कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
17 मार्च 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
————————

————————
01. मरकाटोला में अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री पर पुलिस की कार्यवाही, आरोपी गिरफ्तार, आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा ।

-घटना का संक्षिप्त विवरण कांकेर जिले में अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में जिले में चलाए जा रहे अपराध मुक्त समाज बनाने उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।दिनांक 16.03.2026 को थाना कोरर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मरकाटोला निवासी सुग्रीव हिचामी अपने घर के आंगन में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बिक्री हेतु संग्रहित कर रखा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।रेड के दौरान आरोपी के घर के आंगन से एक प्लास्टिक थैला एवं बोरी में रखी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसमें—21 नग सिम्बा बीयर (कुल 13650 एमएल)17 नग गोल्डन गोवा (कुल 3060 एमएल) 11 नग प्लेन शोले (कुल 1980 एमएल) कुल 18690 एमएल अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 7120/- है, मौके से जप्त की गई। आरोपी से पूछताछ में उक्त शराब को बिक्री हेतु रखना स्वीकार किया गया, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर दिनांक 17.03.2026 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
————————
02.घर के बाडी में रखे ट्रेक्टर से बैटरी एवं अन्य सामान को चोरी करने वाले आरोपी को किया गया गिरफ्तार ।चोरी किये सामानों को अपने वाहन CG 26 E 7100 में रखकर बेचने के फिराक में ग्राहक तलाश कर रहा था आरोपी। थाना नरहरपुर जिला उ.ब. कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त इस प्रकार है -विवरण प्रार्थी कमल ठाकुर पिता बसंत लाल ठाकुर उम्र 30 वर्ष ग्राम कोचवाही थाना नरहरपुर जिला उ.ब. कांकेर ने लिखित आवेदन पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि प्रार्थी के ट्रेक्टर क्रमांक CG 19 BF 3742 एवं उसके मामा किशोर जुर्री निवासी अरौद के ट्रेक्टर क्रमांक CG 18 P 9411 से रोजाना की भांति दिनांक 13.03.2026 को खेती मरम्मत काम कर दोनो ट्रेक्टर को घर बाड़ी में खड़ा किये । जिसे दिनांक 14.03. 2026 को सुबह 06.00 बजे उठकर देखा तो दोनो ट्रेक्टर का बैटरी कव्हर खुला हुआ था। पास जाकर देखा तो प्रार्थी के ट्रेक्टर क्रमांक CG 19 BF 3742 के बैटरी SF, हाइड्रोलिक पट्टी, ट्राली हींज, ट्राली टोचन कीमती एवं किशोर जुर्री के ट्रेक्टर क्रमांक CG 18 P 9411 का बैटरी एमरान, हाइड्रोलिक पट्टी, कल्टीवेटर एडजेस्टर जुमला कीमती 32000/- रू. को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है कि रिपोर्ट पर थाना में अपराध क्रमांक 65/2026 धारा 303(2) BNS कायम कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के पर्यवेक्षण, उप. पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर (DRG) के मार्ग दर्शन मे थाना प्रभारी नरहरपुर निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में थाना नरहरपुर हमराह स्टाप मे थाना नरहरपुर से आरोपी की पतासाजी व विवेचना हेतु पुलिस टीम गठित की गई। आरोपी सुखूराम शोरी पिता स्व. सत्ताराम शोरी उम्र 45 वर्ष निवासी बनसागर थाना नरहरपुर जिला कांकेर को दिनांक 17.03.2026 को हिरासत में लेकर गवाहों के समक्ष पूछताछ करने पर अपराध घटित करना स्वीकार करने पर गिरफ्तार कर विधिवत् कार्यवाही कर आरोपी को माननीय न्यायालय पेश किया गया।।
———————
03.सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार 52 पत्ती ताश व जुमला रकम 230 रूपयें, 04 नग मोबाईल एंव 07 नग मोटर सायकल बरामद किया गया। थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त इस प्रकार है – निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देषन पर जिला में चल रहे उजियारा अभियान के तहत् दिनांक 15.03.2026 को जरिये मुखबिर से सूचना मिला कि ग्राम पण्डरीपानी तालाब के पास खेत में कुछ लोग ताश के 52 पत्ती ताश में रूपये पैसे का हार जीत का दांव लगाकर काट पत्ती जुआ खेल रहे हैं कि सूचना थाना प्रभारी को मिलने पर थाना से उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी के नेतृत्व में टीम गठित कर ग्राम पण्डरीपानी में मुखबीर के बताये स्थान पर घेराबंदी कर पकडे गये आरोपी 1. पंकज यादव, 2.घनश्याम कावडे, 3. शक्ति कावडे, 4. युवराज देवागंन उक्त आरोपियों के बब्जे से 230 रूपयें एवं 52 पत्ती ताश, 04 नग मोबाईल एवं 07 मोटर सायकल को जप्त किया गया आरोपियों का कृत्य जुआ एक्ट का पाये जाने से अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत् कार्यवाही किया गया है।
पुलिस टीम का विवरणः- थाना प्रभारी बनसोडे प्रतिक दादासाहेब(भापुसे0), उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, आरक्षक 1024 शैलेनद्र चतुर्वेदी, आरक्षक 1471 रोशन राठौर, 711 ईश्वर साहू
————————
04. ‘शिशु संरक्षण माह के आयोजन हेतु जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक शिशु संरक्षण माह अभियान का शुभारंभ, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान।

— जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 17 मार्च मंगलवार से 21 अप्रैल मंगलवार तक सप्ताह के प्रत्येक टीकाकरण दिवसों में ”शिशु संरक्षण माह“ विटामिन ए अनुपूरक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत जिले के 06 माह से 05 वर्ष तक आयु समूह के सभी बच्चों को आयरन फॉलिक एसिड सिरप सप्ताह में दो बार तथा 09 माह से 05 वर्ष तक के आयु समूह के सभी बच्चों को विटामिन ’ए’ सिरप की खुराक प्रत्येक छः माह में एक बार पिलाया जायेगा। शिशु संरक्षण माह के दौरान प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को तथा 30 मार्च सोमवार एवं 02 अप्रैल गुरूवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किया जाकर सभी बच्चों को विटामिन ‘ए’ एवं आयरन फॉलिक एसिड सिरप तथा लक्षित बच्चों का टीकाकरण के साथ ही गर्भवती माताओं की हिमोग्लोबीन जांच एवं उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों की पहचान किया जाकर उन्हें जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में भेजा जाएगा।शासन की मंशा के अनुसार मीजल्स रूबेला का उन्मूलन तथा शत-प्रतिशत बच्चों का पूर्ण टीकाकरण किये जाने के लिए मंगलवार को अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स का बैठक आयोजित किया गया, जिसमें अपर कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शिशु सरंक्षण माह का सफल संचालन करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले के सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण कराने में सहयोग प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आर.सी.ठाकुर द्वारा मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल अलबेलापारा कांकेर में लाभार्थी बच्चों को विटामिन ”ए“ की मौखिक खुराक पिलाकर शिशु संरक्षण माह का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.ओ.पी. शंखवार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमन्त नाग, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री रोहित वर्मा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. हमित, जिला आरएमएनसीएचए सलाहकार, डी.पी.एच.एन तथा बच्चों का अभिभावक उपस्थित थे।
————————
05. प्रकरणों को त्वरित निराकृत करने के निर्देश।

—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे द्वारा मंगलवार को समय-सीमा की बैठक ली गई, जिसमें पीएम पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल, शासन स्तर से प्राप्त पत्रों एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की गई तथा सभी आवेदनों को तेजी से निराकृत करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में समय-सीमा में निराकृत करने वाले पत्रों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा भी की गई तथा सभी प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकृत करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। शासकीय अधोसंरचना निर्माण के लिए जमीन का चिन्हांकन करने हेतु अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए। हाउसिंग बोर्ड द्वारा सभी ब्लॉक मुख्यालयों में सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है, जिसके लिए जमीन का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर अंतागढ़ ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।
————————
06. पंडरीपानी व मुसुरपुट्टा जनसमस्या निवारण शिविर स्थगित।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंडरीपानी में 18 मार्च बुधवार एवं नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम मुसुरपुट्टा में 25 मार्च बुधवार को आयोजित होने वाला जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।।
————————
07. आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए तालाब में डूबने से मृत्यु होने के दो प्रकरणों में मृतक के आश्रितों के लिए चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। पखांजूर तहसील के ग्राम मुरावण्डी निवासी 60 वर्षीय मनारोबाई उसेण्डी की तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर उनके आश्रित मानसिंह के लिए चार लाख रुपए तथा भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम बोगर निवासी 52 वर्षीय जयसिंह यादव की तालाब में डूबने से मृत्यु होने पर पत्नी श्रीमती कलाबती के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की गई है। ।
————————
08. राष्ट्रीय रक्षा एवं रणनीति अध्ययन दल के अधिकारियों ने ली जंगलवार कॉलेज में प्रशिक्षण की जानकारी मावा मोदोल कोचिंग संस्था में विद्यार्थियां को दिए सफलता के मूल मंत्र।

—केंद्रीय रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार नई दिल्ली के अधीन राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के 15 सदस्यीय अधिकारियों के दल ने आज जिले में संचालित रक्षा एवं अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया। दल के सदस्यों ने जिले में माओवाद के उन्मूलन संबंधी अपनाई गई रणनीति और उनके आजीविकामूलक सृजनात्मक कार्यां की जानकारी ली। साथ ही जिला प्रशासन की अभिनव पहल मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान व सेंट्रल लाईब्रेरी का अवलोकन कर विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र दिए। तत्पश्चात जंगल वॉरफेयर कॉलेज में रक्षा एवं प्रतिरक्षा के प्रशिक्षण का लाइव डेमो देखा तथा बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के द्वारा उपयोग की जाने वाली डिफेंस एण्ड वार तकनीकी के संबंध में जानकारी ली।

राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन के अंतर्गत सेना, सिविल सेवा और मित्र देश के 15 अधिकारियों का दल आज जिला मुख्यालय पहुंचा जहां पर उन्होंने रक्षात्मक प्रणाली एवं युवा उत्थान आधारित गतिविधियों का अवलोकन किया। रक्षा अधिकारियों का दल सर्वप्रथम सिंगारभाट स्थित पुलिस मेस पहुंचा जहां पर कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कांकेर जिले की भौगोलिक एवं प्राकृतिक संरचनाओं सहित निर्माण कार्यों और फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी पीपीटी के माध्मय से दी। उन्होंने जिले के अंदरूनी इलाकों में सड़क, पुल-पुलिया, मोबाइल कनेक्टिविटी एवं अन्य अधोसंरचनाओं के स्वीकृत एवं निर्माणाधान कार्यों से अवगत कराया। इसके अलावा जिले में जनजातियों की लघु वनोपज संग्रहण एवं उससे होने वाली आय के संबंध में बताया गया। साथ ही राज्य शासन द्वारा संचालित नियद नेल्लानार योजना के तहत चयनित अंदरूनी क्षेत्र में स्थित ग्रामों में विकास कार्यों से अवगत कराया। कलेक्टर ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल मावा मोदोल और पूना पर्रियान के तहत क्रमशः युवाओ को दिए जा रहे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने हेतु कैरियर गाइडेंस तथा शारीरिक दक्षता के लिए दिए जा रहे ट्रेनिंग कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी, आत्मसमर्पित माओवादियों के लिए संचालित किए जा रहे आजीविकामूलक प्रशिक्षण जैसे ड्राइविंग, काष्ठ कला निर्माण, सिलाई, सहायक इलेक्ट्रिशियन, घुड़सवारी आदि के संबंध में रक्षा अध्ययन दल को जानकारी दी। इसी तरह एसपी निखिल अशोक राखेचा ने जिले में माओवाद उन्मूलन के लिए बनाई गई रणनीति एवं पूना मारगेम (आत्मसमर्पित माओवादियों का मुख्यधारा में वापसी) के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया।

