आज की टॉप 10 खबर 13 मार्च 2026 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
13  मार्च 2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

————————

संपादकीय-

”गिरहोला,चारामा नैनी की तरह हश्र ना हो महानदी पुलों का ”

-चारामा नगर से सटा गिरहोला के नैनी नदी के पुराने पुल का यह एक छोटा सा बानगी भले हो, जहां अभी नये पुल से ही लोगों की आवाजाही हो रही हो, पर इस टूटे पुल की भयावहता ही दर्शाने काफी है, कि महानदी के हाराडुला पुल का हश्र भी ऐसा ही होने वाला है,जो कि अभी हालांकि नाममात्र जुडा बस है, भविष्य में अलग हो जायेगी। नये पुल की स्वीकृति भले हो पर पुराने पुल से चला नहीं जा सकेगा। कहें तो बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर को जोडने वाली इंद्रावती नदी का पुराना पुल,माकडी,कांकेर का पुराना पुल जिससे लोग चल भी पा रहे हैं,लेकिन अब अवैध तरीके से रेत उत्खनन की इंतहा इतनी है कि भविष्य में पुल ध्वस्त होता है,तो वह कोई काम की नहीं रहेगी। बासनवाही,अरौद,टांहकापार,किलेपार के बाद अब चारामा के उत्तरी महानदी क्षेत्र तेलगुडा,भिरौद सहित अन्य घाटों से अवैध तरीके से उत्खनन चालू हो चुका है,जिसके चलते अरौद क्षेत्र के महानदी घाट सुने नजर आ रहे हैं। आज ही चिनौरी के लोगों को यह भनक लगते ही महानदी का मुनायना किये कि भैंसाकट्टा से भी चिनौरी के रास्ते रेत पर डाका डालने की जुगत की जा रही है। जो कि महानदी के अरौद पुल के ऐन बासनवाही घाट यानि अरौद घाट के पिल्लर से गुजारा जा सकता है,जिससे लाचारी झेल रहे अरौद पुल की स्थिति और क्या हो सकती है,अंदाजा लगा सकते हैं। अभी भी अरौद पुल के 500 मीटर के अंदर अवैध तरीके से ट्रेक्टरों से रोज खुदाई की जा रही है,जिससे भी पुल पर खतरा मंडरा रहा है।।

✍️मनोज जायसवाल

————————

02. पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक के समझौते के तहत दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान।

— पुलिस विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के मध्य हुए समझौते के तहत पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत इस इकाई के दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के वैध उत्तराधिकारियों को आर्थिक सहायता प्रदान। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू के तहत निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज लागू किया गया है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) एवं भारतीय स्टेट बैंक शाखा कांकेर के ब्रांच मैनेजर श्री ऋषि कटियार द्वारा दिवंगत प्रधान आरक्षक फूलजेंस पन्ना, सहायक उप निरीक्षक माखनलाल सेठिया, आरक्षक रघुवीर बघेल एवं आरक्षक कौशल ध्रुव के वैध उत्तराधिकारियों को 10-10 लाख रुपये के टर्म जीवन बीमा कवरेज की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने इस दौरान दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को प्राप्त राशि का उपयोग आवश्यक एवं महत्वपूर्ण कार्यों में करने की सलाह दी तथा उन्हें सायबर फ्रॉड से सतर्क रहने के संबंध में भी जागरूक किया।साथ ही भारतीय स्टेट बैंक के ब्रांच मैनेजर श्री ऋषि कटियार को पुलिस विभाग के साथ निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।यह सहायता राशि न केवल दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के परिवारों के लिए संबल है, बल्कि राज्य शासन की पुलिस कर्मियों के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, मुख्य लिपिक विजय देवांगन, वेतन शाखा प्रभारी राजेश भास्कर, अन्य कार्यालयीन स्टाफ तथा दिवंगत कर्मचारियों के परिवारजन उपस्थित रहे।

————————

02. अवैध शराब बिक्री पर थाना चारामा पुलिस की कार्यवाही, आरोपी के कब्जे से 06 लीटर हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब जप्त

— उत्तर बस्तर कांकेर जिले में अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस अधीक्षक  निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर   मोहसीन खान (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में जिले में चलाए जा रहे अपराध मुक्त समाज बनाने उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।इसी क्रम में दिनांक 12.03.2026 को थाना चारामा पुलिस द्वारा ग्राम भ्रमण एवं शराब रेड अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दरगहन स्कूलपारा निवासी एक व्यक्ति अपने घर के पीछे आंगन में अवैध रूप से हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है।

सूचना पर पुलिस टीम द्वारा गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी गई। मौके पर उपस्थित व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अखिलेश यादव पिता स्व. बोधीराम यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी दरगहन स्कूलपारा थाना चारामा होना बताया। गवाहों के समक्ष तलाशी लेने पर उसके घर के आंगन में दीवार के किनारे रखे एक लाल रंग के प्लास्टिक जरीकेन (क्षमता 05 लीटर) तथा 01 लीटर की बिसलेरी पानी की बोतल में भरी कुल 06 लीटर हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब (कीमत लगभग 900 रुपये) बरामद की गई।

उक्त अवैध शराब को मौके पर विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया। आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 46/2026 पंजीबद्ध कर आरोपी को दिनांक 12.03.2026 को गिरफ्तार किया गया। अपराध अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम

 निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उप निरीक्षक रनेष सठिया,ASI टीकम सोने,आरक्षक सुरेश सिन्हा ।

———————

03.प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 22 वें किश्त में जिले के किसानों को मिले 15.9 करोड़ रूपए।

—प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि के 22वें किश्त जारी किया गया, इसके तहत देश के 09 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार 640 करोड़ रूपये की धनराशि अंतरित की गई। जिसमें कांकेर जिले के 78 हजार 922 किसानों को 15.9 करोड़ रूपये मिले। योजना के अंतर्गत अब तक 21 किश्तों में 4.09 लाख कराड़े से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की जा चुकी है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण असम गुवाहाटी से कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ मत्स्य कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा थे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े एवं जनपद पंचायत के कृषि स्थायी समिति के सभापति श्रीमती राजेश्वरी नेताम उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथी श्री भरत मटियारा ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों के हित के लिए कार्य कर रही है, किसानों की आय को दोगुना करने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम को जनपद अध्यक्ष पश्रीमती पूर्णिमा कावड़े तथा कृषि स्थायी समिति के सभापति श्रीमती राजेश्वरी नेताम ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर के प्रमुख डॉ बीरबल साहू द्वारा कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी प्रदान की गई। उप संचालक कृषि  जितेन्द्र कोमरा द्वारा कृषकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी की गई तथा सहायक संचालक कृषि  हरिश नेताम ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के संबंध में विस्तृत जानकारी दिया। इस अवसर पर जिले के कृषकगण, कृषि विज्ञान केन्द्र और कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

————————

04.  कलेक्टर ने किया पेन कर्रसाड़ स्थल का निरीक्षण।

—कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत सीईओ  हरेश मण्डावी ने शुक्रवार को जिले के अंतागढ़ विकाखण्ड में आमाबेड़ा के पास स्थित ग्राम सेमरगांव में प्रत्येक तीन साल बाद चौथें साल में आयोजित होने वाले पेन कर्रसाड़ स्थल का निरीक्षण किया एवं समाज के लोगों से चर्चा कर कर्रसाड़ स्थल एवं मेला स्थल में आवश्यक सुविधाएं मुहैय्या कराने के लिए भरोसा दिलाया। ग्रामीणों द्वारा कांकेर से आमाबेड़ा होते हुए सेमरगांव और कोरर से सेमरगांव एवं अंतागढ़ से सेमरगांव तथा केशकाल से सेमरगांव तक परिवहन के साधन की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया, जिस पर कलेक्टर ने समुचित कार्यवाही करने की बात कही। कर्रसाड़ स्थल एवं मेंला स्थल में पेयजल व्यवस्था भी की जा रही है। कलेक्टर   क्षीरसागर एवं सीईओ श्री मण्डावी ने कर्रसाड़ स्थल के नजदीक बागझर नाला में बनाए गए स्टाफ डेम का अवलोकन किया एवं पानी के संग्रहण हेतु बोरी बंधान करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। पार्किंग स्थल के चयन के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा आवश्यक सहयोग किया जाएगा। कर्रसाड़ स्थल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैम्प लगाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।

————————

05. आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।

—कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए चारामा तहसील के ग्राम खैरखेड़ा निवासी 42 वर्षीय देवल राम उसेण्डी की बांध के केनाल डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती सुनीता बाई के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान तहसीलदार चारामा द्वारा हितग्राही के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किया जाएगा।

————————

06.  कलेक्टर ने ली गैस एजेंसी संचालकों की बैठक, अनावश्यक रूप से गैस सिलेण्डर का स्टॉक नहीं करने की अपील। 

— कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने शुक्रवार को जिले के गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर गैस सिलेण्डर की उपलब्धता एवं उपभोक्ताओं को वितरण के संबंध में जानकारी ली तथा घरेलू एवं कामर्शियल गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। ऑनलाइन बुकिंग में सर्वर की समस्या का समाधान भी जल्दी से जल्दी करने के बारे में कहा गया। कामर्शियल गैस सिलेण्डर की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऑयल कंपनी से पत्राचार करने की बात भी कही गई। बैठक में बताया गया कि घरेलू गैस सिलेण्डर की बुकिंग के लिए शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 45 दिन का समय-सीमा निर्धारित की गई है। तद्ानुसार गैस सिलेण्डर प्राप्त करने के लिए बुकिंग कर गैस सिलेण्डर प्राप्त किया जा सकता है। शासन-प्रशासन द्वारा इसकी सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। वर्तमान में जिले में घरेलू गैस की कोई दिक्कत नहीं है।जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि घरेलू एवं कामर्शियल गैस सिलेण्डर की जमाखोरी से बचें, ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। गैस एजेंसियों में अनावश्यक रूप से भीड़-भाड़ नहीं करने की समझाईश भी दी गई है।

————————

07. एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 17 मार्च को। 

— जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 17 मार्च को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 185 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी  बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में फिल्ड ऑफिसर के 30 पद, सिक्युरिटी गार्ड के 50 पद, फायर मेन के 20 पद, फुड पेकिंग के 25, वाहन चालक के 10 और होक केयर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदक ई-रोजगार के पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।

————————

08. कर्मचारी चयन मंडल के गठन का निर्णय युवाओं के लिए ऐतिहासिक : भरत मटियारा।

– मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में संपन्न राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के गठन को स्वीकृति दिए जाने के निर्णय का छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष   भरत मटियारा ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।श्री मटियारा ने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय प्रदेश के युवाओं के हित में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। कर्मचारी चयन मंडल के गठन से राज्य सिविल सेवा परीक्षा को छोड़कर अधिकांश शासकीय भर्तियां एक ही मंच के माध्यम से संपन्न होंगी, जिससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद वर्तमान छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के स्थान पर कर्मचारी चयन मंडल कार्य करेगा, जो भर्ती तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि नए मंडल के माध्यम से विभिन्न विभागों की समान प्रकृति की परीक्षाओं को एक साथ आयोजित करने की व्यवस्था की जाएगी तथा परीक्षा कैलेंडर जारी कर तय समय-सीमा में परीक्षाएं एवं परिणाम घोषित किए जाएंगे। इससे युवाओं को लंबे समय तक परिणाम की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं विश्वास बढ़ेगा।श्री भरत मटियारा ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। कर्मचारी चयन मंडल का गठन निश्चित रूप से प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, विशेषकर दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में समान अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित राज्य मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल प्रदेश में पारदर्शी, विश्वसनीय और समयबद्ध भर्ती प्रणाली स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

————————

 09. कांकेर वालिंटियर्स टीम द्वारा हाल ही में हुए दुष्कर्म मामले को लेकर आरोपियों पर कडी कार्रवाई को लेकर आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। जो नगर के पुराने बस स्टैण्ड जिसके सामने कोतवाली थाना है, से गुजरी।  

————————

10. गर्मी बढी महानदी में चुल्लू भर पानी नहीं।

–इस वर्ष इस मार्च के महीने में ही महानदी में नाममात्र भी पानी नजर नहीं आ रहा। अवैध तरीके से महानदी से बडी चैन माउंटेश मशीनों से दोहन और किसानों के कईयों बोर लगाये जाने से चुल्लू भर पानी भी नजर नहीं आ रहा है। आगे मई जुन की भारी गर्मी में क्या स्थिति होगी यह चिंता का विचारणीय विषय है।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 12 मार्च 2026 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  12  मार्च 2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————— संपादकीय- ” हादसे को न्यौता दे रहा तेलगरा के पास अंधा पुल ” -कैसे राष्ट्रीय…

आज की टॉप 10 खबर 11 मार्च 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  11  मार्च 2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————— संपादकीय- ”भूला दिए गए… कलार समाज के जानेमाने हास्य कलाकार” स्व  कमलनारायण सिन्हा उस छत्तीसगढ़ी…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *