आज की टॉप 10 खबर 16 सितंबर 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
16  सितंबर  2025 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

——————— 
संपादकीय—

कहां गए कहानी के रूप में ज्ञान की बातें करने वालेॽ
—आप लोग किसी से आम चर्चा कर रहे हों तो कई दफा ऐसे वाक्यात आता है,जब लोग मुहावरों,कहावतों का प्रयोग करते हैं। ठीक ऐसे ही कई लोग ऐसे हैं जो चर्चाओं के दौरान सामने आने वाली समस्या का हल कहानी से पूरा करते हैं। जिसमें एक बड़ी सीख भी होती है। संभवतया इस प्रकार लघुकथा का जन्म हुआ होगा। कहानी लेखन इतना सहज और सरल नहीं है। कहानीकार को उन सारी बातों का ख्याल रखना होता है कि किसी वर्ग विशेष को ठेस न लगे। अंत में कहानी कोई सीख भी देती हो। आलेख की तरह जीवंतता का प्रमुख स्थान है। जरूरी नहीं है कि कहानी भौतिक रूप में बीच चुकी हो पर यह समाज के बीच लोक जीवन पर अपनी बातें बयां करती नजर आये। जानेमाने साहित्यकार कहानीकार प्रेमचंद की कहानियां जबकि उस काल में लिखी गयी है,लेकिन आज भी वर्तमान लोक जीवन को बयां करती दिखायी देती है। अनावश्यक घुमाव फिराव को न लेते कम शब्दों में ज्यादा कुछ कहा जा सके इसका भी ध्यान रखी जावे। आज के सोशल पटल में कई पोर्टल कहानी के नाम पर इतने लंबी लंबी कहानियां परोस रहे हैं,जिसे पूर्णतः एकाएक पाठक नहीं पढ़ सकता। उलुल जुलूल शब्दों का प्रयोग करने वाले ये तथाकथित आधुनिक लेखक कहानी को बढ़ाने के नाम समाज के रिश्तों की परवाह किए बगैर जबर्दस्ती गलत परिकल्पनाओं का सहारा लेकर ऐसे मैटर रूपी मसाले डाल रहे हैं, जिसे पाठक भी समझते हैं। आज बालीवुड फिल्मों में फिल्में स्टोरीप्रधान नहीं रही। जबकि बालीवुड के जन्म काल में आज भी जो फिल्में याद की जाती है वह सब स्टोरी प्रधान रही है। समाज को बड़ा संदेश देने वाली ये फिल्में हमेशा के लिए अमिट है। कथावाचकों के मंचों पर भी आज महाराज के सामने प्रश्नों की झड़ी तो फिल्मों के गीतों की धुनों पर भगवान का स्मरण किया जा रहा है,जिसमें वाद्य यंत्रों का भी खासा स्थान है,जिसके चलते लोगों को विभोर होते देर नहीं लगता और अंततः नाचगान तक हो जाता है। मूल रूप से गए थे कथा श्रवण करने और पूछो तो कोई एक कथा भी बता पाएं तो मुश्किल। क्योंकि वहां तो लगातार कोई कथा ही नहीं बताया गया बीच बीच में नाचगान में जो सुना वो भी भूल गए। मूल रूप से कहानी लिखना,उसे प्रसारित करते हुए मंच से कहानी बताया जाना क्योंकि प्रस्तुति का तरीका कैसा है यह भी महत्वपूर्ण है।
—मनोज जायसवाल
————–

विशेष—
कलेक्टर जनदर्शन में मिले 44 आवेदन। ग्राम कोटेला के ग्रामीणों ने नवीन पंचायत भवन निर्माण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया
— जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 44 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए अग्रेषित किया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कोटेला के सरपंच सहित ग्रामीणों ने नवीन पंचायत भवन स्वीकृति के लिए कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार ग्राम कुर्रूभाट में नवीन आंगनबाड़ी भवन, ग्राम धौराभाट में पुराने जर्जर भवन को डिस्मेंटल करते हुए अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा जर्जर शाला भवन की मरम्मत, ग्राम पंचायत गितपहर में सामुदायिक शौचालय निर्माण, सोख्ता गड्ढा निर्माण, सौर ऊर्जा लाइट लगाने, आंगनबाड़ी और प्राथमिक शाला जर्जर की मरम्मत कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम हाटकोंदल में नल जल योजना अंतर्गत सौर ऊर्जा लगाने, ग्राम पंचायत छोटेबेठिया में नवीन धान खरीदी केन्द्र संचालन कराने, तुएगहन में पुल एवं सड़क निर्माण, आवास योजना दिलाने, आर्थिक सहायता दिलाने जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर डीएफओ भानुप्रतापपुर हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।
————— 
विशेष—
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव : जिला स्तर पर “मेधावी बिटिया सम्मान” का आयोजन 17 सितम्बर को
—छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्ष 2025-26 को रजत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार 17 सितंबर को प्रातः 10 बजे संयुक्त कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय रजत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी है कि कार्यक्रम में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत जिले के प्रत्येक विकासखण्ड से चयनित शासकीय स्कूलों की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली प्रथम 03-03 बालिकाओं को “मेघावी बिटिया सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रोत्साहित करना एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत जिला महिला सशक्तिकरण टीम एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा छत्तीसगढ़ शासन एवं भारत सरकार द्वारा संचालित महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी आमजन को प्रदान की जाएगी। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें नागरिकों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
————–

 

01.नियद नेल्लानार योजना के तहत ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं में विस्तार करें : कलेक्टर 

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने लंबित प्रकरणों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना तथा एलडब्ल्यूई सर्वे के तहत आने वाले ग्रामों में शत-प्रतिशत मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने इन गांवों में निवासरत परिवारों को मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाते खोलने, पीएम किसान योजना के तहत पंजीयन कराने तथा सभी के आधार, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।आज सुबह 10.30 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नियद नेल्लानार योजना तथा एलडब्ल्यूई के तहत आने वाले ग्रामीणों को प्राथमिकता से योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसके लिए संबंधित विभागीय जिला अधिकारी और जनपद पंचायत के सीईओ इसे गंभीरता से लें। उन्होंने इन क्षेत्रों में भवनविहीन 16 प्राथमिक शालाओं के लिए भवन डीएमएफ मद से स्वीकृत करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने ‘लक्ष्य’ अभियान के तहत जिले के विद्यार्थियों को जोड़ते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। इसके अलावा स्कूलों में विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने में तेजी लाने के निर्देश डीईओ एवं सभी एसडीएम को दिए। इसी तरह उत्कृष्ट शालाओं को उनकी गरिमा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए विशेष प्रयास करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने भानुप्रतापपुर तथा पखांजूर क्षेत्र के सभी संवेदनशील ग्रामों में विद्युतीकरण के लिए कार्यपालन अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। साथ ही इन गांवों में कैम्प लगाकर ग्रामीणों के खाते खोलने के निर्देश लीड बैंक मैनेजर को दिए।बैठक में कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन भवनों का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, उनका पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त कर वहां आंगनबाड़ी संचालित करें तथा स्वीकृति के बावजूद 4-5 साल से लंबित निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ ऐसे कार्यों को तत्काल निरस्त करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ और जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में स्टॉफ समय पर पहुंचे, इसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लगातार मॉनिटरिंग करने और जीवनदीप समिति की राशि का उपयोग अस्पताल की सुविधाओं में विस्तार करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सभी विभाग के अधिकारियों को योजनावार एक ही खाता संधारित करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑफिस के तहत सभी कार्यालयों में पत्राचार और नोटशीट ऑनलाइन माध्यम से ही प्रस्तुत करने तथा सभी अधीनस्थ कार्यालयों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्रता से गुणवत्तापूर्ण ढंग से उनका निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर डीएफओ भानुप्रतापपुर  हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय   जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं   ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

चित्र—समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिये अधिकारियों को निर्देश

————–

02. राष्ट्रीय कवि संगम छत्तीसगढ़ प्रांत इकाई ने किया अनिल कुमार मौर्य ‘अनल ‘का सम्मान।

—गत 14 सितंबर हिंदी दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय के सभागार में राष्ट्रीय कवि संगम छत्तीसगढ़ प्रांत इकाई द्वारा प्रांतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जहां पर कांकेर शहर के शिक्षक एवं साहित्यकार अनिल कुमार मौर्य ‘अनल ‘को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया इसके मुख्य अतिथि शशांक शर्मा राष्ट्रीय महामंत्री महेश कुमार शर्मा प्रांतीय अध्यक्ष योगेश अग्रवाल प्रांतीय महामंत्री उर्मिला देवी उर्मी कार्यक्रम प्रभारी कमल शर्मा कार्यक्रम संयोजक आदित्य विक्रम वर्मन वरिष्ठ साहित्यकार मीर अली मीर साथ ही साथ बड़ी संख्या में अलग-अलग जिले से आए कविग‌‌ण उपस्थित थे।

चित्र—महंत घासीदास संग्रहालय‚रायपुर सभागार में सम्मानित होते कांकेर के साहित्यकार अनिल मौर्य ‘अनल’

————–

03.सेवा पखवाड़ा दिवस का आयोजन 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक।

—राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक विकासखण्ड स्तर, ग्राम स्तर एवं विद्यालय स्तर पर सेवा पखवाड़ा दिवस आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकाय के मुख्य नगरपालिका अधिकारी निर्देशित किया है कि शिविरों का आयोजन किया जाकर दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार उपकरणों का वितरण किया जाए। शिविर में पेंशन निराकरण एवं यू.डी.आई.डी. कार्ड बनाए जाने के साथ ही शिविर स्थल में उनका वितरण करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। जिले में संचालित वृद्धाश्रमों में कार्यक्रम किया जाकर उन कार्यक्रमों में वृद्धजनों का सम्मान एवं आवश्यकतानुसार सामग्री वितरण करने के लिए भी कहा है। विभाग अंतर्गत संचालित विद्यालयों में पेंटिंग, गायन, स्लोगन राइटिंग एवं अन्य प्रतियोगिता का आयोजन विकासखण्डवार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 01 अक्टूबर को नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्थित डोम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वृद्धजनों का सम्मान किया जाकर सहायक उपकरण भी वितरित किया जाएगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारी उप संचालक समाज कल्याण कांकेर को नियुक्त किया है। रजत जयंती के अवसर पर 17 सितम्बर को समाज कल्याण विभाग द्वारा शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय कोदाभाट में दिव्यांगजन सम्मान एवं खेल का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 21 सितम्बर को शिक्षा, उच्च, पुलिस, खेल युवा कल्याण, वालेंटियर्स, रेडक्रास एवं एनसीसी विभाग द्वारा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। 27 सितम्बर को जिले के सभी जनपदों में आंकलन, चिन्हांकन, यूडीआईडी एवं पेंशन समाधान संबंधित विभाग के द्वारा किया जाएगा। इसी प्रकार 28 सितम्बर को जिला स्तर पर मेडिकल प्रमाणीकरण एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। जिला स्तर एवं जनपद पंचायतों में 01 अक्टूबर को जिला स्तरीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम तथा 02 अक्टूबर को जिला एवं जनपद पंचायतों में नशामुक्ति भारत अभियान अंतर्गत नशामुक्ति रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

————–

04.पॉलीटेक्निक कांकेर में सड़क सुरक्षा पर सेमिनार सम्पन्न।

— शासकीय पॉलीटेक्निक कांकेर में यातायात विभाग के तत्वाधान में सड़क सुरक्षा पर सेमिनार संपन्न हुआ। इस अवसर पर यातायात विभाग द्वारा छात्रों एवं संस्था के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए शिविर लगाकर ड्राडविंग लाइसेंस, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट, वाहन प्रदूषण जांच एवं अन्य यातायात संबंधी सुविधाए प्रदान की गई। सड़क सुरक्षा सेमिनार के अंतर्गत स्वयं सेवा संगठन इलेवन टॉस्क फोर्स के वालिंटीयर्स द्वारा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन करने का अनुरोध किया गया और हेलमेट की अनिवार्यता पर भी प्रकाश डाला गया। वालिंटियर्स द्वारा सड़क दुर्घटना को रोकने एवं छात्र-छात्राओं के उसमें योगदान के बारे में विस्तृत निर्देश दिये। उन्होंने ड्रिंक एंड ड्राइव को सड़क दुर्घटना का मुख्य कारण बताते हुए अपील की कि नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलायें। साथ ही ऐसा ही अनुरोध अपने परिवार के सदस्यों से भी करने की अपील की।यातायात शिविर में विभाग के अधिकारियों द्वारा 16 नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का लर्निंग लाईसेंस बनाया गया। इन नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को ऑन-द-स्पाट लर्निंग लाईसेंस प्रदान कर गुलाब के फूलों द्वारा स्वागत किया गया। शिविर में 5 हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट भी वितरित किये गये तथा वाहन प्रदूषण जांच भी किया गया एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

चित्र—सडक सुरक्षा पर सेमीनार अवसर।

————–

05. दानवीर भामाशाह सम्मान हेतु 21 सितम्बर तक प्रविष्टि आमंत्रित

—छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष राज्योत्सव के अवसर पर दानशीलता, सौहार्द्र एवं अनुकरणीय सहायता प्रदान करने वाले उत्कृष्ट व्यक्ति, संस्था को ’दानवीर भामाशाह सम्मान प्रदान किया जाता है। सम्मान स्वरूप पुरस्कार रूप में 01 लाख रूपए नगद एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।छत्तीसगढ़ में सभी वर्गों में दानशीलता एवं राष्ट्रप्रेम तथा उनके उत्थान के क्षेत्र में दीर्घकाल से संलग्न प्रदेश के ऐसी स्वैच्छिक संस्था अथवा व्यक्ति का चयन किया जायेगा, जिसका पिछला कार्य उत्कृष्ट रहा है और जो वर्तमान में भी उस क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। व्यक्ति अथवा संस्था के योगदान का संबंधित कार्य क्षेत्र में व्यापक प्रभाव परिलक्षित होना चाहिए। शासकीय एवं अर्द्धशासकीय संस्थाएं अथवा इनमें कार्यरत शासकीय अथवा अर्द्धशासकीय सेवक सम्मान के लिए पात्र नहीं होंगे। जिले के पात्र व्यक्ति अथवा संस्था 21 सितम्बर तक समाज कल्याण विभाग कार्यालय में अपनी प्रविष्टि प्रस्तुत कर सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए भी उक्त कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

————–

06. पंडरीपानी‚चारामा में आयोजित संगीतमय रामधुनी सम्मेलन में  शामिल हुई भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी।

 —चारामा विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी ( चारामा ) में आयोजित संगीतमय रामधुनी सम्मेलन में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी शामिल हुई। आमजनों को संबोेधित करते कहा कि यह कार्यक्रम वह केवल मनोरंजन का ही साधन नही, अपितु आत्मभंजन का विषय है । श्रीराम कथा को सुनकर उसे आत्मसात कर अपने जीवन में बदलाव लाना है। इस अवसर पर नरेन्द्र यादव, पूर्व सदस्य गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़,सूरज उइके स‌रपंच पंडरीपानी, श्रीमती सोनिया साहू उप सरपंच पंडरीपानी, महेन्द्र नायक प्रदेश महासचिव छात्र संगठन छत्तीसगढ़, हेतराम मंडावी, मनीराम सिन्हा,पुस‌ऊराम चन्द्रवंशी, सुनील महावीर, वासुदेव चन्द्रवंशी , आयोजन समिति के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

चित्र—पंडरीपानी(चारामा)रामधुनी सम्मेलन में दर्शकों को संबोधित करती विधायक सावित्री मनोज मंडावी।

————–

07.प्रेस,पुलिस के बाद अब विधायक के नेम प्लेट वाली वाहन? दुर्घटना से पता चला वरन….

—लाल रंग की जो कार दुर्घटनाग्रस्त हुई तब पता चला कि कार में लाल रंग की नेम प्लेट में सुनहरे शब्दों में विधायक नरहरपुर अंकित है। खबर ने सबको चौका दिया! अब कैसे कोई विधायक जैसे पद को भी उपयोग कर सकता है। लेकिन उपयोगकर्ता को यह भी नहीं पता कि नरहरपुर विधानसभा क्षेत्र है। यह तो कांकेर विधानसभा में आता है। खैर! यह तो जांच के बाद पता चलेगा। लेकिन यह गंभीर मामला है। अभी कांकेर विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का बयान सामने नहीं आ पाया है,देखना होगा कि क्या कहानी है। लेकिन कांकेर ही नहीं पूरे छत्तीसगढ में प्रेस एवं पुलिस लिखी गाडियों की संख्या बढ गई है। कई बार प्रेस लिखे वाहनों पर कार्रवाई की बात सामने आई पर ठोस कार्रवाई कभी नहीं हुई। जबकि ऐसे लोग चारपहिया वाहनों में प्रेस लिखा कर घुम रहे हैं, जिनका प्रेस से ही लेनादेना नहीं है,ना ही पीआरओ मे नाम दर्ज नहीं है। कांकेर,बस्तर जैसे संवेदनशील जगहों पर उनके द्वारा जो प्रेस से संबद्व ही नहीं है,कडी चालानी कार्रवाई किया जाना चाहिए।

————–

08.आदि कर्मयोगी अभियान : 02 अक्टूबर तक आयोजित होगा आदि सेवा पर्व पखवाड़ा। संबद्ध विभागों को परस्पर समन्वय के साथ गतिविधियां आयोजित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश।

—भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार बुधवार 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक आदि सेवा पर्व तथा सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी विकासखंडों में महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों परस्पर समन्वय के साथ विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर पर गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक आदि सेवा पर्व, सेवा पखवाड़ा जिले के सभी धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत् चिन्हांकित 552 ग्रामों में मनाया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स, आदि सहयोगी, आदि साथी स्वयंसेवी संस्थान के प्रतिनिधि तथा ग्रामवासियों की सहभागिता से ग्राम का भ्रमण कर समस्याओं की जानकारी लेंगे तथा ग्राम की जरूरतों पर चर्चा कर विलेज विजनिंग एक्सरसाइज के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में क्रिटिकल गैप की पहचान कर सहमति के आधार पर सहभागी रूप से विलेज एक्शन प्लान तथा सामाजिक संसाधन मानचित्र (आज की स्थिति में व भविष्य के लिये) तैयार करने की कार्यवाही की जाएगी, जिसमें ग्राम के युवाओं एवं महिलाओं की भी सक्रिय भूमिका होगी। यह कार्यवाही 17 से 26 सितंबर 2025 तक पूर्ण की जावेगी। इसके अलावा 02 अक्टूबर 2025 को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभा में प्रत्येक ग्राम में तैयार किये गये विलेज एक्शन प्लान पर चर्चा एवं अनुमोदन की कार्यवाही की जाएगी। इसी दिन आयोजित विशेष ग्राम सभा में माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान पर ग्रामों को प्रेषित की जाने वाली पाती का वाचन किया जाएगा, साथ ही आदि सहयोगी/आदि साथी एवं ग्रामसभा के सभी सदस्यों एवं अन्य सहभागियों को अपने ग्राम को विकसित करने हेतु आदि शपथ दिलाई जावेगी।इसके अलावा आदि सेवा पर्व के दौरान सभी छात्रावास/आश्रमों में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा तथा वृक्षारोपण (प्रत्येक छात्रावास/आश्रमों में 11 पौधे) और छात्र-पालक सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी छात्रावास/आश्रमों में विकसित भारत एवं आदि कर्मयोगीअभियान पर चित्रकला, निबंध लेखन आदि कार्यक्रम का आयोजन किया जावेगा। इसके अतिरिक्त जिले में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय एवं क्रीड़ा परिसर में विभिन्न खेलों का भी आयोजन किया जावेगा।उल्लेखनीय है कि भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई 2025 को आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसकी परिकल्पना विश्व के सबसे बड़े जनजाति नेतृत्व आंदोलन के रूप में की गई है जो कि उत्तरदायी शासन एवं योजना निर्माण को संस्थागत रूप देने तथा आदिवासी क्षेत्र में अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित किया जाना है। यह अभियान जिले के 07 विकासखंड अंतर्गत कुल 552 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में क्रियान्वित किया जा रहा है। अभियान के तहत् लाईन विभागों (वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग) के साथ आदि कर्मयोगी अभियान के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक पहल की जा रही है।

————–

09.राष्ट्रीय पोषण माह पर बैठक आयोजित।  कलेक्टर ने अधिकारियों को दिलाया सुपोषण का संकल्प।

— महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत राष्ट्रीय पोषण माह 2025 का आयोजन आगामी 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभाग द्वारा बनाई गई कार्ययोजना पर चर्चा करने कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने और कुपोषित बच्चों को सामान्य अवस्था में लाने की दिशा में आवश्यक प्रयास करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को सुपोषण जागरूकता का संकल्प भी दिलाया।जिला कार्यालय के सभाकक्ष में टीएल मीटिंग के दौरान आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह की बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने तिथिवार गतिविधियों एवं विभागीय कार्ययोजना की जानकारी दी, जिसमें राज्य स्तर पर गतिविधि, मोटापे की रोकथाम, मेनस्ट्रीमिंग, कन्वर्जेंट एक्शन एंड डिजिटाईजेशन, जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन, ईसीसीई गतिविधि, आईवाईसीएफ गतिविधि आदि सम्मिलित हैं। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी उपस्थित अधिकारियों को पोषण का संकल्प दिलाया, जिसमें बच्चों में मोटापा रोकने, शिशु एवं छोटे बच्चों के बेहतर आहार को बढ़ावा देने, प्रारंभिक शिक्षा एवं देखभाल, पोषण की भागीदारी बढ़ाने तथा व्यापक जनजागरूकता हेतु यथासंभव प्रयास शामिल है। इस दौरान डीएफओ भानुप्रतापपुर   हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय  जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं   ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारियों ने एक साथ पोषण संकल्प लिया।

चित्र— अधिकारियों को सुपोषण जागरूकता का संकल्प दिलाते कलेक्टर‚कांकेर

————–

10. कांकेर विधायक आज नगर से सटे ग्राम भीरावाही में जनसंपर्क एवं भुमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा के कई कार्यकर्ताओं सहित ग्रामवासी‚धर्मप्रेमी शामिल हुए।

————–

शुभ रात्रि…..

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏

———————-

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 1 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *