेंगे। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरुन, बैंगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित रहेगा। अभ्यर्थी कार्गो एवं डिज़ाइनर कपड़े पहनकर परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सकेंगे। सामान्य जींस पैंट एवं अन्य पैंट पहनने की अनुमति रहेगी। इसी तरह महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती तथा चुनरी (दुपट्टा) पहन सकेंगी, लेकिन कुर्ती की बांह छोटी (आधी) होनी चाहिए। साड़ी के साथ पहने जाने वाली ब्लाउज की बांह भी आधी होनी चाहिए। परीक्षा के दौरान कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। धर्म, रिवाजों के अनुसार अत्यंत आवश्यक आभूषण अथवा प्रतीक को छोड़कर उन्हें अन्य आभूषण/प्रतीक धारण करने की अनुमति नहीं होगी। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को एक नोज पिन तथा एक मंगलसूत्र धारण करने की ही अनुमति होगी। परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता तथा अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर तत्काल अभ्यर्थी के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उसे परीक्षा कक्ष से निष्काषित किया जाएगा। ऐसी स्थिति में आयोग द्वारा अनुशासनात्मक निर्देशों के अधीन अभ्यर्थी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जा सकेगी।
———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






