आज की टॉप 10 खबर 06 नवंबर 2025 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
  06 नवंबर  2025 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

————————–

संपादकीय—

चिनौरी के किसान विजय तिवारी के खेत में सिलयारी की बहार…

— छत्तीसगढ में दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा में ”सिलयारी” पौधे का विशेष महत्व है। इससे यहां श्रृंगार की जाती है। सिलयारी पौधे का गोवर्धन पूजा से सीधा महत्व भले ही ना हो पर यह प्रकृति संरक्षण के विचारों से भी संरक्षण हेतु आभार का एक माध्यम ही है,कि हमें किसी भी पेंड पौधों को काट कर नुकसान नहीं पहूंचाना चाहिए। लेकिन बडे दुःख का विषय है कि आधुनिक खेती में जहरीली कीटनाशकों के प्रयोग से खेत के मेडों,टिकरा जमीनों पर उपलब्ध सिलयारी का पौधा अब नहीं दिखायी देता। दीपावली पर्व पर इस पौधे को खोजना पडता है। इसके फुल के सुखने पर बीज निकाल कर भी उपयोग किया जाता है। यह है तो खरपतवार लेकिन यह बडे काम की चीज भी है। उपर से गुलाबी और नीचे सफेद बहुत सुंदर दिखायी देते हैं। कांकेर जिले के चारामा तहसील के बडे किसानों की लिस्ट में आने वाले लखनपुरी से लगे चिनौरी के किसान विजय तिवारी के लगभग तीन खेतों में इन दिनों सिलयारी का पौधा ऐसे नजर आ रहा है,जैसे इसे लगाया गया हो। सरल,सहज,स्पष्टवादी विजय तिवारी का यह खेत लखनपुरी चारामा के बीच चिनौरी कटिन से मात्र 500 मीटर पर लगा हुआ है। खेत देखने से ऐसा लग रहा है कि जैसे सिलयारी पौधे की खेती की जा रही हो। स्वावलंबी किसान विजय तिवारी ने सशक्त हस्ताक्षर से मुखातिब होते बताया कि सडक किनारे तीन खेत में प्रति वर्ष सिलयारी पौधे उगते हैं,अभी फुल आने पर सबके लिए शोभायमान लग रहे हैं। सिलयारी धन,कुबेर का प्रतीक है,लोग इसे दीपावली पर तिजोरी में इसके फुल भी रखते हैं,तो मेरे इतने खेत होते हुए तीन खेत में सिलयारी का पौधा मुझे मेरे खेत घरों पर कुबेर होने का एहसास कराते हैं,इसलिए इसे मैं खरपतवार नहीं मानता और लोग सडक किनारे रूक कर सिलयारी पौधा एवं फुल जितना चाहे ले जाते हैं।

✍️मनोज जायसवाल

———————— 

01. मावा मोदोल में सीजीपीएससी के साक्षात्कार की तैयारी कराई जाएगी ।

—जिला प्रशासन की अभिनव पहल मावा मोदोल योजना का संचालन कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में दो अभ्यर्थियों का चयन सीजी पीएससी इंटरव्यू हेतु हुआ है। इसके अतिरिक्त कांकेर जिले में निवासरत ऐसे सभी युवाओं हेतु जिन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा -2024 उत्तीर्ण की है और जिनका चयन इंटरव्यू हेतु हुआ है ऐसे अभ्यर्थियों के लिए सीईओ जिला पंचायत कांकेर के नेतृत्व में प्रशासनिक तथा विषय विशेषज्ञों के पैनल द्वारा मॉक इंटरव्यू मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग सेंटर कांकेर में किया जा रहा है। इस संबंध में बताया गया कि सभी युवाओं को एक्सपर्ट पैनल के समक्ष साक्षात्कार करवाया जाएगा। अतः ऐसे सभी अभ्यर्थी जिनका इंटरव्यू हेतु चयन हुआ है वे सभी शीघ्र मावा मोदोल कांकेर एवं भानुप्रतापपुर संस्था की दोनों शाखाओं में संपर्क कर सकते हैं अथवा मोबाइल नम्बर 8103673017 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

 ———————–

02.  कांकेर के  30 मार्गों की मरम्मत के लिए 2.65 करोड़ रूपए जारी किया गया।

— वित्तीय वर्ष 2025-26 में लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग कांकेर के तहत 30 मार्ग, जिनकी लंबाई 128.85 कि.मी. है, की सड़क मरम्मत (बी.टी. पैच रिपेयर) कार्य के लिए शासन द्वारा 02 करोड़ 65 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि वर्तमान में बी.टी. पैच मरम्मत कार्य प्रगति पर हैं। इसके अंतर्गत कांकेर-दुधावा (राज्य मार्ग क्र.-06) पर 6 कि.मी. एवं कांकेर-देवरी-पीढ़ापाल मार्ग (मुख्य जिला मार्ग) में 3 कि.मी. का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष मार्गों की मरम्मत माह दिसम्बर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

 ———————

03.‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के वर्चुअल संबोधन का 07 नवम्बर को किया जाएगा सीधा प्रसारण।

— ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर आधारित राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी द्वारा 07 नवम्बर को सुबह 10 से 11 बजे के बीच किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में किया जाएगा। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ का गायन पूरे प्रदेश में एक साथ किया जाएगा। इसके तहत जिला स्तरीय आयोजन नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें सुबह 10 से 11 के बीच देश के प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उक्त कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों व नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है।राज्य शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार सम्पूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन 07 नवम्बर से चार चरणों में आगामी एक वर्ष तक किया जाएगा। इसके प्रथम चरण में 07 से 14 नवम्बर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत 07 नवम्बर को सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों व स्थानीय अधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में ‘वंदे मातरम्’ पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें ग्राम पंचायत स्तर से लेकर सभी शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य संस्थानों में कार्यक्रम किए जाएंगे। साथ ही इन कार्यक्रमों व गतिविधियों का ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ vandemataram150.in पोर्टल में अपलोड किया जा सकेगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर ‘वंदे मातरम्’ पर आधारित कवि सम्मेलन, चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता, स्कूलों व कॉलेजों के बैंड द्वारा ‘वंदे मातरम्’ से संबंधित संगीतमय कार्यक्रम एनसीसी, एनएसएस, स्काउट आदि की भागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह शैक्षणिक संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित विशेष सभाएं, निबंध प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण आदि गतिविधियां आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

———————–

04.पंजीकृत किसान धान बेचने हेतु ‘तुंहर टोकन’ एप से प्राप्त कर सकते हैं टोकन ǃसीमांत किसानों को एक, लघु को दो तथा बड़े किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जाएंगे।

— खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत राज्य सरकार द्वारा किसानों के धान की खरीदी की जाएगी। खाद्य विभाग द्वारा इसके लिए पंजीकृत किसानों को टोकन हेतु ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विभाग की तरफ से ‘तुंहर टोकन’ नामक मोबाइल एप जारी किया गया है, जिसके माध्यम से किसान उक्त एप को डाउनलोड कर अपना पंजीयन मोबाइल के जरिए स्वयं कर सकते हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने इस संबंध में बताया कि एक किसान का अधिकतम तीन टोकन जारी किया जाएगा, जिसमें निरस्त किए टोकन भी शामिल होंगे। टोकन में धान मात्रा 0.40 क्विंटल प्रति बोरा के अनुपात से प्रविष्ट करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि बैंक खाता सत्यापित नहीं हुए किसानों का टोकन जारी करने की अनुमति नहीं है। किसान का एक ही तिथि में दो टोकन जारी नहीं किया जा सकेगा। इसी तरह आगामी 07 दिनों का टोकन जारी करने की अनुमति विभाग द्वारा दी गई है। जिला खाद्य अधिकारी ने यह भी बताया कि टोकन में जारी धान की मात्रा डीसीएस/गिरदावरी/पीवी के अनुसार पंजीकृत धान रकबे से कम अथवा बराबर होनी चाहिए। शासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार लघु और सीमान्त किसानों को अधिकतम दो टोकन तथा बड़े किसानों को तीन टोकन जारी किया जा सकेगा। ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन माध्यम से यानी सोसायटी संचालक पिछले वर्ष की भांति सुबह 9.30 से टोकन जारी करना शुरू कर सकते हैं। यह भी बताया गया कि धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनधिकृत टोकन जारी होने से रोकने के लिए टोकन बनाते समय आधार पर आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। इससे किसान की पहचान सत्यापित होगी तथा उनकी स्पष्ट सहमति के बिना टोकन जारी होने से रोका जा सकेगा।

———————–

05. राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ आगाज, कांकेर जिले को मिली मेजबानी। बस्तर सहित सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जोन के 280 खिलाड़ी करेंगे प्रदर्शन।

— 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के चार दिवसीय आयोजन का शुभारम्भ आज नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में किया गया। उक्त राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 05 जोन बस्तर, सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर तथा दुर्ग जोन के 280 खिलाड़ी खो-खो (बालक-बालिका, अंडर-19), हैण्डबॉल (बालिका, अंडर-17) और क्रिकेट (बालिका अंडर-17) खेलों की प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर विधायक  आशाराम नेताम ने खेल प्रतियोगिता के विधिवत् शुभारम्भ की घोषणा की।
अपने उद्बोधन में विधायक श्री नेताम ने कहा कि यह हर्ष की बात है कि कांकेर जिले को राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिला है। सभी खिलाड़ी खेल को समरसता के साथ खेल भावना के साथ खेलें। उन्होंने आगे कहा कि खेलों के माध्यम से परस्पर जोड़ने का सतत् प्रयास प्रदेश सरकार कर रही है। केन्द्र व राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार कार्रवाई के चलते बस्तर नक्सलमुक्त की ओर सतत् अग्रसर है। विधायक ने सभी खिलाड़ियों से अपील करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को 25वीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खेल भावना से प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी पहले ही अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन यहां तक पहुंचे हैं। आज के दौर में खेल को भावी कैरियर के रूप में देखा जा रहा है। श्रेष्ठ खिलाड़ी अपने समाज, जिला, प्रदेश ही नहीं, देश में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को टीम स्पिरिट के साथ अपने जीवन का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की बात कही। विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष  भरत मटियारा ने भी अपने संबोधन में खेल के माध्यम से अपने जिला व प्रदेश को गौरवान्वित कर अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील उपस्थित खिलाड़ियों से की।इसके पहले, जिला शिक्षा अधिकारी ने 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में प्रतिवेदन का वाचन कर जानकारी दी। शुभारम्भ अवसर पर नरहरदेव विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। साथ ही सभी जोन के खिलाड़ियों ने खेल मैदान में मार्चपास्ट किया। इस अवसर पर राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष  अरूण कौशिक, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित पार्षदगण एवं नागरिकगण और काफी संख्या में पांचों जोन से पहुंचे खिलाड़ी, मैच रैफरी, कोच एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद थे।

———————–

06. जिला स्तरीय राज्योत्सव का हुआ विधिवत समापन। तीन दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की लगी झड़ियां, श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित।

—छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य शासन द्वारा रजत वर्ष महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय तीन दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन 02 नवंबर से किया गया, जिसका आज विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर जिले में उत्सव जैसा माहौल रहा। नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में राज्योत्सव की रंगारंग कार्यक्रमों की पेशकश की गई। आयोजन के प्रथम दिन हिरेश सिन्हा चारामा की रंगारंग प्रस्तुति दी गई, दूसरे दिन प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी कवि  मीर अली मीर एवं स्थानीय हस्तियों के द्वारा कवि सम्मेलन की पेशकश की गई, जबकि तीसरे और अंतिम दिन आज विख्यात लोक गायिका सुश्री गरिमा व स्वर्णा दिवाकर की टीम के द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक गीतों और नृत्य का बेहतरीन प्रस्तुतीकरण किया गया। इन तीन दिनों में नगरवासियों ने राज्योत्सव का भरपूर लुत्फ उठाया। साथ ही विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों तथा आश्रम व आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की चित्ताकर्षक प्रस्तुति दी गई। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं और विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी विभागों, अधिकारी- कर्मचारियों तथा नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विभागीय प्रदर्शनी में शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा को भी प्रदर्शित किया गया।

राज्योत्सव 2025 के समापन अवसर पर उपस्थित कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी ने उत्कृष्ट और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक जिलेवासियों ने राज्योत्सव को एक पर्व की तरह मनाया, जिसके लिए नगरवासी और सभी जिलावासी बधाई के पात्र हैं जिन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाया। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को भी शुभकामनाएँ दीं जिन्होंने प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की योजनाओं का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कलेक्टर ने माना नगरवासियों और अधिकारी कर्मचारियों का आभार

जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर ने राज्योत्सव के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को धन्यवाद एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि, पूरे जिले में उत्सव, एकता और गर्व का वातावरण निर्मित हुआ, कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी विभागों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विभागीय प्रदर्शनी में शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया। इसके पहले पूर्व सांसद कांकेर   मोहन मंडावी ने भी समापन अवसर पर नागरिकों को संबोधित करते हुए नगरवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दी।

उत्कृष्ट झांकी एवं स्टाल हुईं पुरस्कृत
राज्योत्सव 2025 के तहत तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों ने राज्य स्थापना के उपरांत पिछले 25 वर्षों में हुए विकास और विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर आधारित स्टाल लगाए गए थे। आज रजत महोत्सव राज्योत्सव 2025 के समापन अवसर पर उत्कृष्ट स्टालों को विधायक श्री नेताम के द्वारा पुरस्कृत किया गया। इनमें प्रथम स्थान पर स्कूल शिक्षा विभाग, द्वितीय जल संसाधन विभाग तथा तृतीय स्थान पर नगरपालिका कांकेर के नालंदा परिसर मॉडल को प्राप्त हुआ। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने शेष सभी विभागों को भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदर्शनी और स्टाल के लिए अधिकारी कर्मचारियों ने काफी शिद्दत और मेहनत से काम किया।इसी तरह तीन दिवसीय राज्योत्सव के दौरान शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रेष्ठ प्रस्तुतीकरण वाले संस्थानों को अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें शासकीय कन्या आश्रम पंडरीपानी (चारामा) को प्रथम, भानुप्रताप देव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर को द्वितीय, शहीद रामकुमार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर को तृतीय स्थान, एकलव्य आवासीय विद्यालय नरहरपुर को चतुर्थ एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसवाड़ा (कांकेर) को पंचम स्थान प्राप्त हुआ।इस अवसर पर मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, हस्त शिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे ।

———————–

07.  छेडछाड की नियत से हत्या करने की कोशिश करने वाला 01 आरोपी गिरफ्तार।

———————–

 8. शराब के नशे में धुत होकर अपने मोटर सायकल को लापरवाही पूर्वक चलाकर एक्सीडेंट करना पड़ा भारी। जुलूस में शामिल महिलाओं के बीच लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाते हुए प्रवेश किया। आरोपी द्वारा अभद्र, अश्लील गाली गलौच कर स्वंय पत्रकार बताने वाला 01 आरोपी गिरफ्तार ।

— पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार से है कि प्रार्थी वासु शर्मा पिता स्व.किशोर कुमार शर्मा उम्र 30 वर्ष जाति सिंधी निवासी संजय नगर कांकेर थाना जिला कांकेर ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि 05 नवंबर  को गुरुनानक जयंती पर्व का जुलूस रात्रि करीबन 9.30 से 10.00 बजे मध्य रमालाज कांकेर के पास पहुंचा था कि मोनु उर्फ लोकेन्द्र सिंह ठाकुर निवासी टिकरापारा कांकेर शराब के नशे में धुत होकर अपने मोटर सायकल को लापरवाही पूर्वक चलाते हुये प्रार्थी को ठोकर मारकर दुर्घटना कारित किया जिससे प्रार्थी को दाहिने पैर के पंजे में चोट आया है और जुलूस में शामिल महिलाओं के बीच लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाते हुए प्रवेश किया। जिससे बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी। जिसे मना करने पर प्रर्थी के साथ एवं बीयल असरानी तथा वहां उपस्थित अन्य सिंधी समाज के लोगों के साथ अभद्र, अश्लील गाली गलौच किया जो सुनने में प्रार्थी व वहां उपस्थित लोगों को बुरा लगा है। मोनु उर्फ लोकेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा जुलूस के भीड़ में कहा गया कि मैं पत्रकार हूँ। मेरी वाहन को इसी जूलूस के बीच से ही लेकर जाउंगा, तुम्हारे बाप का रोड है क्या, जो करना है कर लो. मेरा क्या कर लोगे ǃ कहते हुए धमकी दिया है। मोनु उर्फ लोकेन्द्र सिंह ठाकुर के द्वारा इस कृत्य से हमारे जुलूस प्रभावित हुआ है तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा है कि रिपोर्ट पर आरोपी मोनु उर्फ लोकेन्द्र सिंह ठाकुर निवासी टिकरापारा काकेर के विरूद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 392/2025 धारा 296, 351(2), 281, 125 (ए), बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया विवेचना के दौरान पुलिस कांकेर द्वारा त्वारित कार्यवाही करते हुए आरोपी मोनु उर्फ लोकेन्द्र सिंह ठाकुर पिता स्व. चितरंजन उम्र 39 वर्ष निवासी टिकरापारा काकेर थाना कांकेर जिला जिला उत्तर बस्तर कांकेर को   06 नवंबर को  गिरफ्तार कर विधिवत् कार्यवाही किया गया। सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कांकेर निरीक्षक मनीष नागर,के नेतृत्व में, प्रआर.भुवन देहारी आरक्षक गजेन्द्र नागवंशी, एवं थाना पेट्रोलिंग  टीम का अहम भूमिका रहा है।

———————–

09. चारामा से सटे  सिरसिदा के स्थायी निवासी  गायक हिरेश सिन्हा को राज्योत्सव 2025 अवसर पर रायपुर में संगीत क्षेत्र में राज्यपाल  की उपस्थिति में सम्मानित किया गया है। हिरेश सिन्हा कलार समाज के गौरव हैं। कलार समाज के  निरंजन जैन‚ हेमंत सिन्हा जेपरा‚ अमृतराज सिन्हा जैसाकर्रा ‚ रवि सिन्हा चारामा‚युवराज सिन्हा नारा‚ सर्व पिछडा वर्ग के जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन के साथ ही  विधायक  श्रीमती सावित्री मंडावी‚ कांग्रेस के नरेंद्र यादव‚हिरवेंद्र साहू‚ ठाकुर राम कश्यप‚ सुनील गोस्वामी  सहित स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

———————–

10. अब  कांकेर जिले में लोग राजमार्ग 30 में भी आवाजाही करने वाले जंगल सफारी का मजा ले रहे हैं। तेलगरा नदी तट पर आज अपरान्ह 4 बजे से भालू बैठा हुआ है। लोग  उसका फोटो रील बनाते दिखे।

 विशेष—

कल 07 नवंबर को जिले में सरोना नये थाने का शुभारंभ कार्यक्रम 11.00 बजे से रखा गया है। तत्संबंध में आज आमंत्रण कार्ड  वाट्स एप ग्रुप में मीडिया को संबोधित करते जारी हुआ। नये थाने के शुभारंभ को लेकर लोगों में उत्साह देखी जा रही है।

  ———————-

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। शुभ रात्रि… 🙏

———————–

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 28 मार्च 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  28 मार्च 2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

आज की टॉप 10 खबर 27 मार्च 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….  27 मार्च 2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- संपादकीय प्रिया राजवंश(अभिनेत्री) — 64-80 दशक की खुबसूरत अभिनेत्री रही। कुदरत,साहेब बहादुर,हँसते जख्म,चन्दा,हिन्दुस्तान की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *