कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
25 सितंबर 2025 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
———————
संपादकीय—
एस.पी.बालासुब्रमण्यम(गायक)

—मनोज जायसवाल
——————
विशेष-
शासकीय इंदरू केवट महाविद्यालय कांकेर मे लगाई गई यातायात की पाठशाला।
– शासकीय इंदरू केवट महाविद्यालय कांकेर में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई. के. एलिसेला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर दिनेश कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार, दीपक साव यातायात प्रभारी कांकेर, एवं यातायात टीम के द्वारा आज शहर के इंदरू केवंट कन्या महाविद्यालय कांकेर मे जाकर सड़के कैसे बोलती, सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का कैसे पालन करें? हेलमेट, सीटबेल्ट लगाकर चलने की जानकारी दी गई। इस आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकगण, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग से व लगभग 159 कॉलेज की छात्राएं सम्मिलित हुए। आज दी गई महती जानकारी को सबने सराहा।

——————
01. कांकेर विधायक के हाथों हुआ मांडाभर्री(नरहरपुर) में 33/11 के.वी. उपकेंद्र का भुमिपूजन।
— नरहरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मांडाभर्री में 24 सितंबर बुधवार को 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी उपकेंद्र का भुमि पूजन किया गया। इस उपकेंद्र के निर्माण से मावलीपारा, बांगाबारी और मांडाभर्री सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस उपकेंद्र की स्थापना से ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही लोकल फाल्ट और लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी और क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। विधायक नेताम ने कहा कि उपकेंद्र से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर जीवन जीने का अवसर मिलेगा।इस मौके पर विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री एच.के. सूर्यवंशी, कार्यपालन यंत्री एस.के. विंडो, के.के. साव, सहायक यंत्री वेदप्रकाश कन्नौजे और आर.एस. प्रेमी ने बताया कि उपकेंद्र का निर्माण लगभग छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके तैयार हो जाने के बाद तीन पंचायतों के ग्रामीण सीधे लाभान्वित होंगे और साथ ही मुसुरपुट्टा उपकेंद्र का लोड भी कम होगा। ग्रामीणों ने उपकेंद्र निर्माण को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया और विधायक का आभार व्यक्त किया।

चित्र—मांडाभर्री(नरहरपुर) में विद्युत सब—स्टेशन हेतु भुमि पूजन कांकेर विधायक आशा राम के करकमलों से किया गया।
———————
02.ग्रामसभा का आयोजन 02 से 06 अक्टूबर तक।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालय तथा उनके आश्रित ग्रामों में 02 से 06 अक्टूबर 2025 तक ग्राम सभा आयोजन हेतु निर्देश जारी किया गया है। उन्होंने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि ग्राम सभाओं का आयोजन अपने स्तर से पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर तथा समय-सारणी बनाकर तिथि निर्धारित करें ताकि एक ही तिथि को ग्राम पंचायत के एक से अधिक ग्राम में उसी तिथि में ग्राम सभा का आयोजन न हो। इस प्रकार की व्यवस्था से सरपंच, सचिव सभी ग्राम सभाओं में अपनी उपस्थिति दे सकेंगे एवं ग्राम सभा का आयोजन सही ढंग से हो सकेगा।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा है कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पंचायतों के द्वारा ग्राम सभा सम्मेलन की सूचना सार्वजनिक स्थल, सहगोचर स्थानों पर चस्पा व मुनादी कराएं। साथ ही ग्रामसभा की कार्यवाही सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के बाद लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्रामसभा निर्णय’’ GS NIRNAY मोबाईल एप में अपलोड कर ग्रामसभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराकर निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन जिला कार्यालय को 09 अक्टूबर 2025 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि 02 से 06 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली ग्रामसभा में 17 विषय एवं एजेंडा पर आधारित गतिविधियों को सम्मिलित किया गया है। इसमें पूर्व की ग्रामसभा बैठकों में पारित संकल्पों का क्रियान्वयन, तिमाही आय-व्यय की समीक्षा, विभिन्न योजनांतर्गत स्वीकृत एवं व्यय राशि की स्थिति, पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण एवं वार्षिक सत्यापन, जन्म, मृत्यृ विवाह पंजीयन का निराकरण, मौसमी बीमारियों का निदान, कर अधिरोपण एवं संग्रहण, बकाया राशि का लेखा-जोखा, आवारा पशुओं के प्रबंधन, एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन, फसल गिरदावरी के आधार पर भूईया सॉफ्टवेयर में एंट्री सहित इत्यादि विषय शामिल हैं।
———————
03.रजत जयंती वर्ष एवं सेवा पखवाड़ा के तहत जनपद स्तरीय पेंशन समाधान शिविर 27 सितम्बर को।
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में रजत जयंती वर्ष एवं सेवा पखवाड़ा के तहत जिले के सभी जनपदों में पेंशन समाधान शिविर का आयोजन 27 सितम्बर को किया जाएगा। समाज कल्याण कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार शिविरों के माध्यम से नवीन पेंशन हेतु आवेदन, नॉन डीबीटी से डीबीटी, हितग्राहियों को मोबाइल नंबर का संकलन, आधार सीडिंग, बैंक खाता खोलना, आधार कार्ड बनवाना, आधार सुधार, डीएलसी सत्यापन, मृत हितग्राहियों की जानकारी का संकलन, विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार, विवाह प्रोत्साहन, सहायक उपकरण, कैलिपर्स हेतु आवेदन, आंकलन एवं वितरण, परिवार सहायता आवेदन आदि का कार्य किया जाना है। उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि शिविर में दिव्यांगजन, वृद्धजन का स्वास्थ्य परीक्षण आंकलन एवं सहायक उपकरण वितरण भी किया जाएगा। वृद्धजन के आयुष्मान कार्ड तथा दिव्यांगजनों के बस परिवहन पास हेतु आवेदन, राशन कार्ड बनाए जाने हेतु आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। उक्त शिविर में सभी पात्र हितग्राही उपस्थित होकर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
———————
04.दिव्यांग पंजीयन यूडीआईडी एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर 28 सितम्बर को।
— रजत जयंती वर्ष एवं सेवा पखवाड़ा के अवसर पर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों हेतु दिव्यांगता प्रमाण पत्र, सहायक उपकरण वितरण तथा कृत्रिम अंग हेतु चिन्हांकन शिविर का आयोजन 28 सितम्बर को लाईवलीहुड कॉलेज परिसर में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। शिविर में प्रमाण पत्र बनाने व यूडीआईडी कार्ड हेतु पंजीयन एवं कार्ड की छायाप्रति प्रदान की जाएगी। दिव्यांगता प्रमाण पत्र हेतु दिव्यांगता दर्शित पासपोर्ट साइज फोटो 4 नग, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं आधार रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, मेडिकल प्रमाण पत्र की छायाप्रति लाना होगा। इसके अलावा दिव्यांगजनों का प्रमाणीकरण, यूडीआईडी कार्ड पंजीयन, सहायक उपकरण वितरण, कैलिपर्स हेतु आंकलन किया जाएगा। जिला स्तरीय शिविर में सभी जनपद एवं नगर पंचायतों में पात्र हितग्राही अपनी सहभागिता निभा सकते हैं।
———————
05.कृषि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस कार्यक्रम का आयोजन।
—रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कांकेर में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने और उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए बताया गया कि राष्ट्रीय सेवा योजना जिम्मेदार, अनुशासित और संवेदनशील नागरिक बनाता है। साथ ही स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता अभियान, युवा और राष्ट्र निर्माण विषय पर व्याख्यान एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
———————
06.‘‘स्वच्छोत्सव’’ कार्यक्रम में विधायक आशा राम नेताम ने किया सामूहिक श्रमदान।
—जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत आज ’‘स्वच्छता ही सेवा- स्वच्छोत्सव’’ थीम पर विकासखण्ड कांकेर की ग्राम पंचायत पुसवाड़ा में जिला स्तरीय स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत् सामूहिक श्रमदान का कार्यक्रम रखा गया। स्वच्छता ही सेवा ‘स्वच्छोत्सव’ अभियान के तहत् ‘‘एक दिन, एक घण्टा, एक साथ’’ सामूहिक श्रमदान में प्रातः 8ः00 बजे स्वच्छता ही सेवा अभियान में मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत की परिकल्पना को चरितार्थ करने हेतु स्वंय से स्वच्छता को आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत गांव के अंतिम छोर तक स्वच्छता का अलख जगाने का अनुरोध ग्रामीणों से किया। साथ ही विधायक श्री नेताम द्वारा ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उक्त कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, हरेश मंडावी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कांकेर, सरपंच ग्राम पंचायत पुसवाड़ा सहित ग्रामवासियों ने सामूहिक श्रमदान अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

चित्र—स्वछोत्सव आयोजन पुसवाडा में कांकेर विधायक आशा राम नेताम।
———————
07.बाढ़ आपदा प्रबंधन के तहत बचाव राहत हेतु नगर सैनिकों ने किया ‘मॉक ड्रिल’।
—होमगार्ड के सैनिक आज सुबह सिंगारभाट के जिला सेनानी कार्यालय परिसर में ग्राम आतुरगांव व सिंगारभाट के बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को फौरी तौर पर रेस्क्यू करते हुए उनकी जान बचाई। साथ ही बाढ़ की चपेट में आए गाय-बकरियों को भी तात्कालिक रूप से बचाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर लाया गया। इस दौरान प्रशिक्षित नगर सैनिकों ने पानी में डूबते हुए ग्रामीण, बाढ़ के चलते पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाते हुए युवक तथा दूसरे छोर पर फंसे ग्रामीणों की जान बचाई।यह दृश्य जिला कार्यालय से लगे ग्राम सिंगारभाट के जिला सेनानी कार्यालय परिसर में आज सुबह देखने को मिला, जब नगर सैनिकों ने आपातकालीन स्थिति में किए जाने वाले आपदा प्रबंधन और बचाव कार्य का मॉक ड्रिल (काल्पनिक दृश्य) किया।

भारत सरकार राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्षा ऋतु के दौरान प्राकृतिक आपदा एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाने व राहत दिलाने के लिए उक्त मॉक ड्रिल संबंधित विभागों के परस्पर समन्वय से किया गया। इस दौरान नगर सैनिक के जवानों ने बचाव कार्य के लिए क्रमशः बोट को प्रभावित क्षेत्र में लेकर जाना, उसमें सभी प्रकार के आवश्यक उपकरण रखना, फिर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन कराते हुए पीड़ित ग्रामीणों को लाइफ जैकेट पहनाकर सुरक्षित ढंग से लाने का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ में फंसे गाय, बैल एवं बकरियों को सुरक्षित ढंग से बाहर निकालने का भी प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात बाढ़ में जलभराव के चलते भवन में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सीढ़ी के माध्यम से बाहर लाने का लाइव डेमो किया गया। इसके बाद प्रभावित लोगों का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण मेडिकल टीम द्वारा किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें एम्बुलेंस के जरिए समीप के स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाने का प्रदर्शन किया गया।इसके उपरांत नंदनमारा पुल के समीप रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों का मार्ग डायवर्ट करने और राहत प्रबंधन का प्रदर्शन नगर सैनिकों के द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, जिला सेनानी, जल संसाधन, वन, जनसम्पर्क, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, पशु चिकित्सा, विद्युत, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, दूरसंचार, परिवहन, नगरीय निकाय, कोष एवं लेखा, कृषि तथा एनसीसी के कैडेटस् आदि संपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रक्रिया से अवगत हुए तथा विभागीय दायित्वों के संबंध में मौके पर उन्हें जानकारी दी गई। इस दौरान एडिशनल एसपी दिनेश कुमार सिन्हा, एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा, संयुक्त कलेक्टर नोडल अधिकारी श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।बचाव कार्य में प्रयुक्त उपकरणों का किया गया प्रदर्शन मॉक ड्रिल के दौरान नगर सैनिकों के द्वारा बाढ़ प्रबंधन एवं बचाव कार्य में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों एवं उनकी उपयोगिता का भी प्रदर्शन किया गया। इनमें एल्युमिनियम बोट, ओबीएम, एचडीपीई लाइफ बोट, लाइफ जैकेट, सर्चिंग लाइट, मनीला रोप, नायलोन रोप, रबर दस्ताने, कटिंग प्लायर, तारपोलिन शीट, चप्पू, लोहा कांटा, कंबल, फर्स्ट एड बॉक्स, ओबीएम स्टैण्ड, लाइफ बोट ट्रॉली तथा माइक इत्यादि शामिल थे।

———————
08. खेल प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु पंजीयन 20 अक्टूबर तक। बस्तर ओलंपिक 2025 का आयोजन।
—बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ने, उनके रचनात्मक एवं खेल प्रतिभा को निखारने, उन्हें अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने और बस्तर क्षेत्र की जनता का शासन से प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से बस्तर संभाग के समस्त जिलों में ‘बस्तर ओलम्पिक 2025‘ खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता जूनियर वर्ग 14 से 17 वर्ष (बालक-बालिका) एवं सीनियर वर्ग में (महिला-पुरूष) आयुबंधन नहीं है। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली सदस्यों को प्रोत्साहित करने हेतु उन्हें सीधे संभाग स्तर पर प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई जाएगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 20 अक्टूबर 2025 तक पंजीयन किया जाएगा। जिला कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय कांकेर में व्यापक रूप से बस्तर ओलंपिक 2025 का आयोजन किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इसके सफल आयोजन के लिए सभी स्तर पर कमेटी का गठन किया जाएगा। विकासखण्ड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जिला स्तर पर कलेक्टर एवं संभाग स्तर पर कमिश्नर अध्यक्ष होंगे। उन्होंने बताया कि पंजीयन विकासखण्ड में जनपद पंचायत, कार्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला में कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, इण्डोर स्टेडियम भवन, कांकेर, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर एवं संभाग में ऑनलाईन एवं ऑफलाइन किया जाएगा। बिना पंजीयन के कोई भी प्रतिभागी प्रतियोगिता में सम्मिलित नहीं हो सकेगें। पंजीयन हेतु आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड एवं एकाउंट डिटेल स्वयं का नाम, पता, पिता का नाम, खाता क्र. एवं आई.एफ.एस.सी. कोड अनिवार्य होगा। पुरस्कार की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से खाते में भेजा जाएगा।खेल प्रतियोगिता विकासखण्ड स्तर पर 25 अक्टूबर से 05 नवंबर, जिला स्तर पर 05 से 15 नवंबर एवं संभाग स्तर पर 24 से 30 नवंबर तक आयोजन होगा। बस्तर ओलपिंक 2025 आयोजन के अंतर्गत एथलेटिक्स- 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपूट, डिस्कस थ्रो, जैवेलिन थ्रो, 4ग्100 मी. रिले रेस, तीरंदाजी 30 एवं 50 मीटर, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो, व्हालीबॉल आदि खेलों को शामिल किया गया है। हॉकी एवं वेटलिफि्ंट सीधा जिला स्तर पर होगा एवं रस्साकसी (प्रदर्शनात्मक केवल महिला सीनियर वर्ग के लिए) प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
———————
09.हाराडुला मे बटरेल की सांस्कृतिक संस्था रंगझाझर की हुई प्रस्तुती।
-नवदुर्गा उत्सव समिति ग्राम हाराडूला, में ग्राम वासियों की सहयोग से दुर्गोत्सव पर बटरेल(दुर्ग) की सांस्कृतिक टीम रंगझांझर ने बेहतर प्रस्तुती दी। जिसका क्षेत्रवासियों ने भरपुर आनंद लिया। कार्यक्रम की शुरुआत आयोजक समिति के द्वारा रंग झांझर कलाकारों का स्वागत वंदन किया गया,रंग झांझर परिवार की ओर से गणेश वंदन के साथ-साथ सुेवा , दादरिया, छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गीतों के मनोरम दृश्य के साथ खूब तालियां बटोरी।इस कार्यक्रम में गांव के पटेल, रघुनंदन साहू, सरपंच सुशीला टकेश्वर मरकाम, उपसरपंच रामनारायण नेताम, पूर्व सरपंच महेन्द्र गावड़े, आजू राम नाग, यशवंत साहू, केशव साहू, कार्तिक राम नवेंद्र, रामू नग, सुरेश गढ़पाले, संतोषी डांडिया, राजेंद्र बाल्मीकि, पोषण साहू दिनेश नेताम ,स्वराज साहू ,राकेश वाल्मीकि, परमानंद साहू, सुखराम सिन्हा ,फूलचंद जूरी ,मनु चक्रधारी, सोनिया चक्रधारी, कुशल पटेल, विजय सोनवानी ,खूब लाल निर्मलकर, मुलक सिन्हा, रामधर निषाद, जितेंद्र साहू, आदि उपस्थित रहे।

चित्र—हाराडुला(चारामा) में नवरात्र पर अपनी प्रस्तुती देते ‘रंगझांझर’ बटरेल(दुर्ग) के लोक कलाकार।
———————
10.क्षेत्रीय किसान कन्याण समिति ने क्षेत्र की विभीन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन।
—क्षेत्रीय किसान कन्याण समिति ने क्षेत्र की विभीन्न मांगों को लेकर आज चारामा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की महती चार महत्वपूर्ण मांग शामिल है,जिसमें ग्राम चिनौरी के ग्रामीणों द्वारा ग्राम की जमीन महाविद्यालय के लिए आरक्षित करने का निर्णय हुआ है,जहां महाविद्यालय का निर्माण हो। लखनपुरी साप्ताहिक बाजार को दुरूस्त किया जाये,जहां अभी तमाम समस्याएं व्याप्त है। चिनौरी में हाईस्कूल का हायरसेकेण्डरी में उन्नयन। लखनपुरी में उप-तहसील के लिए भवन बनाये जाने की मांग शासन प्रशासन से की गई है।

———————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है।🙏
———————-






