कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
17 फरवरी 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
01. 25 वर्षो से फरार स्थायी वारंटी को थाना पखांजूर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। हत्या, लूट और आगजनी मामले के स्थायी वारंटी है। थाना पंखाजूर पुलिस की कार्यवाही।

02. पीएससी अभ्यर्थियों के लिए मोटिवेशन कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने दिए सफलता के मंत्र ।
-छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मावा मोदोल सह सेंटर लाइब्रेरी कोचिंग केंद्र कांकेर में आज कार्यशाला सह परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें पीएससी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को जिले के कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित अन्य अतिथियों ने अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया और सफल होने के मंत्र बताए।प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि पीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए धैर्य, साहस और संयम बहुत जरूरी है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे प्रश्नों का नियमित अभ्यास करें और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। अनावश्यक तनाव लेने से तैयारी प्रभावित होती है, इसलिए तनाव से दूर रहकर योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करें। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं जरूरतमंद प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराकर प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ाया जाए। इस अवसर पर बताया गया कि मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान से 200 से अधिक अभ्यर्थियों ने पीएससी प्रारंभिक परीक्षा का फॉर्म भरा है और सभी विद्यार्थी पूरी मेहनत से तैयारी में जुटे हुए हैं।जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने अभ्यर्थियों को सुझाव दिया कि वे धैर्य के साथ पहले पढ़े हुए विषयों का नियमित रिवीजन करें और करेंट अफेयर्स पर विशेष ध्यान दें। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि आहार-विहार, नींद, स्वास्थ्य और दिनचर्या का संतुलन भी जरूरी है। मावा मोदोल में कई विद्यार्थी पिछले वर्ष से तैयारी कर रहे हैं और पिछले एक माह से मेगा टेस्ट का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी विद्यार्थी पीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफल होंगे, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा आगे की तैयारी के लिए आवासीय कोचिंग कराई जाएगी। यह कोचिंग भी पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी सहित कोचिंग संस्थान व शिक्षा विभाग के विभागीय अधिकारी मौजूद थे ।
———————
03. त्यौहारी सीजन को दृष्टिगत रखते खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क, संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही जारी।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार आगामी त्यौहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण किया जा रहा है तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही भी की जा रही है। खाद्य प्रतिष्ठानों पर 32 हजार रुपए अर्थ दंड अधिरोपित किया गया है। इसमें अमानक विक्रय पर कापसी के मिठाई दुकान को 11 हजार रूपए एवं बिना खाद्य लाइसेंस पंजीयन के खाद्य व्यापार करने और अस्वस्थकर दशाओं पर खाद्य विनिर्माण पर अन्य दो खाद्य कारोबारकर्ता को 21 हजार रूपए का अर्थ दंड अधिरोपित किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा पनीर के तीन नमूने तथा खोवा-पेड़ा अमानक पाए जाने पर मसाला विनिर्माता कंपनी संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है।इस आशय की जानकारी देते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन कांकेर के अभिहित अधिकारी सुष्मित देवांगन ने बताया कि जिले में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से निरंतर खाद्य नमूना भी संकलित किया जा रहा है। इस दौरान दाल के विभिन्न प्रतिष्ठानों से पांच नमूने एवं मैदा, आटा, दलिया, तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों का नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला प्रेषित किया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्हांेने बताया कि जिले के 04 खाद्य कारोबार कर्ताओं को सुधार हेतु इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया है एवं समय-सीमा के भीतर अनुपालन करने हेतु निर्देशित किया गया है।
————————
04. उचित मूल्य दुकान आबंटित करने 06 मार्च तक आवेदन आमंत्रित।
—जिले के विकासखण्ड अंतागढ़ के ग्राम पंचायत नवागांव की आश्रित ग्राम कोटनखोड़ में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान आबंटित किए जाने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंतागढ़ द्वारा इच्छुक पात्र एजेंसियों से 06 मार्च तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समिति (लेम्पस), महिला स्व-सहायता समूह जिनका पंजीयन ग्राम पंचायत में आवेदन पत्र प्रस्तुत करने के कम से कम तीन माह पूर्व पंजीकृत होना चाहिए। साथ ही सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कार्य का अनुभव तथा समूह का कार्यक्षेत्र ग्राम पंचायत नवागांव का होना चाहिए। इसी प्रकार वन सुरक्षा समिति एवं अन्य सहकारी समिति जिनका पंजीयन छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अथवा स्वायत सहकारिता के अधीन तीन माह पूर्व से पंजीकृत हो। ऐसे इच्छुक पात्र एजेंसी उक्त निर्धारित तिथि तक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंतागढ़ में कार्यालयीन समय पर आवेदन जमा कर सकते हैं। इस संबंध में किसी को दावा-आपत्ति हो तो वे 07 मार्च 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
–———————
05. इंडस्ट्रीज एवं बैंकर्स मीट का आयोजन 19 फरवरी को।
—सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की कार्य क्षमता को सुदृढ़ करने, उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने, वित्तीय समाधान, सतत विकास तथा समय से एमएसएमई सेक्टर के उन्नयन हेतु भारत सरकार द्वारा रैम्प योजना लागू की गई है। जिले में उक्त योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु 19 फरवरी को सुबह 10 बजे सेएमएसएमई उद्यमियों के साथ टिकरापारा के एक निजी होटल में इंडस्ट्रीट एवं बैंकर्स मीट का आयोजन किया जाएगा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने इच्छुक उद्यमियों को निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होने का आग्रह किया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर से संपर्क किया जा सकता है।
———————–
06. जनजातीय आयोग के अध्यक्ष द्वारा 20 फरवरी को समीक्षा बैठक।
—छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी की अध्यक्षता में 20 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे से जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित किया जाएगा, जिसमें अनुसूचित जनजातियों के कल्याण हेतु चलाई जा रही योजनाओं का विभागवार समीक्षा किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
———————–
07. अल्पदृष्टि बाधित बच्चे अब पढ़ सकेंगे पुस्तक, किया गया चश्मा का वितरण।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न शालाओं में अध्ययनरत 442 अल्पदृष्टि बाधित बच्चों को चश्मा वितरण किया गया। इन सभी बच्चों को समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विकासखण्ड स्तर पर कार्यरत बी.आर.पी. व स्पेशल एजुकेटर के सहयोग से आंकलन शिविर के माध्यम से बच्चों का ऑखों का जांच कराकर बच्चों को चश्मा वितरण किया गया। अब ये दिव्यांग बच्चे भी आसानी से पुस्तक पढ़ व लिख सकेंगे तथा अपना दैनिक जीवन के क्रियाकलाप आसानी से कर सकेंगें। चश्मा वितरण हेतु बच्चों के चयन के लिए जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालय में आंकलन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों का चिन्हांकन कर विशेषज्ञ डाक्टरों के द्वारा आंखो की जांच किया जाकर चश्मा का नम्बर लिया गया। ऐसे बच्चे जिनके आंखों की जांच नहीं हो पाया, ऐसे अल्पदृष्टि बच्चों का जिला चिकित्सालय में जांच कराया गया तथा सभी पात्र बच्चों के लिए जिला प्रशासन व समग्र शिक्षा के माध्यम से चश्मा उपलब्ध कराया गया।
चश्मा पाकर खुशी जाहिर करते हुए भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के कक्षा 10वीं में अध्ययनरत छात्रा कु. सोनिका भण्डारी ने बताया कि मुझे पुस्तक पढ़ने-लिखने में बहुत परेशानी होती थी, अब चश्मा मिलने पर मैं आसानी से पुस्तक पढ़ व आसानी से लिख सकती हॅू, अभी बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने में कोई परेशानी नहीं होगी। इसी तरह छात्रा कु. कंचन धु्रव, कु. संगीता नरेटी, कु. शिखा चौहान और भूपेन्द्र कठेले ने बताया कि अब चश्मा मिलने से हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है और अब आसानी से अपनी दैनिक जीवन का कार्य कर सकंेगे, इन सभी बच्चों के पालक एवं अभिभावक ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
———————–
08. चिचगांव में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर स्थगित।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा जिले के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चिचगांव में 18 फरवरी बुधवार को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।
———————
09.आज कबीर सत्संग समिति जैसाकर्रा के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय सतगुरु कबीर सत्संग समारोह में भानुप्रतापपुर विधाययक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई। मौके पर पुज्य संत रणजीत साहेब के श्रीमुख से कबीर जी के अमृत वाणी का रसपान किया। समस्त कांग्रेसी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

———————
10.आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण महाअभियान 2026 प्रांतीय कार्यशाला की महत्वपूर्ण बैठक में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए।

———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






