कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार ….
01 फरवरी 2026 रविवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
—ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा के ब्लॉक अध्यक्ष हिरवेद साहू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती, मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बाद अंतिम प्रकाशन, मंडल कमेटियों की बैठकों के आयोजन तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर रणनीति तैयार की गई। मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के पश्चात अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद मंडल स्तर पर बैठकों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया, ताकि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाया जा सके। इसके साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी के गठन पर भी विचार-विमर्श हुआ। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के संगठन विस्तार को प्राथमिकता देते हुए युवाओं और महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे मुद्दों—को लेकर सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक ढंग से संघर्ष करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।बैठक में श्रीमती सावित्री मंडावी विधायक भानुप्रतापपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बसंत यादव, हिरवेद्र साहू अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, अध्यक्ष नगर पंचायत अध्यक्ष भुवनेश्वर नागराज, जनपद उपाध्यक्ष ठाकुर राम कश्यप, पूर्व गौ सेवा आयोग सदस्य नरेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नवली मीना मडावी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया इस बैठक में मंडल अध्यक्ष सौरभ तारम, चंद्र कुमार कागे, कृष्णा नायक, रानू सेन, भूषण सिन्हा, गोविंद पटेल, राजेंद्र सलाम, महेंद्र नायक,अमृत लाल देवांगन, के एल मरकाम,किशोर नेताम, संतोष शिंदे, रमशीला मंडावी, प्रेमलता सुकदेवे, मंजू सोनकर, अंजू नाग, चन्द्रिका चौहान, मानो बाई सेवता,गोपाल गजेंद्र,जीवधर कावड़े, संतोष सोनकर, देवानंद कोरेटी, विनोद साहू, दिनेश राठौर,श्यामलाल वाल्मीकि, परउ राम जुर्री, बृजलाल मंडावी,लिकेश धृतलहरे, समीर बंछोर, परमेश्वर प्रयाग,गिरवर सोरी, देवेंद्र पोया,छबिलाल कांगे, सुरेश गड़पाले, विकाश मंडावी, सूरज को रोटी शिव सोनवानी छोटू चौहान,सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ब्लॉक अध्यक्ष हिरेवद साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि संगठन की एकजुटता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को उठाने और पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने का आह्वान किया।बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय कर पार्टी को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी।
————————
02.सर्व पिछडा वर्ग समाज के सामाजिक भवन हेतु जमीन के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
— गत दिनों सर्व पिछडा वर्ग समाज कांकेर द्वारा सामाजिक भवन के लिए विभीन्न विकासखंड में जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने संदर्भित ज्ञापन सौंपा गया। गौरवतलब है कि विगत महीने जिले के भानुप्रतापपुर में सर्व पिछडा वर्ग के स्थापना दिवस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांकेर के सभी विकासखंड में सर्व पिछडा वर्ग समाज के लिए 50-50 लागत से बनाये जाने वाले सामाजिक भवन के लिए घोषणा की थी। उक्त घोषणा की राशि आ चुकी है। अब विकासखंड मुख्यालयों पर जमीन की उपलब्धता की समस्या आ रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में समाज के जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन,हरेश चक्रधारी, मनीष योगी उपाध्याय,हरिशचंद्र निषाद , दशरथ साहू सह सचिव हेमंत कुमार यादव ब्लॉक अध्यक्ष ज्वाला प्रसाद जैन भानुप्रतापपुर राजकुमार साहू चारामा धनेश यादव कांकेर विजय पटेल दुर्गुकोदल अमृत जैन कोलीबेडा़ भन्जन यादव आमाबेडा़ ए. सी. नागराज सचिव अंतागढ जगजीवन निषाद बोगर भारत निषाद राऊरवाही आदि उपस्थित थे। कलेक्टर की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
———————
03. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु ड्रिंक एण्ड ड्राइव के विरुद्ध सख्त कार्यवाही।102 प्रकरणों में कार्यवाही व ₹8,20,900 का अर्थदंड। 100 से अधिक वाहनों को किया गया जब्त।
नाबालिग वाहन चालकों पर विशेष निगरानी।
—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में ,डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, डीएसपी (बस्तर फाइटर्स)के पर्यवेक्षण में तथा आरआई दीपक साव जिला कांकेर पुलिस द्वारा माह फरवरी 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।माह फरवरी के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर नियमित चेक पोस्ट स्थापित कर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की गई। कुल 102 वाहनों/चालकों पर ड्रिंक एण्ड ड्राइव के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। माननीय न्यायालय द्वारा कुल 8,20,900/- (आठ लाख बीस हजार नौ सौ रुपये) का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।प्रति चालक औसतन 10,000 से 15,000 तक का जुर्माना लगाया गया।नाबालिग वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखते हुए यह पाया गया कि नाबालिग वाहन चालक यातायात नियमों से अनभिज्ञ होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। इस संबंध में यातायात पुलिस द्वारा—
नाबालिग चालकों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उनके अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दी जा रही है।
यातायात सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
थाना/चौकी एवं यातायात पुलिस द्वारा निम्न प्रकार के उल्लंघनों पर भी सतत चालानी कार्यवाही की जा रही है—
तेज गति से वाहन चलाना
स्टंटबाजी करना
मालवाहक वाहनों में सवारी ढोना
बिना हेलमेट/सीट बेल्ट वाहन चलाना
तीन सवारी चलाना
लापरवाहीपूर्वक एवं नशे की अवस्था में वाहन संचालन।
इस सतत कार्यवाही के परिणामस्वरूप जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
————————
04. कानून व्यवस्था एवं आपात स्थिति से प्रभावी निपटान हेतु मॉक ड्रिल का प्रशिक्षण। मॉक ड्रिल प्रशिक्षण का दूसरा सेशन।आगामी दो माह में पूरे कांकेर जिले में इस प्रशिक्षण का अभ्यास करवाया जाएगा ।
—जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, प्राकृतिक आपदा, भीड़ प्रबंधन अथवा आकस्मिक घटनाओं से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से दिनांक 28 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन कांकेर में जिला पुलिस द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन।
इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में,समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं समस्त थाना प्रभारी (कांकेर अनुविभाग ),रक्षित निरीक्षक तथा जिला पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी की उपस्थिती में करवाया गया।
मॉक ड्रिल के प्रमुख अभ्यास बिंदु:
दंगा नियंत्रण (Riot Control) की रणनीति एवं गठन अभ्यास
भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) की आधुनिक तकनीक
प्राकृतिक आपदा एवं आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया (Disaster Response)
वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली
संदिग्ध वस्तु/परिस्थिति से सुरक्षित निपटान की प्रक्रिया
आपातकालीन संचार प्रणाली (Emergency Communication System) की सक्रियता
त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की कार्यशैली एवं समन्वय ड्रिल के दौरान पुलिस बल को आधुनिक दंगा नियंत्रण उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों, बॉडी प्रोटेक्शन गियर, टियर गैस, शील्ड, हेलमेट आदि के साथ सामूहिक एवं समन्वित कार्रवाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इंटरएक्टिव सेशन एवं अनुभव साझा:– प्रशिक्षण सत्र के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूर्व में घटित घटनाओं के अनुभव साझा किए गए तथा कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिले एवं राज्य के अन्य स्थानों पर घटित घटनाओं से संबंधित वीडियो एवं फोटोग्राफ्स प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित कर जवानों को परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित निर्णय लेने एवं संयमित कार्रवाई करने की सीख दी गई।
———————–
—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार से है कि निखिल राखेचा (भापुसे) पुलिस अधीक्षक कांकेर की पहल पर संपूर्ण जिले में नशे के खिलाफ विशेश अभियान ‘ऑपरेशन उजियारा’ प्रारंभ किया गया है। श्री राकेश कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर के मार्गदर्शन में रवि कुजूर एसडीओपी पखांजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन उजियारा’ अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध पखांजूर क्षेत्र लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 28.02.2026 को पखांजूर पुलिस को मुखबीर सूचना मिला कि एक व्यक्ति काले रंग के मोटर सायकल बजाज पल्सर क्रमांक CG 19 BR 2953 के डिक्की में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर परिवहन करते महाराष्ट्र से पखांजूर होते कापसी की ओर आने वाला है, सटीक मुखबीर से मिली सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल ASI वेदन सलामे के हमराह पुलिस स्टाफ कार्यवाही हेतु ग्राम माटोली चौक मेनरोड पखांजूर की घेराबंदी कर 01 व्यक्ति अभय दास पिता जदु दास उम्र 33 वर्ष ग्राम छोटेकापसी छोटेपारा थाना पखांजूर को पकड़कर बजाज पल्सर मोटर सायकल नम्बर CG 19 BR 2953 की डिक्की को चेक करने पर एक प्लास्टिक के पारदर्शी झिल्ली के अंदर भरा हुआ मादक पदार्थ गांजा कुल वजन 2.368 किलोग्राम कीमति 1,15,900 रूपये व गांजा बिक्री रकम 1800/-रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूद्ध NDPS Act की धारा- 20(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
———————–
06.ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से पिछले 03 माह में मंगवाए गए 54 नग धारदार चाकू बरामद।पूर्व में अपराध में संलिप्त आरोपियों के विरूद्ध की गई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही।
कांकेर पुलिस द्वारा जिले में चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने एवं सोशल मीडिया पर धारदार हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो पोस्ट करने वाले युवाओं पर नियंत्रण हेतु विशेष अभियान ।
—पुलिस जानकारी के अनुसार निखिल राखेचा (भापुसे) पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन में , आकाश श्रीश्रीमाल (भापुसे) अति.पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर नोडल अधिकारी सायबर सेल एवं योगेश साहू, अति. पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में , गिरिजा शंकर साव उप पुलिस अधीक्षक नक्सल ऑप्स, सहायक नोडल अधिकारी सायबर सेल के पर्यवेक्षण में, साइबर सेल कांकेर द्वारा तकनीकी सहायता के माध्यम से पिछले 03 माह में मंगवाए गए पेन चाकू, बटन चाकू, पॉकेट चाकू एवं अन्य धारदार हथियारों की जानकारी प्राप्त कर कुल 54 चाकू बरामद किए गए।जांच के दौरान पाया गया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धारदार चाकू आकर्षक डिजाइन एवं कम कीमत में आसानी से उपलब्ध होने के कारण कुछ युवा इन्हें शौक, दिखावे या सोशल मीडिया प्रदर्शन हेतु मंगवा रहे है। कई मामलों में इनका दुरूपयोग भी सामने आया है। कुछ युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक एवं इस्टाग्राम पर धारदार हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो पोस्ट कर रहे थे, जिससे काननू व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। कांकेर पुलिस द्वारा इस अभियान के दौरान ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर समझाइश दी गई व थाना चारामा में सागर उसेण्ड पिता लव कुमार उसेण्डी उम्र 19 साल निवासी मरकाटोला थाना चारामा के विरूद्ध अपराध क्रमांक 25/2026 धारा- 25 आर्म्स एक्ट दर्ज कर कार्यवाही भी की गई है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की अपराधिक घटना को रोका जा सके।
कांकेर पुलिस की आमजन से अपील:-
कांकेर पुलिस आम नागरिको से अपील करती है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से चाकू या अन्य धारदार हथियार मंगवाकर लोगो की डराने धमकाने या अन्य अपराधिक गतिविधियों में उपयोग करने की मंशा रखता है, तो इसी सूचना तत्काल कांकेर पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 94792-55125 पर दें।सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
———————–
07. कबड्डी प्रतियोगिता के समापन में पहुंची सावित्री मंडावी विधायक ने की 50 लाख के सामुदायिक भवन की घोषणा की।
— दुर्गूकोंदल ब्लॉक के अति सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित कोड़े पंचायत के आश्रित ग्राम सुभानी खेड़ेगांव में आज़ादी के बाद पहली बार किसी विधायक का आगमन हुआ। ग्रामवासियों ने विधायक के समक्ष पेयजल, सड़क, बिजली और सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि विकास के नाम पर क्षेत्र आज भी काफी पिछड़ा हुआ है और शासन-प्रशासन की योजनाओं का पूरा लाभ यहां तक नहीं पहुंच पाया है। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निराकरण का आश्वासन दिया। आयोजन में कार्यक्रम में विशेष रूप से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनेश नरेटी, जनपद अध्यक्ष गोपी बढ़ाई, विधायक प्रतिनिधि हुमन मरकाम, जनपद सदस्य धनसाय हुर्रा, सरपंच ग्राम पंचायत कोड़े प्रेम पूडो, सरपंच घमरे मने सिंह सलाम, सरपंच कोदापाखा सोमनाथ नेताम, सरपंच भूसकी मुकेश गावडे, सियाराम पोटाई, हीरालाल कोमरे, परमेश बघेल, कावे राम नरेटी, ग्राम गायता कौम नरेटी, बोधन साहू, नंदकुमार गुरुवार, रजमन यादव सहित बड़ी संख्या में वार्ड पंच एवं आसपास के ग्रामीण उपस्थित रहे।
———————–
08.कांकेर सीटी सेंटर माल में छ.ग. चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज जिला इकाई के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए विधायक आशा राम नेताम।

—कांकेर सी.टी. सेंटर मॉल में आयोजित छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं इंडस्ट्रीज जिला इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारीगण के शपथ ग्रहण समारोह मे कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने उन्होंने व्यापार जगत के साथ विकास की नई दिशा तय करने का संकल्प लिया। कहा कि व्यापार मजबूत होगा तो कांकेर मजबूत होगा,कांकेर मजबूत होगा तो छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भर बनेगा।
———————–
09. चारामा विकासखंड के महानदी उसपार टांहकापार सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले गावों में अभी से विद्युत के लौ—वोल्टेज की समस्या। कृषि पंप लगातार चालू होने के चलते घरेलू 01 एसपी पंप नहीं चल रहे जिसके चलते आने वाले गर्मी के सीजन में पेयजल की समस्या गहरा सकती है।
———————
10. कई नामी कंपनियों की कृषि दवाईयां इस रबी के मौसम में काम नहीं कर रही। रबी में धान की फसल लगाये किसानों को निंदानाशक दवाईयां काम नहीं किये जाने के चलते आर्थिक नुकसानी उठानी पड रही है। कृषि वैज्ञानिकों का अभाव। किसान करे तो क्या करेॽ चारामा विकासखंड के महानदी उस पार के कृषि केंद्र दुकानों में युरिया की कालाबाजारी 500 से 700 में युरिया खरीद रहे हैं किसान। लिखित में कोई शिकायत करने तैयार नहीं।
———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






