कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से….
11 फरवरी 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
————————
संपादकीय—
”मंच पर थोथी वाहवाही से अधिक दुवाएं”
—यही समय होता है, मानवता दिखाने का! सरकार,जनप्रतिनिधि अपितु यदि आप आम आदमी के नाते भी अपनी सहृदयता का परिचय दे सकते हैं। धार्मिक आयोजन के नाम जो लाखों रूपये फूंक रहे हैं,अपने नाम करने की खातिर किसी गांव के मंच पर साउंड सिस्टम में अपने नाम का वाचन करा कर आंतरिक रूप से जो गदगद हो रहे हो ना वह किसी काम का नहीं है। वही लोग ही आपको जानेंगे जिनसे प्रतिरोज आपका चेहरा टकरा रहा होता है। कराहते परिवार के बीच आपके दिलों में सहयोग की भावना कैसे जगेगी? अपने नाम करने की सोच के साथ साउंड सिस्टम के मीठे बोल आपको कुछ मिनट जरूर अच्छा लगेगा, यहां आपको आपके पैसे देने की खातिर साउंड सिस्टम में बोले अनुसार ईश्वर रक्षा करे ना करे लेकिन जब आप मानवता की रक्षा की खातिर किसी के दुख दर्द में खड़े होते हैं तो निश्चित रूप से ईश्वर तो साथ होंगे ही अपितु लोगों में आपके सहृदयता की चर्चा जरूर होगी। साथ ही वह दुःखी परिवार हमेशा आपको याद करेगा। आप लाखों में खेलिये गांव के किसी भी मंच पर खूब अपने नाम का गुणगान कराइये। स्वयं में खुद को महिमामंडित करें। सोशल मीडिया में सहयोग के नाम की वाहवाही लेते रहें लेकिन याद रखें वहां कहीं न कहीं आप व्यावसायिक प्रतिस्पर्धात्मक दौर में किसी का फायदा भी करा रहे हैं। फिर मानवता की रक्षा की खातिर कभी आप उस दुखी परिवार के साथ खडे होकर देखिये…कभी किसी मंचों में खुद के नामों के वाचन का शौक नहीं रहेगा। ना कभी अपने खुद के नाम को महिमामंडित किये जाने की गलत सोच को पनपने नहीं देंगे। जरूर इस दिशा में कदम कम मिलेंगे पर दुवाएं मंच पर थोथी वाहवाही से कई गुना अधिक मिलेंगे। निर्णय आपका जैसी जिनकी सोच।
मनोज जायसवाल
————————
जिला परियोजना समन्वयक नवनीत पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभिप्रेरणा कार्यशाला में जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर प्रेरित हों, सही रणनीति समझें और लक्ष्य के प्रति दृढ़ होकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को परीक्षा तैयारी के सही तरीकों, पढ़ाई की रणनीति, समय प्रबंधन, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण तथा सफलता के लिए आवश्यक मानसिक दृढ़ता के संबंध में प्रेरित किया जाएगा। कार्यशाला में जिले के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों से 85 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले समस्त छात्र-छात्राओं को उक्त मोटिवेशनल कार्यशाला में सम्मिलित किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी प्राचार्यों से कहा है कि वे अपने विद्यालय अंतर्गत 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों की सूची तैयार कर उनकी अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों को नियत समय पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित कराना विद्यालय की जिम्मेदारी होगी। विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी ध्यान रखने कहा गया है।
02. डिजिटल फ्रॉड एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
—सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर आज कलेक्टोरेट कांकेर में डिजिटल फ्रॉड एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ हो रहे साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से आमजन एवं शासकीय कर्मचारियों को सतर्क एवं जागरूक करना, सुरक्षित, जिम्मेदार एवं भरोसेमंद इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देना तथा साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना था।प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं लिंक फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक वेबसाइट एवं डिजिटल स्कैम के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल लेन-देन के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित पासवर्ड, ओटीपी गोपनीयता एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने की प्रक्रिया को समझाया गया।इस अवसर पर कलेक्टोरेट के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल जागरूकता के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि थोड़ी-सी सतर्कता और सही जानकारी से डिजिटल फ्रॉड से बचा जा सकता है।
———————
03. मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 251 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दी आशीर्वाद।

—मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज जिले के शहीद शिवकुमार मंडावी खेल मैदान, गोविंदपुर में सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया गया, जिसमें 251 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कांकेर आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नव-दम्पतियों को उनके सुखमय जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। सामूहिक कन्या विवाह को संबोधित करते हुए विधायक श्री नेताम ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा है, जो सामाजिक समरसता एवं बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बहुत अच्छी योजना है, समूह में मिलकर बाजे-गाजे के साथ खुशी भरे माहौल में विवाह सम्पन्न हो रहा है। सभी वर-वधु को सुखी जीवन के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सामूहिक कन्या विवाह में शामिल घराती-बराती का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह महती योजना है।

राज्य सरकार द्वारा सामूहिक कन्या विवाह के लिए 35 हजार रूपए की मदद कन्या के उपहार सामग्री के लिए दी जाती है, जो वधु के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जाती है। इसके अलावा 01 हजार रूपए परिवहन व्यय के लिए दिए जा रहे हैं। इस प्रकार 36 हजार रूपए की सहायता राशि सरकार द्वारा प्रदान की जा रही है। उन्होंने नव-दम्पत्तियों को सुखी वैवाहिक जीवन अपनी शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह में 251 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह संस्कार सम्पन्न कराया गया। इनमें कांकेर परियोजना के 43 वर-वधु, चारामा परियोजना के 30, नरहरपुर के 30, भानुप्रतापपुर के 30, अंतागढ़ के 38, दुर्गूकाेंदल के 29, कोयलीबेड़ा के 20 और पखांजूर परियोजना 31 वर-वधु शामिल हैं। इस अवसर पर पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तेजेश्वरी सिन्हा, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती तारूणी ठाकुर, सतीश लाटिया, राजीव लोचन सिंह, राजा देवनानी, दिलीप खटवानी, अनूप शर्मा, एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी विपिन जैन सहित नव दम्पत्तियों के परिजन, जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
————————
04. शिशु मंदिर में मिलते हैं‚अच्छे संस्कार —आशुतोष महाराज ।
—परम सिद्ध श्री महंत श्री श्री 108 ब्रह्मचारी आशुतोष जैन चैतन्य महाराज नर्मदा शक्तिपीठ शंकराचार्य आश्रम डिंडोरी अमरकंटक वाले महाराज का सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ पिछवाडी़, कांकेर में आगमन हुआ।

कांकेर शिक्षा समिति के द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाडी़ कांकेर के व्यवस्थापक अशोक राठी के प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के भैया बहनों को हिंदू संस्कृति, हिंदू सभ्यता एवं सनातन धर्म के प्रसार से अवगत कराना था।इस अवसर पर आशुतोष महाराज का स्वागत विद्यालय समिति एवं विद्यालय परिवार की ओर से किया गया। बहनों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में व्वस्थापक अशोक राठी ने गुरू ब्रह्मा गुरू विष्णु गुरू देवौ महेश्वर से अपना स्वागत भाषण शुरू करते हुए कहा कि गुरू महाराज जी हम सबके प्रेरक है उन्होंने आगे अपनी इन पंक्तियों के साथ कहा कि गुरू महाराज जी जैसा खिलता है फूल कोई कोई, जन्म लेता है धरती में आप जैसा गुरू कोई कोई।
विद्यालय परिवार को संबोधित करते हुए अपने उद्बोधन में आशुतोष जी महाराज शंकराचार्य ने कहा कि हमें शिशु मंदिर से अच्छे संस्कार मिलते है। मै भी इसी विद्यालय का विद्यार्थी रहा हूँ। आयु विद्या बल यश प्राप्त करने के लिए प्रातरू माता पिता गुरू के चरण स्पर्श करे। विद्या ऐसा धन है जो कोई छीन नहीं सकता। ज्ञान संग्रहित करे। देश निर्माण में हमे योग देना है।प्रातः अलौकिक शक्तियाँ विद्यमान होती है। पढाई जीवन में उतारना है। अग्नि शीतल हो जाये तो युवा जन में शौर्य का प्रदर्शन कैसे होगा। जैसे उद्बोधन से उन्होने एक प्रेरणा जगाई।कार्यक्रम का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्राचार्य कैलाश कुमार तारक ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षण हमारे विद्यालय के लिए गौरव का था, जब महाराज जी के संबोधन को हम सब सुन पाये।इससे निश्चित ही एक सनातन की परंपरा विकसित हुई हैं। जो भैया बहनों के अंदर हिन्दुत्व का भाव जगाती है।इस अवसर पर यशवंत , राम शरण जैन, अजय जैन, सुखनंदन, तोमर, सोमसाय साहू,तृप्ति दीदी, सुनीता जैन ,राजगोपाल कोठारी, सरपंच हेमलता मंडावी व विद्यालय के समस्त आचार्य दीदियाँ व भैया बहिन,साथ ही ग्रामीण जन उपस्थित थे। संचालन आचार्य जीवन गंगबेर ने किया।
–———————
05. बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध। अनुमति हेतु जिला दण्डाधिकारी ने किया प्राधिकृत अधिकारी नियुक्ति।
—छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सम्पूर्ण जिले में बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को प्रतिबंधित किया है। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित की जाने वाली वर्ष 2026 की हायर सेकण्डरी, हाईस्कूल, शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च के मध्य आयोजित होगी, इससे विद्यालयीन परीक्षा के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में कोई व्यवधान न हो। इसे दृष्टिगत रखते हुए छत्तीसगढ़ कोलाहल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा-4 एवं धारा-6 के अंतर्गत तीव्र संगीत, हार्नटाइप, ध्वनि विस्तारक का उपयोग अनुज्ञा के बिना तत्काल प्रभाव से सम्पूर्ण कांकेर जिला में राजस्व सीमा के अंदर प्रतिषेध किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा अधिनियम की धारा-7 के अंतर्गत ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की अनुमति प्रदान करने के लिए जिले के संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं तहसीलदार (कार्यपालिक दण्डाधिकारी) को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है। तहसील कांकेर के लिए एसडीएम कांकेर, तहसील चारामा के लिए एसडीएम चारामा, तहसील नरहरपुर के लिए तहसीलदार नरहरपुर, तहसील सरोना के लिए तहसीलदार सरोना, तहसील भानुप्रतापपुर के लिए एसडीएम भानुप्रतापपुर, तहसील दुर्गूकोंदल के लिए तहसीलदार दुर्गूकोंदल, तहसील अंतागढ़ के लिए एसडीएम अंतागढ़, तहसील आमाबेड़ा के लिए तहसीलदार आमाबेड़ा, तहसील पखांजूर के लिए एसडीएम पखांजूर, तहसील बांदे के लिए तहसीलदार बांदे और तहसील कोयलीबेड़ा के लिए तहसीलदार कोयलीबेड़ा को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सभी प्राधिकृत अधिकारियों को परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र चलाए जाने हेतु अनुमति के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों की पंजी रखेंगे और उसके प्रत्येक आवेदन पत्र की तिथि एवं समय का विवरण दर्ज किया जाएगा तथा परीक्षण पश्चात पृथक से अनुमति आदेश जारी किए जाएंगे। कलेक्टर ने सभी प्राधिकृत अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अनुमति की सूचना संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी को दी जाए साथ कलेक्टर कार्यालय को भी इसकी सूचना दी जाए। यह आदेश 18 मार्च 2026 तक प्रभावशील रहेगा। इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।
———————–
06. अंतागढ में जुआरियों के ऊपर ताबडतोड कार्रवाई‚मचा हडकंप ।

— थाना अंतागढ पुलिस ने जुआड़ियो के उपर की कार्यवाही। जुआ एक्ट के मामले में 09 आरोपी गिरफ्तार। पुलिस जानकारी के अअनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि गत 09.02.2026 को मुखबीर के माध्यम से देवनीडोकरी मंदिर अंतागढ़ के किनारे खुली आम जगह में कुछ व्यक्ति ताश के 52 पत्ती से रूपये पैसे का हार जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने के संबंध में सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार थाना प्रभारी अंतागढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर मुखबीर सूचना तस्दीक हेतु रवाना हुए थे, जो मुखबीर के बताये स्थान पर पहुंचकर, घेराबंदी कर जुआ रेड़ की कार्यवाही किया गया। जुआ रेड कार्यवाही के दौरान 1.अरविंद आंतरम 2.फिराजे खान 3.खलील अहमद 4.मेघ बहादुर 5.मिस्त्री लाल गुप्ता 6.मृणाल कर्मकार 7.रमेश माली 8.जोहरू मण्डावी 9. जहांगीर खान सभी निवासी अंतागढ़, थाना अंतागढ़, जिला कांकेर के द्वारा ताश के 52 पत्ती से रूपये पैसे का दाव लगाकर जुआ खेलना पाया गया। जिनके कब्जे से कुल जुमला राशि 5190/- रूपये, ताश के 52 पत्ते, सफेद रंग के प्लास्टिक बोरी एवं घटना स्थल से जुआड़ियो का 06 नग मोटर सायकल एवं 07 नग एंड्राइड मोबाईल जप्त कर आरोपियो के विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा- 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियाें को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक रमेश जायसवाल थाना प्रभारी अंतागढ़, उनि0 आलोक सुबोध, प्रधान आरक्षक अजेन्द्र नरेटी, नरेश मांझी, रोशन नेताम,आरक्षक दिलीप कोरेटी, रंजीत ठाकुर, महेश यादव, जितेन्द्र नेताम, डीएसएफ आरक्षक शंभु उसेण्डी। रहे।
कांकेर पुलिस की अपील:-
अपराध पर नियंत्रण पुलिस और जनता की साझा जिम्मेदारी है। कई बार आपकी एक छोटी सी सूचना बड़े अपराधों को रोक सकती है, इसी उद्देश्य से जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा किसी भी संदिग्ध या अपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए अपराधिक हेल्पलाईन नंबर 94791-55125 संचालित की जा रही है। यह दी गई हर सूचना एवं सूचनकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
———————–
07. तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का प्रशिक्षण 16 से 20 फरवरी तक।
— तेन्दूपत्ता संग्रहण काल के पूर्व शाखकर्तन का प्रशिक्षण सभी वन परिक्षेत्र मुख्यालय में 16 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित कांकेर के प्रबंध संचालक से मिली जानकारी के अनुसार तेन्दूपत्ता शाखकर्तन कार्य के लिए कोरर में 16 फरवरी को, नरहरपुर में 17 फरवरी, कांकेर में 18 फरवरी, चारामा में 19 फरवरी एवं सरोना में 20 फरवरी को प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें संबंधित क्षेत्र के समितियों के साथ ही सरपंच, समिति अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्य, प्रबंधक, नोडल अधिकारी, फड़ मुंशी, वन समिति के अध्यक्ष एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के लिए प्रबंध संचालक द्वारा सभी वन परिक्षेत्र अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
———————–
08.जनपद पंचायत दुर्गूकोदल की सामान्य सभा कल 11 फरवरी को, निर्माण कार्य व योजनाओं की होगी समीक्षा।
—जनपद पंचायत दुर्गूकोदल की सामान्य सभा बैठक दिनांक 11 फरवरी 2026 (बुधवार) को आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 12:00 बजे जनपद पंचायत दुर्गूकोदल के सभाकक्ष में संपन्न होगी। बैठक जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपी बढ़ाई की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेंद्र बंजारे ने जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य सभा बैठक में विकासखंड दुर्गूकोदल अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
–———————
09.चारामा विकासखंड में युरिया खाद की अभी से कमी।
—जिले के चारामा विकासखंड में रबी फसल के लिए किसान अभी से युरिया खाद की किल्लत से परेशान हैं। स्थिति यह है कि कई किसान पडोसी धमतरी जिले से खाद ले रहे हैं। किसानों की मजबूरी का फायदा इस तरह से उठा रहा है,कि लादन के नाम पर कुछ अन्य दवाई दी जा रही है,जिससे किसानों के ऊपर दुबारा आर्थिक बोझ पड रहा है।
———————
10कांकेर घड़ी चौक में भूमकाल क्रांति के महानायक, वीर गुंडाधुर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

———————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






