आज की टॉप 10 खबर 08 अप्रेल 2026 बुधवार

———————-

‘संपादकीय-
”साफ छवि वालों को भी मिला माफिया का तमगा”
महानदी के रेत के नाम पिछले तकरीबन 20 वर्षों से चारामा विकासखंड में क्या-क्या नहीं हुआ? पर जो हुआ और उससे जो मिला वह तनाव और अवसाद! लोग बंटते चले गए। ना जाने कितने लोगों के मधुरिम संबंध टूट गए जो कभी जुड भी नहीं सकते। भुरीभुरा रेत उन रिश्तों को द्वेश के साथ ठोस बना दिया जिसे पुनः बनाया नहीं जा सकता। कुछ लोग तो अभी अभी के नेतागिरी में बडी बडी बातें कर रहे हैं, क्षेत्र लोग साक्षी है कि उन्हें रेत माफियों का कैसा-कैसा कृत्य किया है! कुछ साफ स्वच्छ छवि के लोग भी कानाफुसी के रूप में माफिया कहला रहे हैं,जो कि उन्हें खुद भी नहीं मालूम।बडी बडी सेटिंग के नाम पर अमूमन लोग भ्रम में रहे। बिना प्रामाणिकता के कोई किसी पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहा है,पैसे लेने का तो कोई किसी पर। बाकी जितनी बातें बाहरी वातावरण में व्याप्त है,वह सच्चाई से कोसों दूर है। यदि बाहर की बातों को कुछ देर के लिए सही सच मान लिया जाय तो वो रेत माफिया अपने सुंदर से नाम को क्यों माफिया शब्द से जाना जाये। एक रेत माफिया ने तो एक नेता को ही बोल दिया कि आप भी हमारे साथ पार्टनर बन जाओ तो जाने कि कितना यहां पैसा लगाना पडता है,कितना फायदा? और फिर सबको लेकर चलें तो चलें,जो यह कार्य कब बंद हो जाए इसकी कोई गारंटी नहीं है।जो नेता नहीं है, वो भी रेत के क्षेत्र में नेता बन बैठे हैं, सडक पर कौन एक व्यक्ति मोटरसायकल से उतर कर किसी हाईवा को रोक कर धमकी चमकी दे दे। यहां से रेत जरूर बाहर के क्षेत्र में परिवहन हो रहा है, पर परिवहन क्षेेत्र में इस क्षेत्र का संदेश कोई साफ नहीं है। वहां चर्चा है कि इस क्षेत्र में जहां देखें वहां ट्रकें रोक दी जाती है। कार्रवाई भी होती है। तमाम झंझटों को देखते कई ट्रक मालिकों ने तो अपनी ट्रक भेजना बंद कर दिया है। कई ड्रायवर जिन्हें गाडी से उतार कर मारपीट भी की गई। कई ने ट्रक चलाने से तौबा कर लिया!कई स्थानीय वो नेता जो रेत के नाम नेता बने हैं, बाहर से किसी ट्रक को रोक कर अपने नाम से रेत खदानों पर फ्री में रेत लोडिंग करवा रहे हैं। कुछ तो अपने स्वाभिमान और मान सम्मान को फेंक कर रात 12 बजे रेत घाटों में पैसा मांग रहे हैं। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ पत्रकार भी वो प्रतिनिधि है,जिनका कार्यकाल पांच साल का नहीं। अतएव इनके सामने बताने की जरूरत नहीं है, ये वो साक्षी हैं,जब आप कुछ शायद प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में भी नहीं आए थे।पूर्व के वो कुछ रेत माफिया जो इस क्षेत्र के लोगों से ही लडाईयां की। खुद की मशीन खुद जला कर आरोप लगाया लोगों को जेल भेजने का कृत्य किया, पर इन झुठे कृत्यों की सजा भी उन्हें देर सवेर मिली। अंततः देखा जाय तो रेत के नाम जितना कुछ माफियाओं ने लोगों के बीच किया, महज कुछ वर्षों में ही वो फिर से जमीनी धरातल पर वहीं के वहीं नजर आए।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
08  अप्रेल 2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

01. शिक्षामंत्री की मौजूदगी में होगा टीचर्स एसोसिएशन का प्रांतीय सम्मेलन12 अप्रैल को दुर्ग में जुटेंगे हजारों शिक्षक।

—छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में खालसा पब्लिक स्कूल मालवीय नगर चौक के पास दुर्ग में 12 अप्रैल 2026 को एक विशाल प्रांतीय महासम्मेलन का आयोजन किया गया है,इस सम्मेलन में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव  मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। यह आयोजन शिक्षकों की लंबित मांगों,पेंशन की विसंगतियों,शिक्षक सम्मान और शिक्षा की गुणवत्ता पर केंद्रित होगा।टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि शिक्षा मंत्री  के पहल पर लगातार हो रही पदोन्नति और टीईटी (TET) के मुद्दे पर शिक्षकों के पक्ष में दिए गए शिक्षा मंत्री जी के सकारात्मक बयानों से शिक्षक वर्ग में उत्साह है।इस हेतु सम्मेलन में शिक्षा मंत्री   का आभार व्यक्त किया जाएगा,साथ ही, सेवानिवृत्त एल.बी. संवर्ग के शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।
शिक्षा गुणवत्ता के लिए सभी शिक्षक लेंगे संकल्प
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक वाजिद खान,प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव,प्रदेश महासचिव हेमेंद्र साहसी,जिलाध्यक्ष कांकेर स्वदेश शुक्ला,जिला सचिव संतोष जायसवाल,मीडिया प्रभारी कृष्णेंदु आइच ने कहा कि सम्मेलन में प्रदेश भर से आए शिक्षक “शिक्षा गुणवत्ता” बनाए रखने हेतु सामूहिक संकल्प लेंगे।
सम्मेलन में प्रथम नियुक्ति से पेंशन मुख्य एजेंडा रहेगा,महासम्मेलन के दौरान शिक्षक अपनी लंबित मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री को मांग पत्र सौंपेंगे,जिसमें –
प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना- वर्तमान में पेंशन हेतु सेवा की गणना संविलियन तिथि (1 जुलाई 2018) से की जा रही है, जिससे 2028 से पूर्व सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक पुरानी पेंशन से वंचित हो रहे हैं। मांग है कि पूर्व सेवा अवधि को जोड़कर प्रथम नियुक्ति से पेंशन दी जाए।20 वर्ष में पूर्ण पेंशन- भारत सरकार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 33 वर्ष के स्थान पर 20 वर्ष की सेवा में पूर्ण पेंशन (अंतिम वेतन का 50%) का प्रावधान किया जाए।न्यायालय के निर्णयों का पालन- माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए पूर्व सेवा अवधि को पेंशन योग्य सेवा मानने का आग्रह किया जाएगा।सेवानिवृत्ति आयु और पदोन्नति -शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, क्रमोन्नति/समयमान वेतनमान प्रदान करने और प्राचार्य, व्याख्याता, प्रधान पाठक व शिक्षक के रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति की मांग की जाएगी।प्रशिक्षण एवं पात्रता- विभागीय टीईटी (TET) परीक्षा और विभागीय डी.एड./बी.एड. की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया जाएगा।छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन कांकेर के विकासखण्ड अध्यक्ष भोला प्रसाद ठाकुर,गोरखनाथ ध्रुव,बोधन साहू, सत्यनारायण नायक,धर्मराज कोरेटी,अनुप पुरबिया,खम्मन नेताम ने बताया कि इस प्रांतीय सम्मेलन में प्रदेश भर के प्रांतीय पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष,ब्लॉक अध्यक्ष,संकुल पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में शिक्षक सदस्य शामिल होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे।

———————–

02.कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री   रामविचार नेताम ने ली कांकेर में चार जिले के अधिकारियों की बैठकरासायनिक खाद की कालाबाजारी पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश।

— कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मंत्री  रामविचार नेताम ने आज कांकेर में बस्तर संभाग के चार जिलों कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर एवं बस्तर जिले के कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुधन विकास विभाग की अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने खरीफ की तैयारी और खरीफ सीजन के लिए उर्वरकां के भण्डारण, वितरण सहित विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए उर्वरकों की कालाबाजारी पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए निर्देशित किया। उर्वरक विक्रय केंद्रों का सघन जांच करने के साथ ही समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार विशेष रूप से उपस्थित थीं।कृषि मंत्री श्री नेताम ने बैठक के दौरान प्रत्येक जिलों में गत वर्ष में हुए उर्वरकों की खपत और खरीफ सीजन के लिए भण्डारण की जिलेवार समीक्षा करते हुए उर्वरकों की वैकल्पिक तैयारी रखने के लिए भी निर्देशित करते हुए हरी खाद की तैयारी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जैविक खाद एवं जैव उर्वरकों के उपयोग को प्रोत्साहित करने, ग्रीष्मकालीन धान फसल के अलावा अन्य लाभकारी फसलों जिसमें कम पानी व कम लागत में अधिक पैदावार होती हो, ऐसे लाभकारी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए निर्देशित किया। उद्यानिकी फसलों के लिए किसानों को जागरूक करने के निर्देश देते हुए पॉम ऑयल की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गये, इसके लिए लक्ष्य के अनुकूल हितग्राहियों को चयन सुनिश्चित करने कहा गया। पॉम ऑयल की खेती में अंतरवर्गीय फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया। बस्तर संभाग में कस्टम हायरिंग सेंटर के उपयोग की मैपिंग कर अधिक से अधिक किसानां को लाभान्वित करने, बीज उत्पादन कार्यक्रम में सूझबूझ के साथ किसानों का चयन करने के निर्देश दिए गए। मत्स्य पालन के क्षेत्र में कांकेर जिले की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए इससे महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़ने कहा गया। पशुधन विकास विभाग में आयमूलक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए कुक्कट पालन, बकरी पालन व डेयरी का विस्तार करने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि किसानों को अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हो सके। समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि 05 से 20 मई तक विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत उर्वरक के वैकल्पिक उपयोग, हरी खाद का उपयोग, धान के बदले अन्य लाभकारी फसलों का उत्पादन के संबंध में प्रचार-प्रसार के साथ ही अन्य विभागीय योजनाओं एवं तकनीकों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत वॉटर शेड में कार्यों के भौतिक प्रगति की समीक्षा भी की गई। इस अवसर पर संचालक कृषि  अजय अग्रवाल, संचालक पशुधन विकास विभाग   चंद्रकात वर्मा, संचालक उद्यानिकी  लोकेश कुमार, संचालक मत्स्य पालन  एन.एस. नाग, जिला पंचायत सीईओ कांकेर  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर   अरूण वर्मा, बीज निगम, मंडी बोर्ड, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अपर संचालक, संयुक्त संचालक तथा संभाग एवं कांकेर, नारायणपुर, कोण्डागांव व बस्तर जिले के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

 ———————

03.उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।अवैध गांजा परिवहन करने वाले 03 आरोपियो को बान्दे पुलिस ने किया गिरफ्तार।आरोपियो के कब्जे से 33.460 किलो ग्राम गांजा किमती 1673000 रू. एवं एक डिलक्स मोटर सायकल जप्त।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रवि कुजूर एवं डाॅ0 मेखलेन्द्र प्रतापसिंह के पर्यवेक्षण में दिनांक 07.04.2026 को मुखबीर सूचना प्राप्त होते ही बान्दे पुलिस द्वारा घटना स्थल पीव्ही 83 गोविन्दपुर तिराहा मेन रोड़ के पास रेड कार्यवाही कर तीन आरोपियों को 33.460 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा अवैध रूप से परिवहन कर हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। थाना बांदे मेंअपराध क्र. 28/2026 धारा 20(b)(ii ) C NDPS ACT के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

————————
विशेष-
-वर्तमान में शासन द्वारा सीएससी के माध्यम से सरकार की महती महतारी वंदन केवाईसी कराया जा रहा है,जो कि निःशुल्क किया जाना है,लेकिन सीएससी सेंटरों से प्रति हितग्राही 50-50 रूपये लिये जाने की शिकायतें रोज मिल रही है। सीएससी द्वारा हालांकि जो इस प्रकार से अवैध राशि ले रहा है,उसका आईडी ब्लाक किये जाने की बात की गई है,लेकिन उनकी जानकारी में होने के बाद भी देख कर अनजाना बना हुआ है।इस प्रकार ई-केवाईसी के नाम महिलाओं से राशि लिये जाने की हर जगह निंदा हो रही है।
————————

04. कांकेर पुलिस द्वारा अड्डेबाज़ी कर गैर कानूनी गतिविधियों मे शामिल 4 व्यक्ति गिरफ्तार।

-अवैध नशा के खिलाफ जिला में चलाये जा रहे उजियारा अभियान के तारतम्य मे   निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी प्रतिक बनसोडे दादासाहेब (भा.पु.से ) के नेतृत्व मे हमराह साइबर टीम एवं थाना स्टॉफ सूचना द्वारा गोविन्दपुर,सेन्टमाईकल स्कूल के पास संदिग्ध गतिविधियो में संलिप्त होकर अड्डेबाजी करते चार आरोपियो को धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किया जाकर कार्यपालिक दंडाधिकारी को पेश कर जेल दाखिल किया गया। संदिग्ध गतिविधियो मे संलिप्त व्यक्तियो पर सतत् निगाह रखी जा रही है। नशा पत्ती कर समाज में शांति व्यवस्था खराब करने वालो एवं अवैध नशा के कारोबार संलिप्त आरोपियो के विरूद्ध कांकेर पुलिस की लगातार कार्यवाही जारी है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:-

01. कीर्तन कुमार मरकाम पिता तामेश्वर मरकाम उम्र 22 वर्ष निवासी मललडोबरी थाना कांकेर।
02. रितेश कुमार भाद्धाज पिता हीरालाल उम्र 18 वर्ष निवासी सिदेसर थाना कांकेर।
03. सौरभ सेन पिता शिवराम सेन उम्र 24 वर्ष निवासी सिदेसर थाना कांकेर।
04. दुर्गेश कुमार मतलाम पिता राजकुमार मतलाम उम्र 19 वर्ष निवासी सिदेसर थाना कांकेर।

 ————————

05 . पंचायत सचिव भर्ती की चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी, दस्तावेज सत्यापन 09 अप्रैल को

– जिला पंचायत कांकेर द्वारा जिले के ग्राम पंचायत सचिवों (पंचायत कर्मी) के 18 पदों पर भर्ती के लिए कम्प्यूटर कौशल परीक्षा के बाद वरीयता सूची के आधार पर संबंधित अभ्यर्थियों की चयन एवं प्रतीक्षा सूची जारी किया गया है। ग्राम पंचायत सचिवों के लिए चयनित 18 अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज का सत्यापन 09 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से जिला पंचायत कार्यालय कांकेर में किया जाएगा। अभ्यर्थी चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची का अवलोकन जिला पंचायत कांकेर के सूचना पटल एवं जनपद पंचायत कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, दुर्गुकोंदल, अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा के सूचना पटल पर कर सकते हैं। चयन सूची को कांकेर जिले के वेबसाइट www.kanker.gov.in पर भी अपलोड किया गया है, जिसका अवलोकन किया जा सकता है।

  ————————

06.कांकेर विधानसभा के नरहरपुर बाजार चौक में आयोजित स्वच्छता अभियान में विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने यहां स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छ और सुंदर नगर निर्माण के संकल्प के साथ क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर सफाई अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के समस्त पदाधिकारी एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की  उपस्थिति रही।

  ————————

07.ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था बनाए रखने कंट्रोल रूम गठित, टोल फ्री नंबर जारी।

-ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा टोल फ्री नंबर जारी किया गया है, इसके साथ ही जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। जिले के किसी भी ग्राम में पेयजल की समस्या होने अथवा ग्राम में हैंडपंप खराब व बंद होने की शिकायत होने पर टोल फ्री नंबर 1916 अथवा 1800-2330008 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर जयंत कुमार टिकाम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, उनका मोबाइल नंबर 78049-74088 है, उक्त नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार उप खंड कांकेर राजेश हिरकने, मोबाइल नंबर 91315-97074, विकासखण्ड कांकेर स्तर पर प्रकाश कुमार कुमेटी मोबाइल नंबर 94062-32519 एवं अविनाश त्रिपाठी मोबाइल नंबर 700086-63604, विकासखण्ड नरहरपुर श्रीमती कविता कुलदीप मोबाइल नंबर 93031-54329, विकासखण्ड चारामा प्रकाश कुमार कुमेटी मोबाइल नंबर 94062-32519, विकासखण्ड एवं उप खंड भानुप्रतापपुर वाय.के. गुरू मोबाइल नंबर 94242-89412, उपखंड अंतागढ़ बलराज दरवाड़े मोबाइल नंबर 82696-59898, विकासखण्ड अंतागढ़ तुलाराम मधुकर मोबाइल नंबर 88270-79979 एवं अविनाश त्रिपाठी मोबाइल नंबर 70008-63604 तथा विकासखण्ड कोयलीबेड़ा के लिए कपिल नेताम को नोडल अधिकारी बनाया गया है, उनका मोबाइल नंबर 97709-06721 जारी किया गया है।

 ————————

08. आज चारामा नगर से सटे ग्राम आंवरी में अखिल विश्व गायत्री परिवार के आंवरी स्थित आश्रम में नव निर्मित अतिथि गृह के लोकार्पण अवसर भानुप्रतापपुर की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई। इस मौके पर अखिल विश्व गायत्री समिति के समस्त कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी, क्षेत्रवासी उपस्थित हुए।

 ————————

09 . आज ग्राम बाबूदबेना में साहू समाज के गौरव “साहू सदन” का लोकार्पण कांकेर विधायक आशा राम नेताम के कर कमलों से समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक इस भवन को समाज को समर्पित किया गया। साथ ही कर्मा महोत्सव के पावन अवसर पर शामिल होकर समाज के साथियों के साथ इस लोकपर्व की खुशियाँ साझा कीं। इस अवसर पर पूर्व विधायक शिशुपाल सिंग शोरी, साहू समाज के जिला अध्यक्ष बंशीलाल साहू जी, अध्यक्ष उ गैंदलाल साहू जी सहित साहू समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति रही।

————————

10.आज रेस्ट हाउस में छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन एवं पशुधन विकास विभाग के यशस्वी मंत्री राम विचार नेताम का नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक ने सपत्नीक आत्मीय स्वागत किया।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 07 अप्रेल 2026 मंगलवार

———————- ‘संपादकीय- राजनीति अपनी जगह रिश्तों के संबंध अपनी जगह’ -रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बयान का पालन किया जाता है,तो सभी जगह ऐसा दिखायी देगा कि लोग बंटे…

आज की टॉप 10 खबर 06 अप्रेल 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  06  अप्रेल 2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- 01. आज भारतीय जनता पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस पर नगर से सटे…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *