आज की टॉप 10 खबर 05 दिसंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  05  दिसंबर  2025 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

ख्यातिप्राप्त और सुन्दर अभिनेत्रियों में से एक ”नादिरा” 

आज  जन्म दिवस पर सादर ….
—नादिरा का जन्म 5 दिसम्बर, 1932 को इज़राइल में एक बगदादी यहूदी परिवार में हुआ था। आपका पुरा नाम फ़रहत एज़ेकेल नादिरा था। नादिरा ने अपने पाँच दशक लंबे फ़िल्मी सफर में अनेकों फ़िल्मों में काम किया, जिनमें उन्होंने नायिका, खलनायिका की भूमिका करने के साथ चरित्र भूमिकाएँ भी निभाईं। अभिनय कैरियर की शुरुआत महबूब ख़ान की सन 1952 में निर्मित फ़िल्म ‘आन’ से हुई, जिसमें उन्होंने एक बिगडैल राजकुमारी की भूमिका निभाई थी। आपकी प्रमुख फिल्म आन’, ‘श्री 420’, ‘दिल अपना और प्रीत पराई’, ‘पाकीज़ा’, ‘जूली’, ‘सागर’, ‘तमन्ना’, ‘इंसाफ का मंदिर’, ‘पॉकेटमार’, ‘तलाश’, ‘धर्मात्मा’ आदि हैं। 9 फ़रवरी, 2006 74 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया और उन्होंने सदैव के लिए फिल्म जगत सहित दुनियां को अलविदा कह दिया।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01. आदिवासी नेता जीवन ठाकुर की जेल अभिरक्षा के दौरान मौत से  आक्रोश। सर्व आदिवासी समाज ने चारामा नगर में किया चक्काजाम।

—सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष,पूर्व  जनपद अध्यक्ष आदिवासी नेता जीवन ठाकुर की जेल अभिरक्षा के दौरान मौत से समाज आक्रोशित है। आक्रोश आज उस वक्त वृहत रूप ले लिया जब मृतक के सुपुत्र सहित कई पदाधिकारी एवं ग्रामवासी कलेक्टोरेट पहूंच गये। पूर्व से ही कलेक्ट्रेट पहूंच मार्ग पर बेरीकेडिंग की गई थी,जहां भारी तादात में पुलिस बल भी मौजूद थे।

वीडियो— ज्ञापन सौपने के बाद मुखातिब होते कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर।

कलेक्ट्रेट गेट के सामने लोग बैठ गये इनमें से समाज के तकरीबन 15-20 लोगों को अंदर जाने दिया गया। कलेक्टर के सामने उपस्थित होकर समाज प्रमुखों ने बातें रखी। सबने जेल अभिरक्षा में हुई मौत को संदेहास्पद बताया। सवाल किए कि क्यों किस आदेश पर कांकेर जेल से रायपुर रिफर किया गया। रायपुर मेकाहारा में ईलाज के दौरान मौत की सुचना क्यों इतनी देरी से परिजनों को आज के मोबाईल,सोशल मीडिया के इस युग में इतनी देरी से दी गई? इस घटना की न्यायिक जांच की मांग की गई। पोस्टमार्टम समाज के जिम्मेदार व्यक्ति की उपस्थिति में वीडियोग्राफी के साथ किये जाने की मांग दोहराई। इधर मृतक जीवन ठाकुर के छोटे पुत्र समीर ठाकुर जो मौजूद रहे ने कलेक्टर के सामने यह शर्त रखी कि उनके पिता का पार्थिव देह  तब लेंगे अंतिम संस्कार करेंगे जब इस मामले में उच्चाधिकारियों को बर्खास्त नहीं किया जाता।

अधिकारियों पर कब तक कार्रवाई होगी के सवाल पर कलेक्टर ने   जांच उपरांत एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन तत्काल कार्रवाई की मांग की जाती रही,किसी तरह स्वीकार किया गया कि एक सप्ताह यानि अगले शुक्रवार तक कार्रवाई देखने मिलेगी। जेलर के सवाल पर कहा कि यहां के जेलर को हटा दिया गया है।

वीडियो— चारामा नगर में  आक्रोशित सामाजिक जनों ने  राजमार्ग 30 में किया चक्काजाम।

समाज प्रमुखों की बातों को कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने ध्यान से सुना और अपनी बातें दोहराते मीडिया से रूबरू होते अपनी बातें रखी। सामाजिकजनों ने एसपी कार्यालय कूच किया। आक्रोशित समाज के लोगों ने इधर इससे पूर्व ही चारामा नगर के कोरर चौक एवं थाना के सामने राजमार्ग 30 में चक्काजाम कर दिया। आज के गतिविधियों में विजय ठाकुर, गौतम कुंजाम, ठाकुर राम कश्यप, डेमल ठाकुर,लक्ष्मीकांत गावडे, सुमेर सिंह नाग(संभागीय अध्यक्ष गोंडवाना समाज) कन्हैया उसेण्डी, समाज प्रमुख बीरेश ठाकुर, हेमंत ध्रुव, जीवधर कावडे, जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर, नवली मीना मंडावी, शिवलाल कावडे, रोहित नेताम,घनश्याम जुर्री सहित सैकडों लोग मोजूद रहे। चारामा में आखिरी समय आश्वासन पर चक्काजाम खत्म किया गया। चक्काजाम के दौरान धमतरी एवं कांकेर की ओर वाहनों की कतार लग गई। भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि समाज इस मामले पर एकजुट है, हमारे सवालों का जवाब चाहिए,न्याय चाहिए। समाज प्रमुखों ने कहा कि सात दिन का समय कहा गया है‚यह भी देख लेते हैं‚क्या—क्या कार्रवाई दिखायी देता है।

 ——————–

02. जिले के 21 हजार असाक्षरों को साक्षर बनाने के लिए महापरीक्षा अभियान 07 दिसंबर को।  

  —कलेक्टर एवं अध्यक्ष  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उपाध्यक्ष हरेश मंडावी के निर्देशानुसार उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले में रविवार 07 दिसंबर को राज्यव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक उम्र के शिक्षार्थियो को सम्मिलित कराया जाना है जो शिक्षा की मुख्य धारा से कटे हुए हैं।

कलेक्टर द्वारा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तैयारियां पूर्ण करने तथा सभी असाक्षरों को उक्त अभियान से जोड़कर उन्हें महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित करने निर्देशित किया गया है। जिला पंचायत के सभाकक्ष में 04 दिसंबर को आयोजित बैठक में बताया गया कि जिले में कुल प्राधिकरण द्वारा 21130 असाक्षरों को साक्षर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिले में कुल 426 परीक्षा केंद्र तथा केंद्राध्यक्ष बनाए गए हैं। कलेक्टर ने सभी विकासखंड के शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा है कि कोई भी शिक्षार्थी परीक्षा से वंचित न रहे और किसी तरह की नकल ना हो इस पर विशेष रूप से ध्यान दें। इसके अलावा स्वयं शिक्षक के रूप में जो सेवा दे रहे हैं उनको भी इस परीक्षा में सहयोग लेना है।

शिक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने हेतु सहयोग की अपील करना है जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा की परीक्षा केंद्र में शिक्षार्थियों के लिए पेयजल, प्रकाश, विद्युत व्यवस्था बैठने की समुचित व्यवस्था हो शिक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र और समय की जानकारी अनिवार्य रूप से एक दिन पहले विभिन्न माध्यमों से प्रदान की जाए जिला परियोजना अधिकारी पुष्पांजलि ठाकुर द्वारा राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशों को विस्तार से परीक्षा संबंधी जानकारी सभी ब्लॉक के अधिकारियों को दी जिसमें महा परीक्षा अभियान का प्रचार-प्रसार नामांकन पंजीकरण डाटा कंप्यूटर कारण और परीक्षा की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने एवं प्रत्येक विकास खंड में कंट्रोल रूम स्थापित करने हेतु दायित्वों के बारे में बताया गया बैठक के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी महोदय के द्वारा सभी अधिकारियों एवं साक्षरता अमले को महा परीक्षा अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने तथा सभी शिक्षार्थियों को इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने के लिए निर्देशित किया गया तथा साक्षरता शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी ब्लॉक के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी नोडल अधिकारी एवं संकुल स्त्रोत समन्वयक सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

  ———————

03. सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जाएगा 09 दिसम्बर को ।

-जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कांकेर से मिली जानकारी के अनुसार 09 दिसम्बर को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जाएगा। समय-सीमा की बैठक के पश्चात आयोजित इस कार्यक्रम के अध्यक्षता कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर करेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक   इंदिरा कल्याण एलेसेला, जिला पंचायत सीईओ  हरेश मण्डावी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी सहित भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहेंगे।

  ———————

04. विधानसभा सत्र हेतु अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी नियुक्त । 

—छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का सप्तम (शीतकालीन) सत्र 14 दिसम्बर से 17 दिसम्बर 2025 तक आहूत किया गया है। विधानसभा सत्र के दौरान त्वरित जानकारी प्राप्त करने के लिए कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा अपर कलेक्टर  जितेन्द्र कुमार कुर्रे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को विधानसभा प्रश्नों का उत्तर समय-सीमा के भीतर शासन को प्रेषित करने नोडल अधिकारी को अवगत कराना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है।

———————–

05. मोदी की गारंटी पूरी करने की मांग, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने हेतु विधायक को सौंपा ज्ञापन।

— सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला इकाई कांकेर के पदाधिकारियों ने आज   विधायक   आशाराम नेताम से मुलाकात कर वेतन विसंगति दूर करने एवं क्रमोन्नति प्रदान करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। फेडरेशन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि चुनाव के दौरान केंद्र सरकार की मोदी गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति को दूर करने का वादा किया गया था, जिसे वर्तमान सरकार ने अपने घोषणापत्र में भी शामिल किया थाज्ञापन सौंपने वालों में फेडरेशन के जिला अध्यक्ष निर्भय कोवाची, जिला सचिव आशु मरकाम, जिला उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

———————

06 . दुर्गूकोंदल में 9-10 दिसंबर को सांसद खेल महोत्सव का होगा आयोजन ।

—विकासखण्ड दुर्गूकोंदल में ग्रामीण एवं विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 09 दिसंबर से 10 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा। इस आयोजन में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। यह जानकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेंद्र बंजारे द्वारा दी गई।
प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग18 वर्ष तक, 18 से 40 वर्ष तथा 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। महोत्सव के दौरान एथलेटिक्स (100 मीटर दौड़), कबड्डी, को-को, वॉलीबॉल, गेड़ी दौड़, गिल्ली-डंडा, सहित कई खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

———————–

07.अमीन भर्ती परीक्षा : जिले में स्थापित 44 केन्द्रों में सम्मिलित होंगे 9554 परीक्षार्थी। परीक्षा 07 दिसम्बर को, व्यापमं द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील। परीक्षा केन्द्रों में बिना जेब वाले स्वेटर पहनकर आने की होगी अनुमति।

—छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा अमीन भर्ती परीक्षा-2025 आगामी 07 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि उक्त परीक्षा के लिए जिले में कुल 44 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां 09 हजार 554 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा पारदर्शिता और निष्पक्षतापूर्वक सम्पन्न हो, इसके लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा अभ्यर्थियों हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर ने बताया कि कलेक्टर द्वारा जिले के परीक्षा केन्द्रों में व्यापमं द्वारा जारी निर्देश और मापदण्डानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि व्यापमं द्वारा अभ्यर्थियों के लिए जारी दिशानिर्देश के अनुरूप परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटे पूर्व पहुंचना होगा, जिससे उनकी समय पर फ्रिस्किंग गहनता से की जा सके एवं पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। यह भी बताया गया कि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा।

व्यापमं द्वारा जारी निर्देशों का हवाला देते हुए नोडल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षार्थी हल्के रंग की आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आएं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे. जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनकर परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं होगी। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति है। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। इसके अलावा फुटवियर के रूप में चप्पल पहनने के निर्देश दिए गए हैं, कानों में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधा घंटा में एवं परीक्षा समाप्ति के आखिरी आधा घंटा में परीक्षा कक्ष से बाहर जाना वर्जित है। इसी तरह परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट लेकर और पेज के केवल एक तरफ प्रिंट कराने कहा गया है, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा हेतु व्यापम की प्रति परीक्षा केंद्र में जमा हो जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षार्थी को परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड जिसमें अभ्यर्थी का फोटो हो, उसका एक मूल पहचान पत्र परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है, तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केन्द्र में आएं। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बाल पॉइंट पेन से ही उत्तर अंकित करने हेतु उपयोग में लाने के निर्देश व्यापमं द्वारा दिए गए हैं। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। व्यापमं के इन निर्देशों का पालन नहीं करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जा सकेगा।

 ———————–

08. पॉवर क्रिकेट क्लब लोहत्तर के तत्वावधान में प्रतिष्ठित विवान स्मृति कप-2025 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 13 दिसंबर से 17 दिसंबर तक शानदार तरीके से किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारी ज़ोरों पर है तथा क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों को ही प्रवेश दिया जाएगा, जो पहले आए पहले पाए के आधार पर चयनित होंगी।

———————–

09.ओपन स्कूल हाईस्कूल/हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026: आवेदन फार्म भरने की समय-सारणी घोषित।

—छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा मार्च–अप्रैल 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत कार्य-योजना जारी कर दी गई है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गूकोदल के प्राचार्य अजय नेताम ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी निर्धारित तिथियों के भीतर फार्म अवश्य भरें, अन्यथा विलंब शुल्क देना होगा।प्राचार्य के अनुसार सामान्य शुल्क के साथ आवेदन फार्म 01 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक भरे जा सकेंगे। अध्ययन केंद्रों के द्वारा सामान्य शुल्क वाले आवेदन फार्म जिला समन्वय केंद्रों में 19 एवं 20 जनवरी 2026 तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद जिला समन्वय केंद्रों द्वारा राज्य कार्यालय में 21 एवं 22 जनवरी 2026 तक आवेदन जमा करने की व्यवस्था है।वहीं विलंब शुल्क के साथ आवेदन 18 से 25 जनवरी 2026 तक भरे जा सकेंगे। इन फार्मों को अध्ययन केंद्रों द्वारा जिला समन्वय केंद्रों में 29 जनवरी 2026 तक एवं जिला समन्वय केंद्रों द्वारा राज्य कार्यालय में 30 जनवरी 2026 तक जमा किया जाएगा।

———————–

10. कोदापाखा से दुर्गुकोंदल के मध्य जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कोदापाखा क्षेत्र के 25गांवों के ग्रामीण सरपंच, जनपद सदस्य, गायता पटेलों ने जिला पंचायत सदस्य देवलाल नरेटी के नेतृत्व में कोदपाखा से दुर्गूकोंदल तक 9किमी पदयात्रा कर तहसीलदार दुर्गूकोंदल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। पदयात्रा में विजय गावड़े, सियाराम पोटाई, भगवानी सिन्हा,मन्नू नरेटी, संदीप पोटाई, संतोष मंडावी, संदीप नेताम, रयनु दुग्गा, बिरसिंह नरेटी, संतु सलाम, मेहर सिंह कोमरा, फुलेशवरी नेताम, अनूप दिवान, छबि लाल दुग्गा,श्यामलाल उयका, शैलेन्द्र दुग्गा, कविता कोमरा, राधा, उमेश्वरी, नागेश पाण्डे, चेवा राम नेताम, हरेंद्र नाग, शिवप्रसाद बघेल, नवीन दुग्गा, संपत नरेटी, नाथू राम दुग्गा, लोचन सहित बड़ी संख्या भारी संख्या में आम जनता शामिल थे।

 ———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *