कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
17 दिसंबर 2025 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—

गुरू घासीदास जयंती पर सादर …..
—पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में गुरु घासीदास की जयंती 18 दिसंबर से एक माह तक बड़े पैमाने पर उत्सव के रूप में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है। बाबा गुरु घासीदास का जन्म 1756 में रायपुर जिले के गिरौदपुरी में एक गरीब और साधारण परिवार में हुआ था।गुरू घासीदास बाबाजी ने समाज में व्याप्त जातिगत विषमताओं को नकारा। उन्होंने ब्राम्हणों के प्रभुत्व को नकारा और कई वर्णों में बांटने वाली जाति व्यवस्था का विरोध किया। उनका मानना था कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति सामाजिक रूप से समान हैसियत रखता है। गुरू घासीदास पशुओं से भी प्रेम करने की सीख देते थे। वे उन पर क्रूरता पूर्वक व्यवहार करने के खिलाफ थे। सतनाम पंथ के अनुसार खेती के लिए गायों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिये।
गुरू घासीदास के संदेशों का समाज के पिछड़े समुदाय में गहरा असर पड़ा। सन् 1901 की जनगणना के अनुसार उस वक्त लगभग 4 लाख लोग सतनाम पंथ से जुड़ चुके थे और गुरू घासीदास के अनुयायी थे। छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारायण सिंह पर भी गुरू घासीदास के सिध्दांतों का गहरा प्रभाव था। गुरू घासीदास के संदेशों और उनकी जीवनी का प्रसार पंथी गीत व नृत्यों के जरिए भी व्यापक रूप से हुआ। यह छत्तीसगढ़ की प्रख्यात लोक विधा भी मानी जाती है।गुरु घासीदास विश्वविद्यालय भारत का एक केन्द्रीय विश्वविद्यालय है। इसकी स्थापना 16 जून 1983 को तत्कालीन मध्यप्रदेश के बिलासपुर में हुई थी।
मप्र के विभाजन के पश्चात बिलासपुर छत्तीसगढ़ में शामिल हो गया। जनवरी 2009 में केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश में केंद्रीय विश्वविद्यालय अधिनियम 2009 के माध्यम से इसे केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया।औपचारिक रूप से गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (GGU), राज्य विधानसभा के अधिनियम द्वारा स्थापित किया गया था, औपचारिक रूप से 16 जून 1983 को उद्घाटन किया गया। यह भारतीय विश्वविद्यालयों के संघ और राष्ट्रमंडल विश्वविद्यालय संघ का एक सक्रिय सदस्य है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से बी+ के रूप में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय है। सामाजिक और आर्थिक रूप से चुनौती वाले क्षेत्र में स्थित विश्वविद्यालय को उचित नाम, महान संत गुरू घासीदास (जन्म 17 वीं सदी में) के सम्मान स्वरूप दिया गया जिन्होने दलितों, सभी सामाजिक बुराइयों और समाज में प्रचलित अन्याय के खिलाफ एक अनवरत संघर्ष छेड़ा था।
विश्वविद्यालय एक आवासीय सह सम्बद्ध संस्था है, इसका अधिकार क्षेत्र छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुर राजस्व डिवीजन है। गुरु बाबा घासीदास की जन्मभूमि व तपोभूमि गिरौदपुरी में राज्य शासन द्वारा कुतुब मीनार से भी लगभग पांच मीटर ऊंचे जैतखाम का निर्माण करवाया गया है। यह जैतखाम वायुदाब और भूकम्परोधी है। इसमें आग और आसमानी बिजली से बचाव के लिए उच्च तकनीकी प्रावधान भी किए गए हैं।जैतखाम की बुनियाद का व्यास 60 मीटर है। इसके आधार तल पर लगभग दो हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है और एक विशाल सभागृह का निर्माण भी किया गया है।पहली मंजिल से आखिरी मंजिल तक सात बालकनियां भी बनाई गई हैं, जिनमें प्रवेश करने वाले लोग आस-पास के सुंदर प्राकृतिक दृश्यों का अवलोकन कर सकेंगे और सबसे ऊंची मंजिल तक बढ़ते हुए कुछ देर के लिए विश्राम भी कर सकेंगे।जैतखाम में नीचे-ऊपर आने-जाने के लिए स्पायरल सीढ़ियों का भी निर्माण किया गया है। इसके अलावा वृद्धजनों, नि:शक्तजनों, बच्चों और महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष रूप से लिफ्ट भी बनाए गए हैं।।
✍️मनोज जायसवाल
————————
01. अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा चारामा में आयोजित 51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ,राष्ट्र जागरण,युग संदेश एवं प्रज्ञा पुराण की कथा चौथे अंतिम दिवस टोली की विदाई।
—अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा चारामा में आयोजित 51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ,राष्ट्र जागरण,युग संदेश एवं प्रज्ञा पुराण की कथा चौथे अंतिम दिवस पर आज गायत्री महायज्ञ एवं विभीन्न संस्कार हरिद्वार से आये प्रमुख महाराज प्रमोद वार्चे द्वारा सम्पन्न कराया गया। इसमें पुंसवन संस्कार 17 दीक्षा संस्कार 26 मुंडन 16 उप नयन 07 तथा विद्यारंभ के 26 संस्कारों के साथ कुल 80 संस्कार सम्पन्न कराये गये।

आयोजन में विभीन्न स्टाल लगाये गये थे,जहां सबसे अहम साहित्य के स्टाल में गुरूदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया माताजी की किताबें लोगों ने खुब खरीदी की जो इस बात को प्रमाणित करता है कि आज भी लोग इस सोशल मीडिया के दौर में अच्छे साहित्य में रूचि रखते हैं। इस स्टाल से मिली जानकारी मुताबिक सबसे ज्यादा ”व्यक्तित्व निर्माण” संदर्भित साहित्य ज्यादा बिकी।
इस आयोजन में बाहर से आये अतिथियों के आवासीय सुविधा के संदर्भ बताते चलें तो पुरूषों के रूकने के लिए नगर के शीतला मंदिर के पास सोनकर भवन एवं महिलाओं के लिए आशीर्वाद भवन में व्यवस्था रखी गई थी जहां तीन आयोजन के दौरान तकरीबन 277 लोगों ने लाभ लिया।

स्वास्थ्य विभाग के स्टाल में आज की तारीख में ब्लड प्रेशर के 05 दर्द के 03, ओआरएस के 03 अन्य मर्ज के 03 लोगों ने लाभ लिया जो जानकारी स्वास्थ्य विभाग के आरएचओ श्रीमती हीरा कोर्राम ने सशक्त पथ संवाद कांकेर टॉप 10 के लिए जानकारी दी।
टोली की विदाई में प्रमोद वार्चे लोगों के स्नेह से भावुक हो गये। उन्होंने यहां के भोजनालय में व्यवस्था सहित अन्य सभी व्यवस्था का बखुबी निर्वहन करने वालों का आभार जताते कहा कि जिस प्रकार से भोजनालय में मानवता के सेवार्थ आज सबको भोजन कराया ईश्वर ऐसी शक्ति दे कि आगे भी सबको भोजन कराने में सक्षम होंगे।
यह बताते चलें कि इस आयोजन में लोगों ने सहयोग के लिए बढचढ कर भाग लिया। सहयोग के लिए यदि हम नाम गिनायें तो यह पेज भी कम पडेगी। कुल मिलाकर यह कार्यक्रम बेहद सफल रहा। यही कारण है कि जिले में आने वाले भविष्य में 108 कुण्डीय गायत्री यज्ञ का विचार भी सामने आ रहा है। कब किस जगह होगा ! यह आने वाले समय में लोगों को जानकारी मिल जायेगी।
————————
02.अस्पृश्यता निवारण सदभावना शिविर 19 दिसम्बर को।
—नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम 1955 तथा अनुसूचित जनजाति अधिनियम 1989 के प्रावधानों के क्रियान्वयन के तहत आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के तत्वावधान में अस्पृश्यता निवारणार्थ सदभावना शिविर का आयोजन आगामी 19 दिसम्बर को चारामा विकासखण्ड के ग्राम आंवरी में किया जाएगा। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि उक्त शिविर दोपहर 02 बजे से आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग उपस्थित रहेंगे तथा अध्यक्षता भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेण्डी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, छ.ग. हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण नरेटी सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंथी नृत्य, विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण तथा मुख्य वक्ताओं के द्वारा उद्बोधन भी दिया जाएगा।
———————
03. ग्राम पंचायत भैंसगांव में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर 19 दिसम्बर को।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के आम नागरिकों की आवश्यकताओं, शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 19 दिसम्बर शुक्रवार को अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भैंसगांव के हाई स्कूल प्रांगण में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें ग्राम पंचायत भैंसगांव, बैहासाल्हेभाट, फुलपाड़, कोलर, कोसरोण्डा, मंगतासाल्हेभाट, तालाबेड़ा, ताड़ोकी एवं बोंदानार इत्यादि ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। शिविर में शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया जाएगा, साथ ही योजनाओं का लाभ उठाने में कोई कठिनाई आ रही हो तो उसका समाधान भी शिविर में किया जाएगा। कलेक्टर ने जनसमस्या निवारण शिविर में सभी जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय एवं क्लस्टर स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
———————
04.एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 24 दिसम्बर को।
— जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 24 दिसम्बर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 421 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में सिक्युरिटी गार्ड के 300 पद, सिक्युरिटी सुपरवाइजर के 50 पद, वेल्डर के 05, फिटर के 02, ग्राइंडर मेन के 01, प्रिंटर पावर कटिंग के 01, कम्प्यूटर ऑपरेटर के 01, फिल्ड ऑफिसर के 50 और कलेक्शन ऑफिसर के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदक ई-रोजगार के पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।
———————–
05. पॉलीटेक्निक में आयोजित कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव में 10 विद्यार्थियों का चयन।
— शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में रायपुर की निजी फर्म के द्वारा क्षेत्र के इंजीनियरिंग डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में राज्यस्तरीय कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया़। यह प्लेसमेंट ड्राइव इंजीनियरिंग डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए था जिसको अच्छा प्रतिसाद मिला। प्लेसमेंट ड्राइव के इंटरव्यू में मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के कुल 30 अभ्यर्थियों ने भाग लिया तथा कुल 10 अभ्यर्थी इसमें चयनित हुए। चयनित अभ्यर्थियों में अभिषेक कुमार मिश्रा, दीपचंद एक्का, सूरज साहू, सोमेश साहू, योगेश कुमार पटेल, आयुष नामदेव, यशपाल सिन्हा, और टिकेश्वर शामिल हैं।
–———————
06.विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य : जिले में 94 प्रतिशत सत्यापन पूर्ण। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ 18 दिसम्बर तक करेंगे सत्यापन।
— भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची के सत्यापन हेतु 04 नवम्बर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य जारी है। इसी क्रम में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रांतर्गत मतदान केन्द्रों के लिए नियुक्त बीएलओ के द्वारा मतदाताओं के घरों में जाकर सत्यापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो कि अब अंतिम चरण में है। यह कार्य गुरूवार 18 दिसम्बर तक चलेगा।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार कुर्रे ने इस संबंध में बताया कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के अंतागढ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79, भानुप्रतापपुर-80 और कांकेर-81 में बीएलओ द्वारा निर्वाचक गणना प्रपत्रों का वितरण कर मतदाताओं का डिजिटाइजेशन व सत्यापन का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 05 लाख 69 हजार 601 मतदाता पंजीकृत है, इनमें से अब तक 05 लाख 35 हजार 250 यानी लगभग 94 प्रतिशत के मतदाताओं के घर-घर जाकर निर्वाचक गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन कार्य किया जा चुका है। इनमें अंतागढ़ विधानसभा अंतर्गत 01 लाख 66 हजार 835 मतदाता (92.52 प्रतिशत), भानुप्रतापपुर में 01 लाख 94 हजार 397 (94.86 प्रतिशत) और कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 74 हजार 018 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को 18 दिसम्बर तक सत्यापन का कार्य शतप्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
———————–
07. रजत जयंती वर्ष पर थर्ड जेंडर समुदाय के लिए कार्यशाला 19 दिसम्बर को।
— छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा इस साल रजत वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा 19 दिसम्बर को तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) समुदाय के लिए कार्यशाला एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके तहत कलेक्टोरेट स्थित कंपोजिट बिल्डिंग के सभाकक्ष में सुबह 11.30 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
———————–
08.जिले में अब तक 14 लाख 60 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी संपन्न।
—खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149़ उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 14 लाख 60 हजार 395 क्विंटल धान की खरीदी संपन्न हो चुकी है। इसमें 14 लाख 39 हजार 343 क्विंटल मोटा धान तथा 19 हजार 964 क्विंटल पतला और 01 हजार 87 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए सभी किसानों को अब सप्ताह के सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से तथा उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर टोकन प्राप्त करने की सुविधा प्रारंभ हो गई है। उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 149 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं तथा धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
———————–
09.हत्या के प्रयास के आरोपी को थाना दुर्गूकोंदल पुलिस ने किया गिरफ्तार।
— पुलिस विज्ञप्ति जानकारी मुताबिक प्रार्थी नील सिंह गायकवाड़ पिता स्व0 रूंगूराम गायकवाड़ उम्र 51 वर्ष निवासी खुटगांव थाना दुर्गूकोंदल जिला उ0ब0कांकेर का दिनांक 16/12/2025 को शाम करीबन 07/15 बजे अपने दोस्त संजय गिरी गोस्वामी के साथ अशोक जैन निवासी दुर्गूकोंदल बाजार लाड़ी के पास घर खाना खाने गये थे कि अशोक जैन के घर पहुंचे तो वहां संजय गिरी गोस्वामी खाना मांगा तो गंदी गंदी गाली देने लगा और गुस्से में आकर आज तुम्हे जान से मार दूंगा कहते हुये हत्या करने की नीयत से अपने घर में रखे टंगिया से संजय के सिर में मारा जिससे उसके सिर में गंभीर चोंट लगी है कि घटना को देखकर नील सिंह गायकवाड़ बीच बचाव किया प्रार्थी नील सिंह गायकवाड़ की रिपोर्ट पर आरोपी अशोक जैन के विरूद्ध थाना दुर्गूकोंदल में अपराध क्रमांक 47/2025 धारा 296, 109 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना किया जा रहा है। प्रकरण के आरोपी अशोक जैन ग्राम सराधुनवागांव थाना चारामा हाल बाजारपारा दुर्गूकोंदल के मिलने पर घटना के बारे में पूछने पर अपराध घटित करना कबुल किया, आरोपी अशोक जैन से घटना में प्रयुक्त 01 टंगिया जप्त किया गया और आरोपी को आज दिनांक 17/12/2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड़ पर भेजा गया है।

———————-
10. शासकीय भानुप्रतापदेव स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय, कांकेर मे एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर हस्ताक्षर अभियान।
— गत 16 दिसंबर 2025 को शासकीय भानुप्रतापदेव स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय, कांकेर में एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर सभी विद्यार्थियों से मिलकर इस विषय पर बातचीत कर उन्हें अपना समर्थन अपने हस्ताक्षर के माध्यम से देने हेतु आग्रह किया गया ।
आज देश में प्रत्येक वर्ष कहीं ना कहीं किसी न किसी राज्य में चुनाव की प्रक्रिया चल ही रही होती है हम जानते हैं की छत्तीसगढ़ में रहते हुए भी हमें विधानसभा उसके बाद लोकसभा की नगरी निकाय पश्चात पंचायत चुनाव को देखना पड़ता है । इस दौरान लगने वाले आचार संहिता से सारे काम रुक जाते हैं, जिसका नुकसान आमजन को ही चुकाना पड़ता है, और अलग-अलग समय पर होने वाले चुनाव से देश की आर्थिक बर्बादी का आकलन भी किसी से छुपा नहीं है। सन 1967 तक एक साथ चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी, किंतु बाद में अलग-अलग राज्यों के विधानसभा भंग होने और अन्य परिस्थितियों के चलते इसमें अंतर आ गया चुनाव की प्रक्रिया में लगने वाला सुरक्षा और अन्य कार्यवाही में होने वाला खर्च यदि एक साथ चुनाव होगा तो निश्चित ही इसका लाभ देश की जनता को मिलेगा वह पैसा जनकल्याणकारी योजनाओं में लग सकेगा। इन सभी बातों को लेकर शासकीय भानुप्रतापदेव स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय,कांकेर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया जिसमें मुख्य रूप से इस “स्टूडेंट फॉर वन नेशन वन इलेक्शन” कार्यक्रम के जिला संयोजक रोशन साहू और सह-संयोजक अमन जैन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर विजय रामटेके सर ,प्रदेश संयोजक भूपेंद्र नाग और पोषण शंकर जैन, राहुल जैन उपस्थित रहे।

———————-
लखनपुरी से लगे कानापोंड राजमार्ग 30 पर हादसा
-यह हादसा तकरीबन 11.30 को राजमार्ग 30 कानापोंड केरा रपटा के पास उसी जगह पर हुआ जहां कुछ दिन पहले विद्युत विभाग के लाईन मेन श्रीनिषाद हादसे का शिकार हुए थे,जहां उनका पैर फ्रेक्चर होने के बाद धमतरी रिफर किया गया था,जहां वो आज भी घर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। आज की घटना मे कांकेर नगर के सेठ माहेश्वरी के यहां काम करने वाले जैसाकर्रा,चारामा निवासी कर्मचारी हेमप्रसाद कुर्रे कांकेर की ओर जा रहा था कि चारामा की ओर जा रहा अज्ञात मोटर सायकल इनके मोटर सायकल से टकरा कर आगे बढ गया। इनका पैर फ्रेक्चर हो गया मुंह में भी चोट लगने से खुन बह रहा था। लोगों ने मदद की और इन्हें हाईवे पेट्रोल वाहन से कांकेर रिफर किया गया।

———————-
—छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग चयन परीक्षा वर्ष 2023-24 के अंतर्गत दिनांक 09.12.2025 के प्रकाशित सूची में जिला बस्तर हेतु चयनित आरक्षक (जी.डी. चालक ट्रेड) वर्ग के समस्त अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि, नियुक्ति संबंधी अग्रिम कार्यवाही हेतु अनुप्रमाणन फार्म https://kanker.cgpolice.gov.in से डाउनलोड/पुलिस अधीक्षक कार्यालय जिला उत्तर बस्तर कांकेर (स्थापना शाखा) से प्राप्त कर अनुप्रमाणन फार्म भरकर विशेष रूप से बिन्दु क्रमांक-13 में मोहल्ले के दो ऐसे उत्तरदायी व्यक्तियों या दो परिचित व्यक्ति के नाम पता तथा हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से करावें एवं पृष्ठ क्रमांक 04 में आवश्यक रूप से फार्म में दर्शित एक राजपत्रित अधिकारी से हस्ताक्षर एवं पदमुद्रा का सील लगवाना अनिवार्य है। आपराधिक प्रकरण दर्ज होने अथवा निरंक होने के संबंध में स्पष्ट उल्लेख करें एवं आपराधिक रिकार्ड से संबंधित न्यायालय निर्णय की सत्यप्रति के साथ नोटरी शपथ पत्र अनुप्रमाणन फार्म दिनांक 17,18,19.12.2025 को कार्यालयीन समय (प्रातः 10:30 बजे से शाम 05:30 बजे तक) में स्वयं मूल समस्त दस्तावेजों के साथ जाँच/सत्यापन हेतु रक्षित केन्द्र कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर में उपस्थित होना सुनिश्चित करे।
———————-
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–







