कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
03 दिसंबर 2025 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
रिकार्डिंग डांस प्लेटफार्म पर परफामेंस ǃ

-देश में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का अतीत काफी पुराना है,इसका स्वर्णिम अतीत रहा है,लेकिन आज भोजपुरी सिनेमा के नाम से ही लोगों के जेहन में वो फुहड़ आधुनिक तस्वीरें आ जाती है,जो परोसा जा रहा है। अपने प्रदेश की कला संस्कृति के गीतों और प्रदर्शन के नाम इतना अति किया गया है कि भोजपुरी फिल्मों के नाम से ही परिवारजन साथ में देखना पसंद नहीं करते। बालीवुड की तरह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के फिल्म मेकर, सिंगर भी यह कहते दिखते हैं कि यह दर्शकों की मांग है। क्या उन्हें अपने स्वर्णिम अतीत की जानकारी नहीं है,जहां कईयों भोजपुरी साफ सुथरी फिल्मों ने सफलता के झंडे गाड़े और भोजपुरी फिल्मों को सफलता के उच्च मुकाम पर पहुंचाकर पहचान दिलायी। नव छत्तीसगढ़ प्रदेश में भी कुछ फिल्में भोजपुरी की तर्ज पर बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन छत्तीसगढ़ के दर्शकों ने फुहड़ और अंगप्रदर्शन शो करती फिल्मों को नकार दिया।
इतना ही नहीं छत्तीसगढ़ में एलबम के नाम भी काम हुआ पर उन्हें भी आशातीत सफलता नहीं मिली। फिल्म मेकर और काम करने वालों को भी यह पता चल गया कि छत्तीसगढ़ कला जगत में काम करना है तो साफ सुथरी फिल्म और एलबम की उन्हें सफलता दिला सकते हैं,उनका नाम हो सकता है। खुद देखें कि भोजपुरी के अमूमन एलबमों में जीजा साली,देवर फिर भतार जैसे रिश्तों को लेकर गीत और उन्मुक्त प्रदर्शन देखे जा सकते हैं। कुछ नयी पीढ़ी भी हैं,कि उन पर मरे जाते हैं। छत्तीसगढ़ इन सबसे जुदा है। अतीत से चली आ रही नाचा संस्कृति भी अश्लीलता से दूर है,शायद यही कारण है कि दर्शक रात भर बने रहते हैं। छत्तीसगढ़ में मेला के अवसर पर खासकर बस्तर संभाग में गावों में आज भी रात्रिकालीन बेला में नाचा का आयोजन होता आ रहा है। इसके साथ ही सांस्कृतिक आयोजनों की बेला में अपना अहम स्थान लिया है, रिकार्डिंग डांस ने।
डीजे धुनों पर कई सेंटर के गावों में यह आयोजन हो रहा है,जो सिर्फ रात्रि तक नहीं अपितु दूर-दूर से आकर कलाकार अपनी प्रस्तुती दे रहे हैं। जितनी दूर से कलाकार अपनी प्रस्तुती देने आते हैं,उन्हें कुछ हासिल नहीं होता। स्वयं के व्यय पर अपनी कला के प्रदर्शन पर सम्मान और अपना नाम कर लेने का जज्बा मकसद होता है। कला क्षेत्र में प्रतियोगिता इतनी बढ़ चुकी है,कि अपना नाम स्थापित करना सरल नहीं है। छत्तीसगढ़ में छालीवुड इंडस्ट्री अस्तित्व में पूर्णतः न आ पाई हो पर इस प्रदेश में कला संगीत में कलाकारों की कोई कमी नहीं है। छत्तीसगढ़ कला जगत में प्लेटफार्म का अभाव जो इन्हें लगता है कि रिकार्डिंग डांस जैसे आयोजनों में अपनी धमक बनाये रखते हैं। सोशल मीडिया में भले ही उस पटल पर अश्लीलता परोसी जा रही हो, पर छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक इन सांस्कृतिक मंचों पर चाहे वो जो भी आयोजन हो आज भी ऐसी प्रस्तुती पर हमेशा ध्यान रखा जाता है कि साफ सुथरी हो।
—✍️मनोज जायसवाल
————————
01. विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, विजयी प्रतिभागी हुए सम्मानित ।
—प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी विश्व दिव्यांग दिवस का आयोजन आज किया गया। इसके तहत जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें जिले के दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर सांसद भोजराज नाग और विशिष्ट अतिथि के तौर पर कांकेर विधायक आशाराम नेताम उपस्थित थे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सांसद श्री नाग ने दिव्यांग प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ दिव्यांगजनों को अवश्य मिलना चाहिए। इसमें शासन-प्रशासन के साथ-साथ आम आदमी की भी सहभागिता आवश्यक है। गोविंदपुर स्थित खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री नाग ने आगे कहा कि दिव्यांगजनों में विशेष और कुदरती क्षमता होती है, जिसे दिशा देने की जिम्मेदारी उनके माता-पिता व गुरुजनों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी है। विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांगों की सेवा ही सही मायने में पूजा है। अतः प्रत्येक व्यक्ति को दिव्यांगजनों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। विशिष्ट अतिथि की आसंदी से विधायक श्री नेताम ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति ने दिव्यांगजनों में अपेक्षाकृत अधिक क्षमता व प्रतिभा प्रदान की है, अगर उन्हें थोड़ी सी मदद मिले। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों की बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, ताकि वे समाज और देश में अपना यथोचित स्थान हासिल कर सकें। इस अवसर पर उन्होंने सभी विजयी प्रतिभागियों को विश्व दिव्यांग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग प्रतिभागी हुए सम्मानित
विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा समग्र शिक्षा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय एक दिवसीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथियों के द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं विशेष शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान विशेष शिक्षक विकास साहू, विष्णुदत्त करेन्द्र, मनीष निषाद, कोमल अटल, श्रीमती वर्षा मरकाम, सुश्री गीता तिवारी तथा एनजीओ संचालक भूपेन्द्र मिश्रा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विशेष तौर पर श्रीमती धनमोती साहू को भी मंचस्थ अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर और जनपद पंचायत कांकेर की उपाध्यक्ष श्रीमती तारिणी ठाकुर भी उपस्थित थे। इसके अलावा समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा समग्र शिक्षा के अधिकारी-कर्मचारी और काफी संख्या में दिव्यांग विद्यार्थी व शिक्षक उपस्थित थे।
——————–
02. विश्व दिव्यांग दिवस पर दी गई निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी।
—विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के अध्यक्ष संजीव कुमार टामक के निर्देशानुसार आज विधिक जागरूकता कार्यक्रम गोविंदपुर स्थित खेल मैदान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम में सचिव डीएलएसए श्रीमती शांति प्रभु जैन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने दिव्यांगजनों के अधिकारों, उनके लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने हेतु प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया। सचिव श्रीमती जैन ने यह भी कहा कि दिव्यांग जन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके प्रति सम्मान, संवेदना तथा सहयोग की भावना रखते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने हेतु प्रेरित करें। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा पैरालीगल वॉलेंटियर भी मौजूद थे।

———————
03. नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने ली बैठक।
—चतुर्थ नेशनल लोक अदालत का आयोजन आगामी 13 दिसम्बर को आयोजित होगा। इसके सफल संचालन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला न्यायालय कांकेर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बैठक लेकर पक्षकारों के बीच सौहार्द्रपूर्ण समझौता कराते हुए प्रकरणों का शीघ्र एवं सरल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री टामक ने बैठक में उपस्थित बीमा कंपनी व फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों एवं अधिवक्ताओं को प्रकरणों का शीघ्र एवं सरल समाधान सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में यह भी अपेक्षा की गई कि सभी संस्थाएं अपने लंबित दावों की प्राथमिकता से समीक्षा कर समझौता योग्य प्रकरणों को चिन्हित करें, ताकि नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निराकरण किया जा सके। इस दौरान बीमा कंपनी व फाइनेंस कंपनी के अधिवक्ता एवं प्रबंधक ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए, जिसमें लोक अदालत में प्रस्तुत होने वाले प्रकरणों की श्रेणियों, राजीनामा योग्य, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों एवं धारा 138 के मामलों की पहचान एवं आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कांकेर भास्कर मिश्र, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शांति प्रभु जैन एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण, विभिन्न बीमा कंपनियों के प्रबंधक एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

———————
04. विधानसभा सत्र हेतु अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी नियुक्त ।
—छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का सप्तम (शीतकालीन) सत्र 14 दिसम्बर से 17 दिसम्बर 2025 तक आहूत किया गया है। विधानसभा सत्र के दौरान त्वरित जानकारी प्राप्त करने के लिए कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुमार कुर्रे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को विधानसभा प्रश्नों का उत्तर समय-सीमा के भीतर शासन को प्रेषित करने नोडल अधिकारी को अवगत कराना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है।
———————–
05. आज अपरान्ह चारामा नगर पूर्व जैसाकर्रा आश्रम के पास डिवाईडर में मोटरबाईक आर 15 का चालक जिसमें दो लोग सवार थे,सामने से डामर भर कर कांकेर की ओर जा रही ट्रक में काफी स्पीड में जा घुसा टक्कर इतनी जबर्दस्त था कि ट्रक से टक्कर के बाद इससे मोटरसायल साहू सदन तक गेंद की भांति छिटक गया। लोगों ने तत्काल 108 को काल किया। कुछ देर मे 108 में बुरी तरह घायल युवक को वाहन में डाला गया। उनके पीछे कुल्हे के पीछे पैर का पूरा हिस्सा टूट चुका था। सडक खुन से सना दिखा। मोटरबाई आर 15 का एक एक पार्टस छिटक गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक काफी स्पीड में था। पूरी तरह घायल युवक की स्थिति इतनी खराब थी कि हम फोटो तो खींचे पर यहां डाल नहीं सकते,क्योंकि चित्र विचलित कर सकती है।
–———————
06 . दुर्गूकोंदल विकासखंड में भव्य युवा महोत्सव का आयोजन संपन्न। युवा महोत्सव में खेल–संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियाँ, विजेताओं का हुआ सम्मान। विधायक सावित्री मंडावी ने किया समापन, मेधावी छात्रों को पुरस्कार देने की घोषणा।
—जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में मंगलवार को एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव का रंगारंग और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र टेकाम एवं जनपद सदस्य विकास राजू नायक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, युवतियां, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विकास खण्ड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता एवं युवा उत्सव के समापन समारोह में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई। श्रीमती शकुंतला नरेटी सरपंच दुर्गूकोंदल,शोपसिंग आंचला अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी दुर्गूकोंदल,गोपी बढ़ाई अध्यक्ष जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल, देवलाल नरेटी सदस्य जिला पंचायत कांकेर,आनंद तेता उपाध्यक्ष जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल, विधायक प्रतिनिधि हुमन मरकाम, जनपद सदस्य सविता उइके , जनपद सदस्य हेमलता उइके, शिरो कोमरे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती संतो दुग्गा, जनपद सदस्य विकास राजू नायक, मुकेश नरेटी, अशोक जैन, किशोर सिन्हा, रामजी पुड़ो,दीपक पुड़ो, तुकाराम पटेल, एबीओ अंजली मंडावी, बीआरसी लतीफ सोम, शिक्षकगण व खिलाड़ी बच्चे उपस्थित थे।

खंड स्तरीय युवा उत्सव के प्रतिवेदन का वाचन सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी मंडावी ने किया जिसमे उन्होंने बताया कि कुल 541 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 143 महिला प्रतिभागी शामिल थी। उन्होंने बताया कि महिला वर्ग की खेल प्रतियोगिताएं महिलाओं के लिए उन्मुक्त खेल मैदान में विभिन्न खेल का आयोजन जूनियर 9 से 18 आयु वर्ग एवं सीनियर 18 से 35 आयु वर्ग में किया गया , जिनमे 100 मीटर दौड़,400 मीटर दौड़,तवा फेक,बैडमिंटन,वेट लिफ्टिंग,वॉलीबॉल,रस्साकसी तथा पुरुष वर्ग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक भवन दुर्गूकोंदलमें संपन्न हुए। इसमें पारंपरिक लोक नृत्य जैसे पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, कर्मा नृत्य, लोक गीत, वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार प्रदर्शन, पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शन तथा रॉक बैंड की शानदार प्रस्तुतियां देखने को मिलीं।
विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। महिला खेल प्रतियोगिता जूनियर आयु वर्ग 9 से 18 में 100 मीटर दौड़ में प्रथम भूमिका दीवान , द्वितीय नम्रता कोरेटी तरहुल, 400 मीटर दौड़ में प्रथम विद्या आचला दुर्गूकोंदल, द्वितीय रेणुका वड्डे़ कोड़ेकुर्से , तवा फेक में प्रथम योगिता नरेटी आमकड़ा , द्वितीय देवंती दुग्गा दुर्गूकोंदल, बैडमिंटन में प्रथम तानिया दास, द्वितीय प्रिंसी दुर्गूकोंदल, खो खो में प्रथम दमकसा की टीम द्वितीय कन्या आवासीय दुर्गूकोंदल की टीम , वॉलीबॉल में प्रथम हाटकोंदल की टीम , द्वितीय कोड़ेकुर्से की टीम, रस्साकसी में सेजेस दुर्गूकोंदल व द्वितीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोण्डे की टीम रही, बैडमिंटन डबल्स में प्रथम तानिया दास एवं प्रिंसी दुर्गूकोंदल, द्वितीय टिकेश्वरी एवं चेतना दुर्गूकोंदल रहे।इसी प्रकार सीनियर आयु 18 से 35 वर्ग महिला खेल प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में प्रथम पूर्णिमा नेताम द्वितीय मनेश्वरी उयके, 400 मीटर दौड़ में प्रथम मनेश्वरी उयके द्वितीय कविता कोमरे, तवा फेक में प्रथम संध्या खेरवार द्वितीय प्रियंका हुपेंडी, बैडमिंटन एकल में प्रथम कविता टेकाम , द्वितीय पूजा हलदार, सामूहिक खेलों में खो-खो में प्रथम दमकसा की टीम द्वितीय महाविद्यालय दुर्गूकोंदल की टीम, वॉलीबाल में प्रथम दमकसा की टीम द्वितीय डांगरा की टीम, रस्साकसी में प्रथम हाटकोंदल द्वितीय भंडारडिगी , बैडमिंटन डबल्स में प्रथम कविता टेकाम एवं उमेश्वरी उयके की टीम रहे । इसी प्रकार पुरुष वर्ग के विधाओं में कहानी लेखन में प्रथम पूरवा सिन्हा कोदापाखा, विज्ञान मेला में प्रथम अंजू तारम मेड़ो, हस्तशिल्प के प्रथम उमेश कुमार उसेंडी कोदापाखा , चित्रकला में प्रथम हरीश कुमार कड़ियाम डांगरा, तात्कालिक भाषण में प्रथम उर्मिला दुग्गा, वेशभूषा में प्रथम छवी नरेटी दुर्गूकोंदल, सामूहिक नृत्य में पल्लवी मरकाम टीम दुर्गूकोंदल, रॉक बैंड अमन नेताम टीम रहे ।ये सभी विजेता आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दुर्गूकोंदल विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन संजय वस्त्रकार ने किया। इस अवसर पर खंड स्रोत समन्वयक लतीफ सोम, ललित नरेटी, बाबूलाल कोमरे, हेमंत श्रीवास्तव, श्रीमती मनीषा सिन्हा, श्रीमती प्रमिता साहा, श्रीमती शैलेन्द्री मरकाम, राजकुमार चंद्राकर,द किशोर विश्वकर्मा, देवप्रसाद प्रधान, नारायण मरकाम, बृजभूषण आर्य, उमाकांत भंडारी, भारत दरपट्टी,उ मनोज दरियो, उत्तम आर्य, हरीश नागराज, राजेश कुर्रे, टेकेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

——————–
07.छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति का अपमान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज।
—क्षत्रिय समाज की मर्यादा, आदर्श और नैतिक परंपराओं को लेकर सोशल मीडिया में आए एक वीडियो ने प्रदेश में नई बहस खड़ी कर दी है। खुद को क्षत्रिय बताने वाली एक महिला द्वारा छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति, गृह मंत्री विजय शर्मा तथा पुलिस विभाग के प्रति कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। वीडियो में महिला द्वारा क्षत्रिय पहचान और भगवान श्री राम के वंशज होने का दावा करते हुए विवादित बातें कहने को समाज के लोगों ने क्षत्रिय परंपरा और न्यायप्रियता का अपमान बताया है।

क्षत्रिय समाज से जुड़े लोगों का कहना है कि क्षत्रिय धर्म हमेशा न्याय, मर्यादा और सत्य के साथ खड़ा होता है। भगवान श्री राम को क्षत्रिय मर्यादा का प्रतीक बताते हुए समाजजनों ने कहा कि इतिहास में कभी भी क्षत्रिय समाज ने अधर्म का साथ नहीं दिया। ऐसे में वीडियो में दिखाई दे रही महिला द्वारा खुद को क्षत्रिय बताते हुए अभद्रता करना समाज की मान्यताओं के विपरीत है। कई लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला की वेशभूषा, चाल-ढाल और भाषा मर्यादा से दूर है, जिससे लगता नहीं कि वह क्षत्रिय परंपरा की प्रतिनिधि है। समाजजनों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माताएं-बहनें सम्मान और संस्कारों की पहचान होती हैं, ऐसे में किसी भी महिला द्वारा शराब के नशे में या असभ्य भाषा में प्रदेश की महिलाओं को नीचा दिखाने का प्रयास अस्वीकार्य है।
इस मुद्दे पर अखिल भारतीय हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे, प्रदेश संगठन महामंत्री गणेश तिवारी और प्रदेश महामंत्री उत्कर्ष गढ़ेवाल ने संयुक्त बयान जारी कर राज्य सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उक्त महिला ने न केवल छत्तीसगढ़ की महिलाओं और समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाई है, बल्कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री के साथ-साथ पुलिस विभाग पर भी बेहद अशोभनीय टिप्पणी की है। परिषद पदाधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की भाषा सामाजिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
परिषद पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला का व्यवहार क्षत्रिय समाज की आदर्श स्त्री-छवि से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज की महिलाएं मर्यादा, संयम और सादगी की प्रतिमूर्ति होती हैं। वे बिना कारण घर से बाहर नहीं निकलतीं, और जब भी सार्वजनिक रूप से आती हैं तो मर्यादा एवं सम्मान के साथ बोलती हैं। उनका कहना है कि वीडियो में दिख रही महिला का आचरण न तो क्षत्रिय संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है और न ही समाज की परंपराओं के अनुरूप है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह महिला संभवतः किसी के कहने पर हायर की गई है ताकि छत्तीसगढ़ के गढ़िया और मनुवादी होने जैसे अपमानजनक शब्दों का उपयोग कर समाज को बदनाम किया जा सके।
परिषद के नेताओं ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि महिला ने पत्रकार आभा ठाकुर के साथ भी कथित रूप से गलत व्यवहार किया है, जो लोकतांत्रिक और नैतिक मूल्यों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और किसी पत्रकार के साथ अपमानजनक भाषा का उपयोग करना गंभीर अपराध है।
नेताओं ने यह चेतावनी भी दी कि अगर सरकार इस महिला के खिलाफ तुरंत और कठोर कार्रवाई नहीं करती है, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ महतारी और भारत माता के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जा सकता और समाज संगठित होकर इसका जवाब देगा।

————————
08. जिले के चारामा विकासखंड में मेले मंडईयों का दौर जारी है। आज महानदी क्षेत्र के कुर्रूभाट का मेला पूरे हर्षोल्लास से सम्पन्न हुआ। रात्रि में सांस्कृतिक नाचा कार्यक्रम की प्रस्तुती होगी। इसके बाद इसके समीपस्थ ग्राम कोटेला में मेला आयोजित है। तदुपरांत राजाराव पठार वीर मेला में मेला व्यवसायी कूच करेंगे।
———————–
09.वन मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम जैसाकर्रा में किया इंदरू केंवट नेचर पार्क का लोकार्पण।वन विभाग द्वारा लगभग 50 लाख रूपए की लागत से तैयार किया गया है इंदरू केंवट नेचर पार्क।
—प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने आज चारामा के ग्राम जैसाकर्रा में स्थापित इंदरू केंवट नेचर पार्क का लोकार्पण किया। समारोह में विधायक भानुप्रतापपुर श्रीमती सावित्री मण्डावी भी मौजूद थी। चारामा वन परिक्षेत्र के ग्राम जैसाकर्रा में इस नेचर पार्क का निर्माण 49 लाख 85 हजार रूपए की लागत से किया गया है।नेचर पार्क के लोकार्पण अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह नेचर पार्क बहुत अच्छा बना है। भविष्य में इसका और विकास किया जाएगा। इसके विकास में नेचर को ध्यान रखे और कांक्रीट का ज्यादा उपयोग न किया जावे। उन्होंने कहा कि सौभाग्य की बात है कि हमारा बस्तर वनों से आच्छादित है। इसके महत्व को समझें और इसका संरक्षण करते हुए वनोंपज के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती सावित्री मण्डावी ने कहा कि इंदरू केंवट नेचर पार्क का आज लोकार्पण हो रहा है, इस नेचर पार्क से आम लोगों को फायदा मिलेगा, साथ ही पर्यवरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन और वन्य प्राणियों की सुरक्षा हम सब का दायित्व है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप ब़ोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही. श्रीनिवास राव, नगर पंचायत चारामा के अध्यक्ष भुनेश्वर नागराज, मुख्य वन संरक्षक कांकेर राजेश चंदेले, डी.एफ.ओ. रौनक गोयल, आलोक ठाकुर, टेकेश्वर जैन, नरेन्द्र यादव, नंदकुमार ओझा, सरपंच जैसाकर्रा रविलाल नायक, एसडीएम चारामा नरेंद्र बंजारा, अनुविभागीय अधिकारी वन जसवीरसिंह मरावी, तहसीलदार सत्येन्द्र शुक्ल सहित जनपद सदस्य, वन प्रबंधन समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि चारामा परिक्षेत्र के सिरसिदा बीट के कक्ष क्रमांक 1474 में वित्तीय वर्ष 2024-25 में पर्यावरण वानिकी मद से 49 लाख 85 हजार रूपए की लागत से इंदरू केंवट नेचर पार्क जैसाकर्रा का निर्माण किया गया है, जो लगभग दो हेक्टेयर वन भूमि में फैला है। पर्यावरणीय शिक्षा, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और प्रकृति संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, पर्यटकां और शोधार्थियों को प्रकृति के समीप लाना इसका मुख्य उद्देश्य है ताकि वे वन, वनस्पति, जीव-जंतु और पारिस्थितिकी के महत्व से अवगत हो सकें। उक्त नेचर पार्क में एक प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर, पर्यटकों के लिए नेचर ट्रेल्स, लॉन एरिया, गार्डन, ओपन जिम, छोटे बच्चों हेतु प्ले एरिया, बैठने हेतु पैगोडा निर्माण, फव्वारा, शौचालय, पौधों की सिंचाई के लिए ओवरहेड टैंक एवं बंबू सैटम आदि का निर्माण किया गया है। यहां 40 प्रकार के फूलदार पौधे, 50 वृक्ष प्रजाति के पौधे, 20 प्रजाति के औषधीय पौधे तथा 17 प्रजाति के बांस के पौधों को रोपण किया गया है। इसका संचालन वन प्रबंधन समिति जैसाकर्रा द्वारा किया जाएगा।

———————–
10. धान के अवैध परिवहन व भण्डारण पर की जा रही कार्यवाही। स्टॉक से अधिक धान पाए जाने पर धान जब्त।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में गठित जांच दलों के द्वारा धान के अवैध भण्डारण एवं परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में सतर्क ऐप में प्राप्त शिकायत के आधार पर एसडीएम भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं मंडी बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा संबलपुर निवासी थोक व्यापारी कुशल जैन के गोदाम की जांच किया गया, जिसमें स्टॉक से अधिक धान पाए जाने (104 क्विंटल 80 किलोग्राम) धान जप्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही किया जा रहा है।

———————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






