आज की टॉप 10 खबर 06 अप्रेल 2026 सोमवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
06  अप्रेल 2026 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

01. आज भारतीय जनता पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस पर नगर से सटे दसपुर अटल चौक, अंगना कार्यालय बेंवरती  ,भाजपा कार्यालय में समस्त भाजपा पदाधिकारीयों कार्यकर्ताओं के साथ मनाया गया। 

—भारतीय जनता पार्टी का 47 वा स्थापना दिवस भाजपा जिला मुख्यालय कमल सदन कांकेर सहित भाजपा के सभी 16 मण्डलों तथा समस्त बूथों में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । आज सुबह भाजपा कार्यलय कमल सदन कांकेर में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन के द्वारा भाजपा का झंडा फहराने के साथ ही 12 तारीख तक चलने वाले स्थापना दिवस की शुरुआत की। ध्वजारोहण पश्चात भाजपा जिला कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक  डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पँ दीनदयाल उपाध्याय, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन करते श्रद्धांजलि दी गई साथ ही भाजपा के दिवंगत नेता व वरिष्ठजनों को पार्टी में उनके योगदान के लिये याद किया गया ।
इस अवसर पर भाजपा के इतिहास पर बोलते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष   अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए। आज तीन दशक बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसी एक पार्टी को देश की जनता ने पूर्ण बहुमत दिया है तथा भारी बहुमत से भाजपा नीत राजग सरकार केन्द्र में विद्यमान है।

विधायक आशा राम नेताम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सुदृढ़, सशक्त, समृद्ध, समर्थ एवं स्वावलम्बी भारत के निर्माण हेतु निरंतर सक्रिय है। पार्टी की कल्पना एक ऐसे राष्ट्र की है जो आधुनिक दृष्टिकोण से युक्त एक प्रगतिशील एवं प्रबुद्ध समाज का प्रतिनिधित्व करता हो तथा प्राचीन भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति तथा उसके मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए महान ‘विश्वशक्ति’ एवं ‘विश्व गुरू’ के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हो। इसके साथ ही विश्व शांति तथा न्याययुक्त अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को स्थापित करने के लिए विश्व के राष्ट्रों को प्रभावित करने की क्षमता रखे।

वरिष्ठ आदिवासी नेता विजय कुमार मण्डावी व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक वलेचा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म-मानवदर्शन’ को अपने वैचारिक दर्शन के रूप में अपनाया है। साथ ही पार्टी का अंत्योदय, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास एवं सुरक्षा पर भी विशेष जोर है। पार्टी ने पांच प्रमुख सिद्धांतों के प्रति भी अपनी निष्ठा व्यक्त की, जिन्हें ‘पंचनिष्ठा’ कहते हैं। ये पांच सिद्धांत (पंच निष्ठा) हैं-राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय अखंडता, लोकतंत्र, सकारात्मक पंथ-निरपेक्षता (सर्वधर्मसमभाव), गांधीवादी समाजवाद (सामाजिक-आर्थिक विषयों पर गाँधीवादी दृष्टिकोण द्वारा शोषण मुक्त समरस समाज की स्थापना) तथा मूल्य आधारित राजनीति।कार्यक्रम के जिला संयोजक राजा देवनानी ने कहा कि आज भाजपा देश में एक प्रमुख राष्ट्रवादी शक्ति के रूप में उभर चुकी है एवं देश के सुशासन, विकास, एकता एवं अखंडता के लिए कृतसंकल्प है।
10 साल पार्टी ने विपक्ष की सक्रिय और शानदार भूमिका निभाई। 2014 में   नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनी, जो आज ‘सबका साथ, सबका विकास’ की उद्घोषणा के साथ गौरव सम्पन्न भारत का पुनर्निर्माण कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा लगभग 11 करोड़ सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बन गयी है ।कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ जनों का सम्मान किया गया व कार्यकर्ताओं को मिठाई वितरित किया गया ।कार्यक्रम का गिरधर यादव ने व आभार प्रदर्शन दिनेश रजक ने किया ।

कार्यक्रम में भरत मटियारा,शालिनी राजपूत, सुमित्रा मारकोले, दिलीप जायसवाल, हलधर साहू, अरविंद जैन,संजय सिन्हा,उत्तम जैन,अनीता सोनी,राजीव लोचन सिंह,बृजमोहन तिवारी,प्रदीप जायसवाल,अरुण कौशिक,दीपक खटवानी,डॉ देवेन्द्र कुमार साहू,विजय लक्ष्मी कौशिक,पूर्णिमा कावड़े,शकुंतला जैन,टिंकू दुग्गा,राकेश शर्मा,डॉ ईश्वर सिन्हा,पीला राम नेताम,देवेन्द्र सिंह भाऊ,ईश्वर कावड़े, घनेंद्र ठाकुर,पीयूष वलेचा,राजू नेताम,दीपांशु जैन,वासु देव जैन,बीरेंद्र श्रीवास्तव,अंजू नेगी,देवेन्द्र यादव,सागर मेश्राम,आरती यादव,सर्वेश चौहान,शालू मेमन,आदिप शर्मा आदि उपस्थित रहे ।

———————–

02. निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

— जिले में संचालित निर्माण कार्यों को यथाशीघ्र पूरा करने के लिए कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए। पिछले वर्ष प्राप्त लक्ष्य को आधार मानकर कार्ययोजना बनाने कहा गया। पुल-पुलिया, आंगनबाड़ी भवन, पीडीएस भवन, मोबाईल टॉवर की स्थापना इत्यादि की प्रगति की समीक्षा भी उनके द्वारा की गई। जिला अस्पताल में नवनिर्मित भवन व ट्रामा सेंटर के लिए ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश भी विभागीय अधिकारी को दिए गए।समय-सीमा की बैठक में पीएम पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा भी की गई तथा सभी प्रकरणों को निराकृत करने के निर्देश दिए। जिले में संचालित राजस्व शिविरों में जाति प्रमाण-पत्र बनाने के लिए भी कहा गया। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकृत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद सीईओ व नगरीय निकायां के अधिकारी उपस्थित थे।

 ———————

03.सड़क दुर्घटना में मृत्यु एवं घायल होने के प्रकरण में आर्थिक सहायता स्वीकृत।  

—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर  जी.डी. वाहिले द्वारा सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम परिजन के लिए 25 हजार रूपए और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के लिए 10-10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम भैंसमुण्डी, चौकी कच्चे निवासी धर्मेन्द्र कोला की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनकी पत्नी श्रीमती सोहन्तिन के लिए 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। इसी प्रकार सड़क दुर्घटना में घायल भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम कराठी निवासी शत्रुघन जैन और पखांजूर तहसील के ग्राम डोण्डे निवासी राजू मण्डल को 10-10 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत किया गया है।

————————

04. पंचायत सचिव भर्ती हेतु वरीयता सूची जारी।

– जिले में 18 ग्राम पंचायतों सचिवों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पात्र पाए गए अभ्यर्थियों की गत कम्प्यूटर कौशल परीक्षा आयोजित की गई तथा कौशल परीक्षा के बाद ग्राम पंचायतों सचिव पद के लिए वरीयता सूची जारी कर दी गई है। जिसे जिला पंचायत कांकेर के सूचना पटल के साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल, अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। जिला कांकेर के वेबसाईट www.kanker.gov.in पर भी अपलोड किया गया है, जिसका अवलोकन किया जा सकता है।

 ————————

05 . अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत ‘रूचि की अभिव्यक्ति’ आमंत्रित

– मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति तथा जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के क्रियान्वयन के संबंध में वर्ष 2026-27 हेतु संस्थाओं के इम्पैनलमेंट के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कांकेर द्वारा 23 अप्रैल तक ‘रूचि की अभिव्यक्ति’ आमंत्रित की गई है। योजना से संबंधित मापदण्ड एवं विस्तृत जानकारी आदिवासी विभाग की वेबसाइट ूूwww.tribal.cg.gov.in का अवलोकन कर प्राप्त किया जा सकता है।उल्लेखनीय है कि इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, नयी सोच के साथ बेहतर कॅरियर के अवसर प्रदान करना तथा उन्हें बहुमुखी व्यक्तित्व विकास के लिए अवसर प्रदान करना है। योजना के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ राज्य के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

  ————————

06. जिला स्तरीय टी.बी. टॉस्क फोर्स की बैठक सम्पन्न।

-कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में सोमवार राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के जिला स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 100 दिवसीय टी.बी. मुक्त भारत अभियान के संबंध विस्तृत रूप से चर्चा किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनों के माध्यम से टी.बी. के उच्च जोखिम समूह का सघन सर्वे कर लाईन लिस्ट तैयार किया जाएगा। तत्पश्चात स्वास्थ्य शिविर लगाकर उन सभी लोगों का चेस्ट एक्स-रे के माध्यम से जांच किया जाएगा, एक्स-रे जांच में धनात्मक पाये जाने पर उनका बलगम जांच करा कर टी.बी. रोग की पहचान की जाएगी। साथ ही उक्त अभियान में पंजीकृत टी.बी. मरीजों हेतु निक्षय मित्र पंजीयन किया जाएगा। कलेक्टर   क्षीरसागर द्वारा सभी विभागों के जिला प्रमुख अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि टी.बी. मुक्त भारत अभियान को जिले में सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं उनके टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकां से भी अपील किया है कि टी.बी. मुक्त भारत अभियान में अपनी भागीदारी प्रदान करें, ताकि कांकेर जिला टी.बी. रोग से मुक्त हो सके।बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. सी. ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी कांकेर अरुण वर्मा, जिला क्षय अधिकारी डॉ. के.के. ध्रुव, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, उप संचालक समाज कल्याण, जिला खनिज अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

  ————————

07.ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था बनाए रखने कंट्रोल रूम गठित, टोल फ्री नंबर जारी।

-ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा टोल फ्री नंबर जारी किया गया है, इसके साथ ही जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। जिले के किसी भी ग्राम में पेयजल की समस्या होने अथवा ग्राम में हैंडपंप खराब व बंद होने की शिकायत होने पर टोल फ्री नंबर 1916 अथवा 1800-2330008 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर जयंत कुमार टिकाम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, उनका मोबाइल नंबर 78049-74088 है, उक्त नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार उप खंड कांकेर राजेश हिरकने, मोबाइल नंबर 91315-97074, विकासखण्ड कांकेर स्तर पर प्रकाश कुमार कुमेटी मोबाइल नंबर 94062-32519 एवं अविनाश त्रिपाठी मोबाइल नंबर 700086-63604, विकासखण्ड नरहरपुर श्रीमती कविता कुलदीप मोबाइल नंबर 93031-54329, विकासखण्ड चारामा प्रकाश कुमार कुमेटी मोबाइल नंबर 94062-32519, विकासखण्ड एवं उप खंड भानुप्रतापपुर वाय.के. गुरू मोबाइल नंबर 94242-89412, उपखंड अंतागढ़ बलराज दरवाड़े मोबाइल नंबर 82696-59898, विकासखण्ड अंतागढ़ तुलाराम मधुकर मोबाइल नंबर 88270-79979 एवं अविनाश त्रिपाठी मोबाइल नंबर 70008-63604 तथा विकासखण्ड कोयलीबेड़ा के लिए कपिल नेताम को नोडल अधिकारी बनाया गया है, उनका मोबाइल नंबर 97709-06721 जारी किया गया है।

 ————————

08. जिले में 15 रेत खदान संचालित, 76 लाख 62 हजार रुपये की रॉयल्टी एवं  01 करोड़ 56 लाख 89 हजार रुपये   प्रीमियम राशि प्राप्त। 

-अवैध रेत परिवहन के मामलों में जप्त 99 वाहनों से 27 लाख 65 हजार रुपये की वसूली, जिले में वर्तमान में 15 रेत खदानें संचालित हैं, जो चारामा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत माहुद, भर्रीटोला, भिलाई, भिरौद, करिहा, हाराडुला, बासनवाही, अरौद, और किलेपार तथा दुर्गकोंदल विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भंडारडिगी, गुदुम और परभरेली में संचालित हो रही हैं। इनका संचालन ग्राम पंचायतों के आवेदन के आधार पर सरपंचों एवं स्व-सहायता समूहों को स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा जिले में 16 अस्थायी रेत भंडारण लाइसेंस भी संचालित हैं।खनिज अधिकारी  सनत साहू ने बताया कि रेत खनन और परिवहन किए जाने पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में से 76 लाख 62 हजार 572 रुपये की रॉयल्टी और 01 करोड़ 56 लाख 89 हजार 208 रुपये प्रीमियम के रूप में प्राप्त हुए हैं। वहीं 2019-20 और 2020-21 में निविदा के माध्यम से संचालित खदानों से प्राप्त 01 करोड़ 36 लाख रुपये की रॉयल्टी राशि ग्राम पंचायतों में वितरण हेतु जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जा रही है। टॉस्क फोर्स की टीम द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण एवं कार्यवाही करते हुए अवैध खनन पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस वित्तीय वर्ष में 99 अवैध रेत परिवहन के मामलों में 99 वाहनों को जप्त किया जाकर 27 लाख 65 हजार रुपये की वसूली की गई। वहीं अवैध भंडारण के 13 प्रकरणों में 09 लाख 81 हजार रुपये तथा अवैध खनन के 05 प्रकरणों में 05 मशीन और 04 वाहन जप्त कर 07 लाख 45 हजार रुपये की वसूली की गई।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर के निर्देशानुसार वर्तमान में प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 07 वाहन और 05 मशीनें जप्त की गई है तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। उनके द्वारा जिले में रेत खदानों का संचालन नियमानुसार सुनिश्चित करने और अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण को रोकने तथा टॉस्क फोर्स द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

 ————————

09 .सड़क दुर्घटना नियंत्रण में कांकेर पुलिस की सफलता।नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती ,76 प्रकरण दर्ज 7,60,000 की चालानी कार्यवाही।मार्च माह में दुर्घटनाओं में 80% से अधिक की गिरावट दर्ज।पुलिस की प्रभावी कार्यवाही और जनसहयोग से सड़क सुरक्षा में सुधार ,आमजन से यातायात नियमों के पालन की अपील।

– निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित, सुगम एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की गई। जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के प्रथम त्रैमास (जनवरी–मार्च) के आंकड़ों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।

 माहवार विश्लेषण :–
प्रथम त्रैमास (जनवरी–मार्च) में वर्ष 2025 में कुल 101 दुर्घटनाएं , 66 मृतक दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 के प्रथम त्रैमास में कुल 82 दुर्घटनाएं ,59 मृतक दर्ज हुए।

जनवरी माह में वृद्धि मुख्यतः मौसमीय परिस्थितियों, यातायात दबाव एवं लापरवाही के कारण रही। वही फरवरी में दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में कमी दर्ज की गई।यह कमी पुलिस द्वारा सघन चेकिंग एवं जन-जागरूकता अभियानों का प्रत्यक्ष प्रभाव है जिसके सकारात्मक परिणाम मार्च में नजर आए । मार्च माह में 80% से अधिक की कमी दर्ज की गई, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

————————

10. मोबाइल फोन में APK ऐप भेज कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को भानुप्रतापपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार। आरोपी :- आदित्य चौहान पिता राम अवतार चौहान उम्र 21 वर्ष निवासी जिला नोएडा उत्तर प्रदेश को किया गया गिरफ्तार। 

-पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि  थाना भानुप्रतापपुर में  प्रार्थी बिरेंद्र खलको पिता श्री लिवन खलको उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम महुआ टोली थाना नारायणपुर जिला जशपुर, हाल पता नेहरू नगर नारायणपुर थाना भानु प्रतापपुर जिला उत्तर बस्तर कांकेर ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 24. 01. 2026 प्रार्थी अपने मोबाइल चल रहा था जो सिम नंबर पर प्रार्थी के पत्नी के बैंक खाता नंबर से लिंक था, जिसमें फोन पे गूगल पे एवं SBI YONO उपयोग किया जा रहा था प्रार्थी के मोबाइल फोन पर APK APP आने से डाउनलोड करने पर आरोपी द्वारा मोबाइल फोन को हैंक कर प्रार्थी के पत्नी के बैंक खाता से बारी-बारी से कुल = 928500 रुपए निकाल कर धोखाधड़ी करने से प्रार्थी के द्वारा थाना भानुप्रतापपुर में दिनांक रिपोर्ट दर्ज कराया गया ।मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री निखिल अशोक राखेचा, (भापुसे) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में श्री आकाश श्रीश्रीमाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन में   शेरबहादुर सिंह ठाकुर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर जिला उ0ब0कांकेर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्यवाही की गई। 

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 05 अप्रेल 2026 रविवार

———————- संपादकीय दिव्या भारती(अभिनेत्री) आज पुण्य तिथी पर सादर नमन….  —मात्र 19 वर्ष की आयु में कला जगत के नये आयाम छुते कई फिल्मों में सफलता का परचम लहराने वाली…

आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी तो नहीं?

(मनोज जायसवाल) -भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में आशा राम नेताम उतने ही लोकप्रिय, जितना कांकेर विधानसभा क्षेत्र में। युथ की पहली पसंद! कहना है,विधायक हो तो आशा राम नेताम जैसा। आने…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *