कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
11 फरवरी 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय—
”जुआ,सट्टा में संलिप्त रहना कौन सा धर्म”
—जुआ,सट्टा भी एक बडी सामाजिक बुराई है,और इसे बुराई के रूप में स्वीकार करने की भी जरूरत है। क्योंकि कुछ लोग जो जुआ,सट्टा के कारोबार में संलिप्त है,इसे अपने रोजगार के रूप में देखते हैं। ऑनलाईन सट्टा का भी चलन है। इसे लेकर ये सट्टा खिलाने वाले लोग इसके विषय मे ंपाजिटिव बात करते नजर आते हैं,कि इसमें कोई बुराई नही है।
यदि सट्टा खिलाना,खेलना कोई बुराई नहीं है,तो पुलिस क्यों पकडती है। फिर जेल के सलाखों में क्यों इसके आरोपियों को डाला जाता है? नगरों में कई बार ऐसे आरोपियों को पुलिस कार्रवाई करते हुए जेल में डाल देती है। अभी तो छत्तीसगढ में बडे बडे खाईवाल पकडा रहे हैं,जिन्हें जेल में डाला जा रहा है,तो कुछ आरोपी मुंह छिपाए फिर रहे हैं,जिन्हें पता करने पर परिजन भी हील हवाला का परिचय देते अंजान बन रहे होते हैं,जैसे कि इनकी चाल को लोग नहीं जानते समझते।
ऐसा पैसा भी क्या काम का जिसमें अपनी पूरी इज्जत और स्वाभिमान नीलाम कर देते हैं? ऐसे पैसों से बनाया हुआ वह मकान किस काम का, जिसमें किसी के कर्ज वसुली के वक्त खुद के घर में खुद छिप रहे होते हैं? दुनियां को यह ज्ञान बांटने में कि हम क्यों इस दुनियां में आए हैं? क्या काम करना चाहिए? जैसे तमाम बातें करते हुए अंत में हमें धर्म के रास्ते पर चलना चाहिए का ज्ञान देने वाले यह जवाब दे पाएंगे कि जुआ,सट्टा में संलिप्त रहना कौन से धर्म का काम है? ऐसे व्यवसाय क्यों नहीं करते जहां खुद को अपना सिर झुकाना ना पडे!
धर्म के रास्ते पर चलने वाले ऐसे कार्य में संलिप्त नहीं रहते कि उनके गुरूदेव के आदर्श पर किसी व्यक्ति विशेष के चलते आदर्श शब्द को ही बदनाम होना पडे। लोग सब जानते हैं,सब समझते हैं, इस मुगालते में ना रहें कि आप उन सामाजिक बुराईयों वाले कार्य में संलिप्त है,और लोग नहीं जानते। आपको समाज,धार्मिक संगठन सब बखुबी जानता है। लेकिन अपने को ऐसा बनाने का प्रयास करें कि अच्छाईयों के नाम लोग जानें।
मनोज जायसवाल
————————

————————
निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, थाना प्रभारी थाना कांकेर, प्रधान आरक्षक कौशल साहू, आरक्षक मनोज धु्रव, शिव कुमार नेताम। कांकेर पुलिस की अपील:-
अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। कई बार आपकी एक छोटी सी सूचना बड़े अपराधों को रोक सकती है, इसी उद्देश्य से जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा किसी भी संदिग्ध या अपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए अपराधिक हेल्पलाईन नंबर 94791-55125 संचालित की जा रही है। यह दी गई हर सूचना एवं सूचनकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
02. कलेक्टर कार्यालय में जनदर्शन अब प्रत्येक सोमवार को।
—कलेक्टर कार्यालय में अब प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12 बजे से दोपहर 02 बजे तक जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले की आम जनता कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या, शिकायत व मांग से संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इससे पहले यह जनदर्शन प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाती थी, जिसमें संशोधन किया गया है।
कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
———————
03. संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 16 एवं 17 फरवरी को लाइवलीहुड कॉलेज जगदलपुर में।
— कौशल विकास तकनीकी एवं रोजगार विभाग द्वारा 16 एवं 17 फरवरी को प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक शासकीय लाईवलीहुड कॉलेज आड़ावाल जगदलपुर में संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के तकनीकी एवं गैर तकनीकी के लगभग 1502 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा।जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि संभाग स्तरीय रोजगार मेला में इच्छुक आवेदकां का साक्षात्कार 16 एवं 17 फरवरी सोमवार व मंगलवार निर्धारित है। जो आवेदक रोजगार मेला हेतु पूर्व में पंजीयन नहीं किया है वे पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर अपना ऑनलाइन आवेदन कर रिक्त पदां की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदक अपने समस्त दस्तावेज जीवित पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, अनुभव प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साईज फोटो, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र की मूल एवं छायाप्रति के साथ निर्धारित तिथि पर रोजगार मेला स्थल में अपनी उपस्थिति दे सकते हैं। इस संबंध मे विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक अपने जिला रोजगार कार्यालय, नजदीकी आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं लाईवलीहुड कॉलेज से प्राप्त किया जा सकता है।
————————
04. ‘परीक्षा पे चर्चा’ पर आधारित कार्यशाला में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिए जरूरी टिप्स कहा- परीक्षा के दौरान टाइम मैनेजमेंट और पॉजिटिव एटीट्यूड सर्वाधिक महत्वपूर्ण।
— ’परीक्षा पे चर्चा’ के तहत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कार्यशाला सह परिचर्चा का आयोजन आज किया गया, जिसमें प्री बोर्ड में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं एवं 12वीं की आगामी बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित एवं प्रेरित किया गया। उक्त कार्यशाला में मुख्य वक्ता के तौर पर कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान टाइम मैनेजमेंट सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। समय-प्रबंधन से ही अधिक प्रश्नों का हल निर्धारित समय में किया जाना संभव होता है। इसके अलावा इस समय विद्यार्थियों का पॉजिटिव एटीट्यूड होना भी उतना ही कारगर है। पीएम श्री नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के हॉल में आयोजित कार्यशाला में मौजूद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा के दौरान एक-एक पल बहुत मूल्यवान होता है और इस समय विषयवार तैयारियां बेहद आवश्यक है।
प्रश्नों का हल करते समय विद्यार्थी यह अवश्य ध्यान दें कि जिन प्रश्नों का हल वे बेहतर ढंग से कर सकते हैं उनका उत्तर पहले लिखें तथा प्रश्नों के जवाब विषयांतर न हो। इस तरह उन्होंने पॉजिटिव एटिट्यूड पर फोकस करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थी सकारात्मक सोच, नियमित अध्ययन, सहीं योजना और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर लिखें। विषयों व संदर्भों में पकड़ अच्छी हो, इसके लिए परीक्षा के पहले विषयवार तैयारियां सुनिश्चित करनी होगी। इस दौरान संयमित खानपान और आहार-विहार पर भी फोकस करते हुए कलेक्टर ने बाहर के खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ’हमर लक्ष्य’ के तहत बोर्ड परीक्षाओं में विगत वर्षों में जिले के परीक्षार्थियों के बेहतर परिणाम प्राप्त हुए। इसी तरह इस वर्ष भी विद्यार्थी अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हों। उन्होंने बताया कि इस साल भी राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा मुंबई की हवाई यात्रा कराई जाएगी। इसके अलावा सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप, टैबलेट और स्कूटी भी प्रदाय की जाएगी। साथ ही शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालयों को 05 लाख रूपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा उनका समुचित मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर उपस्थित जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी ने विद्यार्थियों को विषयवार प्रबंधन एवं टाइम मैनेजमेंट और पेपर हल करते समय प्रश्नों के चयन की प्राथमिकता पर जरूरी टिप्स दिए। उन्होंने परीक्षा को लेकर तनाव लेने की जगह समय पर उत्तर पर हल पूर्ण आत्मविश्वास के साथ करने और अपनी क्षमता का बेहतर व सकारात्मक प्रदर्शन करने की बात कही। साथ ही विद्यार्थियों का व्यक्तिगत तौर पर मार्गदर्शन भी किया। कार्यशाला में मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर शिक्षा मनोविज्ञान पर आधारित सलाह देते हुए डॉ. पल्लवी क्षीरसागर ने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा के पहले विषयों का गूढ़ अध्ययन करना बहुत आवश्यक होता है। इस दौरान तनाव से राहत के लिए स्वयं के लिए थोड़ा समय अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के स्थान पर किताबों के माध्यम से पढ़ाई पर एकाग्रता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही अध्ययन एवं समय के मध्य सामंजस्य स्थापित करने की बात उन्होंने कही। इसके पहले, जिला शिक्षा अधिकारी ने भी परिचर्चा में विद्यार्थियों को प्रेरित व प्रोत्साहित किया। कार्यशाला में रायपुर से आए मोटिवेशनल स्पीकर्स के द्वारा भी विद्यार्थियों के संशय का समाधान किया गया।
–———————
05. बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध। अनुमति हेतु जिला दण्डाधिकारी ने किया प्राधिकृत अधिकारी नियुक्ति।
—छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सम्पूर्ण जिले में बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को प्रतिबंधित किया है। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित की जाने वाली वर्ष 2026 की हायर सेकण्डरी, हाईस्कूल, शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च के मध्य आयोजित होगी, इससे विद्यालयीन परीक्षा के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में कोई व्यवधान न हो। इसे दृष्टिगत रखते हुए छत्तीसगढ़ कोलाहल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा-4 एवं धारा-6 के अंतर्गत तीव्र संगीत, हार्नटाइप, ध्वनि विस्तारक का उपयोग अनुज्ञा के बिना तत्काल प्रभाव से सम्पूर्ण कांकेर जिला में राजस्व सीमा के अंदर प्रतिषेध किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा अधिनियम की धारा-7 के अंतर्गत ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की अनुमति प्रदान करने के लिए जिले के संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं तहसीलदार (कार्यपालिक दण्डाधिकारी) को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है। तहसील कांकेर के लिए एसडीएम कांकेर, तहसील चारामा के लिए एसडीएम चारामा, तहसील नरहरपुर के लिए तहसीलदार नरहरपुर, तहसील सरोना के लिए तहसीलदार सरोना, तहसील भानुप्रतापपुर के लिए एसडीएम भानुप्रतापपुर, तहसील दुर्गूकोंदल के लिए तहसीलदार दुर्गूकोंदल, तहसील अंतागढ़ के लिए एसडीएम अंतागढ़, तहसील आमाबेड़ा के लिए तहसीलदार आमाबेड़ा, तहसील पखांजूर के लिए एसडीएम पखांजूर, तहसील बांदे के लिए तहसीलदार बांदे और तहसील कोयलीबेड़ा के लिए तहसीलदार कोयलीबेड़ा को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सभी प्राधिकृत अधिकारियों को परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र चलाए जाने हेतु अनुमति के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों की पंजी रखेंगे और उसके प्रत्येक आवेदन पत्र की तिथि एवं समय का विवरण दर्ज किया जाएगा तथा परीक्षण पश्चात पृथक से अनुमति आदेश जारी किए जाएंगे। कलेक्टर ने सभी प्राधिकृत अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अनुमति की सूचना संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी को दी जाए साथ कलेक्टर कार्यालय को भी इसकी सूचना दी जाए। यह आदेश 18 मार्च 2026 तक प्रभावशील रहेगा। इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।
———————–
06. अंतागढ में जुआरियों के ऊपर ताबडतोड कार्रवाई‚मचा हडकंप ।

— थाना अंतागढ पुलिस ने जुआड़ियो के उपर की कार्यवाही। जुआ एक्ट के मामले में 09 आरोपी गिरफ्तार। पुलिस जानकारी के अअनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि गत 09.02.2026 को मुखबीर के माध्यम से देवनीडोकरी मंदिर अंतागढ़ के किनारे खुली आम जगह में कुछ व्यक्ति ताश के 52 पत्ती से रूपये पैसे का हार जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने के संबंध में सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार थाना प्रभारी अंतागढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबीर सूचना तस्दीक हेतु रवाना हुए थे, जो मुखबीर के बताये स्थान पर पहुंचकर, घेराबंदी कर जुआ रेड़ की कार्यवाही किया गया। जुआ रेड कार्यवाही के दौरान 1.अरविंद आंतरम 2.फिराजे खान 3.खलील अहमद 4.मेघ बहादुर 5.मिस्त्री लाल गुप्ता 6.मृणाल कर्मकार 7.रमेश माली 8.जोहरू मण्डावी 9. जहांगीर खान सभी निवासी अंतागढ़, थाना अंतागढ़, जिला कांकेर के द्वारा ताश के 52 पत्ती से रूपये पैसे का दाव लगाकर जुआ खेलना पाया गया। जिनके कब्जे से कुल जुमला राशि 5190/- रूपये, ताश के 52 पत्ते, सफेद रंग के प्लास्टिक बोरी एवं घटना स्थल से जुआड़ियो का 06 नग मोटर सायकल एवं 07 नग एंड्राइड मोबाईल जप्त कर आरोपियो के विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा- 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियाें को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक रमेश जायसवाल थाना प्रभारी अंतागढ़, उनि0 आलोक सुबोध, प्रधान आरक्षक अजेन्द्र नरेटी, नरेश मांझी, रोशन नेताम,आरक्षक दिलीप कोरेटी, रंजीत ठाकुर, महेश यादव, जितेन्द्र नेताम, डीएसएफ आरक्षक शंभु उसेण्डी। रहे।
कांकेर पुलिस की अपील:-
अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। कई बार आपकी एक छोटी सी सूचना बड़े अपराधों को रोक सकती है, इसी उद्देश्य से जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा किसी भी संदिग्ध या अपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए अपराधिक हेल्पलाईन नंबर 94791-55125 संचालित की जा रही है। यह दी गई हर सूचना एवं सूचनकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
———————–
07. तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का प्रशिक्षण 16 से 20 फरवरी तक।
— तेन्दूपत्ता संग्रहण काल के पूर्व शाखकर्तन का प्रशिक्षण सभी वन परिक्षेत्र मुख्यालय में 16 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर के प्रबंध संचालक से मिली जानकारी के अनुसार तेन्दूपत्ता शाखकर्तन कार्य के लिए कोरर में 16 फरवरी को, नरहरपुर में 17 फरवरी, कांकेर में 18 फरवरी, चारामा में 19 फरवरी एवं सरोना में 20 फरवरी को प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें संबंधित क्षेत्र के समितियों के साथ ही सरपंच, समिति अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्य, प्रबंधक, नोडल अधिकारी, फड़ मुंशी, वन समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के लिए प्रबंध संचालक द्वारा सभी वन परिक्षेत्र अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
———————–
08.
—
–———————
09.चारामा विकासखंड में युरिया खाद की अभी से कमी।
—जिले के चारामा विकासखंड में रबी फसल के लिए किसान अभी से युरिया खाद की किल्लत से परेशान हैं। स्थिति यह है कि कई किसान पडोसी धमतरी जिले से खाद ले रहे हैं। किसानों की मजबूरी का फायदा इस तरह से उठा रहा है,कि लादन के नाम पर कुछ अन्य दवाई दी जा रही है,जिससे किसानों के ऊपर दुबारा आर्थिक बोझ पड रहा है।
———————
10
———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