इसके पश्चात् अधिकारियों का दल सिंगारभाट स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र पहुंचकर वहां संचालित मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट, कड़कनाथ फार्म हैचिंग कार्य का भी अवलोकन किया। साथ ही स्वसहायता समूह की महिलाओं से भेंट कर मिलेट उत्पाद कोदो, कुटकी, रागी से तैयार होने वाले विभिन्न व्यंजनों एवं उनके लाभ के बारे में जानकारी ली। मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिला सदस्य ने बताया कि उनके समूह में हर्रा, महुआ से बनाने वाले व्यंजन तथा अचार, पापड़ बनाकर बिक्री करने के साथ आय के संबंध में जानकारी दी। दल के अधिकारियों ने समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए आर्थिक रूप से सशक्त व सक्षम होने के लिए कहा।’सफलता तभी मिलती है, जब सपने व इरादे मजबूत हों’इसके पश्चात रक्षा अधिकारियों के दल ने नगर के पुराने कचहरी परिसर में संचालित मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्था और सेंट्रल लाइब्रेरी का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी जिज्ञासा शांत की। एक विद्यार्थी के सवाल का जवाब देते हुए दल के अधिकारी श्री मोहम्मद शाहिद अहमद ने कहा कि सफलता तभी मिलती है, जब आपके सपने और इरादे मजबूत हो। उन्होंने कहा कि रक्षा विभाग देश सेवा और अनुशासन पर आधारित है। इसी तरह कैप्टन अजय चौधरी ने बताया कि असफलता ही सफलता का पहला सोपान है, एक सफल व्यक्ति कभी भी अपने लक्ष्य से विमुख नहीं होता। दल के सदस्यों ने सेंट्रल लाइब्रेरी का अवलोकन कर जिला प्रशासन द्वारा की गई पहल की सराहना की।रक्षा एवं प्रतिरक्षा तकनीकी से अवगत हुआ दल
इसके उपरांत अधिकारियों का दल ग्राम सिंगारभाट स्थित जंगल वारफेयर कॉलेज पहुंचा, जहां पर संस्था के प्रमुख ब्रिगेडियर एस.के. लामा (सेवानिवृत्त) ने पीपीटी के माध्यम से कॉलेज की स्थापना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए पुलिस एवं रक्षा के प्रशिक्षुओं को दिए जाने वाले 45 दिवसीय आधुनिक प्रशिक्षण एवं गुरिल्ला युद्ध तकनीक के पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। इसके अलावा दुर्गम पहाड़ियों, घने जंगलों और पहुंचविहीन क्षेत्रों में प्रतिरक्षा से संबंधित अभ्यासों प्रतिकूल परिस्थितियों में सुरक्षात्मक उपाय करने के संबंध में टीम के सदस्यों को अवगत कराया गया। इस दौरान जंगल वारफेयर कॉलेज में टीम के सदस्यों को फील्ड विजिट कराकर मौके पर वार एवं डिफेंस स्ट्रेटजी का लाइव डेमो भी कराया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा, एसडीएम श्री अरूण वर्मा सहित पुलिस और जंगल वारफेयर कॉलेज के प्रशिक्षु जवान अधिकारी आदि मौजूद थे।
———————-
09. टेट परीक्षा हेतु शिक्षकों की संख्या जुटा रहा है डीपीआई डीपीआई के आग्रह पर टीचर्स एसोसिएशन ने दिया विस्तृत सुझाव विभागीय सीमित टेट परीक्षा हेतु तैयार हैं शिक्षक – टीचर्स एसोसिएशन सीमित टेट परीक्षा से न्यायालय व शासन की जटिलता होगी दूर विभागीय टेट परीक्षा से पात्रता प्राप्त करना होगा आसान ।

—जलवायु परिवर्तन जागरूकता संबंधी जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन 19 मार्च को पूर्वान्ह 10 बजे से माकड़ी होटल में किया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण सह कार्यशाला मुख्य वन संरक्षण कांकेर वृत्त के आतिथ्य एवं कलेक्टर कांकेर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को उपस्थित रहने का अनुरोध वनमंडलाधिकारी कांकेर रौनक गोयल ने किया हैछत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने प्रदेश के कार्यरत शिक्षकों के लिए “विभागीय सीमित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)”आयोजित करने की मांग की है, जिसके तहत डीपीआई ने 13 मार्च 2026 को सभी जेडी व डीईओ को पत्र भेजकर 17 व 18 मार्च तक विभिन्न आयु समूह के शिक्षकों की जानकारी प्रपत्र 1 व 2 में मंगाया है।पूरी जानकारी प्राप्त होने के पश्चात विभाग परीक्षा सम्बन्धी कार्ययोजना तैयार कर घोषित कर सकता है।इस संबंध में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग तथा संचालक लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) को पत्र लिखकर शिक्षकों के हित में आवश्यक निर्णय लेने का आग्रह किया था।उन्होंने कहा है कि विभागीय सीमित टेट पात्रता परीक्षा से न्यायालय व शासन की जटिलता दूर होगी।

एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक वाजिद खान,प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव हेमेंद्र साहसी, जिलाध्यक्ष स्वदेश शुक्ला, जिला सचिव संतोष जायसवाल, मीडिया प्रभारी कृष्णेंदु आइच ने कहा है कि प्रदेश के हजारों शिक्षक व्यापम द्वारा आयोजित टेट परीक्षा वर्षों से दे रहे हैं,वर्तमान में हुई टेट की परीक्षा को हजारों शिक्षकों ने दिया है।यह अत्यंत कठिन स्तर का परीक्षा था और अब शिक्षक विभागीय सीमित टेट परीक्षा देने के लिए तैयार हैं। वर्तमान तक आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा में सामान्य अभ्यर्थियों के साथ सभी को बैठना पड़ता है,जिसमें प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन स्तर के होते हैं,जिसके कारण लंबे समय से शाला में सेवा दे रहे शिक्षक अनावश्यक रूप से परेशान होते हैं इसीलिए सेवारत शिक्षकों के लिए पृथक विभागीय सीमित टेट पात्रता परीक्षा आयोजित किया जाना आवश्यक है।
ज्ञात हो कि विगत दिनों छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल डीपीआई के अधिकारियों से मिला था, जहां सहायक शिक्षक व शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति तथा टेट से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई, डीपीआई अधिकारियों द्वारा भी इस विषय पर एसोसिएशन से विस्तृत सुझाव प्रस्तुत करने को कहा गया था।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शासन को सुझाव प्रस्तुत करते हुए मांग किया है कि शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए जून एवं जुलाई माह में विभागीय सीमित शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जाए,जिससे समय रहते शिक्षको की पात्रता से संबंधित जटिलताओं का समाधान हो सके।
टेट पात्रता परीक्षा हेतु स्कूल शिक्षा विभाग डीपीआई को जिम्मेदारी देवे,डीपीआई के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारियों के निरीक्षण में टेट पात्रता परीक्षा हेतु प्रत्येक विकासखंड में आवश्यकतानुसार 5,7 बड़े शालाओं में टेट पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जावे जिसमे शिक्षक सुविधानुसार निकटस्थ शाला में टेट परीक्षा देने हेतु शामिल हो सकते है।बड़े स्तर पर विभागीय टेट परीक्षा आयोजित होने से शिक्षकों को टेट पात्रता प्राप्त करना आसान होगा। संकुल शाला में भी परीक्षा केंद्र बनाकर शीघ्रता से टेट परीक्षा सम्पन्न कराया जा सकता है, एसोसिएशन की यह सोच है कि जिन सहायक शिक्षक व शिक्षकों को सेवा सुरक्षा व पदोन्नति हेतु टेट पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य बताया जा रहा है वे विभागीय सीमित टेट पात्रता परीक्षा देकर टेट की पात्रता आसानी से प्राप्त कर सकें।
एसोसिएशन के विकासखण्ड अध्यक्ष भोला प्रसाद ठाकुर, सत्यनारायण नायक,बोधन साहू,गोरखनाथ ध्रुव, धर्मराज कोरेटी,अनुप पुरबिया,खम्मन नेताम ने कहा कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा,पदोन्नति के अवसर एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए विभागीय सीमित टेट पात्रता परीक्षा आयोजित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
एसोसिएशन ने यह भी प्रस्ताव दिया है कि परीक्षा प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं विभागीय स्तर पर संचालित की जाए तथा सेवाकालीन शिक्षकों के लिए न्यूनतम उत्तीर्णांक युक्तिसंगत रखा जाए।शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजन हेतु छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने निम्न प्रावधान निर्धारित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है –
1- पेपर -l एवं पेपर -II आयोजित किए जाए।
2- प्रश्न राज्य के कक्षा I–V तथा कक्षा VI–VIII के पाठ्यक्रम एवं सामान्य शैक्षणिक समझ एवं अवधारणाओं पर आधारित हों।
3- कक्षा l – V परीक्षा तथा कक्षा Vl – Vlll परीक्षा में कम से कम 15 दिन का अंतर रखा जावे।
4- शिक्षक पात्रता परीक्षा ऑफलाइन (OMR आधारित) आयोजित हों।
5- कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न हों।
6- परीक्षा अवधि 3 घंटे निर्धारित हों।
7- चूंकि सेवाकालीन शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित होगी,अतः न्यूनतम उत्तीर्णांक 33/100 निर्धारित हों।
उपरोक्त बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक आदेश/निर्देश जारी करने का मांग किया गया है।
————————
10. छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस का विधानसभा घेराव, कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

—रायपुर में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव किया गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी माननीय सचिन पायलट ने किया, जिसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ नेता, विधायक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी भी इस विरोध प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल हुईं। उन्होंने प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं एवं विधायकों के साथ मिलकर जनता की आवाज को बुलंद किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
————————
विशेष—
‘राष्ट्रीय राजमार्ग 30 कानापोंड में छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक की शाखा आ जाने के बाद अब कामकाज भी शुरू हुआ।’

—लखनपुरी में अरसे से संचालित छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक की शाखा अब राजमार्ग 30 कानापोंड में स्थानांतरित हो गई है। यहां आ जाने के बाद अब कामकाज शुरू हो गया है। भवन के सामने बोर्ड भी टांगा गया है। फिलहाल भवन तो नया है,पर सेटअप पुराने जैसा ही है, आशा की जा सकती है कि जिस प्रकार चारामा में छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक का सेटअप किया गया वैसा ही कुछ देखने मिले। बहरहाल बैंक में आने वाले आम ग्राहकों को आवाजाही सहित पार्किंग की एक प्रमुख समस्या हल होती दिखायी दे रही है।
लखनपुरी जिले का औद्योगिक क्षेत्र विकास,मेडिकल कालेज के चलते आज लोगों की जुबां पर है। इसी के चलते अब व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा भी बढ गई है। अभी यहां छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक के अतिरिक्त जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर की शाखा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा कार्यरत है। खबर है कि यहां कुछ और बडी निजी बैंक की शाखाएं जगह तलाश रही है।
आने वाले समय में धमतरी से जगदलपुर फोरलेन का निर्माण होगा,जहां लखनपुरी टर्निंग में होने की वजह से यहां का व्यवसाय पूरी तरह चरमरा जायेगा। इस बातों को लेते भविष्य पर विचार करते कानापोंड की ओर विचार जा रहा है। कानापोंड में ही विद्युत सब स्टेशन वितरण केंद्र स्थापित है। नजदीक में पेट्रोल पंप औद्योगिक क्षेत्र एवं अन्य ग्राम का सेंटर भी है,जिसके चलते कानापोंड की ओर उन्मुख हो रहे हैं।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






