कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
02 दिसंबर 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय
‘एलर्ट मुड पर कांकेर पोलिस’

कांकेर थाना प्रभारी से मुखातिब होते अ.भा. पत्रकार सुरक्षा समिति के पदाधिकारी
—कांकेर जिले में आमाबेडा की घटना के बाद यहां के पुलिस अधीक्षक हटाये गये। नये पुलिस अधीक्षक अनिल राखेचा के पदभार ग्रहण करते ही पुलिस एलर्ट मुड पर दिखायी दे रही है। लगातार अवैध शराब पर कार्रवाई, गुंडे बदमाशों पर कार्रवाई, यातायात पुलिस की देखें तो त्वरित चालानी कार्रवाई यह बताने काफी है, कि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत है। पुलिस अधीक्षक के साथ ही अब नये थाना प्रभारी ने भी कार्यभार संभालते ही त्वरित कार्रवाई की दिशा में कार्य होता दिखायी दे रहा है। जितेंद्र कुमार साहू का नाम एक आदर्श पुलिस अधिकारी के रूप में जनमानस में व्याप्त है,जिसे ज्यादा लिखने बताने की जरूरत नहीं है। यातायात पुलिस की बात करें तो चालानी कार्रवाई में यातायात का पालन नहीं करने वाले खुद पुलिस कर्मचारी भी नहीं बच रहे हैं‚आज यातायात नियम का पालन नहीं करने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार सख्त कार्रवाई से हडकंप मच गया है‚और लोग नियमों के अनुसार चलना उचित समझ रहे हैं।

आज अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति जिला इकाई कांकेर के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल,पद्मिनी साहू, सत्येंद्र सोनी ने जिले के एसपी एवं पुलिस अधीक्षक से भेंट मुलाकात की, जहां पुलिस अधीक्षक को मौखिक रूप से लखनपुरी जो कि जिले की औद्योगिक नगरी है,मेडिकल कालेज निर्माण कार्य प्रगति पर है, इस नये वर्ष में लोकार्पण भी होने की संभावना है, यहां नियमित रूप से बल की जरूरत बतायी। वैसे भी पूर्व में भी मांग की गई थी,जहां जवानों की गश्तियां लगाया जाता था,पर अब मेला या बाजार दिवस दिखायी देता है। जिले के इस केंद्र के विकास के साथ ही जरूरी भी है,ताकि कानून शांति व्यवस्था बनी रहे। भविष्य में तो यहां पुलिस चौकी की जरूरत पडेगी ही जिसकी मांग भी कई बार की जा चुकी है।
✍️मनोज जायसवाल
————————
01. आज 37वाँ सड़क सुरक्षा माह 2026 ऑटो चालक प्रशिक्षण शिविर नया बस स्टैण्ड डोम कांकेर में आयोजित किया गया।
—आज 02 दिसंबर को 37 वां सड़क सुरक्षा माह 2026 के क्रम में निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार, आकाश श्रीश्रीमाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन में, दीपक साव, रक्षित निरीक्षक यातायात प्रभारी कांकेर व यातायात बल कांकेर के द्वारा शहर में चलने वाले ऑटो चालकों का प्रशिक्षण शिविर, दस्तावेज सत्यापन कार्यक्रम का आयोजन नया बस स्टैण्ड डोम कांकेर में रखा गया। जिसमें आटो चालकों को यातायात संबधी जानकारी देकर यातायात जागरूकता हेतु सभी ऑटो में पाम्पलेट चस्पा किया गया।
इसमें प्रमुखतः ऑटो चालकों का लाईसेंस चेक किया गया जिसके पास लाईसेंस नही पाने पर यातायात माह शिविर लगने पर बनवाने हेतु पहल किया गया। सड़क दुर्घटना में घायलों को त्वरित मदद कर अस्पताल पहुंचाने निर्देश दिया गया। जिले में बढ़ते अपराध को कमी हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय कांकेर द्वारा जारी वाट्सएप नंबर 9479155125 एवं कन्ट्रोल रूम कांकेर का नं. 9479190161 एवं हाईवे 01- 9479192478, 02-9479192479 को ऑटो चालकों के माध्यम से प्रचार प्रसार हेतु बताया गया। कांकेर शहर में संचालित लगभग 70-80 ऑटो में पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त यातायात जागरूकता पामप्लेट को प्रचार-प्रसार हेतु लगाया गया। ऑटो चालकों को वर्दी, नेम प्लेट एवं वाहन में टोकन लगाने हेतु निर्देशित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ऑटो चालक चेतन राम साहू, पण्डरीपानी कांकेर का दस्तावेज व साफ-सुथरी वर्दी एवं ऑटो को व्यवस्थित तरीके से रखने के लिए यातायात माह के समापन कार्यक्रम के दौरान प्रशति पत्र व इनाम दिया जाएगा। प्रशिक्षण/दस्तावेज कार्यक्रम के दौरान ऑटो संघ अध्यक्ष शाहिल मेहरा एवं लगभग 70-80 ऑटो चालक उपस्थित रहें साथ ही अध्यक्ष महोदय एवं पूरे ऑटो संघ को समस्त यातायात नियमों का पालन करने शपथ दिलवाई गई।
————————
02. यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले पुलिस कर्मियों पर हुई कार्यवाही ।
—आज दिनांक 02 जनवरी को निखिल राखेचा पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशानुसार, आकाश श्री श्रीमाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर के मार्गदर्शन में, श्री दीपक साव, रक्षित निरीक्षक यातायात प्रभारी कांकेर व यातायात बल कांकेर के द्वारा पुलिस अधीक्षक के पूर्व आदेश के पालन में थाना के सामने MCP लगाकर बिना हेलमेट के मोटर सायकल चलाने वाले 02 पुलिस कर्मचारियों का चालान किया गया। 01. आरक्षक क्रमांक 590 उदय चन्द्राकर पिता श्री स्व० प्रभात चन्द्राकर, सा० पुलिस लाईन कांकेर, 02. आरक्षक क्रमांक 470 जुरू सलाम पिता सुकाराम सलाम सा० पुलिस लाईन कांकेर का M. V. act. के तहत धारा 129/194(D) पर 500-500 रूपये का चालान काटा गया।

चित्र—यातायात पुलिस ने नियमों का पालन नहीं करने पर पुलिस पर भी कार्रवाई करती दिख रही है।
———————
03. त्रुटिपूर्ण रकबा संशोधन 07 जनवरी तक कराया जा सकेगा।
—खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो, इसे दृष्टिगत रखते हुए कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सचिव द्वारा पत्र जारी कर एग्रीस्टैक फार्मर आईडी जनरेटेड किसानों का धान विक्रय हेतु त्रुटिपूर्ण रकबा संशोधन एवं पीव्ही सत्यापन, त्रुटिपूर्ण फसल प्रविष्टि सुधार का विकल्प आगामी 07 जनवरी तक खुला रहने की जानकारी दी गई है। इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि सचिव कृषि विभाग के आदेशानुसार जिले के सभी किसान जो एग्रीस्टैक फार्मर आईडी में पंजीकृत हैं, उनके त्रुटिपूर्ण रकबा संशोधन, पीव्ही सत्यापन, त्रुटिपूर्ण फसल प्रविष्टि का विकल्प आगामी 07 जनवरी तक सोसायटी एवं लैम्पस मॉड्यूल खुला रहेगा। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में सुधार की कार्यवाही पूर्ण करा लें, ताकि अपने पंजीकृत रकबा का त्रुटि सुधार कराकर अपने धान का विक्रय कर सकें।
———————
04. जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई, मॉक ड्रिल 03 जनवरी को खमढोड़गी में ।
—राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन एवं राहत की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को आपातकालीन स्थिति के पूर्व की जाने वाली तैयारियों एवं प्रबंधन से अवगत कराया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी दी गई।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज दोपहर 02 बजे आयोजित बैठक में एनडीआरएफ के टीम लीडर हीरा सिंह ने बताया कि कांकेर जिले में एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम द्वारा शनिवार 03 जनवरी को मॉक ड्रिल खमढोड़गी जलाशय में सुबह 11 बजे से की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से आपदा के आधार पर फ्लैग होस्ट किया जाता है। सामान्य आपदा में ग्रीन फ्लैग, स्थिति पर निगरानी के लिए यलो फ्लैग, अलर्ट मोड के लिए आरेंज तथा त्वरित आपात स्थिति में कार्यवाही के लिए रेड फ्लैग का उपयोग एनडीआरएफ द्वारा किया जाता है। टीम लीडर ने बताया कि बाढ़ एवं अन्य प्रकार की आपात स्थिति के दौरान व्यापक जन समुदाय प्रभावित होता है, इसे दृष्टिगत करते हुए सुरक्षा के अलग-अलग मापदंड के अनुसार रैपिड एक्शन टीम द्वारा लिया जाता है। इसमें ड्रोनिंग कान्टेक्ट, ड्राई कान्टेक्ट, डीप डाइवर, प्रायोरिटी फैक्टर्स आदि के माध्यम से त्वरित कार्यवाही की जाती है। साथ ही टीम द्वारा आधुनिक तकनीकों की सहायता से राहत दिए जाने का प्रयास किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने अलग-अलग स्थिति में आपदा प्रबंधन और फौरी राहत के संबंध में मूलभूत जानकारी बैठक में दी। इस दौरान राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, जिला सेनानी, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, परिवहन, पशुपालन, स्कूल शिक्षा, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों की भूमिका के संबंध में चर्चा की गई। इसके पहले एनडीआरएफ टीम के द्वारा ऑडियो-विजुअल के माध्यम से उनके कार्यों एवं भूमिका की संक्षिप्त जानकारी दी गई। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी आपदा प्रबंधन श्रीमती सरस्वती बंजारे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
———————–
05.नीट परीक्षा की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक 05 जनवरी को।
—राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित की जाने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के सफल आयोजन, परीक्षा केन्द्रों का चिन्हांकन एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आगामी सोमवार 05 जनवरी को दोपहर 12 बजे से जिला स्तरीय समिति के सदस्यों की समीक्षा बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आहूत की गई है। उक्त बैठक में कलेक्टर ने समिति के सदस्यों को निर्धारित तिथि में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
–———————
06. नरहरपुर के बिरनपुर में कांकेर विधायक ने हाईस्कूल भवन निर्माण के लिए दी 75.23 लाख की सौगात ।

—आज ग्राम बिरनपुर में 75.23 लाख की लागत से बनने वाले नवीन हाई स्कूल भवन निर्माण कार्य का कांकेर विधायक आशा राम नेताम द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया गया। उन्होंने इस अवसर पर मंच से कहा कि-यह केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि ग्राम के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास की मजबूत नींव है।
इस नवीन विद्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं एवं आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त होंगे।शिक्षा ही सशक्त समाज की आधारशिला है, और इसी सोच के साथ हमारी सरकार व जनप्रतिनिधि निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने हेतु प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

———————–
07. विकासखंड दुर्गूकोदल में नवीन पाठ्य-पुस्तक आधारित प्रशिक्षण का प्रथम एवं द्वितीय चरण प्रारंभ किया गया है। यह प्रशिक्षण विकासखंड के विभिन्न जोन एवं संकुलों में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के पाठ्यक्रम में किए गए बदलावों की जानकारी शिक्षकों को देना तथा उन्हें कक्षा शिक्षण में प्रभावी रूप से लागू कराना है।
———————–
08. दुर्गूकोदल अंतर्गत संकुल केन्द्र–मेडो के अंतर्गत ग्राम भुसकी में आयोजित दो दिवसीय संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में संकुल के प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला सुखई, मेडो, चाहचाड, भुसकी एवं पड़गाल के छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवलाल नरेटी जिला पंचायत सदस्य रहे। विशेष अतिथि के रूप में राजू विकास नायक जनपद सदस्य, रामचन्द्र कल्लो, अशोक जैन, नागसाय तुलावी तथा सरपंच मुकेश कुमार गावड़े, रमशीला कोमरा एवं रमेश दुग्गा उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्र–छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।।
———————–
09. विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने किया कोदापाखा आयुर्वेद औषधालय का निरीक्षण।
—भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने शासकीय आयुर्वेद औषधालय कोदापाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औषधालय परिसर में विकसित हमर सुघ्घर औषधि उद्यान, ऑक्सीजन जोन क्षेत्र तथा स्थानीय एवं पारंपरिक आदिवासी पोषक अनाज रोपण क्षेत्र का अवलोकन किया। निरीक्षण के पश्चात विधायक ने आयुर्वेद कुपोषण प्रबंधन प्रयास कार्यक्रम के मॉडल, पारंपरिक आदिवासी पोषक अनाजों के संग्रह (सेपल) तथा बांगाचार के घोड़ादर डोंगरी एवं इन्दुघाटी से संग्रहित महत्वपूर्ण वनौषधियों की जानकारी ली।निरीक्षण कार्यक्रम में गोपी बढ़ाई (जनपद अध्यक्ष), सविता उयके (पूर्व जनपद अध्यक्ष), सुनाराम नेताम (जनपद अध्यक्ष भानुप्रतापपुर), हुमन मरकाम (विधायक प्रतिनिधि), हेमलता उयके (जनपद सदस्य), अयनु ध्रुव, सोमनाथ नेताम (सरपंच), रामप्रसाद नरेटी (ग्राम पटेल), पति राम नरेटी (ग्राम गायता) सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

———————
10. कांकेर में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। कोतवाली थाना के वर्तमान थाना प्रभारी मनीष नागर हटाए गए हैं,इनके स्थान पर जितेंद्र साहू नये थाना प्रभारी बनाए गए हैं। नये पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने कार्यभार संभालते ही नए साल के पहले दिन जारी किए स्थानांतरण आदेश जारी किया जिसमें 05 निरीक्षक,03 सहायक उप निरीक्षक 01 प्रधान आरक्षक का ट्रांसफर भी किया गया है।
———————-
विशेष-
चारामा विकासखंड के महानदी अरौद घाट पर एनजीटी के नियमों को धता बताते रात्रि में अवैध तरीके से उत्खनन परिवहन किया जा रहा है। अरौद पुल में मिट्टी जमा होने के साथ प्रधानमंत्री सडकें खस्ताहाल हो रही है।
————————-
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–







