कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
16 मार्च 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
————————

————————
01. स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में कांकेर पुलिस का एक और कदम : अब एक मैसेज से दर्ज होगी शिकायत । कांकेर पुलिस ने शुरू किया व्हाट्सएप आधारित शिकायत पोर्टल । घर बैठे दर्ज करें शिकायत, तुरंत मिलेगी उसकी अद्यतन स्थिति की जानकारी । मॉडर्न पुलिसिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग से समयबद्ध होगा शिकायतों का निराकरण ।
—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस सेवाओं को और अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने तथा स्मार्ट पुलिसिंग और मॉडर्न पुलिसिंग की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए व्हाट्सएप आधारित “पुलिस शिकायत पोर्टल” प्रारंभ किया गया है।इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से अब आम नागरिक अपने मोबाइल फोन से ही व्हाट्सएप के जरिए आसानी से अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे तथा अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रकार नागरिक घर बैठे ही अपनी शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।प्राप्त होने वाली शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने के लिए कांकेर पुलिस द्वारा एक डिजिटल मॉनिटरिंग डैशबोर्ड भी विकसित किया गया है। इस डैशबोर्ड के माध्यम से शिकायतों की थानावार समीक्षा एवं निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी,जिसके द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय सीमा में हो। साथ ही शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान की भी सतत निगरानी की जाएगी।कांकेर पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर 94791-55125 पर “Hi” या “नमस्ते” लिखकर संदेश भेजने पर नागरिकों को दो विकल्प प्राप्त होंगे। 1. शिकायत दर्ज करें । 2. दर्ज शिकायत की स्थिति देखें ।

यदि कोई व्यक्ति शिकायत दर्ज करना चाहता है तो उसे व्हाट्सएप पर 1 लिखकर भेजना होगा, जिसके बाद आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उसकी शिकायत दर्ज की जाएगी। प्रत्येक शिकायत को अलग क्रमांक दिया जायेगा, जिसके जरिये अपनी शिकायत की ट्रैकिंग की जा सकेंगी। दर्ज शिकायत की स्थिति जानने के लिए 2 लिखकर भेजने पर शिकायत का स्टेटस देखा जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त शिकायत के निराकरण के पश्चात शिकायतकर्ता इसी नंबर पर फीडबैक भी दे सकेंगे, जिससे पुलिस प्रशासन को अपनी सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायता मिलेगी।कांकेर पुलिस की यह पहल स्मार्ट पुलिसिंग, डिजिटल गवर्नेंस एवं पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नागरिकों को सरल, सुगम, पारदर्शी और त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग कर अपनी शिकायतें सीधे पुलिस तक पहुंचाएं।
————————
02.मर्दापोटी-डुरकीपारा से घोटिया मार्ग में दूध नदी पर बनेगा पुल : कलेक्टर । तुलतुली से मर्रापी तक बनेगा सड़क।कलमुच्चे जनसमस्या निवारण शिविर में 25 आवेदन प्राप्त ।

—कांकेर विकासखण्ड के दूरस्थ पहाड़ी में स्थित ग्राम पंचायत तुलतुली के आश्रित ग्राम कलमुच्चे में आज सोमवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 25 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 10 आवेदन का निराकरण मौके पर किया गया, शेष आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने शिविर में आम जनता की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण की पहल की।

कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जनसमस्याओं का निराकरण करते हुए कहा कि इस पहाड़ी अंचल के विकास में कोई कमी आने नहीं दी जाएगी। क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। यह अंचल कभी संवेदनशील था, जिससे विकास कार्यों में बाधा आई। अब सभी कार्यों को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है, गांव-गांव में सड़कें, सीसी रोड बनाए जा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या से अवगत कराया गया है, जिसका निराकरण किया जाएगा। आवागमन की दिक्कतों को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मर्दापोटी के डुरकीपारा से घोटिया मार्ग में दूध नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिसकी टेंडर की प्रक्रिया जारी है। ग्राम तुलतुली से मर्रापी तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम कलमुच्चे एवं आसपास के ग्रामीणों को राशन की सुविधा मिल रही है, आधार कार्ड, राशन कार्ड बने हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास का निर्माण भी हो रहा है।

जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित हैं, जिसका फायदा उठाते हुए आप अपने व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं से अवगत करा सकते हैं, जिनका नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। शिविर स्थल में आधार कार्ड अपडेशन, राशन कार्ड बनाने के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे आयुष्मान वय वंदन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन की जानकारी भी ग्रामीणों से उनके द्वारा ली गई।

जनसमस्या निवारण शिविर को जनपद अध्यक्ष कांकेर श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, उपाध्यक्ष तारिणी ठाकुर, जनपद सदस्य राजेश्वरी नेताम, श्रीमती हेमलता कवाची, ग्राम पंचायत तुलतुली के सरपंच श्रीमती रेवती मंडावी, मर्दापोटी सरपंच राजेश भास्कर, गीता रमेश गावड़े ने भी संबोधित किया। जनसमस्या निवारण शिविर में हितग्राहियां को राशन कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र एवं आधार अपडेशन पत्र भी प्रदाय किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं का गोदभराई एवं छोटे बच्चों का अन्नप्रासन्न भी किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद थे।
———————
03.नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन हेतु रजिस्ट्रीकरण, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अपील प्राधिकारी नियुक्त।
—छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के आम/ उप निर्वाचन तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने/पुनरीक्षित किए जाने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अपील प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी आदेशानुसार नगर पंचायत चारामा के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चारामा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार चारामा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अपर कलेक्टर कांकेर को अपील प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए अपर कलेक्टर कांकेर को सम्पूर्ण जिला कांकेर (अनुभाग पखांजूर को छोड़कर) अपील प्राधिकारी तथा अपर कलेक्टर अंतागढ़ को सम्पूर्ण पखांजूर अनुभाग के लिए अपील प्राधिकारी नियुक्त किया है। इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर को सम्पूर्ण अनुभाग कांकेर के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और तहसीलदार कांकेर को सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र कांकेर हेतु सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र नरहरपुर के लिए तहसीलदार नरहरपुर को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार सम्पूर्ण अनुभाग चारामा के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चारामा को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र चारामा हेतु तहसीलदार चारामा को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। सम्पूर्ण भानुप्रतापपुर अनुभाग हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र भानुप्रतापपुर के लिए तहसीलदार भानुप्रतापपुर एवं सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र दुर्गूकोंदल के लिए तहसीलदार दुर्गूकोंदल को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार सम्पूर्ण पखांजूर अनुभाग के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र पखांजूर हेतु तहसीलदार पखांजूर को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
————————
04. जिले में सघन एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ ।

—पशुओं के खुर-पका, मुंह पका रोग से बचाव के लिये विशेष टीकाकरण अभियान की शुरूआत जिले में हो गयी है। यह अभियान केन्द्र सरकार की योजना राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाया जा रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी ने जिला पंचायत परिसर से टीकाकरण दल को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान गाय, भैंस दोनो प्रजातियों के पशुओं का खुर-पका, मुंह-पका रोग से बचाव के लिये टीकाकरण किया जायेगा। इस अभियान के सफल संचालन के लिए 84 टीकाकरण दल का गठन किया गया है, जिनके द्वारा जिले के समस्त ग्रामों में टीकाकरण कार्य किया जाएगा।उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें डॉ. सत्यम मित्रा ने बताया कि खुर-पका, मुंह पका रोग खुर वाले पशुओं का अत्यंत संक्रामक एवं घातक विषाणुजनित रोग है, जो गाय, भैंस, भेड़, बकरी, सूकर आदि पशुओं को प्रभावित करता है। यह रोग पशुओं में तेजी से फैलता है। इस रोग के होने पर पशुओं को तेज बुखार के साथ मुंह, मसूड़े एवं जीभ के उपर, नीचें, होंठ के अंदर का भाग, खुरों के बीच की जगह पर छोटे-छोटे दाने उभर आते हैं, जो कि आपस में मिलकर छालों का रूप ले लेते हैं। मुंह में छाला होने से पशु के मुंह से लगातार लार गिरती रहती है एवं खुर में छालों के कारण पशु लंगड़ा कर चलता है। पशु खाना-पीना छोड़ देता है एवं सुस्त पड़ जाता है। रोग से बचाव के लिये टीकाकरण एक मात्र उपाय है। उन्होंने जिले के सभी पशुपालकां से अपील की है कि अपने पशुओं का एफएमडी टीकारण अवश्य कराएं।
————————
05. कोषालय में 25 मार्च तक जमा किए जा सकेंगे देयक।
—चारामा नगर में साहू समाज द्वारा आयोजित कर्मा जयंती समारोह में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी के भक्त माता कर्मा को नमन करते हुए समाजजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी । इस अवसर पर नागराज अध्यक्ष नगर पंचायत चारामा, हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा, पार्षद कविता साहु , कमलेश एवं समाज के पदाधिकारीगण व समाज के लोग उपस्थित रहे।
————————
06. युवा प्रकोष्ठ साहू समाज कांकेर द्वारा भक्त माता कर्मा के जयंती के पावन उपलक्ष में किया गया खिचड़ी प्रसादी का वितरण ।

—तेली कुल की आराध्य देवी संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा की 1010वीं जन्म जयंती के पावन उपलक्ष्य में जिला युवा प्रकोष्ठ साहू समाज कांकेर द्वारा पुराना बस स्टैंड में जनमानस को खिचड़ी प्रसादी वितरण किया गया।रोशन साहू (तहसील संगठन सचिव,साहू समाज कांकेर) ने बताया की कर्मा माता के द्वारा प्रभु जगन्नाथ स्वामी को जिस व्यंजन का भोग लगाया जाता था वही खिचड़ी एक औषधि का भी रूप मे लोगो को फायदा पहुँचती है, जब किसी का स्वास्थ्य ख़राब होता है तो डॉक्टर भी खिचड़ी खाने को कहते है, माता कर्मा के जैसे ही भगवान को खिचड़ी का भोग लगाने के पश्चात प्रति वर्ष जन मानस में युवा प्रकोष्ठ साहू समाज कांकेर के द्वारा बांटा जाता है।

इस आयोजन को सफल बनाने मे मुख्यतः जिला संयोजक, युवा प्रकोष्ठ डॉ. विष्णु साहू‚ एवं महामंत्री तुलाराम साहू के नेतृत्व मे व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हलधर साहू,जिला साहू समाज के उपाध्यक्ष नीरा साहू कोर कमेटी के सदस्य पूरन साहू ,अंकेक्षक बिसम्बर साहू,राजनितिक प्रकोष्ठ संयोजक अनिरुद्ध साहू,महिला प्रकोष्ठ सह – संयोजक सीमा साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत साहू, के. आर. गजबल्ला,तहसील सचिव प्रकाश साहू,नगर अध्यक्ष कमलेश साहूजी,उपाध्यक्ष खेमू साहू जी, संगठन सचिव संयोग सार्वाजी, अमापारा पार्षद वीरू साहूजी,प्रदेश संयुक्त सचिव युवा प्रकोष्ठ तुमेश्वरी साहू, तानिया साहू,छवि साहू,तहसील युवा प्रकोष्ठ कांकेर के संयोजक तिलक साहू, दीपक साहूजी,धर्मेंद्र साहू ,टिकेंद्र साहू,शिल्पा साहू ,रोशन राम साहू जी समेत अन्य युवाओं के उपस्थिति व सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।
————————
07. 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का निःशुल्क एचपीव्ही वेक्सिनेशन अभियान का शुभारंभ।

— राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर आज मातृ एवं शिशु अस्पताल अलबेलापारा कांकेर में नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक के मुख्य आतिथ्य में एचपीव्ही वेक्सिनेशन के जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुके लेकिन 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं का निःशुल्क एचपीव्ही वेक्सिनेशन किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर 06 बालिकाओं का वेक्सिनेशन उनके अभिभावकों की उपस्थिति एवं डॉक्टरों की निगरानी में किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ओ.पी. शंखवार, डॉ. सुनील सोनी, बीएमओ डॉ. शशांक गुप्ता, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत नाग, सीपीएम डॉ. हमित कश्यप, डॉ. विनोद वैद्य, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रोहित वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
————————
08.कोषालय में 25 मार्च तक जमा किए जा सकेंगे देयक।
— जिले के कोषालय एवं समस्त उप कोषालयों में वर्ष 2025-26 से संबंधित समस्त देयक प्राप्त करने की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है। इस आशय की जानकारी देते हुए वरिष्ठ कोषालय अधिकारी कांकेर ने बताया कि एसएनए-स्पर्श से संबंधित समस्त भुगतान के लिए देयक स्वीकृति की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है।
———————-
09. जिला स्तरीय जलवायु परिवर्तन जागरूकता प्रशिक्षण कार्यशाला 19 मार्च को ।
—जलवायु परिवर्तन जागरूकता संबंधी जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन 19 मार्च को पूर्वान्ह 10 बजे से माकड़ी होटल में किया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण सह कार्यशाला मुख्य वन संरक्षण कांकेर वृत्त के आतिथ्य एवं कलेक्टर कांकेर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को उपस्थित रहने का अनुरोध वनमंडलाधिकारी कांकेर रौनक गोयल ने किया है।
————————
10. सर्व पिछडा वर्ग का ब्लाक स्तरीय मिलन समारोह 17 को भानुप्रतापपुर में।
—सर्व पिछडा वर्ग समाज जिला कांकेर का ब्लाक स्तरीय मिलन समारोह 17 मार्च को सामुदायिक भवन भानुप्रतापपुर में आयोजन किया गया है,जिसमें सभी सामाजिकजनों की उपस्थिति रहेगी। उक्त निर्णय पिछले दिनों भानुप्रतापपुर में आयोजित बैठक में लिया गया था। ब्लाक अध्यक्ष ज्वाला प्रसाद जैन ने अधिकाधिक संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति का निवेदन किया है।
————————
विशेष—
”कृषकों को मिला मशरूम उत्पादन तकनीकी प्रशिक्षण”’

— कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में आज मशरूम उत्पादन तकनीकी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया, जिसमें मशरूम अनुसंधान निदेशालय सोलन हिमाचल प्रदेश के वैज्ञानिक डॉ. श्वेतकमल ने कृषकों को मशरूम उत्पादन की विस्तृत जानकारी देते हुए मशरूम उत्पादन के विभिन्न चरणों की प्रायोगिक जानकारी भी दी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रमुख अन्वेषक, मशरूम परियोजना डॉ एच. के. सिंह द्वारा किसानों को छत्तीगसढ़ में मशरूम उत्पादन की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दिया गया। मशरूम उत्पादन से संबंधित विभिन्न सामग्री जैसे प्लास्टिक ड्रम, बाल्टी, मशरूम स्पॉन बीज, मिस्ट स्प्रेयर आदि का वितरण भी अनुसूचित जनजाति योजना के अंतर्गत किसानों को किया गया। जिसके मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, विशिष्ट अतिथि रामचरण कोर्राम एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन मण्डल के सदस्य रामसुमन उइके कर कमलों से किया गया। उक्त प्रशिक्षण में लगभग 100 कृषकगण उपस्थित थे।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






