कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
06 जनवरी 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
”रायपुर से कांकेर पहूंचे 8 जैन दीक्षार्थियों का कांकेर नगर मे भव्य शोभायात्रा के साथ सम्मान ”

—आज रायपुर से विभीन्न जगहों से होते कांकेर पहूंचे 8 दीक्षार्थियों का जैन श्रीसंघ कांकेर द्वारा सम्मान किया गया। शोभा यात्रा नगर के संचेती ज्वेलर्स से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग होते जैन मंदिर राजापारा पहूंचा। रायपुर के 08दीक्षार्थी में शैलेंद्र संकलेचा 49, आशीष सुराना 42, आर्यन सुराना 16, आरूष सुराना 14,तनिष सोनिगरा 13, एकता संकलेचा 47, रितु सुराना 40, सुरभी भंसाली 26 हैं। दीक्षादाता- आचार्य श्रीमद् विजय योगतिलकसुरीश्वर म.सा. हैं। कांकेर में दर्शन पूजन के साथ यहां शाल,श्रीफल देकर समाज की ओर से सम्मान किया गया। श्रीसंचेती परिवार की ओर से कार्यक्रम के बाद गौतम प्रसादी का आयोजन व्यवस्था रखा गया था,जहां श्रीसंचेती परिवार को सभी ने साधुवाद दिया। अंत में समाज के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार जैन द्वारा आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने शोभायात्रा में नगर में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांकेर पुलिस एवं यातायात पुलिस का भी आभार जताया है। कार्यक्रम उपरांत दीक्षार्थी केशकाल,कोण्डागांव आगे लिए प्रस्थान किये।
————————
1. अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री करने वाले आरोपी के खिलाफ ऑपरेशन संकल्प के तहत थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल।
— पुलिस जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन पर आईपीएस आकाश श्रीश्रीमाल सर, अति. पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं एस.डी.ओ.पी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को दिनांक 5/01/2026 को सूचना प्राप्त होने पर, तस्दीक़ी की हेतु रवाना होकर ग्राम घोठा डोंगरीपारा मुखबीर के बताएं स्थान पर घेराबंदी किया गया जहां एक बंद व्यक्ति मिला जिसके हाथ में थैला रखा हुआ था, जिसे पूछताछ करने पर अपना नाम जयसिंह मरकाम पिता स्वर्गीय श्री बैसाखूराम मरकाम उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम घोठा डोंगरीपारा थाना भानुप्रतापपुर जिला कांकेर (छ.ग.) संदेही के थैला को चेक करने पर अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ था, एवं बिक्री हेतु ग्राहक तलाश कर रहा था आरोपी के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा 616 ग्राम कीमती 8000 पाए जाने से जफ्त किया गया एवं आरोपी को दिनांक 05/01/2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया ।
————————
02.निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कलेक्टर ने किया नोटिस जारी ।
— प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने तथा लोक सेवकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधार आधारित बॉयोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की गई है। इसके परिपालन में जिला कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पंजीयन किया गया है तथा 01 जनवरी 2026 से आधार लिंक्ड बॉयोमेट्रिक प्रणाली से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही है। इसी क्रम में जिला कार्यालय एवं जिला परिसर में स्थित कार्यालयों में 295 अधिकारी-कर्मचारियों की सूची पंजीबद्ध है, जिनमें से 165 कर्मचारी-अधिकारी निर्धारित समय उपस्थिति सुनिश्चित कर रहे हैं, जबकि 29 अधिकारी-कर्मचारी की उपस्थिति एप में निर्धारित समय के पश्चात दर्शाई जा रही है। इसके अलावा 101 अधिकारी-कर्मचारियों का पंजीयन के बाद भी इसमें उनकी बॉयोमेट्रिक उपस्थिति प्रदर्शित नहीं हो रही है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने नियत समय के पश्चात उपस्थिति देने वाले 29 लोक सेवकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, साथ ही पंजीयन पश्चात भी उपस्थिति सूची में प्रदर्शित नहीं होने वाले 101 अधिकारी-कर्मचारियों को भी कारण बताओं नोटिस जारी करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुनः सभी शासकीय सेवकों को निर्देशित किया है कि शासन के निर्देशानुसार निर्धारित समय में उपस्थित रहकर अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करें। उक्त बॉयोमेट्रिक एप की निगरानी राज्य स्तर पर भी की जा रही है तथा इसमें कोताही बरतने वाले शासकीय सेवकों के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
———————
03. ऑयल पाम खेती के लिए राज्य शासन देगा अतिरिक्त टॉप-अप अनुदान। कांकेर जिले में 193 हेक्टेयर में रोपण पूर्ण, आगामी वर्षों में 300 हेक्टेयर का लक्ष्य।
—खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने तथा कृषकों की आय में दीर्घकालीन और स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संयुक्त रूप से नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल, ऑयल पाम योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जहां केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान दिया जा रहा है। वहीं राज्य शासन द्वारा इसके अतिरिक्त विभिन्न घटकों में अतिरिक्त (टॉप-अप) अनुदान प्रदान किया जा रहा है, जिससे किसानों को इस दीर्घकालीन फसल को अपनाने के लिए प्रेरणा मिल सके। ऑयल पाम एक दीर्घकालीन, कम श्रम एवं अधिक उत्पादकता देने वाली तिलहन फसल है। इसमें रोग-प्रकोप की संभावना न्यूनतम रहती है तथा अन्य फसलों की तुलना में इसकी देखरेख अपेक्षाकृत आसान होती है। एक बार रोपण करने के बाद चौथे वर्ष से इसका उत्पादन प्रारंभ हो जाता है और 25 से 30 वर्षों तक निरंतर उपज प्राप्त की जा सकती है। यह फसल पारंपरिक तिलहन फसलों की तुलना में प्रति हेक्टेयर 4 से 6 गुना अधिक तेल उत्पादन क्षमता रखती है, जिससे कृषकों को लंबे समय तक स्थायी आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।
उद्यान के सहायक संचालक ने बताया कि जिले के विकासखंड कांकेर, नरहरपुर, चारामा, दुर्गूकोंदल, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा में ऑयल पाम रोपण को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में जिले में 45 हेक्टेयर क्षेत्र में ऑयल पाम का रोपण किया गया, जबकि वर्ष 2025-26 में 148 हेक्टेयर क्षेत्र में रोपण किया गया है। इस प्रकार अब तक 193 हेक्टेयर क्षेत्र में ऑयल पाम रोपण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त जिले में आगामी अवधि के लिए 300 हेक्टेयर और क्षेत्र में ऑयल पाम रोपण का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। ऑयल पाम की खेती में अधिक प्रारंभिक लागत एवं 3 से 4 वर्ष की गेस्टेशन अवधि को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन द्वारा केंद्र सरकार के न्यूनतम 01 लाख 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान के अतिरिक्त टॉप-अप अनुदान का प्रावधान किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य किसान प्रारंभिक वर्षों में आर्थिक दबाव महसूस किए बिना इस फसल को अपनाएं।
राज्य शासन द्वारा रखरखाव मद में पूर्व में दिए जा रहे 5,250 रुपये प्रति हेक्टेयर के अनुदान में 1,500 रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 6,750 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है। इसी प्रकार अंतरवर्तीय फसलों के लिए अतिरिक्त वृद्धि के साथ 10,250 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाने वाले कृषकों को 8,835 रुपये की अतिरिक्त राशि सहित कुल 22,765 रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा पौधों एवं अंतरवर्तीय फसलों को जानवरों से सुरक्षा प्रदान करने हेतु फेंसिंग के लिए 54,485 रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान भी दिया जा रहा है। इस प्रकार राज्य शासन द्वारा रखरखाव, अंतरवर्तीय फसल, ड्रिप सिंचाई एवं फेंसिंग मद में कुल 69,620 रुपये तक का अतिरिक्त टॉप-अप अनुदान केवल ऑयल पाम रोपण करने वाले कृषकों को प्रदान किया जा रहा है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के लिए कृषक भाई-बहन उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों एवं अधिकृत प्रतिनिधि कंपनी से संपर्क कर सकते हैं।
———————
04. अंत्योदय स्वरोजगार योजना के तहत ऋण हेतु आवेदन 20 जनवरी तक आमंत्रित।
— जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर द्वारा स्वरोजगार स्थापित करने हेतु अनुसूचित जाति वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों से आवेदन आगामी 20 जनवरी तक आमंत्रित किए गए हैं। कार्यपालन अधिकारी अंत्यावसायी विकास निगम ने बताया कि अंत्योदय स्वरोजगार योजना के तहत ऋण के लिए जिले के मूल निवासीयुवक-युवती जो अनुसूचित जाति वर्ग से हैं तथा उनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच है, आवेदन मंगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवेदक की पारिवारिक वार्षिक आय एक लाख 50 हजार से अधिक न हो। इच्छुक युवक युवती आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र तथा बैंक पास बुक आदि वांछित दस्तावेजों के साथ कार्यालय जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास निगम, कलेक्टोरेट परिसर कम्पोजिट भवन के प्रथम तल कक्ष क्रमांक 06 में 20 जनवरी 2026 तक कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं, साथ ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
———————–
05. दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन के तहत जिले के चार दिव्यांग जोड़े हुए लाभान्वित।
—छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग की जनकल्याणकारी योजना दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत जिले के 04 दिव्यांग विवाहित जोड़ों को 50-50 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के माध्यम से उनके खाते में अंतरित की गई, ताकि दिव्यांगजनों को जीवनयापन हेतु आर्थिक मदद मिल सके। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने बताया कि जिले के दिव्यांग दंपति जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के ग्राम डुमरकोट निवासी श्रीमती सरोज सोनवानी, जनपद पंचायत नरहरपुर के ग्राम बरकई निवासी श्री धीरेन्द्र कुमार सोनी, जनपद पंचायत चारामा के ग्राम जैसाकर्रा निवासी श्री चित्रभान निषाद और ग्राम करिहा निवासी श्रीमती लीलावती सिन्हा को समाज कल्याण विभाग रायपुर द्वारा 50-50 हजार रूपए की एक मुश्त राशि उनके खाते में अंतरित की गई है। उक्त सहायता राशि प्रदाय किए जाने पर दिव्यांगजनों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ निवासी 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगजन जो आयकर दाता की श्रेणी में नहीं आते, उन्हें सामाजिक पुनर्वास की दृष्टि से आर्थिक सहयोग स्वरूप विवाह सम्पन्न होने की अधिकतम 06 माह के भीतर आवेदन करने पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। योजना के तहत आवेदक द्वारा जनपद पंचायत में आवेदन प्रस्तुत करने के बाद जनपद से परीक्षण उपरांत कलेक्टर की अनुशंसा पर संचालनालय समाज कल्याण द्वारा सहायता राशि हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित की जाती है। योजनांतर्गत इस वित्तीय वर्ष में अब तक कांकेर जिले के सात दिव्यांग जोड़ों को लाभान्वित किया गया है।
–———————
06. सड़क दुर्घटना में मृतक के परिजनों को सहायता राशि स्वीकृत ।
—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर अरूण वर्मा द्वारा सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के दो प्रकरण में मृतक के परिजनों के लिए 25-25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किया गया है। नरहरपुर तहसील के ग्राम भनसुली निवासी प्यारीबाई नेताम की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण के उनके पति बिसनाथ नेताम के लिए 25 हजार रूपए तथा ग्राम राजपुर निवासी कौशल कुमार मरकाम की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम आश्रित रूपधु के लिए 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है।
———————–
07. आर्मी भर्ती रैली का आयोजन 10 से 24 जनवरी तक धमतरी में ।
—जिला प्रशासन के सौजन्य से 10 से 24 जनवरी तक धमतरी के बाबू पंढरी राव कृदत्त इन्डोर स्टेडियम आमा तालाब धमतरी में आर्मी भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। जिन्होंने वर्ष 2025 में आर्मी भर्ती हेतु लिखित परीक्षा उत्तीर्ण किए हैं वे आवेदक इस आर्मी भर्ती रैली में सम्मिलित हो सकते हैं।
———————–
08. कच्चे में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर स्थगित।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम कच्चे के हायर सेकेण्डरी स्कूल में बुधवार 07 जनवरी को आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।
———————–
09. आधार बॉयोमेट्रिक उपस्थिति की मॉनिटरिंग राज्य स्तर से हो रही, अधिकारी-कर्मचारी समय पर अनिवार्यतः उपस्थित हों । कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में धान खरीदी, एसआईआर, ई-ऑफिस, बस्तर पण्डुम के आयोजन को लेकर की समीक्षा।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर विभिन्न विषयों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियां को आवश्यक निर्देश दिए। 01 जनवरी 2026 से सभी कार्यालयों में लागू आधार बेस्ड बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस के संबंध में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय में उपस्थित होकर अपनी ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज करें। इसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर से की जा रही है तथा इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है, अतः इसे गंभीरता से लेते हुए शासन के निर्देशों का अनिवार्यतः पालन करें। इसके अलावा कलेक्टर ने ई-ऑफिस, धान खरीदी, लंबित निर्माण कार्य, एसआईआर, बस्तर पण्डुम के आयोजन से संबंधित एजेण्डों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची अद्यतीकरण के संबंध में अंतागढ़ विकासखण्ड में संबंधितों को नोटिस डिलीवर नहीं हो पा रहा है। उन्होंने एसडीएम अंतागढ़ को निर्देशित किया चूंकि इसमें समय-सीमा निर्धारित है, इसलिए आगे की कार्यवाही पूर्ण करने के लिए इसमें तेजी लाएं, जिससे दावा-आपत्तियों का निराकरण निर्वाचन आयोग द्वारा तय समय पर किया जा सके। इसी तरह ई-ऑफिस के माध्यम से सभी कार्यालयों को क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ब्लॉक स्तर पर ई-ऑफिस से कार्य नहीं किए जा रहे हैं, सभी जनपद सीईओ इसे गंभीरता से लें। राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी दिनों में बस्तर संभाग में आयोजित होने वाले बस्तर पण्डुम की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने समाज प्रमुखों की बैठक लेकर पारंपरिक परिधान, संस्कृति, वेशभूषा तथा प्राचीन सामाजिक गतिविधियों की जानकारी लेकर प्रत्येक विधा पर विकासखण्डवार टीम गठित करने के निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों को दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी खाद्य अधिकारी से ली। उन्होंने 07 जनवरी तक त्रुटिपूर्ण रकबा का संशोधन कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के तहत विभागों में निष्क्रिय खातों को बंद कर एक खाते में राशि समायोजित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी तरह पुल-पुलिया, सड़क, भवन आदि निर्माण कार्यों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, विशेष केन्द्रीय सहायता मद, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, पीएम किसान सम्मान, आयुष्मान वय वंदना सहित विभिन्न विभागों में समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर डीएफओ हेमचंद पहारे, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, अरूण वर्मा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर की समीक्षा समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पर्व पर गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी दी। उन्हांने सभी अधिकारियों को सफलतापूर्वक आयोजन के लिए दायित्वों का निर्वहन उच्च अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर श्री कुर्रे ने विभागवार सौंपे गए दायित्वों के बारे में बताया।
———————
10. देव मड़ई मेला राऊरवाही 8 जनवरी को, देवी-देवताओं की सहभागिता व रात्रिकालीन नाचा बनेगा आकर्षण ।
—दुर्गूकोंदल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राऊरवाही में आगामी 8 जनवरी को पारंपरिक देव मड़ई मेला का भव्य आयोजन किया जाएगा।मेले की प्रमुख विशेषता रात्रिकालीन नाचा पार्टी की प्रस्तुति रहेगी, जिसमें चारामा के साल्हे टोला से प्रसिद्ध नाचा दल भूपेश प्रकाश अपनी सशक्त लोकनृत्य प्रस्तुति देगा।
———————-
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–







