आज की टॉप 10 खबर 27 सितंबर 2025 शनिवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
27  सितंबर  2025 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

——————— 
संपादकीय—

व्रत से नहीं, अच्छे सलूक से बढ़ सकती है पुरूष की उम्र

पति के रहते तिरस्कारित भाव रखने वाली कुछ तो पति को महज नौकर जैसी भावों से सलूक करने वाली औरतें जिनकी दोयम सोच से दिखावे का सम्मान के साथ ही दूसरी वो स्त्री जिनके पति की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है,संवेदना ना यह विचार नहीं कर पाती कि बिना पति एकल जीवन का सफर कितना संघर्षमय होता है, समाज में देखा जा सकता है। पुरूषों के प्रति उनकी उम्र बढाने के लिए करवाचौथ और तीज व्रत करने वाली कुछ स्त्रियों के द्वारा पति रूपी पुरूष के साथ किये जाने वाले सलूक से क्या सकारात्मक प्रभाव पडने वाला है, बल्कि ऐसे दोयम भाव की स्त्रियों के सलूक से कई पुरूषों की उम्र कम हो जाती है। दिखाने वाली भक्तिभाव से ओतप्रोत जिस पति से अपार प्यार करने वाली स्त्रियों द्वारा दिखावे के ढकोसलों के बीच खुद के पति के अंतिम संस्कार में नहीं जाने की तस्वीर भी इसी समाज में देखने मिलती है। कितने किस्से हैं,जिनमें पत्नी के गलत सलूक किये जाने के चलते आत्महत्या करने को प्रेरित किया? जिस कारण ऐसे स्त्रियों को समाज कुलक्षणी का तमगा देता है। घटना के बाद प्रायश्चित और याद करने से क्या होना है। कुल मिलाकर वक्त की बात है। अपना खुन अपना ही होता है। किसी वो स्त्री जिनके पति नहीं है, का दर्द कोई नहीं समझ सकता। उन्हें पूछिये उनकी अपनी जिंदगी में पुरूष क्या होता है? जिंदगी का सफर है,ईश्वर ना चाहे किसी की सिंदुर उजडे। पर इतने घमंड में भी ना रहें कि आप दुनिया से जोडी के साथ ऊपर जाएंगे वरन पुरूष हो या स्त्री एक ना एक दिन सबको एकल होना धरातलीय सच है,जिसे आपको स्वीकार करना है।

 ✍️मनोज जायसवाल

——————
विशेष—
—जिला अस्पताल कांकेर में डेंटल विभाग में व्हील चेयर बंद होने से मरीजों को तकलीफों का सामना करना पड रहा है। तत्संबंध में  वहां के एक डॉक्टर ने  सशक्त पथ संवाद कांकेर टॉप 10 न्यूज को बताया कि एक ही चेयर से अर्जेंट गंभीर मरीजों का काम लिया जा रहा  है। कब चालू होगाॽ के सवाल पर कहा कि संभवतया 10—12 दिनों में  चालू हो सकता है। अस्पताल प्रबंधन शीघ्र मरीजों के हित में सभी व्हील चेयर को ठीक कर ईलाज प्रारंभ करे।
——————
01.जलहूर-भुरका : कांकेर जिले में एक और प्राकृतिक पर्यटन क्षेत्र विकसित हो रहा। पर्यटन की संभावनाएं तलाशने कलेक्टर ने लिया जायजा।

— प्राकृतिक सौंदर्य और नैसर्गिक खूबसूरती से परिपूर्ण जिले में खमढोडगी, धारपारूम के बाद भानुप्रतापपुर क्षेत्र में एक और पर्यटन क्षेत्र विकसित होने जा रहा है। ग्राम पंचायत परवी के आश्रित ग्राम जलहूर और भुरका की पहाड़ियों में पर्यटन की दृष्टि से बेहद खूबसूरत घाटीनुमा पहाड़ अवस्थित है। कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी ने इस इलाके का आज दौरा कर भावी पर्यटन केंद्र के रूप में संभावनाएं तलाशी। अधिकारी द्वय ग्राम जलहूर से लगभग डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई पर चढ़कर पूरे इलाके का मुआयना किया।भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम केवटी से बायी ओर खड़का, भुरका, परवी पहाड़ियों के बीच स्थित है।

यहां से पहाड़ की ऊंचाई पर बसे ग्राम जलहूर से पगडंडीनुमा मार्ग से होते हुए लगभग डेढ़ किलोमीटर की ऊंचे क्षेत्र में चित्ताकर्षक और मनमोहक घाटी है। पहाड़ की ऊंचाइयों से आसपास की पहाड़ियां, पठार और निचले क्षेत्र का दृश्य काफी खूबसूरत नजर आता है।इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की विशेषताओं की जानकारी ली। मावा पर्यटन स्थल हकुम माड़ नाम से प्रचलित क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नैसर्गिक खूबसूरती से परिपूर्ण इस क्षेत्र में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में हकूम माड़ क्षेत्र को जिला प्रशासन के सहयोग से बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि नई पर्यटन नीति के तहत सैलानियों को अपेक्षाकृत अधिक सहूलियतें प्रदान करने वित्तीय सहायता का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने मावा पर्यटन स्थल हकुम माड़ समिति के सदस्यों और स्थानीय सरपंच को इस क्षेत्र को स्वच्छ बनाने, प्लास्टिक और पॉलीथिन आदि प्रतिबंधित करने और नशामुक्त क्षेत्र रखने की अपील की। साथ ही विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने ग्रामीणों को जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग करने की भी बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए ग्राम खड़का के समीप एक साल के भीतर पुल तैयार किया गया तथा इस क्षेत्र में दो और बहु प्रतीक्षित पुलियों की स्वीकृति प्रशासन द्वारा दी गई है।

जिला सीईओ श्री मंडावी ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कि स्थानीय लोगों के द्वारा इतने बेहतरीन पर्यटन क्षेत्र को एक्सप्लोर किया गया है जो सराहनीय है। उन्होंने इस इलाके में सुरक्षा और मूलभूत और आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की प्रशासनिक पहल किए जाने की बात कही। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और ग्रामीणजन उपस्थित थे।

——————

02.लगातार बारिश से खराब हो रही है,धान की फसल।

—जिले में लगातार बारिश के चलते जल्द पकने वाली धान की फसल प्रभावित हो रही है। एक ओर धान की फसल में रोकथाम नहीं हो सकने वाली बीमारियों का प्रकोप बढ गया है,तो इसके निदान के लिए भी किसानों के सामने तकनीकी जानकारी देने वाला कोई वैज्ञानिक नहीं है।ं कल 26 सितंबर को जिला मुख्यालय में बेहद गरज चमक के साथ बारिश हुई। इसके बाद बीती रात्रि से अभी तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के साथ हवाएं चलने से कई जगह अब धान की फसले भी गिर गई है,जो पूर्ण रूप से ना पक कर बदरा होंगी।

चित्र—ग्राम कुरना के पास खेतों में गिरी धान की फसल।

——————

03. खंडी घाट बहादुर कलारीन मंदिर में 46 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित।

— दुर्गूकोंदल के चेमल अंतर्गत खंडी घाट स्थित बहादुर कलारीन माता मंदिर में नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं के द्वारा कुल 46 आस्था के मनोकामना ज्योत जलाई गई है। इस स्थल सहित पूरे क्षेत्र में भक्तिभाव का माहौल बन गया है। बहादुर कलारिन माता मंदिर समाज के ब्लॉक अध्यक्ष जागेश्वर जैन, उपाध्यक्ष कृष्णा नागवंशी, सचिव संतोष कुमार जैन, क्षेत्रीय अध्यक्ष हंसराज सिंहा, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष हेमंत जैन तथा मंदिर समिति के सदस्य पलटन जैन, राम प्रसाद पांडे, जगदीश जैन, रघुवीर जैन, भानु राम जैन और मंगल सिंह कोवाची सहित समस्त समिति के पदाधिकारिया नवरात्र पर्व पर माता सेवा में लगे हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष जागेश्वर जैन ने बताया कि साल 2015 से लगातार खंडी घाट बहादुर कलारीन मंदिर में मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की परंपरा जारी है। इन विशेष दिनों में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता के दर्शन करते हैं।

 ——————

04.अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम एक अक्टूबर को।

—प्रतिवर्षानुसार इस साल भी समाज कल्याण विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जिला स्तरीय आयोजन आगामी 01 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शासकीय नरहरदेव स्कूल परिसर डोम स्थल, कांकेर में किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।  कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आदेश जारी कर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेश के अनुसार पुलिस विभाग कार्यक्रम स्थल पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराई जाएगी, जो वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार करेगी। समाज कल्याण विभाग भोजन, टेंट, शाल, श्रीफल, पुष्पमाला आदि सम्मान सामग्री की व्यवस्था करेगा। इसके अलावा, जनपद पंचायत कांकेर एवं नरहरपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के 60 से 70 वर्ष आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर पालिका कांकेर कार्यक्रम स्थल पर पानी टैंकर की व्यवस्था करेगी तथा शहरी क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। इसी तरह शिक्षा विभाग, एनएसएस एवं एनसीसी के छात्र-छात्राएं वालंटियर के रूप में सहयोग प्रदान करेंगे। कार्यक्रम स्थल शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कांकेर द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का यह आयोजन जिले के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।

——————

05.सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविरों में 1300 से अधिक हितग्राहियों की पेंशन समस्याओं का हुआ निराकरण।

— छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष एवं सेवा पखवाड़ा के अवसर पर कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष पेंशन समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में आयोजित इन शिविरों में 1300 से अधिक हितग्राहियों की पेंशन संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया गया।उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि जनपद पंचायत कांकेर के ग्राम पंचायत डुमाली में मुख्य शिविर आयोजित किया गया, जहां लगभग 500 हितग्राही उपस्थित हुए। शिविर में पेंशन जांच, सत्यापन, मोबाइल नंबर जोड़ने तथा नए आवेदन स्वीकृति जैसी प्रक्रियाएं त्वरित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुईं। इस अवसर पर विकासखंड कांकेर के वृद्धजनों को 50 छड़ियां, दिव्यांगजन को 5 व्हीलचेयर एवं 1 बैटरी चालित ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग की इस पहल से हितग्राहियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी एवं लाभ समय पर उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक  शिशुपाल शोरी, जनपद पंचायत कांकेर की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती तारिणी ठाकुर,  ईश्वर कावड़े आदि उपस्थित रहे। साथ ही विभागीय अमला मौजूद था।28 सितंबर को लाइवलीहुड कॉलेज में आयोजित किया जाएगा ।

प्रमाणीकरण शिविर
उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि सेवा पखवाड़ा एवं रजत जयंती वर्ष के अवसर पर रविवार 28 सितंबर को 11 बजे से लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर के परिसर में दिव्यांगजन प्रमाणीकरण एवं सहायक उपकरण वितरण आदि किया जाएगा। इसके लिए हितग्राही को आधार, दिवयांगता दर्शित पासपोर्ट साइज फोटो, राशन कार्ड के साथ उपस्थित होने कहा गया है। सहायक उपकरण के लिए आय, राशनकार्ड, मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण पत्र ( जिनका मेडिकल नहीं बना उनका शिविर में बनाया जाएगा), पासपोर्ट फोटो 4, से आदि की मूलप्रति और छायाप्रति लानी होगी।

——————

06.सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चारामा में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मण्डावी शामिल हुई। इस अवसर पर आयोजन में विधायक ने भी संबोधित किया। बीएमओ श्रीशंखवार के साथ अस्पताल स्टाफ की महिला कर्मचारियों तथा विकासखंड के समूह की महिलाएं भी उपस्थित रही।

चित्र—सामु.अस्पताल चारामा में  विधायक सावित्री मनोज मंडावी।

——————

07. चारामा विकासखंड के ग्राम हाराडुला में  धर्मांतरित परिवार की माता की मृत्यु पश्चात अंत्येष्टि  पर हुआ विवाद शांत हो गया है।  हिंदु रीति रिवाज को मानने की बातों के साथ में  ग्राम में लिखित में दिये जाने के बाद किसी भी प्रकार का तनाव एवं विवाद नहीं है। ग्राम के लोग चाहते हैं कि  कुछ लोग और होंगे जो धर्मांतरित हैं‚ग्राम की मूलधारा में आकर साथ चलें‚जैसा अतीत से पूर्ण भातृभाव से चलते आए हैं।

चित्र— ग्राम में भातृभाव कायम रखने अपनी बात रखते हाराडुला की मीटिंग में  परमानंद साहू।

—————–

08.  पुलिस को  सर्च के दौरान  मिली महिला नक्सली रेशमा जो  टेकापानी के जंगलों में हुई मुठभेड में शामिल थी।पुलिस-बीएसएफ बल की संयुक्त कार्यवाई।

—गत दिनों थाना कोयलीबेडा के बड़गांव – टेकापानी के जंगलो में हुए मुठभेड़ में महिला नक्सली रेशमा शामिल थी, जो रावघाट एरिया कमेटी से ताल्लुक रखती है। मुठभेड़ के दौरान महिला नक्सली रेशमा के घायल होने एवं घायल हालत में फरार होने की सूचना थी। इसके पश्चात 26 सितंबर  2025 को डीआरजी एवं बीएसएफ के संयुक्त गस्ती दल के द्वारा मुखबिर से सूचना मिलने पर कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत केसोकोडी, आलपरस के आसपास सर्च अभियान निकाला गया था। सर्च के दौरान डीआरजी  एवं बीएसएफ  के संयुक्त टीम को आठखड़ियापारा में संदिग्ध माओवादी रेशमा मिली, जिसे टीम द्वारा कोयलीबेडा लेकर आया गया।संदिग्ध माओवादी नक्सली के उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलीबेडा लेकर जाया गया, जहां से डॉक्टर द्वारा उक्त चोटिल महिला नक्सली रेशमा हिचामी का प्राथमिक उपचार कर बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल कांकेर रिफर किया गया। उक्त चोटिल महिला नक्सली के उपचार पश्चात अग्रीम वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।

—————–

09. जिले का अरौद ऐतिहासिक दशहरा उत्सव  04 अक्टूबर को है‚लेकिन आयोजन समिति की  परेशानी बढ गई है। पूर्णरूपेण इलेक्ट्रानिक पद्वति से रावण का  दहन होने वाला आयोजन को बारिश प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण तटीय उड़ीसा के ऊपर अवदाब सक्रिय है, जो पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके आगे बढ़ते हुए दक्षिण उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के ऊपर पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना जताई गई है। इसके अनुसार  03 अक्टूबर तक मौसम इसी तरह जारी रहा तो  सिर्फ अरौद दशहरा ही नहीं अन्य  सांस्कृतिक कार्यक्रम भी  प्रभावित हो सकते हैं।

—————–

10. रूक—रूक कर लगातार हो रही बारिश ने किया लोगों के जनजीवन काे प्रभावित। महानदी का जल स्तर बढा। क्षेत्र की साप्ताहिक बाजार के साथ  रात्रि कालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों को किया प्रभावित। आज  लखनपुरी  साप्ताहिक बाजार बारिश के चलते देर से लगी । बावजूद  बाजार लगने के बाद जोरदार बारिश हुई। लेकिन बारिश रूकते ही  पुनः भीड बढी और लोग देर शाम तक शाक सब्जी की खरीदारी करते दिखे। बारिश के चलते बाजार में कीचड का सामना करना पडा।

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।शुभ रात्रि… 🙏

—————-

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 05 दिसंबर 2025 शुक्रवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   05  दिसंबर  2025 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ————————– संपादकीय— ख्यातिप्राप्त और सुन्दर अभिनेत्रियों में से एक ”नादिरा”  आज  जन्म दिवस पर सादर ….…

आज की टॉप 10 खबर 04 दिसंबर 2025 गुरूवार

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….   04  दिसंबर  2025 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ————————– संपादकीय— 60–70 के दशक में धुम मचाने वाले मशहुर अभिनेता शशि कपुर  आज 8 वीं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *