आज की टॉप 10 खबर 09 फरवरी 2026 सोमवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  09  फरवरी  2026 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————— 

”जीवन को कैसे स्मार्ट बनायेगी ये स्मार्ट मीटर”
लगातार महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए अब आने वाला दिन उनकी जीविका के लिए शायद और भी खराब दिन आने वाले हैं। अन्य राज्यों में किस तरह स्मार्ट मीटर लगाये जाने से उनके घरों मे पूर्व खपत के जितना बिजली के प्रयोग किये जाने के बावजूद ये स्मार्ट मीटर की स्पीड ने उनके घरों में गृहस्थी खर्च बढ़ा दी है।छत्तीसगढ में स्मार्ट मीटर अमूमन जगह लगाये जा चुके है। हालांकि अभी रिचार्ज का सिस्टम चालू नहीं हुआ है। जहां अभी तक बिजली के एक पोल लगाने के लिए एडी चोटी एक कर हजारों की राशि खर्च करना पडता था, वो सहज में जहां देखें वहां बिजली के पोल लगाये जा रहे हैं। किसानों के खेतों में बिजली पोल एवं तार का जाल सा बिछ गया है। सडकों के अति निकट पोल लगाये जा रहे हैं,जो भविष्य मे चौडीकरण के बाद फिर हटाये जायेंगे।सुदूर क्षेत्रों में लोगों की गरीबी के चलते उनके लिए सिंगलबत्ती कनेक्शन तो किसानों के लिए तीन एवं पांच हार्स कृषि पम्पों के लिए आप्शन के रूप में प्रतिमाह एक निश्चित राशि पर खेतों की सिंचाई के नाम स्वयं सरकार द्वारा ही योजना लागू किया था,जिसका बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है कि कृषि क्षेत्र में लोग आगे आ रहे थे।

लेकिन अब स्मार्ट मीटर यदि कृषि पम्प पर मीटर लगाये जाते हैं और बिजली की उपलब्धता का एक निश्चित समय रहेगा जैसे नियम लागू किये जाते हैं, तो निश्चित रूप से कृषि गिर जायेगा और जब किसान मंहगी बिजली के चलते कृषि नहीं कर पाएंगे तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था जो आज कृषि से बनी हुई है वो बेहद कमजोर पड़ जायेगी। यहां तक कि लोगों के दैनिक उपयोग की वस्तुएं साग सब्जियों का रेट भी आसमान छुएगा।मोबाईल के मंहगे रिचार्ज प्लान जो जब कभी नियम लागू किए जा रहे हैं, इसी तरह बिजली के रिचार्ज प्लान से समाज के अंतिम व्यक्ति जिन्हें सरकार द्वारा आगे लाने की बात कही जाती है,इस तरह महंगी बिजली से उनके घरों में अंधेरा छा जाएगा। इस बात से भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि इसके साथ ही व्यावसायिक बिजली मंहगी हो जाने से आम घरेलू चीजें भी मंहगी हो जाएंगी। यदि यह योजना देश के बड़े उद्वोगपति घरानों को सौंपी जा रही है तो प्रदेश सरकार को इसका विरोध करना चाहिए। इसके साथ ही सबको उठ खडे होने की जरूरत है।

पूर्व में आम जनता को कभी लोड बढ़ाने के नाम तो कभी आनस्पाट बिलिंग के नाम कष्ट झेलना पड़ रहा है। आज भी बिजली कार्यालयों में लोगों को चक्कर खाते देखा जा सकता है। जिस कदर लोगों को अपने कनेक्शन में लोड भार कराने कहा गया आम जनता ने अपने कनेक्शन पर र्लाेड भार तो बढ़ाया लेकिन इसके अनुसार उनको बिजली प्रदाय करने वाले ट्रांसफार्मर का लोड पूर्ववत रहा जिसके चलते इसकी प्रासंगिकता पर सवाल उठते रहे। आज भी गावों में अधिकाधिक लोड के चलते कहीं पम्प नहीं चल रहे तो कई जगहों पर बिजली के लौ वोल्टेज के चलते लोग त्रस्त हैं।कुल मिला कर बिजली के ये स्मार्ट मीटर बिलिंग को स्मार्ट कार्य करेगी लेकिन लोगों की जीवनचर्या को कैसे स्मार्ट बनायेंगी ये बड़ा सवाल है। तब जब नियामक आयोग बिजली दरे निर्धारण से दूर हों।

✍️मनोज जायसवाल
 ———————— 
1 . आरोपी वाहन चालक द्वारा अपने वाहन को जानबुझ कर तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक चलाकर एक्सीडेंट करने से गिरफ्तार किया गया कोरर पुलिस के द्वारा।  दिनांक 07.02.2026 कोआरोपी द्वारा घटना कारित कर फरार होने का किया जा रहा था प्रयास।  
—पुलिस जानकारी अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 07 फरवरी 2026 को प्रार्थी नरोत्तम साहू पिता जगनाथ साहू उम्र 40 वर्ष निवासी पोटगांव के द्वारा थाना आकर रिपेार्ट दर्ज कराया कि, इसका भाई अपने मो.सा. से ग्राम कोदागांव से पोटगांव आ रहा था, जो पीछे से आ रही मोटरसायकल क्रमांक सीजी 19 सी 0316 का चालक द्वारा शराब सेवन कर ठोकर मारकर एक्सीडेंट करने से मृत्यु होने की रिपोर्ट पर थाना कोरर में मर्ग क्रमांक 14/2026 धारा 194 बीएनएसएस कायम कर शव पंचनामा कार्यवाही मे लिया गया।

मर्ग जांच में पर से आरोपी चालक के विरूद्व अपराध क्रमंाक 20/2026 धारा 281, 106(1) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान दिनांक 07.02.2026 को वाहन क्रमांक कार क्रमंाक सीजी 19 सी 0316 के चालक द्वारा अपने वाहन को जानबुझ कर तेजगति एवं लापरवाही जानते हुए कि, अधिक रफ्तार वाहन चलाने से किसी को ठोकर लगने से मृत्यु होना संभव है फिर भी अपने वाहन को जानबुझ कर तेज गति से चलाते हुए ग्राम कोदागांव एवं पोटगांव के बीच एक मोटर सायकल को ठोकर मारा तत्पश्चात् वहां से भागते हुए एक अन्य मो0सा0 को पीछे से ठोकर मारा जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। प्रकरण में धारा 105 बी.एन.एस. एवं आरोपी द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने पर प्रकरण में अतरिक्त धारा 185 एम.व्ही एक्ट जोड़ी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, योगेश साहू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्ग दर्शन में मोहसिन खान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर के पर्यवेक्षण में, थाना कोरर द्वारा विशेष टीम गठित की जाकर आरोपी के बारे में पता तलाश हेतु रवाना हुई।

प्रकरण में विवेचना के दौरान गवाहों का कथन लेखबद्व किया गया जो पाया गया कि, आरोपी नवाज अली निवासी संजय नगर कांकेर के द्वारा दिनांक यह जानते हुए कि, शराब सेवन कर वाहन को जानबूझ कर तेज रफ्तार चलाकर एक्सीडेंट करने से किसी का मृत्यु होना संभव है फिर भी अपने वाहन कार क्रमांक सीजी 19 सी 0316 को तेज रफ्तार चलाकर एक्सीडेंट करने से प्रकरण में आरेापी को गिरफ्तार कर दिनाँक 08/02/2026 को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।

 ———————— 

02. सोशल मीडिया पर वीडियो फोटो वायरल करने की धमकी देकर फ्रॉड करने वाले आरोपी को अलवर राजस्थान से भानुप्रतापपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार। 

— पुलिस जानकारी अनुसार  मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 2:2: 2026 को थाना भानु प्रतापपुर में प्रार्थी के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसके मोबाइल नंबर में अनजान नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया, इसके पश्चात मोबाइल धारक के द्वारा प्रार्थी को वीडियो फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगभग 84000 रुपये ठगी कर लिया गया है कि रिपोर्ट पर थाना भानुप्रतापपुर में अपराध पंजीबद किया गया, मामले की गंभीरता को देखते हुए  निखिल राखेचा (भा. पु. से.) पुलिस अधीक्षक जिला उत्तर बस्तर के निर्देशन में  आकाश श्रीश्रीमाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन में   शेर बहादुर सिंह ठाकुर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भानुप्रतापपुर के पर्यवेक्षण में थाना भानुप्रतापपुर एवं साइबर सेल से आरोपी पता तलाश हेतु टीम रवाना किया गया जो छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राजस्थान पुलिस के समन्वय से अलवर राजस्थान से पकड़ा गया आरोपी के द्वारा अपराध कबूल करने एवं उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर दिनांक 08.02.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक निर्माण पर भेजा गया। प्रकरण के आरोपी को गिरफ्तार करने में उप निरीक्षक प्रेम कुमार झा, प्रधान आरक्षक 44 सचिन शोरी, प्रधान आरक्षक 551 विजय कटकवार, आरक्षक क्रमांक 1385 प्रणय यादव का विशेष योगदान रहा हैl

 कांकेर पुलिस की अपील
अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा किसी भी संदिग्ध अपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए अपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित की जा रही है यहां दी गई हर सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।  किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना जान पहचान संपर्क ना करें अनजान नंबर से वीडियो कॉल ना उठाएं ठगी होने की स्थिति में तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 से संपर्क करें।

  ———————

03. सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश, अब सोमवार को होगी समय-सीमा की बैठक।खंडहर हो चुके भवनों को तोड़वाने के निर्देश कंडम वाहनों की होगी नीलामी।

—कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राज्य शासन के दिए गए निर्देशों के परिपालन में सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया है। प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाले समय-सीमा की बैठक अब सोमवार को आयोजित की जाएगी। कलेक्टर   क्षीरसागर ने सोमवार को आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल के साथ ही कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा दिए निर्देशों के अनुसार जिले के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी मंगलवार व बुधवार को मुख्यालय में रहकर शासकीय कामकाज को संचालित करें।  कलेक्टर द्वारा विभिन्न विभागों के कंडम वाहनों को आरटीओ के माध्यम से नीलामी कराने तथा खंडहर हो चुके शासकीय भवनों को विधिवत अनुमति प्राप्त कर तोड़वाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। शत-प्रतिशत छोटे बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए कहा गया। पीएम सूर्य घर निःशुल्क बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक प्रकरण बनवाने, ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय कार्यों का संपादन, शेष विद्युत देयकों को मार्च तक भुगतान करने और सभी स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया। समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, जिला अधिकारी एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।

———————— 

04. केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह और मुख्यमंत्री श्री साय के हाथों हुए पुरस्कृत हुए जिले के दो उत्कृष्ट प्रतिभागी। 

— केंद्रीय गृहमंत्री  अमित शाह और मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय ने बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और गौरवशाली परंपरा के संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 में कलाकारों, शिल्पियों और नृत्य, गीत, साहित्य, व्यंजन, पेय पदार्थ, औषधि, वेशभूषा-आभूषण चित्रकला, वाद्ययंत्र और नाटक की विधा सहित इन 12 विधाओं के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 50-50 हजार रुपए के चेक और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इसी क्रम में जिले के दो पृथक-पृथक विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया गया।
इनमें जनजातीय शिल्प का प्रदर्शन करने वाले जिले के श्री ओमप्रकाश गावड़े (कोया आर्ट्स) को प्रथम पुरस्कार के तौर पर 50 हजार रुपए के चेक के साथ स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इसी तरह संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम के समापन अवसर पर जनजातीय चित्रकला का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले श्री दीपक जुर्री (जिला कांकेर) प्रथम पुरस्कार के रूप में प्रत्येक को 50 हजार रुपए के चेक और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के लिए कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कलाकारों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

 ———————

05. बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध। अनुमति हेतु जिला दण्डाधिकारी ने किया प्राधिकृत अधिकारी नियुक्ति।

—छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सम्पूर्ण जिले में बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को प्रतिबंधित किया है। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित की जाने वाली वर्ष 2026 की हायर सेकण्डरी, हाईस्कूल, शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च के मध्य आयोजित होगी, इससे विद्यालयीन परीक्षा के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में कोई व्यवधान न हो। इसे दृष्टिगत रखते हुए छत्तीसगढ़ कोलाहल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा-4 एवं धारा-6 के अंतर्गत तीव्र संगीत, हार्नटाइप, ध्वनि विस्तारक का उपयोग अनुज्ञा के बिना तत्काल प्रभाव से सम्पूर्ण कांकेर जिला में राजस्व सीमा के अंदर प्रतिषेध किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा अधिनियम की धारा-7 के अंतर्गत ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की अनुमति प्रदान करने के लिए जिले के संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं तहसीलदार (कार्यपालिक दण्डाधिकारी) को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है। तहसील कांकेर के लिए एसडीएम कांकेर, तहसील चारामा के लिए एसडीएम चारामा, तहसील नरहरपुर के लिए तहसीलदार नरहरपुर, तहसील सरोना के लिए तहसीलदार सरोना, तहसील भानुप्रतापपुर के लिए एसडीएम भानुप्रतापपुर, तहसील दुर्गूकोंदल के लिए तहसीलदार दुर्गूकोंदल, तहसील अंतागढ़ के लिए एसडीएम अंतागढ़, तहसील आमाबेड़ा के लिए तहसीलदार आमाबेड़ा, तहसील पखांजूर के लिए एसडीएम पखांजूर, तहसील बांदे के लिए तहसीलदार बांदे और तहसील कोयलीबेड़ा के लिए तहसीलदार कोयलीबेड़ा को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सभी प्राधिकृत अधिकारियों को परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र चलाए जाने हेतु अनुमति के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों की पंजी रखेंगे और उसके प्रत्येक आवेदन पत्र की तिथि एवं समय का विवरण दर्ज किया जाएगा तथा परीक्षण पश्चात पृथक से अनुमति आदेश जारी किए जाएंगे। कलेक्टर ने सभी प्राधिकृत अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अनुमति की सूचना संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी को दी जाए साथ कलेक्टर कार्यालय को भी इसकी सूचना दी जाए। यह आदेश 18 मार्च 2026 तक प्रभावशील रहेगा। इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

  ———————–

06.मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह 10 फरवरी को।  

—मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजनांतर्गत जिले के 251 बेटियों का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा। गोविन्दपुर के शहीद शिवकुमार मंडावी खेल मैदान में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद  भोजराज नाग होंगे तथा अध्यक्षता विधायक कांकेर  आशाराम नेताम के द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक अंतागढ़   विक्रम उसेण्डी, विधायक भानुप्रतापपुर श्रीमती सावित्री मंडावी, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा एवं छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद अध्यक्ष कांकेर श्रीमती पूर्णिमा काव़ड़े, नगरपालिका कांकेर अध्यक्ष  अरूण कौशिक, जनपद उपाध्यक्ष कांकेर श्रीमती तारूणी ठाकुर,  महेश जैन, जिला पंचायत महिला एवं बाल विकास के सभापति श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा,  सतीष लाटिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुलोचना मेश्राम और ग्राम पंचायत गोविन्दपुर के सरपंच   दीपक मंडावी मौजूद रहेंगे।

  ———————–

07. तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का प्रशिक्षण 16 से 20 फरवरी तक।

– तेन्दूपत्ता संग्रहण काल के पूर्व शाखकर्तन का प्रशिक्षण सभी वन परिक्षेत्र मुख्यालय में 16 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर के प्रबंध संचालक से मिली जानकारी के अनुसार तेन्दूपत्ता शाखकर्तन कार्य के लिए कोरर में 16 फरवरी को, नरहरपुर में 17 फरवरी, कांकेर में 18 फरवरी, चारामा में 19 फरवरी एवं सरोना में 20 फरवरी को प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें संबंधित क्षेत्र के समितियों के साथ ही सरपंच, समिति अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्य, प्रबंधक, नोडल अधिकारी, फड़ मुंशी, वन समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के लिए प्रबंध संचालक द्वारा सभी वन परिक्षेत्र अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

 ———————–

08.अधिकारी-कर्मचारियों को दिया गया ई-ऑफिस का प्रशिक्षण।

– ई-ऑफिस, स्पैरो और ई-एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से कार्य करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर से पहुंचे मास्टर ट्रेनर्स सयैद शाकिब अली और जावेद अख्तर अंसारी के द्वारा जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही शंका का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालय में ई-फाईल के माध्यम से कार्य करने, स्पैरो पोर्टल के माध्यम से अचल संपत्ति का विवरण ऑनलाईन भरने और ई-एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से अवकाश के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया गया।

———————

09. एकलव्य आदर्श विद्यालय में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन तिथि में संशोधन,अब 11 फरवरी तक भरे जाएंगे आवेदन।

—जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 07 फरवरी तक आमंत्रित किए गए थे, जिसमें संशोधन करते हुए अब 11 फरवरी तक आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी गई है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 फरवरी, ऑनलाइन भरे गए आवेदन में त्रुटि सुधार 12 से 14 फरवरी तक की जा सकती है। चयन परीक्षा 01 मार्च 2026 दिन रविवार को प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जायेगा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश चयन परीक्षा हेतु पात्रता रखने वाले इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने एवं सहयोग हेतु जिले के सभी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों एवं मंडल संयोजक, कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत से सम्पर्क कर सकते हैं।

  ———————

10.उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिले के आयुष चिकित्सकों को किया गया पुरस्कृत।

—स्वच्छता संक्रमण नियंत्रण एवं बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित आयुष कायाकल्प प्रोग्राम के अंतर्गत आयुष विभाग संचालनालय रायपुर द्वारा कांकेर के चार आयुष केंद्रों को पुरस्कृत किया गया है। चयनित संस्थाओं में स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर भानुप्रतापपुर को प्रथम पुरस्कार 01 लाख 25 हजार रूपए प्रभारी डॉ. गोल्डी लांजेवार, आयुष केंद्र कोटतरा को द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए प्रभारी डॉ. धमेन्द्र सिंह ठाकुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर संबलपुर को द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए डॉ. कुसुम ठाकुर तथा शासकीय आयुर्वेद औषधालय तरहुल को तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए से पुरस्कृत किया गया, इस औषधालय के प्रभारी डॉ. प्रवीण सामल हैं। पुरस्कार से प्राप्त राशि का उपयोग अस्पतालों के मूलभूत ढांचे और मरीजों की सुविधाओं को विस्तार देने के लिए किया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेद अधिकारी ने बताया कि गत दिवस राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम उक्त पुरस्कारो से जिले के आयुष स्वास्थ्य केंद्रों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री   श्याम बिहारी जायसवाल थे। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव  अमित कटारिया, संचालक आयुष संतन देवी जांगड़े, संयुक्त संचालक डॉक्टर सुनील दास, उपसंचालक डॉ. ए. सी. किरण तिग्गा उपस्थित रहे। जिले के कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज आयुष केंद्रों को राज्य स्तर से पुरस्कार प्राप्त होने पर संबंधित आयुष औषधालय के सभी चिकित्सकों को बधाई देते हुए भविष्य में इसी तरह से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

———————

 शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 10 फरवरी 2026 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   10  फरवरी  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  संपादकीय— ”युरिया खाद के नाम किसानों को हताशा” —जिले का चारामा विकासखंड जो स्वावलंबी और…

आज की टॉप 10 खबर 06 फरवरी 2026 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   06 फरवरी  2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल  ————————  मया करके देखो… जिस प्रकार बालीवुड में प्रेम का वर्चस्व है, उसी तरह छालीवुड में…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *