आज की टॉप 10 खबर 02 दिसंबर 2025 मंगलवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  02  दिसंबर  2025 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

महानदी पुल को बचाने क्षेत्र में हो रही चर्चा ǃ

देर से ही सही कुछ लोग गहरी नींद में सोए हुए थे, उन्हें पता चला कि महानदी के हाराडुला पुल जिस तरह ध्वस्त हुआ उसी तरह चारामा को नरहरपुर मुख्यालय से जोडने वाली पुल में लगातार प्रधानमंत्री सडक में क्षमता से अधिक वजनी हाईवा ट्रकों के परिचालन से वैसा ही हश्र होने की संभावना है। अभी अरौद घाट से रेत का परिवहन हो रहा है‚ बताया जा रहा है कि शीघ्र ही टांहकापार घाट से रेत उत्खनन एवं परिवहन शुरू होने वाला है‚ जो ट्रकें भी अरौद पुल से होकर ही गुजरेंगी।

गहरी नींद में सोए कुछ लोग उठ तो गए हैं,लेकिन देखना अब यह है कि कब महानदी के संरक्षण के लिए बैनर लेकर इसकी संरक्षण की मांग शासन प्रशासन से करेंगे। हां, यदि ऐसा हो तो एक दिनी दिखाऊ आयोजन भी नहीं होना चाहिए। अपितु दिल में अपने प्रमुख धरोहर अरौद पुल जिससे होकर ना सिर्फ चारामा अपितु नरहरपुर विकासखंड के लोग अपना मान कर इसकी रक्षा के लिए खडे हों। पिछला अतीत पता होना चाहिए जिसका जिक्र हम लगातार अपने आलेख में कर रहे हैं। अरौद पुल उन 52 गावों की धरोहर सहित छत्तीसगढ की शान है,जिससे होकर आवाजाही करते हैं,लेकिन इस धरोहर को अब नजर लग गई है,जिसे बचायी जाना नितांत आवश्यकता है।
फिर जब टांहकापार महानदी संघर्ष समिति ने पुल के लिए इस क्षेत्र के पूरे 52 गावों के साथ आंदोलन किया था, जो भले ही अरौद में बना हो पर यह सभी संघर्षरत लोगों का  प्रतिफल है‚जिसे बचाने के लिए  अब पुनः लोग लामबंद होने लगे हैं,इसका असर तो कल से ही देखने मिलेगा जब लोग शासन प्रशासन से इस क्षेत्र से अवैध तरीके से यहां से ले जाये जा रहे गौण खनिज स्टोन,रेत,मुरम आदि के बगैर पीटपास अवैध तरीके से परिवहन की शिकायत करते दिखायी देंगे। शिकायतकर्ताओं में ना सिर्फ आम लोग अपितु क्षेत्र के जनप्रतिनिधी भी शामिल होंगे। महानदी पुल संरक्षण समिति का गठन होने की खबर है,जिससे अपनी धरोहर को बचाने के लिए लोग लामबंद होने जा रहे हैं।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01. कांकेर जिला से 25 प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में सहभागिता दी।

— विगत दिनों जशपुर डाइट में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कांकेर जिला से 22 विद्यार्थी प्रतिभागी और 3 शिक्षक प्रतिभागी ने हिस्सा लिया।जिसमें प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर की कक्षा दसवीं की छात्रा कुमारी रिषिका साहू ने विषय – ” हरित उर्जा” पर अपने मॉडल की प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया एवं राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर स्कूल और जिला को गौरवान्वित किया। इस प्रदर्शनी में नौ जोन के प्रत्येक जिला से अलग अलग थीम पर कुल 549 प्रतिभागी भाग लिए थे। जिसमें छात्रा रिषिका साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना स्थान बनाया। इनके साथ प्रतियोगिता स्थल पर कांकेर जोन प्रभारी पुष्पांजलि ठाकुर, अनुरक्षक शिक्षक पुष्पेंद्र कुमार साहू, आशुतोष तिवारी,भूमिका निर्मल, प्रीति उसेंडी उपस्थित रही। रिषिका ने अपने मॉडल में वायु प्रदूषण के रोकथाम, क्लीन सिटी, ऊर्जा संरक्षण आदि को प्रस्तुत किया।इन्होंने अपने मॉडल का प्रदर्शन, प्रोजेक्ट निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण संस्था के प्राचार्य श्री रोशन वर्मा के निर्देशन एवं शिक्षिका भूमिका निर्मल के मार्गदर्शन में किया।

इसके अलावा इस प्रतियोगिता में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में समीक्षा तारम प्रयास विद्यालय कांकेर,खालिदा नेताम शा.उ.मा. वि. गोलकुम्हड़ा , सूरज मंडावी सेजेस नरहरपुर,प्रणव साहू शा. उ.मा.वि.लखनपुरी , महेक कुंजाम शा.क.उ.मा.वि.नरहरपुर, रविन्द्र जैन शा.उ.मा.वि.मुरडोंगरी, आर्यन कोर्राम शा.मा.शाला मैन पुर, विनय कुमार वैद्य शा.उ. मा.वि.अरौद, गुनिका और भूमिका सिन्हा सेजेस हल्बा, दामिनी साहू और रूबी कोर्राम शा.उ.मा.वि. पुसवाड़ा,आदि लक्ष्मी साहू शा.उ.मा.वि.बागो डार ने सहभागिता दी। एकल प्रोजेक्ट में गुंजन कुमार शा .उ. मा .वि. सेलेगांव, यामिनी दुग्गा शा.उ. मा.मुरडोंगरी और टीम प्रोजेक्ट में लोकेंद्र खरे, महावीर संचेती सेजेस हल्बा ने सहभागिता दी। विज्ञान प्रश्न मंच में रिकेश्वर सरोज, रोशन जैन शा.बालक उ. मा.वि.अभनपुर और आयुशिका बगरिया, खुशबू साहू प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर ने सहभागिता दी। शिक्षक टी एल एम में हिमांशू जैन प्रयास विद्यालय कांकेर,मानेश कुमार सिन्हा शा.बा.उ.मा.वि.अभनपुर और शिक्षक संगोष्ठी में इप्शिता दास ने सहभागिता दी। इनकी इस उपलब्धि पर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर कांकेर कलेक्टर,   हरेश मंडावी जिला पंचायत सीईओ कांकेर , रमेश कुमार निषाद डीईओ कांकेर, नवनीत पटेल डीएमसी, लक्ष्मण कावड़े और प्रकाश सेन सहायक संचालक, विनोद राजपूत समग्र शिक्षा ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

 ——————–

02.  सरपंच पर खनिज शाखा द्वारा बनाए जा रहे मौखिक दबाव को तत्काल समाप्त करने की मांग भिलाई(चारामा) के ग्रामीणों ने आज कलेक्टर जनदर्शन में कलेक्टर से की शिकायत।  

  —खनिज शाखा द्वारा 2025 के नियमों के अंतर्गत सप्लीमेंट्री एग्रीमेंट कराने हेतु मौखिक दबाव के संबंध में आपत्ति एवं स्पष्टीकरण।संदर्भ- ग्राम पंचायत भिलाई ख.नं. 485/1 रकबा 4.98 हे. के ग्राम पंचायत भिलाई की रेत खदान तांसी-3 हेतु पट्टा अनुबंध दिनांक 09.12.2024 से 08.12.2029 तक कुल 05 वर्ष की अवधि के लिए छ.ग. गौण खनिज साधारण रेत(अनुसुचित क्षेत्र हेतु) नियम 2023 के तहत विधिवत निष्पादित हुआ है के संदर्भ विषयक भिलाई के ग्रामीण आज कलेक्टर जनदर्शन में कार्रवाई की मांग की।

खनिज शाखा द्वारा सरपंच पर बनाए जा रहे मौखिक दबाव को तत्काल समाप्त करने की मांग की।

  ———————

03.  कलेक्टर ने किया जेंडर रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना।  राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय जेंडर अभियान।    

— राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन दीनदयाल अंत्योदय योजना ’नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय जेंडर अभियान’ का जिले में शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि जेण्डर समानता अभियान का उद्देश्य महिलाओं के बीच समानता का वातावरण को तैयार करना है। इस साल जेंडर समानता अभियान का नारा- ’एक साथ एक आवाज, समानता के लिये संकल्प का आगाज’ है। उक्त रथ को जिले के सभी विकासखण्डों में घर, बाजार आदि जगहां पर गीत की धुन के साथ गांव-गांव में भ्रमण कराया जायेगा, ताकि गीत के माध्यम से लोग इस अभियान से जुड़ सके। जिला पंचायत के सीईओ ने बताया कि उक्त कैंपेन को चार सप्ताह में विभाजित किया गया है, जिसमें प्रथम सप्ताह आर्थिक योगदानकर्ताओं के रूप में महिलाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता और दृष्टिकोण में बदलाव, द्वितीय सप्ताह महिलाओं के संसाधनों एवं अवसरों तक पहुंच का विस्तार, तृतीय सप्ताह महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा एवं सुरक्षित गतिशीलता तथा चतुर्थ सप्ताह- ’महिलाओं के बिना पारिश्रमिक देखभाल कार्य को पहचानना एवं कार्यभार का समान वितरण’ विषय शामिल है। उन्होंने बताया कि इस दौरान शपथ दिलाना, जागरूकता रैली का आयोजन, सांप-सीढ़ी जैसे खेलों एवं गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता, समूह बैठकों आदि के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत 23 दिसम्बर तक नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय जेंडर अभियान का संचालन किया जाएगा।

 

  ———————

04. बाईपास रोड़ में वाहन रोककर हुड़दंगबाजी करने वाले 02 गिरफ्तार। 

—पुलिस जानकारी अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 27.11.2025 को यातायात शाखा कांकेर में पदस्थ सउनि महेश जैन को दौरान पेट्रोलिंग सूचना मिला कि बाईपास रोड़ कांकेर में कुछ लड़के वाहनों को रोककर चालको से गाली गलौच कर हुड़दंग कर रहे है कि सूचना तश्दीक पर यातायात स्टाफ प्र.आर. 182 विरेन्द्र भगत, प्र.आर. 308 संजय सिंह के साथ बाईपास रोड़ कांकेर पहुंचे पुलिस को देखकर लड़के भाग गये। आस पास वालो से लड़को का नाम, पता पूछने पर नाम रविन्द्र ठाकुर निवासी टिकरापारा कांकेर, कमल कोर्राम निवासी मनकेशरी बताये पुलिस के द्वारा पता तलाश के दौरान थाना के सामने अनावेदकों के द्वारा यातायात पुलिस को देखकर गाली गलौच करने लगे जिसे आज दिनांक 02.12.2025 को गिरफ्तार कर अनावेदकगण 1. रविन्द्र ठाकुर पिता स्व.भागीरथी ठाकुर उम्र 33 वर्ष निवासी टिकरापारा कांकेर थाना कांकेर 2. कमल कोर्राम पिता विरेन्द्र कोर्राम उम्र 37 वर्ष निवासी मनकेशरी  कांकेर के विरूध प्रतिबंधात्मक धारा में इस्तगाशा तैयार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया है। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर के नेतृत्व में सउनि सोमेन्द्र सिंह प्रआर.गितेश्वर कुलदीप, एवं थाना कांकेर पेट्रोलिंग टीम का अहम भूमिका रहा है।

———————–

05.  हाई टेंशन बिजली तार चोरी करने वाले आरोपी को पखांजूर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

— पुलिस जानकारी अनुसार  दिनांक 27/11/2025 को फर्म मेसर्स देवश्री एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड धमतरी के सुपर वायजर भूपेंद्र गौतम ने थाना पखांजूर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फर्म मेसर्स देवश्री एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड धमतरी के कंपनी के द्वारा 132 के.व्ही. सेकेंड सर्किट भानुप्रतापुर, पखांजूर लाइन का कार्य किया जा रहा है, लाइन कार्य हेतु कंपनी के द्वारा 17 नाग ACSR पेंथर लाठी तार ड्रम को पीव्ही. 34 प्रेमनगर हरिमंदिर के पास मैदान रखा गया है, जो कि खेतों में फसल होने के कारण कार्य बंद था कि दिनांक 23.11.2025 को साईड निरीक्षण व सामान मिलान करने हेतु सुपर वायजर द्वारा चेक करने पर ग्राम पीव्ही. 34 प्रेमनगर हरि मंदिर के मैदान में रखा 17 नाग एसीएसआर पैंथर लाठी तार ड्रम में से एक नाग एसीएसआर पैंथर लाठी तार ड्रम को चोरी कर ले गया कि रिपोर्ट पर थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 202/25 धारा 303 (2) बी  कायम कर चोरी हुए माल की पता तलाश किया गया।

 उमनि. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  कांकेर  आई. के. एलेसेला के निर्देशन पर अति. पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे, एसडीओपी पखांजूर श्री रवि कुजूर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी पखांजूर लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में थाना पखांजूर से तत्काल सउनि0 वेदन सलामे तथा अन्य स्टाफ का टीम गठित कर आस-पास गांव वालो से पता करने पर गांव वालो ने बताया कि 10-12 दिन पूर्व दोपहर के समय किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा एक नाग एसीएसआर पैंथर लाठी तार ड्रम को पीकप वाहन में लोडकर अपना सामान बताकर भानुप्रतापुर ले जा रहा हूं कहकर ले गया है, यह बात गांव वालो ने जानकारी दी है,

मुखबीर से सूचना मिली कि संदेही आस्करण देवांगन और हेमसागर राणा सरोरा रायपुर में घूम रहे हैं, तत्काल पखांजूर पुलिस रायपुर रवाना होकर संदेहियों का पीछा करने पर अपराध घटित करना कबूल करने पर आरोपों का मेमोरेण्डम कथन लिया गया व हेमसागर राणा के द्वारा एल्युमिनियम बिजली तार को पेश करने पर गवाहों के स्पष्ट जप्त कर एवं अनुकरण आस्करण देवांगन के पेश करने पर चोरी के पैसे से बनाए गए मोटर साइक्ल हीरो स्प्लेंडर प्लस कं. सी.जी. 019 बी.टी. 3479 कीमत 68000/- रूपये को गवाहों के स्पष्टीकरण जप्त कर आरोपों को गिरफ्तार कर माननीय कोर्ट पखांजूर पेश किया गया। माननीय कोर्ट द्वारा जेल वारंट जारी करने पर जिला जेल कांकेर निरुद्ध किया गया। अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सउनि. वेदन सलामे, प्रधान आरक्षक कमल पाल, डोमेश्वर यामले का विशेष योगदान रहा है।

———————

06 . ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव में 04 दिसंबर को आयोजित होंगी खेल प्रतियोगिताएं।

— खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव एवं महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 04 दिसंबर को सुबह 10 बजे से नरहरदेव स्कूल कांकेर में किया जायेगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, व्यक्तिगत लोकनृत्य तथा व्यक्तिगत लोकनृत्य, तथा व्यक्तिगत लोकगीत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही लाइफ स्किल कहानी लेखन, चित्रकला, वक्तृत्व कला, तात्कालिक भाषण एवं कविता गायन प्रतियोगिता भी होगी। विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के विज्ञान मेला भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा युवा कृति प्रदर्शनी के अंतर्गत हस्तशिप, टेक्सटाइल तथा कृषि उत्पाद प्रदर्शन की भी प्रतियोगिताएं हांगी। महिला खेल स्पर्धा का आयोजन उन्मुक्त खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा, इसमें एथलेटिक्स में 100 मीटर, 400 मीटर दौड़ तवा फेंक, टीम खेलों में खो-खो, बैटमिंटन, वॉलीबॉल तथा मनोरंजक खेल रस्साकसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

———————

07.  कलेक्टर के निर्देश पर धान के अवैध परिवहन व भण्डारण करने वालों पर की जा रही कार्यवाही ।   

— खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन केंद्रों में धान क्रय किया जा रहा है। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार धान के अवैध भण्डारण एवं परिवहन को रोकने के लिए गठित जांच दलों के द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में दुर्गूकोंदल विकासखण्ड में जांच दल द्वारा 14 नवम्बर से अब तक कुल 560 बोरा (224 क्विंटल) धान जब्त कर छह बिचौलियों व कोचियों के विरूद्ध मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्यवाही की गई। जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी संबलपुर के अधीन 14 नवंबर को बिचौलिया मंशाराम से 200 बोरा (80 क्विंटल) अवैध धान जब्त कर उनके विरूद्ध मंडी अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही की गई। इसी तरह 15 नवंबर को श्री तीजूराम से 35 बोरा (14 क्विंटल), 16 नवंबर को  सुरेन्द्र कुमार जैन से 120 बोरा (48 क्विंटल), 19 नवंबर को श्री दीपक मण्डल से 125 बोरा (50 क्विंटल), 01 दिसम्बर को श्री लखनलाल दर्रो तथा श्री हारून कुमार यादव से क्रमशः 50 बोरा (20 क्विंटल) तथा 30 बोरा (12 क्विंटल) अवैध धान के परिवहन एवं भण्डारण करते पाए जाने पर आरोपियों के विरूद्ध मंडी अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही की गई।

इसी प्रकार कांकेर विकासखण्ड में धान के अवैध रूप से परिवहन एवं भण्डारण किए जाने के 10 प्रकरण में संबंधित लोगों के विरूद्ध कार्यवाही कर कुल 771 बोरा (329.40 क्विंटल) धान एवं मक्का को जब्त कर मंडी अधिनियम के विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 09 नवंबर को श्री भूपेन्द्र साहू से 32 बोरा (12.80 क्विंटल) धान जब्त किया गया। इसके अलावा 11 नवंबर को   कांशीराम से 33 बोरा (13.20 क्विंटल), 12 नवंबर को   जैनकुमार लोन्हारे से 196 बोरा (78.40 क्विंटल),   रिकेश सिन्हा से 21 बोरा (08.40 क्विंटल), 15 नवंबर को   जयसिंह नेताम से 31 बोरा (12.40 क्विंटल), 19 नवंबर को   कमल सिन्हा (मे. पीयूष ट्रेडर्स) से 60 बोरा (24 क्विंटल), 24 नवंबर को मो. इदरीश (मे. भारत पशु आहार) से 210 बोरा (105 क्विंटल) मक्का,   प्रदीप साहू (गगन ट्रेडर्स) से 102 बोरा (40.80 क्विंटल) धान, 25 नवंबर को श्री प्रवीण कुमार यादव से 31 बोरा (12.40 क्विंटल) तथा 01 दिसम्बर को   जितेन्द्र साहू (मे. हिरवानी ट्रेडर्स) से 55 बोरा (22 क्विंटल) धान का अवैध रूप से भण्डारण एवं परिवहन करते पाए जाने पर मंडी अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत संबंधितों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई। इसी तरह जिले के अन्य विकासखण्डों में भी मंडी निरीक्षण दल द्वारा लगातार छापामार कार्यवाही की जा रही है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार आगे भी धान के अवैध भण्डारण एवं परिवहन करने वालों के विरूद्ध सतत कार्यवाही की जाएगी।


———————

08. समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने एसआईआर सत्यापन 11 दिसम्बर तक पूर्ण करने के दिए निर्देश।

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि 15 नवम्बर से प्रारंभ धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी रहे, साथ ही धान के अवैध परिवहन एवं भण्डारण पर पैनी नजर रखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारी इसके विरूद्ध सख्ती से सतत कार्यवाही करें। इस दौरान कलेक्टर ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं के सत्यापन की अंतिम तिथि में संशोधन किया गया है। बीएलओ द्वारा यह कार्य अब 04 दिसम्बर के स्थान पर 11 दिसम्बर तक किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करने के निर्देश दिए।


कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए नियमित रूप से मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित कर इस योजना के लाभ से अवगत कराने हेतु सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ को निर्देशित किया। इसके अलावा सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी उपार्जन केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा धान का अवैध रूप से भण्डारण व परिवहन न हो, इसके लिए बिचौलियों एवं कोचियों के विरूद्ध सतत कार्यवाही करने के निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम लाने के लिए विषय शिक्षकों द्वारा विशेष रूप से अभ्यास कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन 11 से 13 दिसम्बर तक जगदलपुर में किया जाएगा, जिसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं कोच की विभिन्न प्रकार की आवश्यक व्यवस्था एवं प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से ध्यान देने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्माण विभाग से संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव के अनुसार प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति से संबंधित कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने उच्च कार्यालयों से अनुमति लेने हेतु पत्राचार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण व मरम्मत कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही शासन के निर्देशानुसार विभागों में विभिन्न मदों के तहत संचालित अलग-अलग बैंक खातों में जमा राशि को एक ही खाते में समायोजित करने के भी सभी अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अलावा अपूर्ण आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण अविलंब पूर्ण करने सहित एनसीएईआर सर्वे, ई-ऑफिस ऑटोमेशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन, बस्तर विकास प्राधिकरण तथा जिला न्यास निधि अंतर्गत अधूरे कार्यों को पूरा करने, पोषण पुनर्वास केंद्र, अंधत्व निवारण कार्यक्रम, आयुष्मान वय वंदना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि इत्यादि विषयों की प्रगति की जानकारी लेकर अधिकारियों को समय-सीमा में निष्पादित करने हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर  हेमचंद पहारे, जिला पंचायत सीईओ   हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर  जितेन्द्र कुर्रे, ए.एस. पैकरा, एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

———————–

09. चारामा विकासखण्ड के तीन ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु 12 दिसम्बर तक आवेदन आमंत्रित।

— अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चारामा द्वारा चारामा विकासखण्ड के निरस्त शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत कानापोड़, तेलगरा एवं ग्राम पंचायत साल्हेटोला के संचालन हेतु 12 दिसम्बर तक इच्छुक पात्र संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चारामा नरेन्द्र कुमार बंजारा ने बताया कि वृहत्ताकार आदिम जाति बहुद्देशीय सहकारी समिति (लेम्पस), ग्राम पंचायत, ऐसे महिला स्व सहायता समूह जिनका विज्ञापन जारी होने की तिथि से 03 माह पूर्व पंजीयन हो चुका है, प्राथमिक सहकारी साख समितियां, वन सुरक्षा समिति सहित अन्य सहकारी समितियां उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उक्त श्रेणी में आने वाली संस्थाएं निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र, बैंक खाता, अंतिम जमा राशि की छायाप्रति, पंजीयन प्रमाण-पत्र की छायाप्रति, संचालक मंडल का प्रस्ताव सहित कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चारामा में 12 दिसम्बर तक कार्यालयीन समयाविधि के भीतर जमा कर सकते हैं।

———————–

10.कृषि स्थायी समिति की बैठक अब 11 दिसम्बर को ।

— जिला पंचायत के कृषि स्थायी समिति की बैठक संशोधित तिथि अनुसार 11 दिसम्बर को प्रातः 11.30 बजे से आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक पूर्व में 03 दिसम्बर को आयोजित होना था, लेकिन उक्त तिथि को जिला पंचायत के सामान्य सभा की बैठक होने के कारण कृषि स्थायी समिति की बैठक में संशोधन किया गया है। बैठक में खरीफ क्षेत्राच्छादन वर्ष 2025-26 की अद्यतन प्रगति, विभागीय योजनाओं और अन्य विषयों चर्चा की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने कहा गया है।

 ———————–

विशेष —

आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
—कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम घोड़ाबत्तर निवासी 40 वर्षीय नरेश दर्रो की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती रजुला के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए हैं।

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत
—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर जी.डी. वाहिले द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल सिकसोड़ थाना के ग्राम मेटाबेदोली निवासी 18 वर्षीय संतलाल नरेटी के लिए 10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। 

———————–

गीता जयंती के पावन अवसर पर कांकेर जिले के साहित्यकार संतोष श्रीवास्तव “सम” की कृति आत्मकथा “मेरा जीवन सफर” (बचपन से पचपन तक) का लोकार्पण संपन्न हुआ। 

—कांकेर में यह आयोजन  जगन्नाथ मंदिर राजापारा में स्थानीय वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिती में पुरोहित हरीश पांडे  के करकमलों से मंत्रोच्चारण के साथ किया गया।उक्त पुस्तक में साहित्यकार “सम” के बचपन से पचपन तक की आयु के उनके व्यक्तित्व व कृतित्व का उल्लेख है। आत्मकथा की विधा में प्रस्तुत इस कृति की भूमिका वरिष्ठ साहित्यकार शिव सिंह भदौरिया ने लिखी है।

उन्होंने संतोष की जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा है कि संतोष श्रीवास्तव  “सम”  का जीवन संघर्षशील रहा है। उन्होने महात्मा गांधी को अपना आदर्श माना है। ईश्वर के प्रति दृढ़विश्वास व आत्मविश्वास से भरा उनका जीवन सफर रहा है।  ज्ञात हो कि संतोष श्रीवास्तव “सम” की इस आत्मकथा में उनके अब तक के जीवन काल के तमाम उन पहलुओं से अवगत हुआ जा सकता है, जिसे लोग नहीं जानते है। उनका साहित्य, समाज व राष्ट्र के प्रति चिंतन व कार्य का विस्तार कांकेर सहित दमोह, जगदलपुर, केशकाल, भानुप्रतापपुर आदि स्थानों में भी देखने को मिलता है। साहित्य व समाज के प्रति उनका कार्य सराहनीय रहा है, जिसे उनकी आत्मकथा पढ़कर समझा व जाना जा सकता है।

प्राचीन जगन्नाथ मंदिर कांकेर के शांत वातावरण में मंदिर के पुजारी के करकमलों से यह पुस्तक लोकार्पित करवाकर उन्होंने ईश्वर व अपने सादे जीवन व उच्च विचार का ही प्रकटीकरण किया है। आत्मकथा के लोकार्पण अवसर पर कांकेर जिले के वरिष्ठ साहित्यकार  सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, साहित्यकार  अनुपम जोफर, साहित्यकार  शिव सिंह भदौरिया,  हरीश पांडे आदि उपस्थित थे, इनके सहित श्रीमती मीरा आर्ची,  राजेश शुक्ला,  गणेश यदु, श्रीमती रश्मि अग्निहोत्री,   देवव्रत शर्मा, श्री सनत जैन,  उमेश कुमार आदि ने अपनी शुभकामनाएँ प्रदत्त की।

 ———————–

—सीमा सुरक्षा बल की 178वीं बटालियन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित 17वें आदिवासी आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित 20 छात्र-छात्राओं ने चेन्नई (तमिलनाडु) भ्रमण कर लौटने के बाद अपने अनुभव साझा किए।  यह भ्रमण 23 नवंबर से 29 नवंबर 2025 तक आयोजित किया गया था, जिसमें 18 से 22 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी शामिल थे। ये छात्र-छात्राएँ क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत हैं और पहली बार छत्तीसगढ़ से बाहर निकलकर देश के दक्षिणी हिस्से को देखने का अवसर प्राप्त किया।यात्रा से लौटकर छात्र-छात्राओं ने दुर्गूकोदल स्थित 178वीं वाहिनी मुख्यालय में सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित किया। इस दौरान श्री रवि भूषण – कमांडेंट,श्री जे. आर. कुजूर द्वितीय कमान अधिकारी,  श्री शैलेन्द्र शर्मा – द्वितीय कमान अधिकारी,  नागमणि सिंह उपसमादेष्टा,   श्री आनंद सिंह चौहान – उप समादेष्टा,तथा अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।छात्रों के अनुभव नई सोच और प्रेरणा,छात्रों ने बताया कि इस भ्रमण के दौरान उन्होंने चेन्नई के प्रमुख ऐतिहासिक व पौराणिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, समुद्री तटों तथा तकनीकी विकास से जुड़े स्थानों का अवलोकन किया।

 ———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–

 

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *