आज की टॉप 10 खबर 14 मार्च 2026 शनिवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
14  मार्च 2026 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

————————

संपादकीय-

” आज भी कई  किसान कृषि दवाई‚खाद पर अनभिज्ञ “

—आज भी क्षेत्र में किसान खाद एवं कृषि कीटनाशक दवाईयों के उपयोग के लिए पूर्ण जागरूकता नहीं है। बात अगर खाद की करें तो किसान अपने अनुसार खेतों में खाद डाल रहे हैं। कोई एनपीके डीएपी के साथ युरिया की बराबर मात्रा डाल रहा है,जो कि उचित नहीं है,तो कुछ ऐसे किसान भी मिलेंगे जो युरिया के अतिरिक्त अन्य खाद से कोई वास्ता नहीं है। इस बार रबी के सीजन में किसानों ने काफी रकबे में धान का फसल लगाया है, जहां लाई चोपी पद्वति से खरपतवार को हटाने के लिए कई नामी कपनियां बाजार में लाई है,लेकिन उपर्युक्त मात्रा की जानकारी नहीं होने के साथ खेतों की प्रकृति पर पालन नहीं किये जाने से काम नहीं की। मंहगी दवाई डालकर भी किसानों को वो फायदा नहीं मिला। सस्ती दवाई से खेतों में चुहका घास खत्म हो जाता था,जो आज मंहगी दवाई भी बेअसरकारक साबित हुई है। किसान अमूमन कृषि दवाई दुकानदार की जानकारी अनुसार ही दवाई ले जाते हैं। कृषि वैज्ञानिकों से उनका सामना नहीं हो पाता। कई लोगों को पता भी नहीं कि कृषि वैज्ञानिक भी होते हैं,उनकी समस्याओं के लिए।

✍️मनोज जायसवाल

————————

01. मुख्यमंत्री ने किया गौधाम योजना का शुभारंभ, घुमंतू पशुओं का संरक्षण और संवर्धन होगा-  सोनसाय साहू।

— मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय ने आज जिला बिलासपुर के तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम लाखासार से गौधाम योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कांकेर के कृषि विज्ञान केन्द्र में वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के जिला स्तरीय समिति कांकेर के अध्यक्ष   सोनसाय साहू थे। उन्होने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना गौ-सेवा के क्षेत्र में कल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजना है, इससे हम घुमंतू पशुओं का संरक्षण और संवर्धन कर करते हैं। गौधाम का संचालन पंजीकृत एनजीओ एवं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किया जा सकता है, इसके लिए गांव में उपलब्ध गौठान जो सर्वसुविधायुक्त जैसे- बिजली, पानी, फेंसिंग, पर्याप्त जगह इत्यादि हो, में किया जा सकता है। गौधाम के संचालन के लिए सेवाभावी होना बहुत जरूरी है, सरकार अनुदान के रूप में मदद दे सकती है, लेकिन सेवाभावी होने से ही हम गौ धन की बेहतर सेवा कर सकते हैं। गौधाम संचालन के लिए पंजीकृत स्व-सहायता समूह एवं एनजीओ आवेदन कर सकते हैं। श्रीमती निर्मला नेताम एवं प्रदीप साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. सत्यम मित्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि इस योजना के तहत गौधाम संचालन के लिए 08 अक्टूबर 2025 तक रूचि की अभिव्यक्ति का विज्ञापन जारी कर गौधाम संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें 33 आवेदन कार्यालय को प्राप्त हुए थे, जो अपूर्ण होने के कारण सभी आवेदनों को निरस्त किया गया। तत्पश्चात दूसरी बार पुनः 26 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक गौधाम संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया था, जिसमें 01 आवेदन प्राप्त हुए है, जो प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने बताया कि जिले के आधारभूत संरचना वाले 15 गौठानों का चयन गौधाम के लिए किया गया है। इस योजना के तहत गौधाम में चरवाहा की व्यवस्था होगी, जिसे प्रतिमाह 10 हजार रूपए मानदेय प्रदान किया जाएगा। पशुओं की देखरेख व चिकित्सा के लिए गौ सेवक, मैत्री, प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता में से किसी एक की नियुक्ति किया जाकर उन्हें प्रतिमाह 13 हजार रूपए का मानदेय दिया जाएगा। गौधाम योजना के शुभारंभ अवसर पर   अखिलेश चन्द्रौल, राजा साहू, पशुधन विभाग से डॉ. शालिकराम चन्द्राकर, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बिरबल साहू सहित पशुपालक कृषक, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारी कर्मचारी व एनजीओ के सदस्यगण मौजूद थे।

————————

02. कांकेर विधायक आशा राम नेताम के हाथों मां शीतला मंदिर ज्योति कक्ष निर्माण का विधिवत भूमिपूजन।

—आज कांकेर नगर के शीतलापारा, कांकेर स्थित माँ शीतला मंदिर में श्रद्धा और आस्था के केंद्र इस पावन धाम में ज्योति कक्ष निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन क्षेत्रीय विधायक आशा राम नेताम के हाथों सम्पन्न हुआ। इस तरह क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक विकास की एक नई शुरुआत की गई। माँ शीतला की कृपा से यह कार्य शीघ्र पूर्ण हो तथा समस्त क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिले, यही कामना है। मौके पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अरुण कौशिक, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता बंधु, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों की उपस्थिति रही।

———————

03.‘लू’ से बचाव एवं उपाय के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई । समसामयिक सलाह बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलने की हिदायत।

— मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर द्वारा लू (हीट स्ट्रोक) के बचाव के संबंध में समसामयिक सलाह देते हुए कहा कि सम्पूर्ण विश्व में जलवायु परिवर्तन के कारण वैश्विक तापमान में औसत वृद्धि हुई है, जिसके कारण प्रदेश के साथ हमारे जिले में भी भीषण गर्मी पड़ने एवं लू चलने की संभावना हैं। गर्मी के कारण सामान्य जनमानस का जीवन प्रभावित होता है। हीट वेव जिसे समान्य भाषा में लू चलना कहा जाता है, जब वातावरण का तापमान 40 डिग्री सेलशियस या 104 डिग्री फेरनहाईट से अधिक हो तो हीट वेव की स्थिति उत्पन्न होती है, इसका असर बच्चों, बुजूर्गो एवं कोमार्बिड लोगों में सर्वाधित होता है। हमारे शरीर के टेम्परेचर रेग्यूलेशन (तापमान नियंत्रण) मस्तिष्क के हाइपोथैलेमस भाग से होता है। जब वातावरण का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या 104 डिग्री फारेनहाइट से अधिक हो जाता है, तब टेम्परेचर रेग्यूलेशन तंत्र प्रभावित होता है, परिणाम स्वरूप तब हीट स्ट्रोक या लू लगना की स्थिति उत्पन्न होती है। इससे तेज बुखार आता है तथा बुखार की सामान्य दवाइयों से बुखार नहीं उतरता है एवं इससे मृत्यु भी हो सकती है।
लू के लक्षण
सिर में भारीपन और दर्द का अनुभव होना, तेज बुखार के साथ मुंह का सूखना, चक्कर और उल्टी आना, भूख कम लगना, बेहोश होना, कमजोरी के साथ शरीर में दर्द होना, शरीर का तापमान अधिक होने के बावजूद पसीने का ना आना, अधिक प्यास लगना और पेशाब कम होता है।
लू लगने पर किया जाने वाला प्रारंभिक उपचार
बुखार पीड़ित व्यक्ति के सर पर ठंडे पानी की पट्टी लगावें, अधिक पानी व पेय पदार्थ पिलावें जैसे कच्चे आम का पना, जलजीरा आदि, पीड़ित व्यक्ति को पंखे के नीचे हवा में लेटा देवें, शरीरी पर ठंडे पानी का छिड़काव करते रहें तथा पीड़ित व्यक्ति को शीघ्र ही किसी नजदीकी चिकित्सालय या अस्पताल में इलाज के लिए ले जावे, मितानिन, ए.एन.एम से ओ.आर.एस की पैकेट हेतु संपर्क करें।
लू से बचाव के उपाय
बहुत अनिवार्य न हो तो घर से बाहर न जावें, धूप में निकलने से पहले सर व कानो को कपड़े से अच्छी तरह से बांध ले, पानी अधिक मात्रा में पीये, अधिक समय तक धूप में न रहे, गर्मी के दौरान नरम, मुलायम सूती के कपड़े पहनने चाहिए, ताकि हवा और कपडे पसीने को सोखते रहे, अधिक पसीना आने की स्थिति में ओ.आर.एस घोल पीये, चक्कर आने, मितली आने पर छायादार स्थान पर आराम करें तथा शीतल पेय जल अथवा उपलब्ध हो तो फल का रस, लस्सी, मट्ठा आदि का सेवन करें। प्रारंभिक सलाह के लिए 104 आरोग्य सेवा केन्द्र से निःशुल्क परामर्श लिया जावें।

————————

04.  जिला प्रशासन की अभिनव पहल। जिले के युवाओं के लिए “पूना परियान-नई उड़ान” योजना शुरू।सेना-पुलिस भर्ती की निःशुल्क तैयारी का मिलेगा मौका।

— जिला प्रशासन कांकेर द्वारा युवाओं को सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक नई पहल ‘पूना परियान-नई उड़ान’ योजना शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत जिले के युवाओं को सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी।यह अभिनव पहल कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर तथा जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी के निर्देशन में संचालित की जा रही है। कार्यक्रम के संचालन में जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद और जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) नवनीत पटेल का मार्गदर्शन रहेगा। योजना के अंतर्गत उन छात्र-छात्राओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा जो पुलिस विभाग में एसआई भर्ती, पुलिस आरक्षक भर्ती, भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती, थल सेना, जल सेना, वायु सेना भर्ती, एनडीए परीक्षा तथा वनरक्षक भर्ती में शामिल होना चाहते हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लिखित परीक्षा के साथ-साथ शारीरिक दक्षता परीक्षण (फिजिकल टेस्ट) की तैयारी भी पूरी तरह निःशुल्क कराई जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को सही मार्गदर्शन और व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय सेवाओं में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं की दौड़, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और मानसिक क्षमता का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सफल हो सकें।इस योजना के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। चयन के लिए 01 अप्रैल को सुबह 09 बजे से काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग दो स्थानों पर होगी, जिसमें पहला केंद्र ग्राम चौगेल (मूल्ला), विकासखंड भानुप्रतापपुर में दल्ली रोड पर तथा दूसरा केंद्र जिला मुख्यालय कांकेर के सिंगारभाट स्थित वृहद खेल मैदान परिसर में बनाया गया है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें ओपन जिम, विशाल खेल मैदान, निःशुल्क हॉर्स राइडिंग प्रशिक्षण, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा शारीरिक प्रशिक्षण, स्विमिंग पुल की सुविधा तथा मानसिक क्षमता परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग शामिल है। जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर पंजीयन कराएं और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं। जिला प्रशासन की यह पहल निश्चित रूप से जिले के युवाओं को सेना और पुलिस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में करियर बनाने का नया अवसर प्रदान करेगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 7389562231 और 6254409251 पर संपर्क कर सकते हैं।

————————

05. नेशनल लोक अदालत में 1 लाख 62 हजार से अधिक प्रकरणों का हुआ तात्कालिक निराकरण।

—राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज जिला एवं सत्र न्यायालय कांकेर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव कुमार टामक द्वारा लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं से आपसी सहमति के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के अंतर्गत न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया, वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण का संदेश दिया गया।

उक्त नेशनल लोक अदालत में आज कुल 1 लाख 62 हजार 306 प्रकरणों का तात्कालिक निराकरण किया गया। इसके लिए जिले में 07 खंडपीठों का गठन किया गया था, जिनमें जिला न्यायालय कांकेर में 03, भानुप्रतापपुर में 02 एवं पखांजूर में 02 खंडपीठ का गठन किया गया था।

नेशनल लोक अदालत के माध्यम से 2655 लंबित प्रकरणों में कुल 2235 प्रकरण निराकृत किया गया, जिसमें कुल एक करोड़ 76 लाख 28 हजार 282 रुपये की अवार्ड राशि पारित की गई। साथ ही प्री-लिटिगेशन प्रकरणों जैसे बैंक वसूली, विद्युत एवं जलकर, टेलीफोन आदि के 1 लाख 60053 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 160 हजार प्रकरणों का निराकरण हुआ एवं 3 करोड़ 32 लाख 22 हजार 194 रुपये की राशि समझौते के माध्यम से वसूल की गई।इस दौरान न्यायालय परिसर में आयुष चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें शुगर, आँख, नाक, कान, गला एवं त्वचा संबंधी रोगों की जांच एवं उपचार किया गया। उक्त शिविर में कुल 48 नागरिक लाभान्वित हुए, साथ ही 16 नागरिकों का नेत्र परीक्षण भी किया गया। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 17 नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

इसी क्रम में यातायात विभाग द्वारा नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आरटीओ विभाग द्वारा भी सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर नागरिकों को जागरूक किया गया। आज आयोजित नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश  टामक सहित कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी  निखिल अशोक रखेचा, डीएफओ   रौनक गोयल तथा  देवेंद्र जैन, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ कांकेर उपस्थित थे।

————————

06.  छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक शाखा लखनपुरी अब नये भवन राष्ट्रीय राजमार्ग 30 कानापोंड में।

—कानापोंड,लखनपुरी स्थित यह वो भवन है,जहां अब छ.ग.ग्रामीण बैंक संचालित होंगी। छत्तीसगढ ग्रामीण बैंक शाखा लखनपुरी अब नये भवन राष्ट्रीय राजमार्ग 30 कानापोंड में संचालित होगी। वर्तमान में जहां बैंक संचालित हो रही थी, वहां बैंक ग्राहकों के लिए पार्किंग जैसी समस्याएं जा रही थी। इससे पूर्व चारामा शाखा में भी स्थल का बदलाव हुआ जहां नये भवन में अब ग्राहकों को अच्छी सुविधाओं के साथ लाभ मिल रहा है। ठीक ऐसा ही लखनपुरी में बैंक नये भवन में जाने से सेटअप में बदलाव होगा जिससे आम लोगों को सुविधाएं मिलेंगी। लखनपुरी के लिए बैंक का अन्य भवन में स्थानांतरण समय को देखते जरूरी भी था। लोगों ने इस पर खुशी जाहिर की है, कि पूर्व से ही इसी क्षेत्र में स्टेट बैंक भी है। जबकि कुछ लोग अंदर से दुःखी भी है, जो कि उनके निजी स्वार्थ में लाभ नहीं होगा,उनकी दुकानदारी जो चल रही थी। लखनपुरी  जिले का औद्‍योगिक नगरी है‚जहां औद्‍योगिक क्षेत्र में कई इकाईयाें में काम शुरू हो चुका है‚तो आगे और भी युनिट में काम शुरू होंगी। इधर इस वर्ष संभवतया मेडिकल कालेज का लोकार्पण भी हो जायेगा ऐसी उम्मीद जतायी जा रही है।  विकास को देखते हुए अब  कई निजी बैंक की शाखाओं की नजर भी होगी ऐसा लग रहा है‚ तो आटोमोबाईल सेक्टर वालों की धमक भी दिखायी दे रही है।  होटल रेस्टारेंट हालांकि अभी भी नहीं खुले हैं‚लेकिन आने वाले भविष्य के लिए बेहतर व्यावसायिक जोन होगा।

————————

07. एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 17 मार्च को।  

— जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 17 मार्च को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 185 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी  बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फिल्ड ऑफिसर के 30 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 50 पद, फायर मेन के 20 पद, फुड पेकिंग के 25, वाहन चालक के 10 और होक केयर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदक ई-रोजगार के पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।

————————

08. राजमार्ग 30 तेलगरा के पास अंधे पुल पर वाल नहीं होने की खबर पर संज्ञान लेते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू होने की खबर है। कल 13 मार्च को सशक्त पथ संवाद कांकेर टॉप 10 में हमने प्रमुखता से खबर लगाया था। इसी से मात्र 500 मीटर की दूरी पर ही जिले का मेडिकल कालेज तैयार हो रहा है,जहां चौबीस घंटे आवाजाही लगी रहती है। पुल मे  वाल की जगह पत्थरों को रखा गया था।

 ———————-

 09.  क्षेत्र में  बिजली के लौ—वोल्टेज की समस्या व्याप्त। पंखे‚कुलर धीमे धीमे चल रहे‚ तो निस्तारी के लिए उपयोग किए जाने वाले  01 एचपी सबमर्सिबल पंप नहीं चल रहे। 

————————

10. महानदी अभी से पूरी तरह सुख चुका है‚जहां दुधावा जलाशय से पानी खोले जाने की जरूरत होगी। काफी रकबे में किसानों ने इस बार धान की फसल लगाया है‚ यदि पानी नहीं दिया जाता है तो रबी फसल में मुश्किल जायेगी।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 13 मार्च 2026 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  13  मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————— संपादकीय- ”गिरहोला,चारामा नैनी की तरह हश्र ना हो महानदी पुलों का ” -चारामा नगर से…

आज की टॉप 10 खबर 12 मार्च 2026 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  12  मार्च 2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————— संपादकीय- ” हादसे को न्यौता दे रहा तेलगरा के पास अंधा पुल ” -कैसे राष्ट्रीय…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *