कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
10 मार्च 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय-
”महिला गरीब नहीं‚उसका समाज में सबसे ऊंचा स्थान”
—इमली Tamarind का नाम सुनकर ही आपके मुंह में पानी आ गया होगा। हो‚ क्यों नाǃ पानीपुरी सहित अन्य खाद्व पदार्थों के रूप में आप जो उपयोग करते हैं। बता दें इमली फैबेसी कुल का एक वृक्ष है। जिसका वानस्पतिक नाम टैमरिन्ड है। वृक्ष 70–80 फीट तक बडे होते हैं। इसके फल लाल से भूरे रंग के होते हैं, तथा स्वाद में बहुत खट्टे होते हैं। इसकी पत्तियां एक वृन्त तथा कतार में दोनों ओर लगी होती है। ज्वर नाशक एवं ऐंटिंबायोटिक गुण होने के चलते इसका उपयोग फायदेजनक है। विटामिन सी के अलावा कैल्शियम पोटेशियम‚फास्फोरस‚ मैग्नीज और फायबर आदि खनिज भी होते हैं। पाचन सहित आंखों के लिए‚दांतो के लिए‚पीलिए के लिए‚सर्दी जुकाम सहित कई अन्य गुण इमली में छुपे हैं। जब इमली की बात हो रही हो तो बस्तर के इमली की बात न हो ऐसा नहीं हो सकता। कुछ संस्थाओं के माध्यम तो बस्तर इमली आपको घर बैठे पैकिंग में भी मिल सकती है। बस्तर में लोगों के आर्थिक श्रोत के बारे में सीधे बता दें कि कुछ समय तक तो जिसके घर में जितना इमली का वृक्ष उतना समृद्व माना जाता है। कई सुदूर जगहों पर इमली पेंड के अनुसार वैवाहिक संबंध जोडने में बातें की जाती है। बस्तर की इमली और सीता फल के क्या कहने। बस्तर में इस बार इमली की फसल खूब है। जहां देखें पेंड़ ईमली से आच्छादित नजर आ रहे हैं। आम का भी ऐसा ही फसल रहने वाला है। हालांकि ऐन वक्त में पूरी तरह बौर से आच्छादित आम की फसल को खराब मौसम ने खराब करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी बावजूद इसके इस बार यहां के बाजार में आम लोगों के लिए भी आम सरलता से आम होने वाला है।
✍️मनोज जायसवाल
————————
01.प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी, प्रतीक दादासाहब बंसोडे ने जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के अंतर्गत थाना प्रभारी का प्रभार ग्रहण किया ।
—थाना सिटी कोतवाली कांकेर में सोमवार को भारतीय पुलिस सेवा वर्ष 2024 के RR 77 बैच के प्रशिक्षु IPS अधिकारी, प्रतीक दादासाहब बंसोडे ने जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के अंतर्गत थाना प्रभारी का प्रभार ग्रहण किया । थानाध्यक्ष का प्रभार लेने के बाद प्रशिक्षु IPS ने थाना सिटी कोतवाली में पदस्थापित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से परिचय लिया साथ ही थानाक्षेत्र के भौगोलिक स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। उनके द्वारा थाने में पदस्थ सभी पदाधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया ।प्रशिक्षु IPS प्रतीक दादासाहब बंसोडे ने कहा कि स्थानीय पुलिस बल के समन्वय व सशक्ति के साथ थाना क्षेत्र के सभी मामलों का निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस जनता के हित में सदैव तत्पर रहेगी।
————————
02. सांसद-विधायक निधि मद के निर्माण कार्यां को प्राथमिकता से पूर्ण करें : कलेक्टर समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली।
—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर लंबित प्रकरणों एवं विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांसद निधि एवं विधायक निधि के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन कार्यों को अब तक प्रारंभ नहीं किया गया है, उन्हें तत्काल शुरू करने के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया। इस दौरान कलेक्टर ने शासन द्वारा स्वीकृत विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलिया के निर्माण कार्यों को मई माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 11 बजे आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने विभिन्न विभागों में निष्क्रिय बैंक खातों को अब तक समायोजित नहीं किए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे शीघ्रता से करने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग में डीफ एकाउंट की सर्वाधिक संख्या को देखते हुए उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं की समाप्ति के तुरंत बाद ब्लॉक स्तर पर कैम्प लगाकर निष्क्रिय खातों को समायोजित करने की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। इसी तरह ऐसे शासकीय वाहन जो 15 साल चल चुके हैं, उनका हर हाल में शत-प्रतिशत अपलेखन करने के निर्देश जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना के तहत स्वीकृत निर्माण के छोटे-छोटे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने शासन द्वारा स्वीकृत पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण के सभी कार्यों को प्रारंभ कर आगामी मई माहांत तक पूरा करने के भी निर्देश निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए।इसके अलावा बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए शीघ्रता से पूर्ण कराने के लिए जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी को निर्देशित किया। इस दौरान सामाजिक अंकेक्षण, आंगनबाड़ी एवं पीडीएस भवन निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित स्वास्थ्य विभाग पोषण पुनर्वास केंद्र, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, आयुष्मान भारत के अलावा विभिन्न कार्यों में प्रगति लाने के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में उन्होंने ई-ऑफिस का क्रियान्वयन एवं बॉयोमेट्रिक आधारित अटेंडेंस सिस्टम का कड़ाई से पालन करने तथा अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को भी अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए पूर्ण गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर हेमचंद पहारे, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं बी.एस. पैकरा, विभिन्न अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी सहित जिले एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।या ।
———————
03.छत्तीसगढ़ महिला आयोग द्वारा प्रकरणों की सुनवाई 13 मार्च को जगदलपुर में।
—छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, दंतेवाड़ा, कोण्डागांव, नारायणपुर, बीजापुर एवं सुकमा जिलों से प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई आयोग की गठित न्यायपीठ की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती किरणमयी नायक एवं आयोग के सदस्यों द्वारा 13 मार्च को कलेक्ट्रेट भवन जगदलपुर के प्रेरणा सभा कक्ष में प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। कांकेर जिले के आवेदिका एवं अनावेदक को भी उक्त सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
————————
04. कल से कांकेर नगर में श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का रसपान करायेंगे डॉ. इंद्रदेव महाराज।
चित्र—डॉ. इंद्रदेव जी महाराज से चर्चा करते नगर के जानेमाने समाजसेवी मोहन सेनापति एवं अन्य।
— कांकेर नगर में रूपेंद्र बैस परिवार की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कल से किया जायेगा। अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक डॉ. इंद्रदेव महाराज ज्ञान यज्ञ कथा का रसपान करायेंगे। इस हेतु कल10 मार्च मंगलवार को प्रातः 11.30 बजे नगर के शीतला मंदिर शीतला पारा से कलश यात्रा निकलेगी जो 1.30 को मेला भाठा पहुंचेंगी। तत्पश्चात भगवतआचार्य डॉ इंद्रदेव जी महाराज 7 दिवसीय श्रीमदभागवदकथा का वाचन करेंगे। सभी भक्तजन श्रोताओं को कथा श्रवण के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।
———————–
05. होली मिलन एवं फाग महोत्सव का अंगना कार्यालय बेंवरती में आयोजन।
— कांकेर के लोकप्रिय विधायक आशा राम नेताम के गृह ग्राम बेंवरती के अंगना कार्यालय में होली मिलन एवं फाग महोत्सव पूरे धूमधाम से मनाया गया। चित्र में देखी जा सकती है कि रंग गुलाल में पूरी तरह सराबोर विधायक लोगों के साथ पूर्ण भक्तिभाव,भाईचारा,सद्भावना के साथ रंगपंचमी पर्व पर त्यौहार मनाया जा रहा है। इस हेतु समाज के विभीन्न क्षेत्रों से जुडी हस्तियों को कार्ड एवं सोशल मीडिया के माध्यम भी निमंत्रण दिया गया था।
———————–
06.दुधावा में शीतला मंदिर निर्माण का भुमिपूजन एवं सामुदायिक भवन का लोकार्पण कांकेर विधायक के हाथों सम्पन्न।
—जिले के ग्राम दुधावा में शीतला मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन तथा महिला ग्राम संगठन के सामुदायिक भवन के लोकार्पण कांकेर विधायक आशाराम नेताम शामिल हुए। उन्होंने विकास कार्य के लिए विधिवत भूमि पूजन किया।बताते चलें ग्राम दुधावा का शीतला मंदिर लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिसके पुनर्निर्माण की मांग ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही थी। विधायक आशाराम नेताम के प्रयासों से यह मांग पूरी होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर देखी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों की मांग पर विधायक आशाराम नेताम ने दंतेश्वरी मंदिर के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच आकाश नेताम (ग्राम पंचायत दुधावा) ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद पंचायत नरहरपुर के उपाध्यक्ष संजू गोपाल साहू, जनपद सदस्य श्रीमती वीणा बंटी राय उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में हीरा मरकाम (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), जंगलू राम नेताम (ग्राम पटेल), निरंजन गजीर (उपसरपंच ग्राम पंचायत दुधावा), श्रीमती श्यामा बाई नेताम (पूर्व सरपंच), टिकेश्वर सिन्हा (मंडल अध्यक्ष), यशवंत सुरोजिया, दुकालू नेताम, लक्ष्मण साहू, दशरथ मरकाम, कर्ण कुमार साहू, फत्ते मरकाम, प्रताप नेताम, हेमलाल रजक, प्रेमलाल निषाद, सालिक राम यादव, लक्ष्मी नेताम, मोहन नेताम, खेमू राम साहू, पुरषोत्तम साहू, इन्दभान साहू, हिरा साहू, देवचंद्र भास्कर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
———————–
07.एनएमएमएसई छात्रवृत्ति परीक्षा 2 मई को, आवेदन 20 मार्च तक आमंत्रित।
—भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना (NMMSE) के अंतर्गत सत्र 2025-26 के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य कक्षा आठवीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा इस परीक्षा के लिए निःशुल्क ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन आगामी 20 मार्च तक आमंत्रित किए गए हैं। विद्यार्थियों को अपने अध्ययनरत विद्यालय में पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र, प्रवेश पत्र तथा आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। विद्यालयों द्वारा प्राप्त आवेदन पत्र 23 मार्च तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों में जमा किए जाएंगे, जबकि केंद्राध्यक्ष द्वारा ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया पूर्ण कर दस्तावेज मंडल कार्यालय को 2 अप्रैल 2026 तक भेजे जाएंगे।कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिले के अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के दस्तावेज समय पर तैयार कराए जाएं, ताकि किसी भी छात्र को दस्तावेजों की कमी के कारण चयन सूची से वंचित होने न पाए।उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन आगामी 02 मई को किया जाएगा। परीक्षा दो भागों में आयोजित होगी, जिसमें बौद्धिक योग्यता परीक्षण (MAT) और शैक्षिक योग्यता परीक्षण (SAT) शामिल हैं। दोनों प्रश्नपत्रों में 90-90 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे तथा प्रत्येक प्रश्न के लिए एक अंक निर्धारित किया गया है। परीक्षा हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों में आयोजित की जाएगी और इसमें किसी प्रकार का ऋणात्मक अंकन नहीं होगा।
———————–
08. सभी नवनियुक्त जिला, ब्लाक व मंडल के पदाधिकारियों को मिले नवीन दायित्व के लिए भानुप्रतापपुर विधायक ने दी बधाई शुभकामनाएं।
-ग्राम जेपरा ( चारामा ) में कांग्रेस मंडल हाराडुला एवं टांहकापार के बैठक सह सम्मेलन में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई उन्होंने सभी नवनियुक्त जिला, ब्लाक व मंडल के पदाधिकारियों को मिले नवीन दायित्व के लिए बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर प्रमुख रूप से एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर,कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष बसंत यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जनक नंदन कश्यप, नवली मीना मंडावी, हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा, महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस, राजेन्द्र सलाम अध्यक्ष कांग्रेस मंडल हाराडुला, गोविन्द पटेल अध्यक्ष कांग्रेस मंडल टांहकापार, प्रेमलता सुखदेवे अध्यक्ष महिला कांग्रेस ब्लॉक चारामा, नव नियुक्त जिला पदाधिकारियों में शिवाराम जुर्री,चित्रकांत सिन्हा,रमशीला मंडावी कृषि सभापति जनपद पंचायत चारामा, श्रीमती मैना ध्रुव अध्यक्ष सरपंच संघ चारामा,सुरुचि सिन्हा पूर्व सदस्य जनपद पंचायत चारामा, विजय सिन्हा , देवकुमार ध्रुव, दयाराम रायस्त,भागबली शोरी, रिकेश्वर हिरवानी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
———————–
09. अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शामिल हुई भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी।
—अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजीव भवन कांकेर में जिला महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी शामिल हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं सभी कार्यक्षेत्रों में अपने आपको स्थापित की हुई है। पुरुष प्रधान इस भारतीय समाज में आज महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है। हमारी माता बहनें आज नित नए आयाम गढ़ती चली जा रही हैं। हम पढ़ाई के क्षेत्र में भी गौर करें तो पिछले कुछ वर्षाे से बेटियों का ही दबदबा रहा है। ओलंपिक में भी हमारी बेटियों ने ही देश का मान बढ़ाया है। कार्यक्रम के अंत में जिला पुलिस बल के गुलाबी गेंग महिला आरक्षको का सम्मान किया गया।
———————
10. अन्नपुर्णा पारा वार्ड के मुक्तिधाम का कलेक्टर द्वारा निरीक्षण।

– आज नगर के अन्नपूर्णा पारा वार्ड स्थित मुक्तिधाम का निरीक्षण कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं सीईओ जिला पंचायत कांकेर द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यहाँ किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। गौरतलब कि पूर्व में इस मुक्तिधाम की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन सबकेे सामूहिक प्रयासों से इसे आम नागरिकों के लिए स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा रहा है, जो अब लगभग पूर्णता की ओर है। आने वाले समय में यह मुक्तिधाम नागरिकों के लिए एक शांत, स्वच्छ और गरिमामय स्थान के रूप में विकसित होगा।इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका परिषद के सदस्य भी उपस्थित रहे।
———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
———————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






