कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
03 अक्टूबर 2025 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————
संपादकीय—
अरौद(कांकेर) ऐतिहासिक दशहरा 86 वाँ वर्ष उत्सव 11 अक्टूबर को

कांकेर जिले का ऐतिहासिक अरौद दशहरा उत्सव जो कि 04 अक्टूबर को आयोजित था। खराब मौसम,बारिश को देखते हुए एक सप्ताह आगे बढाते हुए आगामी 11 अक्टूबर दिन शनिवार को मनाया जायेगा। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। लोकप्रयाग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन था,जिसे भी निरस्त किया गया है।अब दूसरा सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
आज दशहरा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में यह निर्णय लिया गया है। जिले का अरौद दशहरा उत्सव जहां रावण का दहन पूरी तरह इलेक्ट्रानिक पद्वति से दहन होता है, आतिशबाजियों से पूरा मैदान आसमान तक नहायी होती है,इसका गवाह बनते हैं,दूर-दूर से आने वाले दर्शक इसके साथ दमदार कथानक का पाठ करते स्थानीय कलाकार ही इस दशहरा की खुबियां होती है। इस दशहरा उत्सव में युं तो काफी खर्च भी होता है‚लेकिन अभी तक शासन प्रशासन से वित्तीय सहयोग नहीं मिलता।जिले के तमाम जनप्रतिनिधी जो स्वयं इस दशहरा उत्सव में आने के इच्छुक होते हैं। उन्हें चारामा विकासखंड के स्वावलंबी ग्राम अरौद दशहरा की एकता,यहां की पारंपरिक संस्कृति लुभाती है। यह 86 वां वर्ष है,जब दशहरा उत्सव मनाते आ रहे हैं, प्रति वर्ष होने वाले आयोजन में क्षेत्रीय विधायक की हमेशा उपस्थिती होती है। अरौद ऐतिहासिक दशहरा उत्सव पूरे तन,मन,धन के साथ ग्रामवासी मनाते हैं,इसमें पूरा संसाधन गांव की अपनी होती है

———विज्ञापन————

———विज्ञापन————

———————
01.कलेक्ट्रेट परिसर एवं आसपास के परिधि में 60 दिनों के लिए धारा-163 लागू। धरना, प्रदर्शन, सभा, रैली, जुलूस, नारेबाजी इत्यादि पूर्णतः प्रतिबंधित।
—कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के धारा 163 (1) (2) के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर तथा परिसर के आसपास 200 मीटर की परिधि में लोक शांति एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 01 अक्टूबर से 30 नवम्बर 2025 तक कुल 60 दिवस की अवधि के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इस अवधि के दौरान कलेक्टर परिसर एवं परिसर की आसपास के 200 मीटर के दूरी को धरना, प्रदर्शन, सभा, रैली, जुलूस, नारेबाजी इत्यादि के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।
——————-
02.मद्यपान एवं नशीली दवाओं के दुरूपयोग की रोकथाम के लिए मद्य निषेध सप्ताह 08 अक्टूबर तक।
—राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिले में मद्यपान एवं अन्य मादक पदार्थों तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम हेतु समुदाय में व्यापक जनमत विकसित करने के लिए 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर गठित भारत माता वाहिनी के सहयोग से विभिन्न कार्यकमों का आयोजन किया जाएगा। नशामुक्ति कार्यक्रम अन्तर्गत जन जागरूकता विकसित करने हेतु रैली, नुक्कड़ सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मानव श्रृंखला, नशापान नहीं करने का संकल्प एवं शपथ, होर्डिंग्स, ब्राण्डिंग्स, सनबोर्ड की स्थापना, शैक्षणिक संस्थाओं में व्याख्यान, विद्यार्थियों के मध्य चित्रकला, भाषण, गीत तथा नाटक आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही नशामुक्ति श्लोगन का दीवार लेखन, नशा पीड़ित व्यक्ति से प्रत्यक्ष संवाद कर दुष्परिणामों की जानकारी देना, नशामुक्ति ब्रोशर, पाम्पलेट, साहित्य का वितरण, प्रचार रथ, एल.ई.डी. टी.वी. के माध्यम से नशापान के दुष्परिणामों का प्रदर्शन एवं प्रसारण किया जाएगा।नशामुक्त भारत अभियान अन्तर्गत विद्यालय, महाविद्यालय, अन्य शैक्षणिक संस्थान, सार्वजनिक स्थलों, विभिन्न समारोह आदि में नशामुक्ति पर केन्द्रित प्रभावी कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। नशामुक्ति संबंधित कार्यक्रमों को एनएमबीए एप्प एवं पोर्टल में अपलोड कराया जाएगा।
——————-
03.शासकीय महिला आईटीआई कांकेर में 06 एवं 07 अक्टूबर को पंजीयन एवं साक्षात्कार हेतु मार्गदर्शन शिविर का आयोजन।
—शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी संस्थानों में नियोजित करने के उद्देश्य से 09 एवं 10 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में राज्य एवं राज्य से बाहर काम कर रही 114 कंपनियां युवाओं को 8 से 10 हजार जॉब देंगी। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए वर्ष 2022, 2023, 2024 एवं 2025 में उत्तीर्ण सभी दसवीं, बारहवीं, आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक विद्यार्थी रोजगार कार्यालय के वेबसाइट erojgar.cg.gov.in पर ऑनलाईन पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए शासकीय महिला आईटीआई कांकेर में 06 एवं 07 अक्टूबर को पंजीयन एवं साक्षात्कार हेतु मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा। आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी जिनका पंजीयन नहीं हुआ है। ऐसे इच्छुक अभ्यर्थी अपना शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर उपस्थित हो सकते हैं।
——————-
04.आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत विशेष ग्रामसभा में विलेज एक्शन प्लान पर अनुमोदन की कार्यवाही।
—गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को ग्रामों में विशेष ग्राम सभा आयोजन कर ग्रामसभा में तैयार किये गए विलेज एक्शन प्लान पर चर्चा एवं अनुमोदन की कार्यवाही की गई। विशेष ग्राम सभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान पर ग्रामों को प्रेषित की जाने वाली पाती का वाचन किया गया, साथ ही आदि सहयोगी, आदि साथी एवं ग्राम सभा के सभी सदस्यों एवं अन्य सहभागियों द्वारा अपने ग्राम को विकसित करने के लिए शपथ ली गई।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 02 अक्टूबर 2024 को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ किया गया था, जिसका उद्देश्य अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़े हुए प्रमुख योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 10 जुलाई 2025 को “आदि कर्मयोगी अभियान” का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान बहु-विभागीय समन्वय और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से लागू किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कांकेर जिले के 552 जनजातीय बाहुल्य ग्राम शामिल है, जिनमें आदि सेवा केन्द्रों की स्थापना की जा रही है। कांकेर विकासखण्ड में 44, चारामा में 46, नरहरपुर में 73, भानुप्रतापपुर में 55, दुर्गूकोंदल में 128, अंतागढ़ में 44 और कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में 162 ग्रामों में आदि सेवा केन्द्रों की स्थापना किया जा रहा है। आदि सेवा केन्द्रों में सभी विभागों की शासकीय योजनाओं को दर्शाया जायेगा तथा समस्याओं का निदान, शिकायत निवारण एवं विभिन्न सेवाओं जैसे-आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वन अधिकार पत्र, भू-अभिलेख आदि की प्रदायगी सुनिश्चित किया जाएगा।

——————-
05.वार्ड ब्वॉय एवं वार्ड आया भर्ती परीक्षा 12 अक्टूबर को किया जायेगा। जिले के 19 परीक्षा केन्द्रों में 4726 परीक्षार्थी होंगे शामिल, नोडल अधिकारी नियुक्त।
—छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा वार्ड ब्वॉय एवं वार्ड आया भर्ती परीक्षा आगामी 12 अक्टूबर दिन रविवार को पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 04 हजार 726 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक जिला शिक्षा लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उक्त परीक्षा के आयोजन के लिए जिले में 19 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही रोड अलबेलापारा कांकेर, विधि परिसर पीजी कॉलेज कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव, कृषि कॉलेज एवं रिसर्च स्टेशन सिंगारभाट कांकेर, शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, शासकीय विष्णु प्रसाद शर्मा हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर कांकेर, शासकीय जिला शिक्षा संस्थान एवं प्रशिक्षण केन्द्र डाईट कांकेर, शासकीय महिला आईटीआई कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, शासकीय कन्या छात्रावास हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, शासकीय हाई स्कूल बरदेभाठा, शासकीय कन्या हाई स्कूल मांझापारा कांकेर, शासकीय हाई स्कूल शीतलापारा, सेंट माईकल हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिदेसर, पैराडाईज हायर सेकेण्डरी स्कूल ईमलीपारा कांकेर और सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल गढ़पिछवाड़ी कांकेर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
——————-
06.ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को कार्य पर उपस्थित होने की अंतिम सूचना।
—वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय कांकेर में पदस्थ ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी जीवराज कुमार ठाकुर माह अक्टूबर 2024 से आज पर्यन्त तक बिना सूचना के अनाधिकृत रूप से शासकीय कार्य पर अनुपस्थित हैं। अनुविभागीय कृषि अधिकारी कांकेर द्वारा संबंधित कर्मचारी को शासकीय कार्य पर उपस्थित होने की अंतिम सूचना दी गई है। उपस्थित नहीं होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
——————-
07.आर्मी एयर डिफेंस जवान के सेवानिवृत्ति में वापस आगमन पर जेपरा से गृ हग्राम गीतपहर तक स्वागत रैली निकाल कर अभिनंदन किया गया।
—अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कांकेर के पदाधिकारी एवं सदस्यों के द्वारा आज 02 अक्टूबर को चारामाा वि.खं. के ग्राम गितपहर निवासी हवलदार देव नारायण कोडोपी जो भारतीय सेना के आर्मी एयर डिफेंस मे 17 वर्ष सेवा करने के पश्चात सेवानिवृत्त होकर सकुशल अपने ग्राम वापस लौटेने पर उनक गृह ग्राम में भव्य स्वागत किया गया स्वागत किया गया। स्वागत के रूप में गांव के हनुमान मंदिर जेपरा से डीजे की धुन व बाईक रैली के साथ उनके गृह ग्राम गितपहर तक ले जाया गया। काफी संख्या में ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। यह गांव देशभक्ति का प्रतीक बन गया। जय जवान‚जय किसान‚ भारत माता की जयकारा के नारे पूरे जोश से लगाया जाता रहा। बताते चलें ग्राम गीतपहर को जिले का सबसे बडा ग्राम होने का गौरव प्राप्त है। क्षेत्र के जेपरा,गीतपहर,हल्बा,अरौद से सेना के साथ ही देश में कई सपुत शासकीय सेवाओं में सेवारत हैं।
वीडियो— आर्मी एयर डिफेंस जवान को सेवानिवृत्ति पर घर आने पर जेपरा से गीतपहर(चारामा) तक स्वागत रैली के माध्यम अभिनंदन किया गया।
——————-
08. लगातार ऊपरी क्षेत्र में बारिश के चलते महानदी का जल स्तर बढा। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर में उठे सिस्टम से आने वाले समय में भी खुब बारिश की संभावना। आरेंज एलर्ट से लोग की हुए एलर्ट। बारिश के चलते जिले में कई रात्रिकालीन आयोजन को लगा ग्रहण‚ निरस्त किये कार्यक्रम।
——————-
09.जिले में अब तक 14993 मिलीमीटर वर्षा दर्ज।
—जिले में 01 जून से अब तक कुल 14993.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक सर्वाधिक वर्षा कोयलीबेड़ा तहसील में 1733.4 मिलीमीटर तथा सबसे कम कांकेर तहसील में 1035 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकार्ड की गई है। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर तहसील में 1644.5 मिलीमीटर, दुर्गूकोंदल तहसील में 1717 मिलीमीटर, चारामा तहसील में 1195.8 मिलीमीटर, अंतागढ़ में 1435.7, पखांजूर में 1268.4 नरहरपुर में 1048.7, सरोना में 1040.2 मिलीमीटर, आमाबेड़ा में 1481.9 मिलीमीटर और बांदे तहसील में 1393.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में नरहरपुर तहसील में सबसे अधिक 59.1 मिलीमीटर और पखांजूर तहसील में सबसे कम 2.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
——————-
10.आज ग्राम चारभाठा (डोंमपदर) में आयोजित रामधुनी सम्मेलन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। ग्रामवासियों से मिलकर उनकी समस्याओं एवं विकास की आवश्यकताओं पर चर्चा की।

——————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।शुभ रात्रि… 🙏
—————-






