आज की टॉप 10 खबर 12 सितंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
12  सितंबर  2025 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

————— 
संपादकीय—

न बनें इतना भी धर्म भीरू…
—धर्म क्षेत्र में भी अब ऐसा लगता है कि आम लोग सीधा भगवान की भक्ति नहीं कर सकते इसके लिए भी कोई दलाल है। वर्तमान में तो ऐसा ही लगता है जब कोई अपने को अंर्तर्यामी मानकर अनेकानेक नियम बता कर दमनात्मक व्यवहार कर रहा है। जीवन है, सबके पास कोई न कोई समस्या है। लेकिन यह कई समस्याएं किसी चमत्कार से नहीं अपितु कर्म से ही दूर होना है। बावजूद इसके ऐसे सरल टोटके बताए जा रहे हैं,जिससे कई अंतिम सिरे के लोग चमत्कार होने की आशा में भीड़ का अंग बनने खुशी से राजी है। आगे पीछे विचारों की शक्ति तो शायद कई शिक्षितों में भी नहीं रही। तभी तो अंधविश्वास में वो खुद किस प्रकार से खोए हैं खुद को नहीं पता। अब हजारों हजारों की भीड़ पर कोई बाबा से मुखातिब हो तो कोई बात बाबा का ही चलेगा। कोई एक व्यक्ति कितना ही सच बोले उनके तरफ कौन होगा। भगवान के प्रति श्रद्वा ही एक रास्ता है। लेकिन आजकल कई अपने को ऐसे साबित करने पर तुले हैं कि वो भगवान के दलाल है,जो वह बोलेंगे वैसा ही होगा। दुनिया की एक रीत भी है कि जब आप सफल हो जाओ न तब आप जिन बातों को गलत भी बोलोगो उसका भी जयकार होगा। लेकिन आप अंतिम सिरे के व्यक्ति है, समझते तो सबकुछ है लेकिन जनबल का पावर नहीं रखते हैं तो आपके मुंह की सत्य बात भी गलत कही जायेगी। अगर भगवान के कोई दलाल हैं तो फिर सरकार की भी जरूरत नहीं है। वे ही पालनहार होंगे उनसे ही सृष्टि चलेगी। धर्म के नाम भीरू न बन कर धरातल का भी सोचिए। वैज्ञानिक युग में भी हम जी रहे हैं,अभी तक न्युटन के तीनों नियमों को किसी ने गलत साबित नहीं किया है।

—मनोज जायसवाल

————–
विशेष—

विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.पी. कोसरे आदर्श शिक्षा रत्न से अलंकृत

दुर्गूकोंदल विकासखंड शिक्षा अधिकारी शिवप्रसाद कोसरे को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक और सामाजिक योगदान के लिए मथुरा (उत्तर प्रदेश) स्थित गैर सरकारी संगठन आदर्श संस्कारशाला द्वारा आदर्श शिक्षा रत्न सम्मान से नवाजा गया है। शिवप्रसाद कोसरे ने कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल और चारामा विकासखंडों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के रूप में कार्य करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में इन विकासखंडों में शैक्षिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। विशेष रूप से, उनके प्रयासों से नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, एकलव्य विद्यालय प्रवेश परीक्षा, और राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में जिले के विद्यार्थियों ने सर्वाधिक सफलता हासिल की है।

————–

1.थाना भानुप्रतापपुर में स्कूली बच्चों को साइबर के संबंध में व यातायात संबंधी जानकारी देकर साइबर जागरूकता चलाया गया।

पुलिस जानकारी अनुसार उमनि, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उ.ब.कांकेर आई.के. एलिसेला(भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भापुसे) भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन में एवं अनु. अधिकारी पुलिस शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में वर्तमान में हो रहे लगातार ऑनलाइन फ्राड को देखते हुए स्कूली बच्चों को अनजान लिंक को एक्सेप्ट नहीं करने, अपना पर्सनल डेटा, वजच किसी अनजान व्यक्ति को शेयर नहीं करने, आधार कार्ड का नंबर किसी अनजान व्यक्ति को नहीं बताने जानकारी दिया गया व 18 वर्ष से कम उम्र बालक, बालकों को वाहन नहीं चलाने समझाइश देकर जागरूक किया गया जागरूकता अभियान में कवच महोदय भानुप्रतापपुर,थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर निरीक्षक रामेश्वर,सउनि कैलाश पांडे द्वारा स्कूली बच्चों को जागरूक किया गया।

————–

02.बस्तर इन्वेस्ट कनेक्ट मीट से कांकेर जिले में भी मिलेगा उद्योगों को बढ़ावानए औद्योगिक क्षेत्रों की होगी स्थापना। जिले के तीन उद्यमियों को 64 लाख रूपए का ऋण सहायता वितरित। 01 उद्यमी को मिला स्थायी पूंजी निवेश अनुदान का लाभ।

—मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में गत दिवस जगदलपुर में आयोजित बस्तर इन्वेस्ट कनेक्ट मीट में कांकेर जिले के उद्यमी भी लाभान्वित किए गए। जिले के तीन उद्यमियों को 64 लाख रूपए का ऋण सहायता संबंधी चेक प्रदान किया गया, वहीं एक उद्यमी को 90 लाख रूपए का स्थायी पूंजी निवेश अनुदान का चेक वितरित किया गया। इससे जिले में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार भी होगा। उक्त कार्यक्रम में कांकेर जिले के व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से लाभान्वित हितग्राही और नए इन्वेस्टर भी शामिल हुए। उक्त कार्यक्रम में कांकेर जिले के प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्यान्न प्रसंस्करण योजना से लाभान्वित उद्यमी मैसर्स अक्षा फूड्स एण्ड ब्रेवरेजेस को 42 लाख 90 हजार रूपए का सब्सिडीयुक्त ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत हरीश कोमरा को रेडीमेंट वस्त्र व्यवसाय के लिए 09 लाख रूपए एवं सुरेश बघेल को हार्वेस्टर क्रय के लिए 20 लाख रूपए का ऋण सब्सिडीयुक्त चेक प्रदान किया गया। मेसर्स महावीर वेयर हाउस को वेयर हाउस निर्माण के लिए औद्योगिक नीति के तहत स्थायी पूंजी निवेश अनुदान संबंधी चेक प्रदाय किया गया। इसके अलावा जिले के 07 उद्यमियों को उद्योग स्थापना हेतु सर्टिफिकेट (प्रमाण-पत्र) भी प्रदान किया गया। बस्तर इन्वेस्ट कनेक्ट मीट के अवसर पर मेसर्स वर्षा कैटलफीड को केटलफीड का निर्माण, मेसर्स राहुल छाजेड़ को वेयर हाउस निर्माण, मेसर्स सिद्धांत मल्टी स्पेशियलिटी हास्पिटल कांकेर को 50 बिस्तरों के हॉस्पिटल स्थापना, मेसर्स शंकरा लेटेक्स को सर्जिकल गलब्स उत्पाद निर्माण, मेसर्स भवल इकोटूरिस्म को होटल रिसार्ट स्थापना, मेसर्स छत्तीसगढ़ वेयरहाउस को वेयरहाउस निर्माण और मेसर्स श्री गौरंग राईस मिल को मुख्यमंत्री के हाथों निवेश सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। उक्त सभी प्रस्तावित उद्योगों में लगभग 70 करोड रूपए का़ निवेश तथा 400 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध होने की संभावना है।

————–

03.एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 19 सितम्बर को। निजी क्षेत्र में 275 रिक्त पदों के लिए होगी भर्ती। 

—जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में 19 सितम्बर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा कुल 275 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में सिक्युरिटी गार्ड के 200 पद, सिक्युरिटी सुपरवाइजर के 25 और फिल्ड ऑफिसर के 50 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर या ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।

————–

04.छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव-2025  निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीयन, नवीनीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन।

—छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीयन, नवीनीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत बागोडार में किया गया, जिसमें पंजीकृत 14 श्रमिकों का नवीनीकरण व 52 श्रमिकों का नवीन पंजीयन किया गया। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग द्वारा 66 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां दी गई। उक्त शिविर में ग्राम पंचायत सरपंच, श्रम निरीक्षक सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।श्रम पदाधिकारी ने बताया कि आगामी 15 सितम्बर को श्रम एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम सुरही तथा कोयलीबेड़ा (पखांजूर) विकासखण्ड के ग्राम छोटेकापसी में 16 सितम्बर और चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कुरूभाट में 19 सितम्बर को निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीयन, नवीनीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
————–

05.सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यमों के लिए वैकल्पिक वित्तपोषण पर हुई कार्यशाला।

—जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को पारंपरिक बैंकिंग विकल्पों के अतिरिक्त वैकल्पिक वित्तीय स्रोतों की जानकारी देने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के द्वारा उद्यमियों के लिए वैकल्पिक वित्तपोषण पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में सीएसआईडीसी रायपुर के प्रतिनिधियों ने कार्यशाला में जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को वित्तीय स्रोत, बाज़ार एवं संस्थागत सशक्तिकरण के माध्यम से प्रतिस्पर्धी व सतत विकास की दिशा में बढ़ाने के लिए क्रियान्वित किया जा रहा है। ट्रेड्स प्लेटफॉर्म के संचालन, बिल डिस्काउंटिंग की प्रक्रिया और समयबद्ध भुगतान की सुविधा पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ट्रेड्स प्लेटफॉर्म एमएसएमई को विलंबित भुगतानों से राहत दिलाने और नकदी प्रवाह को बेहतर बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने प्लेटफॉर्म पर सूचीकरण की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड एवं इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को होने वाले फायदे की विस्तार से जानकारी दिया। कार्यशाला में जिले के उद्यमियों, सीए और अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी शंका का समाधान भी किया। उन्होंने ऐसी कार्यशाला को समय-समय पर आयोजित करने का आग्रह भी विभागीय अधिकारियों से किया। कार्यशाला में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, प्रबंधक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के उद्यमीगण शामिल हुए।

————–

06.जिले में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस।

— जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर साक्षरता सप्ताह का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। सप्ताह के प्रथम दिन उल्लास मोबाइल एप पर शिक्षार्थियों और स्वयंसेवी शिक्षकों का विशेष पंजीयन अभियान चलाया गया तथा सभी विद्यालयों में शपथ ग्रहण व जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। द्वितीय दिन एनसीसी व एनएसएस के विद्यार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की जानकारी दी गई। तृतीय दिवस को ग्रामीण अंचलों में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इसी प्रकार चतुर्थ दिवस को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बैनर व तख्तियों के साथ उल्लास रैली, साइकिल रैली, प्रभात फेरी व पुस्तक वाचन किया। पांचवे दिन नवाचारी शिक्षकों ने शिक्षण को मनोरंजक बनाते हुए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कीं, वहीं छठवें दिन शिक्षा आधारित पेंटिंग व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। साक्षरता सप्ताह के सातवें दिन महिला साक्षरता पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए गए।आठवें दिन जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का मुख्य आयोजन भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैजनपुरी में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूल टॉपर विद्यार्थियों व चिन्हांकित साक्षरता केन्द्रों के मेधावी बच्चों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 10वीं-12वीं के स्वयंसेवी शिक्षकों को बोनस अंक संबंधी जानकारी दी गई तथा सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों ने उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की शपथ लिया।

————–

07.आज कांकेर नगर आगमन के दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल  योगराज टिकरिहा का भाजयुमो कार्यकर्ताओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें लड्डु से तौला।

नगर में  खुली जीप पर  यात्रा निकाली गई जहां कांकेर विधायक आशाराम नेताम‚ नगरपालिकाध्यक्ष अरूण् कौशिक‚भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन के साथ ही दिलीप जायसवाल‚ सतीश लाटिया सहित भाजपा के तमाम कार्यकर्ता‚ चारामा से अंकित जैन सहित तमाम कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

————–

08. सेवा पखवाडा के तहत आज धनेलीकन्हार के आयोजन में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए।

————–

09.छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वस्तु एवं सेवा कर (GST) में आम आदमी को मिली बड़ी राहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों’ की घोषणा के बाद, सरकार ने कई दैनिक उपयोग की वस्तुओं और सेवाओं पर टैक्स कम कर दिया है, जिसे जनता के लिए ‘दिवाली का तोहफा’ बताया गया है। आम लोग घरेलू उाकरण लेने से पहले नये जीएसटी सुधार लागू होने की राह तक रहे हैं‚ताकि उन्हें लाभ मिले। 

————–

10.अलबेलापारा हेलीपैड के पास शिव धाम शिव मंदिर में जंगली जानवरों को भोजन न मिलने के कारण आए दिन मंदिर में प्रसाद नारियल व तेल पीने के लिए प्रत्येक दिन मंदिर में आकर अपना भोजन की तलाश में कुछ प्रसाद ही खाकर चले जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिले के ग्राम नारा में प्रतिदिन देर शाम एक भालु का गली में घुमना आम बात हो गया है, जिसे लोग खाने की चीजें देते रहते है। शासन की जामवंत जैसी बहुत सारी योजना के बाद भी जंगली जानवरों को पर्याप्त भोजन न मिलने के कारण ही घरों में मंदिरों में आए दिन भोजन की तलाश में देखे जा रहे हैं।

————————

शुभ रात्रि…..

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏

———————-

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 1 फरवरी 2026 बुधवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   11  फरवरी  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं” —यही समय होता है, मानवता दिखाने का!…

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *