कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
16 फरवरी 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
विशेष-
-जिले की औद्योगिक नगरी,लखनपुरी के प्लॉट नंबर 63-68 ब्लॉक डी इंडस्ट्रीयल एरिया में कल 17 फरवरी 2026 मंगलवार को गुलशन इंजीनियरिंग वर्क इम्पलीमेंट का शुभारंभ कार्यक्रम अप.01 से 4 बजे तक किया जा रहा है। बताते चलें यह इकाई गुलशन इंजीनियरिंग,गोविंदपुर कांकेर मो. अली बंटी, गुलशन इंजीनियरिंग शॉप,चारामा,गुलशन डीजल कांकेर हैदर अली संचालित है। हाजी सैयद नवाब अली, मोहसीन अली, आवेश अली ने बताया कि गोविंदपुर कांकेर,चारामा में उत्कृष्ट कार्य की अपार सफलता के बाद कांकेर जिले की औद्योगिक नगरी लखनपुरी में उनके नये प्रतिष्ठान, उत्कृष्ट इकाई के शुभारंभ पर वे काफी उत्साहित है। उन्होंने सभी शुभेच्छुकों को आमंत्रण दिया है।

————————
1. भगवान बिरसा मुंडा की मुर्ति स्थापना,अनावरण कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से किया गया।।

02. अवैध रूप से गांजा रख कर बिक्री करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार।आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक सफेद झिल्ली के अन्दर 496 ग्राम गांजा एवं 02 नग मोटर सायकल बरामद। थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की कार्यवाही।।

— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण में बताते चलें निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर जिला में चल रहे उजियारा अभियान के तहत् दिनांक 15.02.2026 को सिटी कोतवाली थाना कांकेर को सूचना मिला कि ग्राम नाथियानवागांव कोसा सेंटर ईमली मोड के पास 02 व्यक्ति मोटर सायकल में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा छुपाकर आम जनता को बिक्री कर रहे हैं। जारिये मुखाबिर कि सूचना पर पर प्राप्त सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर थाना कांकेर से उपनिरीक्षक दयालू राम साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर ग्राम नाथियानवागांव ईमली मोड में घेराबंदी कर आरोपी 01.भूपेन्द्र जैन पिता श्री संजय जैन उम्र 25 वर्ष जाति कलार, 02. रमाकांत साहू पिता अजय साहू उम्र 27 वर्ष दोनो निवासी माकडी सिंगराय थाना कांकेर जिला उ.ब.कांकेर के कब्जे से एक प्लसर मोटर सायकल एंव एक काला रंग का स्कूटी डिग्गी में सफेद कलर का प्लास्टिक झिल्ली के अन्दर कुल 496 ग्राम गांजा एवं एक नग विवो कम्पनी का मोबाईल को जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में विधिवत् कार्यवाही कर आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड में माननीय न्यायालय पेश किया गया। पुलिस टीम में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, उप.निरी. दयालू राम साहू, प्रधानआर. 624 जीवधन यादव, आर.राकेश बघेल, आर. 824 मनोज ध्रुव, आर 1024 शैलेन्द्र चतुर्वेदी एवं सायबर सेल प्रभारी यशवंत श्याम, प्र.आर. सचिनशोरी, आर. रामरतन निषाद, ज्ञान ठाकुर।
कांकेर पुलिस की अपीलः- अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी हैं। कई बार आपकी एक छोटी सूचना बडे अपराधों को रोक सकती हैं, इसी उद्देश्य से जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा किसी भी संदिग्ध या अपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए अपराधिक हेल्पलाईन नंबर 94791-55125 संचालित की जा रही हैं।
यह दी गई हर सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती हैं।
———————
03. जुआ सट्टा खिलाने वाले खाईवाल को चारामा पुलिस ने किया गिरफ्तार। आरोपी के कब्जे से एक नग आई फोन एवं हजारों रूपये का सट्टा पट्टी पर्ची एवं नगदी रकम जप्त।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण में बताते चलें कि दिनांक 15/02/2026 को पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी ग्राम चारभाठा की ओर रवाना हुआ था कि ग्राम चारभाठा पास पहॅुचने पर मुखबिर से सूचना मिला कि ग्राम चारभाठा में टक्कू साहू नाम का व्यक्ति अपने कृषि फार्म में सट्टा पट्टी लिखकर जुआ खेलवा रहा है कि सूचना पर ग्राम चारभाठा में स्थित टक्कू साहू के कृषि फार्म जाकर गवाहों एवं स्टाफ के साथ सूचना तस्दीक किया एक व्यक्ति कृषि फार्म के स्थित मकान के अंदर सट्टा पट्टी पर्ची लिखकर विभिन्न अंकों में रूपये पैसे का दांव लगाकर जुआ खेलवाते मिला जिसे पकड़ कर नाम, पता पूछताछ करने पर वह व्यक्ति अपना नाम मुकेष उर्फ टक्कू साहू पिता मलखम साहू उम्र 35 वर्ष निवासी बंगला पारा चारामा थाना चारामा जिला कांकेर का होना बताया जिसकी तलाषी लेने पर उसके कब्जे से कुल 01 नग पेन, 01 नग हजारों रूपये की सट्टा पट्टी पर्ची एवं 01 नग आईफोन व नगदी रकम 5350.00 रूपया बरामद किया गया। जिसे गवाहों के समक्ष जप्त कर कब्जा पुलिस में लिया गया। मौके पर आरोपी का कृत्य अपराध धारा 6 छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 का घटना करना पाये जाने से दिनांक 15.02.2026 को अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 6 छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण आरोपी द्वारा लोगों को संगठित कर अंको का पैसों का दांव लगाकर हारजीत का जुआ खेलने से धारा 112 बीएनएस जोड़ा गया । आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड़ में भेजा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियो के निर्देशन में पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अपराध मुक्त समाज अभियान के तहत जुआ सट्टा खिलाने वालों एवं अवैध शराब बिक्री करने वालों पर कार्यवाही करते हुए नगर चारामा से 01 आरोपी खाईवाल के कब्जे से आई फोन मोबाइल व हजारों रूपये का सट्टा पट्टी एवं नगदी रकम जप्त किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
————————
04. नेशनल लोक अदालत की तैयारी को लेकर जिला न्यायालय कांकेर में बैठक आयोजित।

—आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की प्रथम नेशनल लोक अदालत के सफल संचालन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से जिला न्यायालय कांकेर में बैठक आयोजित की गई।बैठक में बीमा कंपनियों एवं फाइनेंस कंपनियों के अधिवक्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित प्रकरणों को चिन्हित कर अधिक से अधिक मामलों को आपसी समझौते के माध्यम से निराकृत किए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांकेर संजीव कुमार टामक की अध्यक्षता में बैठक आहुत की गई। उन्होंने कहा कि नेशनल लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य पक्षकारों के मध्य सौहार्दपूर्ण समझौते के माध्यम से प्रकरणों का शीघ्र, सरल एवं सुलभ समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत हो सके।बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भास्कर मिश्र, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,श्रीमती शांति प्रभु जैन तथा बीमा कंपनियों एवं फाइनेंस कंपनियों के अधिवक्ता उपस्थित रहे।
–———————
05. इंडस्ट्रीज एवं बैंकर्स मीट का आयोजन 19 फरवरी को।
—सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की कार्य क्षमता को सुदृढ़ करने, उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने, वित्तीय समाधान, सतत विकास तथा समय से एमएसएमई सेक्टर के उन्नयन हेतु भारत सरकार द्वारा रैम्प योजना लागू की गई है। जिले में उक्त योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु 19 फरवरी को सुबह 10 बजे सेएमएसएमई उद्यमियों के साथ टिकरापारा के एक निजी होटल में इंडस्ट्रीट एवं बैंकर्स मीट का आयोजन किया जाएगा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने इच्छुक उद्यमियों को निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होने का आग्रह किया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर से संपर्क किया जा सकता है।
———————–
06. कांकेर में ‘‘रूरल टेक्नोलॉजी सेंटर का शुभारंभ। पशु शक्ति से बढ़ेगी स्मार्ट खेती।

—जिले के किसानों को आधुनिक और किफायती खेती से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में रूरल टेक्नालॉजी सेंटर की स्थापना की गई है, जिसका शुभारंभ स्थानीय विधायक श्री आशाराम नेताम तथा छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा द्वारा किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के तत्वाधान में शुरू इस केन्द्र का मुख्य उद्देश्य पशु चलित कृषि यंत्रों के माध्यम से खेती को सरल और लाभप्रद बनाना है। इस केन्द्र में तेंदुआ हल, पैडलर और बियासी हल जैसे यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं। कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर के वैज्ञानिक डॉ. नरेन्द्र हरिदास तायड़े ने बताया कि एक जोड़ी बैल से 0.5 से एक हार्स पावर तक शक्ति प्राप्त की जा सकती है, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होती है।
———————–
07. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डिजिटल पहल। कांकेर जिले के विभिन्न ग्रामों में लगेंगे 82 नए बीएसएनएल टावर।
—छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में डिजिटल क्रांति की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। कांकेर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में बीएसएनएल के 82 नए टावर स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक हाई-स्पीड इंटरनेट की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि वहां के नागरिकों को ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। सरकार का मानना है कि बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी से ग्रामीण युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर विकास को गति मिलेगी। लंबे समय से नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे इन इलाकों में मोबाइल टावर लगने से संचार व्यवस्था मजबूत होगी और आपातकालीन सेवाओं तक भी त्वरित पहुंच संभव हो सकेगी। राज्य सरकार द्वारा डिजिटल ढांचे को मजबूत करना सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में इस परियोजना के पूर्ण होने से जिले के दूरस्थ अंचलों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।कांकेर जिले के विभिन्न ग्रामों में 82 नए बीएसएनएल टावर लगाए जाएंगे, जिसमें भनुप्रतापपुर विकाखण्ड अंतर्गत ग्राम जेपरा, परवी, पण्डरीपानी, आसुलखार, धनेली, धुतापिपली स्कूलपारा आमाकड़ा, खोर्रा, परवी जलहूर, पिचेकट्टा, शाहकट्टा, तेलम्मा, उत्तमार शामिल है। इसी प्रकार कोयलीबेड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम तड़हूर, मुरावंडी मुंडला, नवगेल, पिण्डकसा, पित्तेभोड़िया, अंजाडी, बुधानडंड, छिंदपाल संतोला, छोटेबोदेली प्रोहपारा, देवीपारा, कड़मे सोडवापारा, खैरकट्टा कॉलोनी, खैरकट्टा कॉलोनी उजाला, कोयेगांव, माचपल्ली हिदूर, मेटाबोदेली शिकारीपारा, मुरावण्डी, मुरडोंडा। नरहरपुर ब्लॉक के ग्राम डुडुमबहारा, खदरवाही, मर्रामपानी, मारवाड़ी, बहनापानी, दबेना, दबेना जंगलपारा, मासुलपानी, पथर्रीनाला, बहनापानी, आँखिहर्रा। सरोना तहसील के ग्राम धनेसरा, गट्टागुडुम, मंडरादरहा, तिरियरपानी, खल्लारी, सोनपुर। दुर्गूकोंदल ब्लॉक के ग्राम भंडारडिगी, दोड़देकादर, गुरावंडी मंगहूर, डोडे, कोंड्रूज गुदूम, पाउरखेड़ा, रसुली नलकसा, कोंड्रूज डंडईखेड़ा, पचांगी कोसपराली, हैपुरकसा हेपुर, हामतवाही पलवी, हिंगनझर, झिटकाटोला, झिटकाटोला तामोडा, कोसपराली पराली, मर्रामपानी, पचांगी, पलवी घुरवण्डी। अंतागढ़ ब्लॉक के ग्राम गेटिनडांगरा टेमरूगांव, जोडांड बगझर, बदरेंगी टेकापानी, अमोड़ी पण्डरीपारा, कढ़ाहीखोदरा मण्डाम, लोहत्तर पटेलपारा, सरंडी स्कूलपारा, भैंसासुर डूमरकोटपारा, खोड़पानी स्कूलपारा। चारामा ब्लॉक दमकसा, गोटीटोला मधुबनपारा, परसोदा साहूपारा, कांकेर ब्लॉक के ग्राम भैंसगांव, कानागांव, कुलगांव, पेटोली, पुसवाड़ा मारीपारा में नए बीएसएलएल टावर स्थापित किए जाएगें।
———————–
08. चिचगांव में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर स्थगित।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा जिले के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चिचगांव में 18 फरवरी बुधवार को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।
———————
09.जिले में खुलेंगे पांच नए बैंक, 31 मार्च तक शुरू करने कलेक्टर ने दिए निर्देश। निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें- कलेक्टर ।
—जिले में 31 मार्च तक पांच नए बैंकों की शुरूआत होगी, जिसके लिए भवनों में आवश्यक सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम कोड़ेकुर्से में यश बैंक, भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत नारायणपुर में फेडरल बैंक, नरहरपुर विकासखण्ड के देवगांव में फेडरल बैंक, कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के छोटेबेठिया में ए.यू. स्माल फाइनेंस बैंक और अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम भैंसासुर में ए.यू. स्माल फाइनेंस बैंक का शाखा खोला जाएगा, जिसे 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से शुरू करने के लिए संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधकों को कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा निर्देशित किया गया है। इन बैंकों के शुरू हो जाने से दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा। आज सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इन नए बैंकों के लिए आवश्यक भवन और उनमें सुविधाओं के संबंध में समीक्षा की तथा संबंधित क्षेत्र के जनपद सीईओ को बैंकों के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। इन कार्यों में प्रमुख रूप से ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन, टीना शेड, बाउण्ड्रीवॉल, देवगुड़ी सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। बस्तर विकास प्राधिकरण तथा सांसद एवं विधायक निधि अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई और सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। जन्म-मृत्यु पंजीयन, कौशल विकास, अविवादित नामांतरण, बंटवारा के प्रकरण सहित जनदर्शन के दौरान प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण की भी समीक्षा उनके द्वारा किया गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।
———————
10. विधानसभा सत्र हेतु अपर कलेक्टर श्री कुर्रे नोडल अधिकारी नियुक्त।
— छत्तीसगढ़ विधानसभा का अष्टम सत्र सोमवार 23 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर शुक्रवार 20 मार्च तक आहूत किया गया है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारंकित, अतारंकित विधानसभा प्रश्नों, स्थगन, शून्यकाल, आश्वासनों, ध्यानाकर्षण, अशासकीय संकल्प, याचिका तथा लोक लेखा समिति से संबंधित पत्राचार एवं जानकारी निर्धारित समयावधि में तैयार कराकर शासन, वरिष्ट कार्यालय को उपलब्ध कराने हेतु अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुमार कुर्रे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






