कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
27 नवंबर 2025 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
————————–
संपादकीय—
— ”महानदी पुल निर्माण के स्वर्णिम अतीत को याद करें !”
— महानदी पुलों के संरक्षण के लिए आज आप खडे नहीं होते हैं‚तो यह क्षेत्र के लिए सबसे बडा दुर्भाग्य भी होगा।
-तब के स्वर्णिम अतीत में चारामा विकासखंड के महानदी परिक्षेत्र के 52 गावों के प्रतिनिधित्वकर्ताओं में अरौद महानदी पुल के लिए संघर्ष करने वालों में डंडसेना कलार समाज के तात्कालीन एवं लगातार अध्यक्ष की जिम्मेदारी सम्हालने वाले स्व. मोतीलाल जैन, थानाबोडी‚ जेपरा के डॉ. सिन्हा का नाम प्रथम पंक्ति में था। उनके साथ शिक्षक अभय राम जायसवाल,जेपरा के श्रीपटेल, नाथिया राम शोरी के साथ कई जागरू प्रबुद्वजन थे। तब आज के जैसा ना सोशल मीडिया ना हाथों में कैमरा। तब नेतागिरी में बडे बडे कार्य होते थे। आज जैसे महज सेल्फी और ग्रुप फोटो नहीं।

पुल निर्माण संघर्ष समिति महादेव घाट में पुल निर्माण के लिए जनांदोलन किया गया। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय संभवतया यहां बजट भी कम आता था। ही कारण है कि पुल निर्माण के समय तकनीकी टीम ने टांहकापार महादेव घाट के मात्र 1 किमी पर स्थित अरौद के पास महानदी की चौडाई कम होने एवं खर्च कम आने को देखते अरौद का चयन किया गया।
अरौद पुल निर्माण को लेकर कांकेर में ऐतिहासिक रैली निकाली गई थी,जो गोविंदपुर से कांकेर बस नगर को भ्रमण किया। प्रत्येक घर से सिर्फ एक सदस्य को घर रखवाली के लिए रहने के नाम बाकी सभी सदस्य बच्चे,बुढे सब इस रैली में भाग लिये थे,जिसका जिक्र मैं पिछले आलेख में कर चुका हूं।
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री अरविंद नेताम का जब एकतरफा जलवा था,लगातार क्षेत्र से विजयी होते रहे और इस पुल के लिए ध्यान भी दिया। उनके अनुज शिव नेताम कांकेर विधानसभा के लिए प्रत्याशी के रूप में मैदान में खडे थे,और अरौद पुल के ऐतिहासिक रैली का नेतृत्व एवं प्रदर्शन भी।
उनके विधायक चुने जाने के बाद अरौद पुल बना। पुल बनने के बाद तो तकरीबन साल भर तक जेपरा से लेकर चिनौरी एवं राजमार्ग 30 तक एप्रोच रोड के लिए संघर्ष करना पडा। टांहकापार से एक मात्र मिनी बस संचालित होती जो महज तीन वर्षों में ही खस्ताहाल सडक के चलते चलने लायक नहीं रहा।
काफी वर्षों बाद भी जेपरा-टांहकापार सडक जो सबसे ज्यादा लोगों के लिए कष्टप्रद रही‚बनायी गयी। लेकिन आज तब के अतीत को झांक कर सबको याद करने का दिन फिर से आ गया है। अरौद के साथ महानदी के संरक्षण के लिए उठ खडे होने का दिन आ रहा है, आप जागरूक हैं,तो महानदी पुलों के संरक्षण के लिए एक होकर खडे हो जाएं। भविष्य की पीढी के लिए रेत जैसे गौण खनिज को तो बचाने से रहे।
अतीत में महानदी के अरौद एवं भिरौद पुल के लिए और किन-किन सियानों ने भाग लिया था। कई तो अब इस दुनियां में भी नहीं रहे। पुल के संरक्षण के लिए आगे नहीं आ पाए तो उनकी आत्मा को भी शांति नहीं मिलेगी। गांव के नाम सहित बताईये.. कि किस गांव से और किन सियानों ने प्रतिनिधित्व के पहले पहल सामने आये थे।..
—✍️मनोज जायसवाल
————————
01. सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी, कांकेर में नव भवन निर्माण का भुमि पूजन।
—सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी, कांकेर में नव भवन निर्माण का भुमि पूजन आज कांकेर विधायक आशा राम नेताम के हाथों सम्पन्न हुआ। इस मौके पर शाला परिवार के व्यवस्थापक अशोक राठी ने कहा कि विद्यालय में तमाम सांस्कृतिक एवं उद्देश्य परक महती आयोजन के लिए सभा कक्ष की नितांतक आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो हमारे विधानसभा के लोकप्रिय एवं सुख दुःख के साथी विधायक आशा राम नेताम की उच्च महात्वाकांक्षा से पूरा हुआ है। कांकेर शिक्षा समिति के अध्यक्ष भरत मटियारा ने कहा कि यह क्षण अत्यंत सुखद है, कि सरस्वती शिशु मंदिर के भैया बहनों जो भारतीय संस्कृति व संस्कार भरे है। निश्चित ही इस नव निर्माण कार्य से विद्यालय प्रगति की ओर बढ़ेगा। मै विधायक का इस हेतु आभार व्यक्त करता हूं, कि उन्होने हमारी भावनाओं का मान रखा है।

मुख्य अतिथि की आसंदी से विधायक आशाराम ने कहा कि उनकी सदैव यह सोच रहती है कि आज के विद्यार्थी सुंदर कल के निर्माण में सहभागी हो। इसके लिए उन्हें अनुकूल माहौल मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सदैव ऐसे प्रयास में आपके साथ खड़ा हूँ। इस भवन निर्माण से विद्यार्थी अपना विकास कर पाने में समर्थ हो सकेंगे।आभार प्रदर्शन समिति के उपाध्यक्ष रामशरण जैन ने किया। इस अवसर पर विभाग समन्वयक संगम पांडे, अजय जैन, ललित गांधी, तृप्ति जैन, ग्राम सरपंच, तारेन्द्र भंडारी, दिलीप पटेल, प्राचार्य कैलास तारक, पोखन सिन्हा सहित गणमान्य नागरिक, आचार्य गण व भैया बहन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य संतोष श्रीवास्तव ने किया।
——————–
02. अन्नपूर्णापारा पीडीएस सेंटर में लापरवाही, तत्काल प्रभाव से निलंबित।
— छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा द्वारा 26 नवंबर 2025 को जिले की विभिन्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान, अन्नपूर्णा पारा (आई.डी.क्र. 61001009) में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। मौके पर दुकान बंद पाई गई, वहीं दुकान परिसर में अनिवार्य सूचना पटल, सामग्री वितरण पात्रता सूची, मूल्य सूची एवं टोल फ्री नंबर का प्रदर्शन नहीं पाया गया। साथ ही दुकान के स्थल परिवर्तन की जानकारी पुराने स्थल पर प्रदर्शित नहीं की गई थी। इसके अलावा मार्च 2024 में भौतिक सत्यापन के दौरान पाई गई खाद्यान्न कमी की राशि जमा कराने के लिए जारी पत्र का कोई समुचित उत्तर दुकान संचालक द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि इन सभी अनियमितताएं व लापरवाही सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 की कंडिका 12.3 तथा 14 (1), (2) का स्पष्ट उल्लंघन है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आते हैं।खाद्य अधिकारी ने बताया कि उपरोक्त अनियमितताओं के आधार पर आयोग द्वारा दुकान संचालक पर कड़ी कार्यवाही करते हुए तत्काल प्रभाव से दुकान का निलंबन करने के निर्देश दिए गए। निर्देश के परिपालन में उचित मूल्य दुकान को निलंबित करते हुए उसे आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से संगवारी महिला स्व-सहायता समूह, बरदेभाटा (आई.डी. 601001010) में संलग्न कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों पर कठोरता से कार्रवाई जारी रहेगी।
———————
03. ग्राम तेलावट में आयोजित जिला स्तरीय पशु मेला में पशुपालकों ने दिखाई रुचि।
— रजत जयंती के तहत पशुधन विकास विभाग द्वारा विकासखण्ड कांकेर के ग्राम तेलावट में आज जिला स्तरीय पशु मेला उत्सव एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल में पशु पालन को बढ़ावा देना, नवीन तकनिकों से पशु पालकों को परिचित कराना और लाभान्वित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला स्तरीय समिति गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री सोनसाय साहू ने पशुपालकां को संबोधित करते हुए कृषि के साथ गौपालन कर आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रेरित किया। साथ ही गौ-संरक्षण, संवर्धन और पंच गव्य उत्पादों के लाभ के बारे में जानकारी दी। पशु मेला स्थल पर विभिन्न नस्लां के दुधारु गाय, उन्नत बछिया, स्वस्थ बछड़ा-बछिया, बैल-भैंस जोड़ी, बकरी, भेड़, मुर्गी-मुर्गा एवं सूकर की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें ग्रामीणों ने रुचि दिखाई। पशुधन विकास विभाग के विशेषज्ञों द्वारा पशुओं के उचित देखभाल, उन्नत पशुपालन, नस्ल सुधार व नवीन तकनीकों और योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

———————
04. कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा सह आदान वितरण कार्यक्रम आयोजित।
— कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में बुधवार को कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा सह आदान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चन्देल तथा निदेशक अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय विस्तार सेवायें डॉ. एस. एस. टुटेजा एवं अनुसंधान केन्द्र कुरूद डॉ. नवनीत राणा की उपस्थिति में किया गया। कुलपति डॉ. चन्देल ने कहा कि सीताफल, लाख उत्पादन, चिरईनखी चांवल एवं कोदो-कुटकी में कांकेर के किसानों की अलग पहचान है। उन्हांने कोदो-कुटकी के उत्पादन के साथ-साथ विपणन व्यवस्था पर कार्य करने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही प्रधानमंत्री जी के 2047 तक भारतवर्ष को आत्मनिर्भर बनने के स्वप्न को पूर्ण करने किसानों को अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या हो तो तत्काल कृषि विज्ञान केन्द्र से सम्पर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिले के प्रगतिशील किसान श्रीमती लकेश बाई ग्राम थानाबोडी, हृदय राम शोरी ग्राम डुमाली, महावीर उसेण्डी ग्राम डुमाली, भुनेश नाग ग्राम पुसवाड़ा एवं बंशीलाल भास्कर ग्राम चोरिया को सम्मानित किया गया तथा दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मसूर की उन्नत किस्म कोटा मसूर-4 का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्राम के 83 कृषक सम्मिलित हुए।

———————–
05. डिजिटाइजेशन पूर्ण करने वाले उत्कृष्ट बीएलओ को कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र सौंपा।
— इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिंगारभाट, कांकेर में दक्षिण क्षेत्रीय अन्तर्महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ किया गया। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की उपस्थिति में आयोजित दक्षिण क्षेत्रीय अन्तरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र जगदलपुर, कृषि महाविद्यालय कुरूद, लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र नारायणपुर, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र पखांजूर, रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कांकेर एवं महामाया कृषि महाविद्यालय धमतरी के 240 प्रतिभागी शामिल हुए। कुलपति डॉ. चंदेल ने सभी प्रतिभागियों से अपनी पूरी क्षमता तथा मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा सफलता अर्जित करने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही दक्षिण क्षेत्र के समस्त प्रतिभागियों को टीम भावना से खेलने शपथ दिलायी। इस अवसर समारोह में विशिष्ठ अतिथि डॉ. एस.एस. टूटेजा, निदेशक विस्तार सेवाएं इं.गा.कृवि.वि. रायपुर, डॉ. आर.एस. नेताम, सहित संबंधित महाविद्यालयों के अधिष्ठाता उपस्थित थे।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण हेतु विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इसके तहत बीएलओ 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर के बीच मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं प्राप्त कर डिजिटाइजेशन एवं सत्यापन का कार्य कर रहे हैं। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केन्द्रों में शत-प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण करने वाले 37 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में आज दोपहर आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता वाला एसआईआर सत्यापन का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और जिले में नियुक्त सभी बीएलओ बेहतर ढंग से सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। यह अत्यंत महत्वपूर्ण और अति आवश्यक कार्य है, किन्तु मैदानी स्तर पर अनेक प्रकार की कठिनाइयां आती हैं जिनका निराकरण बीएलओ ने अपने स्तर पर बेहतर तरीके से किया है। यह अपने-आप में एक प्रशंसनीय कार्य है, जिसमें बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन करने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण करने वाले तीनों विधानसभा क्षेत्र से आए 37 बीएलओ को कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र सौंपकर अपनी शुभकामनाएं दीं। साथ ही कलेक्टर के समक्ष बीएलओ ने फील्ड में आई कठिनाइयों और समस्याओं का उनके द्वारा किए गए समाधानकारक प्रयासों के बारे में अपने अनुभव साझा भी किए।

कलेक्टर के हाथों सम्मानित होने वाले बीएलओ में अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79 अंतर्गत प्राथमिक शाला हिमोड़ा के बीएलओ नोहर लाल पोर्ते, प्राथमिक शाला मंडागांव के ओमप्रकाश दुग्गा, प्राथमिक शाला संबलपुर के कमलेश रावटे, प्राथमिक शाला कलगांव के कपिल राम साहू, प्राथमिक शाला चारगांव के इंदेश कुमार मंडावी, प्राथमिक शाला बैहासाल्हेभाट के मुकेश कुमार फांफा, प्राथमिक शाला आनंदनगर के अभिजीत राय, प्राथमिक शाला शांतिनगर के नबीन कुण्डू, प्राथमिक शाला पी.व्ही.3 शारदानगर के रंजीत कर, प्राथमिक शाला कमलपुर के गणेश दास, प्राथमिक शाला जयपुर 51-52 के बीएलओ मृणाल कांति बाला, नवीन कुंडू, बनानी बैनर्जी, शुभाशीष नाग और विकास मंडल को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-80 अंतर्गत प्राथमिक शाला पलेवा के सतीश कुमार सोनकर, प्राथमिक शाला कानापोड़ के पप्पू सिन्हा, माध्यमिक शाला जेपरा के बीएलओ चिंताराम गंगबेर, प्राथमिक शाला टिकरापारा के ईगलाल खरे, प्राथमिक शाला जेपरा के केशोराम साहू, हायर सेकेण्डरी स्कूल बैजनपुरी के अजय कुमार भेड़िया, डुमरकोट के योगेन्द्र कुमार यदु, हावरकांदल के मनोज कुमार जुर्री, हायर सेकेण्डरी स्कूल सेलेगांव के विजेन्द्र कुमार बंजारे, माध्यमिक शाला डुमरकोट के चिरंजीव देवांगन, माध्यमिक शाला हरनपुर के चंद्रहास भास्कर, नरसिंगपुर के रोशन जैन, मिडिल स्कूल भण्डारडिगी के मनोज देवांगन और प्राथमिक शाला झिटकाटोला के किशोर कुमार कोसमा को प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया है। कांकेर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-81 अंतर्गत प्राथमिक शाला बदबनी के बीएलओ अनिरूद्ध कुमार चंद्रवंशी, प्राथमिक शाला बरेठीनबाहरा के मोतीसिंग नेताम, प्राथमिक शाला ढेकुना के जी.आर. साहू, प्राथमिक शाला झलियामारी के केशव लाल साहू, प्राथमिक शाला भैंसमुण्डी के देवेन्द्र कुमार पटेल, बोरगांव के नमिता वट्टी, ईरादाह के शिवकुमार साहू तथा बुधियारमारी के बीएलओ कमलेश कुमार भूआर्य को शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं एसडीएम कांकेर श्री अरूण कुमार वर्मा एवं निर्वाचन शाखा के कर्मचारी उपस्थित थे।

————————
06 .संकुल स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का जनपद अध्यक्ष गोपी बढाई ने किया शुभारंभ।
—संकुल स्तर पर आयोजित बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ आज 27 नवंबर को जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल के अध्यक्ष गोपी बढ़ाई के मुख्य आतिथ्य में उनके द्वारा ध्वजारोहण एवं सलामी कर किया गया। यह प्रतियोगिता गोडपाल एवं ओटेकसा संकुल अंतर्गत तीन दिवसीय खेल समारोह के रूप में आयोजित की गई है, जिसमें अनेक शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएँ उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कराकी सरपंच जवाहर ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में निलेश बढ़ाई (सरपंच ओटेकसा), धन सिंह पुंगाटी (ग्राम गायता), भाव सिंह मांडवी, सुखचंद प्रजापति, चंदन कुमार कोवाची, महेश कोवाची तथा रजनाथ उईके उपस्थित थे। प्रतियोगिता में दौड़, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में संकुल समन्वयक, विद्यालय प्रमुख, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। समारोह हर्षोल्लास एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। आगामी दो दिनों तक खेल प्रतियोगिता जारी रहेगा, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को समापन अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

————————
07. दूरस्थ अंचल के विद्यालयों में शिक्षा गुणवत्ता का सघन निरीक्षण।
— “सर्वत्र खुशियां बिखेरता हमर दुर्गूकोंदल” के संकल्प को साकार करने की दिशा में दुर्गूकोंदल विकासखंड के संकुल केंद्र कोंडे अंतर्गत दूरस्थ अंचल स्थित शासकीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया गया। सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी मंडावी, बीआरसी लतीफ सोम एवं संकुल प्राचार्य बाबूलाल कोमरे की संयुक्त टीम ने प्राथमिक शाला लाटमरका, निरोंडाडिही एवं सराधूघमरे पहुँचकर विद्यालय संचालन का अवलोकन किया।
————————
08. संयुक्त संचालक बस्तर से मिले शिक्षक फेडरेशन पदाधिकारी।
—दुर्गूकोंदल। शिक्षक हितों के संरक्षण और पदोन्नति संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारियों ने 27 नवंबर 2025 को बस्तर के संयुक्त संचालक शिक्षा एच.आर. सोम से सौजन्य भेंट की। यह बैठक लगभग डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें फेडरेशन पदाधिकारियों ने क्रमबद्ध तरीके से अपनी विभिन्न माँगों और समस्याओं से संयुक्त संचालक को अवगत कराया।
ये‚ थे उपस्थित
मुलाकात कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष बस्तर देवराज खूंटे, प्रांतीय महासचिव पुरुषोत्तम झाड़ी, प्रांतीय संयुक्त सचिव महेश शेट्टी, जिला अध्यक्ष कांकेर निर्भय कोवाची, जिला अध्यक्ष सुकमा धीरेन्द्र मांझी, जिला सचिव बस्तर गणेश्वर नायक, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश कुमार कुंजाम, जिला सलाहकार उत्तम वारे, जगदलपुर ब्लॉक अध्यक्ष अधिन सोरी, दुर्गूकोंदल ब्लॉक अध्यक्ष देवकू प्रसाद महावीर, कांकेर ब्लॉक अध्यक्ष अनस सलाम, बस्तर ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर बंधैया एवं अन्य पदाधिकारी ओंकार कंवर, मनोज मंडावी, चंद्रशेखर वासम, गजेंद्र ठाकुर, ओमप्रकाश यादव, अशोक जुर्री, दिनेश नाग व राजेंद्र पाणिग्रही उपस्थित रहे।

———————–
09.आज दुर्गूकोंदल के ग्राम डुवा (तरहुल) में स्व. मेरसिंह दुग्गा के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने उपस्थित होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर परिजनों सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

———————–
10. अंतागढ़-नारायणपुर 46 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन। 137 करोड़ रूपए की लागत से होगा अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण ।मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग और विधायक विक्रम उसेण्डी ने किया भूमिपूजन।
— अंतागढ़-नारायणपुर क्षेत्रवासियो की बहुप्रतिक्षित मांग को सरकार ने पूरी कर दी है। वन, पर्यावरण, सहकारिता एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में 46 किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का ग्राम ताड़ोकी में आयोजित कार्यक्रम में आज भूमिपूजन किया गया। इस सड़क निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 136 करोड़ 77 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। भूमिपूजन समारोह की अध्यक्षता विधायक अंतागढ़ विक्रमदेव उसेण्डी द्वारा की गई तथा सांसद कांकेर भोजराज नाग विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित थे।

सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वन, पर्यावरण, सहकारिता एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के नागरिकों के लिए जीवनदायिनी सिद्ध होगा। क्षेत्रवासियों द्वारा इस सड़क निर्माण के लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हो गई है। उन्होंने इस सड़क के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसी तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत की ओर अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रदेश में तीव्र गति से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराया जा रहा है, जिसमें सभी मतदाताओं को जिन्हें बीएलओ द्वारा फार्म उपलब्ध कराए गए हैं, वे उसे भरकर समय-सीमा में बीएलओ के पास जमा करावें। श्री कश्यप ने कहा छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विकास कार्यों को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है। माओवाद की चुनौतियों के कारण विकास कार्यों में जो बाधाएं थीं, उन्हें सरकार दूर कर रही है।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा 31 मार्च 2026 तक नक्सल उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानां के धान 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर तथा तेन्दूपत्ता 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से खरीदा जा रहा है, साथ ही सरकार द्वारा चरण पादुका योजना को फिर से शुरू कर दिया गया है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 05 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही है।कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में क्षेत्र में चौमुखी विकास हो रहा है। क्षेत्र के विकास के लिए यह सड़क वरदान सिद्ध होगा, इससे आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस सड़क निर्माण के अलावा रेल लाईन का निर्माण भी इस अंचल के विकास में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि दल्लीराजहरा से रावघाट तक रेल लाईन बिछाई जा रही है, वर्तमान में ताड़ोकी तक रेल लाईन बिछाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं की सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई महतारी वंदन योजना के तहत पात्र सभी महिलाओं को प्रति माह 1000 की सहायता राशि प्रदान की जा रही है।

अंतागढ़ विधायक विक्रमदेव उसेंडी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इस सड़क के निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके निर्माण से अंतागढ़-नारायणपुर के बीच आवागमन सुगम होगा, जिससे कृषि, व्यापार, शिक्षा एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार होगा। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव से शहरों की दूरी घट गई है, गांव-गांव सड़क बनाए जा रहे हैं, जिसका फायदा हर क्षेत्र को मिल रहा है। कार्यक्रम में जिला पंचायत नारायणपुर के अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ मनोरमा मण्डावी, नगर पंचायत अंतागढ़ अध्यक्ष राधेलाल नाग, मुख्य वन संरक्षक राजेश चंदेले, महेश जैन, अपर कलेक्टर अंतागढ़ ए.एस. पैकरा, लोक निर्माण विभाग संभाग भानुप्रतापपुर के कार्यपालन अभियंता महेन्द्र कश्यप, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं आशुतोष डड़सेना, जिला परिवहन अधिकारी ऋषभ नायडू सहित जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

———————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————-
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






