कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
07 जनवरी 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय
”बसंत यादव की ऐतिहासिक रैली पर कानाफुसी”

—बस्तर प्रवेश द्वार एवं कांकेर जिले ही नहीं पूरे बस्तर का प्रमुख राजनीतिक केंद्र चारामा नगर में काफी दिनों बाद कांग्रेस कमेटी कांकेर के नवनियुक्त अध्यक्ष बसंत यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती मिथलेश शोरी एवं युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजु दुबे,महेद्र नायक सहित एनएसयुआई के समीर बंछोर के स्वागत,सम्मान समारोह एवं एक महती संदेश गांधी विचार पदयात्रा के नाम आम जनता को देखने मिला।
————————
1. 37 वॉ सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत पोस्टर अभियान चलाया गया।

— 37 वॉ सड़क सुरक्षा माह 2026 के क्रम में आज दिनांक 07.01.2026 को निखिल राखेचा (भा.पु.से.) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार, आकाश श्रीश्री माल (भा.पु.से.) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर तथा दिनेश सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में दीपक साव, रक्षित निरीक्षक यातायात प्रभारी व यातायात स्टाफ कांकेर के द्वारा कांकेर शहर में पोस्टर अभियान चालाया गया। जिसके तहत् आमजनो को यातायात नियमो के संबंध में अवगत कराते हुए सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवर लोडिग, अत्यधिक गति से वाहन न चालाने, ड्राइविंग करते हुए मोबाईल फोन का उपयोग न करने, शराब पीकर गाड़ी नही चलाने के संबंध में आमजनो को जागरूक कर कांकेर शहर के चौक चौराहो एवं बस स्टैण्ड में आने-जाने वाली बसों पर यातायात जनजागरूकता हेतु पोस्टर चस्पा किया गया।
————————
02.नशे के खिलाफ चलाया जा रहा है ऑपरेशन उजियारा। कांकेर पुलिस ड्रग इंस्पेक्टर , नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम के द्वारा मेडिकल दुकानों का किया गया निरीक्षण।

— पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री श्रीमाल (भा. पु. से.) भानु प्रतापपुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसिन खान के पर्यंवेक्षण में कांकेर शहर में अवैध ड्रग्स व सिरप की रोकथाम कर असामाजिक तत्वों एवं अपराध पर अंकुश लगाने हेतु कांकेर पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्यवाही कर असामाजिक तत्वों एवं अपराध लगातार शहर में पेट्रोलिंग के दौरान वैधानिक कार्यवाही की जा रही है इसी दौरान दिनांक 06.01.2026 को ड्रग इंस्पेक्टर सुनील नाग, नायब तहसीलदार चंदा नाग, थाना कांकेर के उपनिरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी एवं अन्य कोतवाली स्टाफ के द्वारा कांकेर में स्थित मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया इस दरम्यान श्री राम मेडिकल स्टोर, विनायक मेडिकल स्टोर, गीता मेडिकल स्टोर, चौहान मेडिकल स्टोर एवं अन्य मेडिकल दुकानों से अवैध ड्रग्स रखने व बेचने के संबंध में जानकारी लिया गया, स्टॉक रजिस्टर एवं दुकानों को बारीकी से एवं बारीकी से चेक किया गया उन्हें सख्त हिदायत दिया गया कि बिना डॉक्टर के पर्चे के किसी को भी प्रतिबंधित दवाएं व सिरप ना देने भविष्य में मेडिकल दुकानों की लगातार चेकिंग जारी रहेगी।
———————
03. अवैध देशी महुआ शराब कुल 18 लीटर कुल कीमती 1800 रूपये बरामद किया गया। थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की कार्यवाही।
— पुलिस जानकारी अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक उ.ब.कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेजा(भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल (भापुसे) भानुप्रतापपुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में एवं अनु.अधिकारी पुलिस मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में शहर में शराबियों, नशेड़ी, गजेड़ियो, अवैध शराब, नशीली पदार्थ का सेवन कर उत्पात करने वाले असामाजिक तत्वो पर सतत् निगरानी रखने आवश्यक कार्यवाही कर शहर में निरन्तर पुलिसिंग गस्त कार्यवाही कर असामाजिक तत्वों एवं अपराध पर अंकुश लगाने पुलिस थाना कांकेर द्वारा लगातार शहर मे पेट्रोलिग के दौरान वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी दौरान दिनांक 06.01.2026 को मुखबीरों सुचना के आधार परः-
(1) आबकारी एक्ट के तहत् ग्राम अर्जुनी बड़ेपारा अटल चैक के पास में आरोपिया सुरेखा निषाद पति सुरेश निषाद उम्र 36 वर्ष साकिन अर्जुनी बड़ेपारा थाना कांकेर जिला कांकेर के विरूध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत आरोपिया को गिरफ्तार कर विद्यिवत कार्यवाही किया गया
(2) आबकारी एक्ट के तहत ग्राम इच्छापुर चैक के पास में आरोपी विष्णु सलाम पिता स्व.गणेश सलाम उम्र 34 वर्ष साकिन डिपुरापारा गढ़पिछवाड़ी थाना कांकेर जिला कांकेर के विरूध आबकारी एक्ट के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट तहत के आरोपी को गिरफ्तार कर विद्यिवत कार्यवाही किया गया। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में सउनि सोमेन्द्र सिंह प्रआर.गितेश्वर कुलदीप आर.पुरन साहू, आर.गजेन्द्र नागवंशी का अहम भूमिका रहा है।
गिरफ्तार आरोपिया:- सुरेखा निषाद पति सुरेश निषाद उम्र 36 वर्ष साकिन अर्जुनी बड़ेपारा थाना व जिला कांकेर।
गिरफतार आरोपी:- विष्णु सलाम पिता स्व.गणेश सलाम उम्र 34 वर्ष साकिन डिपुरापारा गढ़पिछवाड़ी थाना कांकेर जिला कांकेर
———————
04. ग्राम पंचायतों में ‘रोजगार एवं आवास दिवस’ का आयोजन। जिला सीईओ ने माटवाडामोदी में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद।

— छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में आज रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का एकीकृत आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देना, रोजगार के अवसर बढ़ाना एवं समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने विकासखंड कांकेर की ग्राम पंचायत माटवाडामोदी में पहुँचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने मनरेगा योजनांतर्गत आजीविका डबरी निर्माण पर विशेष जोर देते हुए बताया कि डबरी के साथ मत्स्य पालन एवं सब्जी उत्पादन जैसी मल्टी-लेवल फार्मिंग को जोड़कर मनरेगा को केवल मजदूरी तक सीमित न रखकर स्थायी आय का सशक्त माध्यम बनाया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण महिलाओं को मुर्गी पालन एवं बकरी पालन जैसी आजीविका गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया। आवास दिवस के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई एवं शीघ्र आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान निर्माण से संबंधित तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्रामीणों को पात्रता सूची, अगली किश्त की स्थिति एवं निर्माण संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी भी दी गई। जिला सीईओ श्री मंडावी द्वारा पंचायत में योजनांतर्गत निर्मित आवासों एवं आजीविका डबरी का निरीक्षण किया गया। रोजगार दिवस के दौरान पंचायतों में स्थापित क्यूआर कोड को भी अपडेट किया गया, जिससे अब ग्रामीण मोबाइल स्कैन कर स्वीकृत राशि, व्यय एवं कार्यों की तिथि की जानकारी स्वयं प्राप्त कर सकेंगे। आयोजन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
———————–
05. एसआईआर संबंधी दावा-आपत्तियों की सूची राजनैतिक दलों को प्रदान की गई।
—भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत प्रारूप का प्रकाशन 23 दिसम्बर 2025 को किया जाकर दावा आपत्ति 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की जा रही है। इस संबंध मे उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की द्वितीय साप्ताहिक बैठक मंगलवार 06 जनवरी को आयोजित की गई, जिसमें दावा-आपत्ति की सूची प्रदान की गई। इस संबंध में बताया गया कि 06 जनवरी 2026 तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए फॉर्म 9 से संबंधित 828, फार्म 10 हेतु 21, फॉर्म 11 के लिए 354, फार्म 11ए के लिए 26 तथा फार्म 11बी के लिए कुल 4 दावा-आपत्तियां प्राप्त हुई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावा आपत्तियों की जानकारी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को देकर उन्हें सूची प्रदान की गई।
–———————
06. बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी।
—जिले के अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79 के तहत कोयलीबेड़ा तहसील के ग्राम संबलपुर की मतदाता सूची के भाग संख्या 145 में ग्राम पंचायत केसेकोड़ी की सरपंच श्रीमती फूलबती के पिता का नाम 2003 की सूची में होने के बावजूद अंकित नहीं होने की शिकायत सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष की गई थी। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पखांजूर टी.आर. वर्मा ने बताया कि उक्त प्रकरण की जांच उपरांत यह पाया गया कि संबंधित बीएलओ श्री कमलेश कुमार रावटे शिक्षक द्वारा श्रीमती फूलबती उसेण्डी के पिता घासीराम पद्दा का नाम 2003 की एसआईआर सूची में अंकित होने के बाद भी बीएलओ मोबाइल एप में न कर उन्हें अनमैप्ड कैटेगरी में डाल दिया गया। इस मामले में बीएलओ श्री रावटे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत केसेकोड़ी की सरपंच श्रीमती उसेण्डी का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा गया है तथा उन्हें संबंधित सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष सुसंगत दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया है। उक्त प्रकरण की सुनवाई आगामी 22 जनवरी को की जाएगी।
———————–
07. बोर्ड परीक्षा की तैयारी एवं शैक्षणिक समस्या के समाधान हेतु स्टुडेंट हेल्पलाइन जारी ।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार एवं शिक्षा विभाग कांकेर के मार्गदर्शन में बोर्ड परीक्षाएं, प्रतियोगी परीक्षाएं, काउंसलिंग एवं शैक्षणिक समस्याओं के समाधान हेतु जिले में स्टुडेंट हेल्पलाइन नंबर क्रमशः 7389562231 6264092516 जारी किया गया है। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी ने बताया कि विद्यार्थियों शिक्षकों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को त्वरित मार्गदर्शन सहायता एवं जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तर पर टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। टोल फ्री नंबर के माध्यम से जिले के प्राचार्य, व्याख्याताओं शिक्षक एवं खास तौर से छात्र-छात्राएं विभिन्न शैक्षणिक विषयों से संबंधित मार्गदर्शन एवं सहायता प्राप्त कर सकेंगे। बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित समस्याएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, परीक्षा पूर्व पश्चात काउंसलिंग, विषयगत कठिनाइयां, शैक्षणिक एवं अकादमिक समस्याएं अन्य आवश्यक शैक्षणिक जानकारी उक्त टोल फ्री नंबर पर कॉल कर समस्याओं का 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को टोल फ्री नंबर की जानकारी अपने-अपने संस्था में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं पालकों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी है कि टोल फ्री नम्बर से विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं व बोर्ड परीक्षा में अध्ययनरत विषयगत समस्याओं का निदान के लिए विषय विशेषज्ञों की ड्यूटी विषयवार लगाई जा रही है, जो एक निश्चित समय पर उपस्थित रहकर दूरभाष से बच्चों की विषयगत कठिनाईयों को दूर करेंगे। उन्होंने विद्यालय परिसर में नोटिस बोर्ड पर इसे प्रदर्शित करने हेतु प्राचार्यों को निर्देशित किया है। साथ ही विद्यार्थियों को अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा इस सुविधा का उपयोग करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
———————–
08. शासकीय दृष्टि श्रवण बाधितार्थ विद्यालय कोदाभाट में लुईस ब्रेल दिवस पर न्योता भोज कार्यक्रम आयोजन।

— शासकीय दृष्टि श्रवण बाधितार्थ विद्यालय कोदाभाट मे ब्रेल लिपि के जनक लुई ब्रेल जी की स्मृति मे ब्रेल दिवस न्यौता भोज एवं परिक्षा पर चर्चा, कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समग्र शिक्षा विभाग के पंकज श्रीवास्तव, दिनेश नाग, श्री पोखन सिन्हा एवं समाज कल्याण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ब्रेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रीमती क्षमा शर्मा ने बताया कि समावेशन एवं सुगम्यता हर स्तर पर आवश्यक है और किसी भी प्रकार की दिव्यांगता जीवन में बाधक नहीं है। दिव्यांग बच्चो के द्वारा स्वागत गीत एवं अन्य संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये न्यौता भोज के तहत् शिक्षक, एवं अतिथियों पालकों को भोजन कराया गया बच्चों को नववर्ष के उपलक्ष्य में बिस्किट, चाकलेट आदि वितरित किया गया। परीक्षा पर चर्चा विषय पर आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए सभी बच्चों को पंजीयन हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर शाला परिवार, समाज कल्याण एवं समग्र शिक्षा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
———————–
09. मेला-मड़ई में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, अमानक खाद्य सामग्री नष्ट।

—कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के आदेशानुसार कांकेर मेला मड़ई के दौरान खाद्य सुरक्षा के परिप्रेक्ष्य में मेला परिसर एवं आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन हेतु संबंधित संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा मेला परिसर के आसपास स्थित रेस्टोरेंट एवं बिरयानी सेंटर से खाद्य नमूनों का संकलन किया गया। साथ ही मेला परिसर में संचालित फास्ट फूड सेंटरों का निरीक्षण कर खाद्य नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर अमानक खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। पाव ब्रेड एवं कटी हुई सब्जियां (गाजर) साफ एवं सुरक्षित न पाए जाने के कारण तत्काल नष्ट करवाई गईं। मानकों का पालन नहीं करने वाले रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी किए गए। इसके साथ ही मेला परिसर में समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि मेला अवधि के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय करें। अनियमितता पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी। जिला अभिहित अधिकारी श्री सुष्मित देवांगन ने बताया कि मेला अवधि के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर निरीक्षण जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं टीम को निर्देशित किया गया है कि समय-समय पर निरीक्षण कर अनियमितताओं पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें।
———————
10. सड़क दुर्घटना में मृत्यु एवं घायल होने के प्रकरण में आर्थिक सहायता स्वीकृत।
—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर द्वारा सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम परिजन के लिए 25 हजार रूपए और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए 10-10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। डौण्डी तहसील जिला बालोद के ग्राम तुमड़ीसुर निवासी रामदेव दरपट्टी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पिता परसुराम दरपट्टी के लिए 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। इसी प्रकार डौण्डी तहसील जिला बालोद के मरकाटोला निवासी सदाराम कोटपरिया, आमाबेड़ा तहसील के ग्राम उसेली निवासी बिसनाथ सलाम, सूरजलाल सलाम और श्रवण सलाम, आमाबेड़ा तहसील के ग्राम पुसागांव के नरेन्द्र कुमार ध्रुव तथा ग्राम उसेली के सगउराम तारम को सड़क दुर्घटना में घायल होने पर 10-10 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत किया गया है।
———————-
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






