———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
01 अप्रेल 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
”मुर्ख दुसरे को क्या बनाएं खुद बन रहे होते हैं ”
01. आज सुबह 04 आत्मसमर्पित माओवादी व पीड़ितों को कांकेर कलेक्टर ने नियुक्ति पत्र सौंपा एवं शुभकामनाएं दी।

— मानव समाज का सबसे उत्कृष्ट पहलू सकारात्मक परिवर्तन है, जिससे जीवन में नवाचार और नए विचार जन्म लेते हैं। ऐसा ही बदलाव आत्मसमर्पित माओवादियों के जीवन में दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन की पहल पर उन्हें पहले प्रशिक्षित किया गया और अब कुशल होने के बाद रोजगार भी मुहैया हो रहा है। आत्मसमर्पित माओवादियों को भानुप्रतापपुर के ग्राम मुल्ला (चौगेल) के कैम्प में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें पारंगत होने के बाद प्रशासन के प्रयासों से रोजगार भी दिलाया जा रहा है।कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने आज कलेक्टर कक्ष में आज सुबह 04 आत्मसमर्पित माओवादी व पीड़ितों को नियुक्ति पत्र सौंपा तथा उन्हें नई शुरूआत के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इनमें पुनर्वासित सगनूराम आंचला एवं नक्सल पीड़ित रोशन नेताम, बीरसिंह मंडावी और संजय नेताम शामिल थे। इन सभी को निजी फर्म का नियुक्ति पत्र प्रदाय किया गया, जहां 15 हजार रूपए प्रतिमाह मानदेय और अन्य प्रकार की वित्तीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। श्री आंचला ने बताया कि शिक्षा और सही-गलत की जानकारी के अभाव में माओवादी संगठन से जुड़ गया था। उन्होंने कहा कि मनुष्य की अहमियत मुख्यधारा में जुड़ने के बाद ही पता चली। जीवन के अलग-अलग रंगों व वास्तविक खुशियों की पहचान अब जाकर हुई। श्री आंचला ने शासन-प्रशासन का आभार मानते हुए कहा कि जीने का असली मकसद अब मिला है। इसी तरह माओवाद पीड़ित बीरसिंह मंडावी ने कहा कि ग्राम मुल्ला (चौगेल) के कैम्प में पुनर्जीवन मिला है, जहां निःशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें कुशल एवं पारंगत बनाया गया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद जिला प्रशासन द्वारा रोजगार भी दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर हिंसा का मार्ग छोड़ समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं। यह शासन की विशिष्ट पहल है, जिसके चलते उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने व तराशने तथा उसे नई दिशा देने की कवायद हो रही है। इस प्रकार शासन की सकारात्मक पहल का प्रत्यक्ष लाभ पुनर्वासितों व पीड़ितों को मिल रहा है।
————————
02. ग्राम पंचायत सचिव भर्ती हेतु कौशल परीक्षा 05 अप्रैल को
—जिले में ग्राम पंचायत सचिव के 18 पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच उपरांत पात्र एवं अपात्र आवेदकों की सूची जारी कर दी गई है। दावा-आपत्ति के निराकरण पश्चात 2118 आवेदक पात्र एवं 479 अपात्र पाए गए।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार विज्ञापन की शर्तों के अधीन पात्र अभ्यर्थियों में से 01 पद के विरूद्ध 05 अभ्यर्थियों का चयन कर मेरिट के आधार पर कम्प्यूटर कौशल परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन 05 अप्रैल 2026 को प्रातः 9ः30 बजे से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, माकड़ी सिंगराय में किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक योग्यता, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रतियां तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। पात्र अभ्यर्थियों की सूची जिला पंचायत एवं संबंधित जनपद पंचायतों के सूचना पटल तथा जिले की वेबसाइट www.kanker.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है।
———————
03. जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं में हुआ विस्तार, मिली 14 एम्बुलेंस की सौगात। कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

— जिले में स्वास्थ्यगत सुविधाओं में आशातीत विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य विभाग कांकेर जिले को 14 नई 108 एम्बुलेंस प्राप्त हुई, जिससे आपातकालीन सेवाओं में बड़ी सफलता हासिल हुई है। ये एम्बुलेंस जिला अस्पताल सहित विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं देंगी। विधायक आशाराम नेताम ने आज सुबह इन वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इनमें से दो वाहनों में एडवांस लाइफ सपोर्ट एवं शेष 12 एम्बुलेंस बेसिक लाईफ सपोर्ट की सुविधाएं उपलब्ध हैं। विधायक श्री नेताम सहित कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, छ.ग. मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इन एम्बुलेंसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उल्लेखनीय है कि इसके तहत जिला अस्पताल को तीन नई एम्बुलेंस प्राप्त हुई, इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चारामा, भानुप्रतापपुर, नरहरपुर, कोयलीबेड़ा, अंतागढ़, दुर्गूकांदल तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमाबेड़ा में 108 इमरजेंसी एम्बुलेंस का विस्तार हुआ है। इस दौरान विधायक ने जिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले को 14 नई अत्याधुनिक तकनीकी एवं उपकरणों से सुसज्जित एम्बुलेंस मिलने से निश्चित तौर पर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में वृद्धि होगी। उन्हांने कहा कि आपातकालीन घटनाओं में ये एम्बुलेंस जीवनदायिनी साबित होंगी। विशेष तौर पर सड़क दुर्घटना के प्रकरणों में पीड़ितों की जानें बचाई जा सकेंगी।
————————
04. दुर्गूकोंदल तहसील अंतर्गत तीन रेत खदान संचालित, फरवरी तक 15 लाख 70 हजार रायल्टी एवं 33 लाख 91 हजार प्रीमियम राशि प्राप्त।
— खनिज अधिकारी कांकेर से मिली जानकारी के अनुसार दुर्गूकोंदल तहसील में तीन रेत खदान संचालित हैं। ग्राम पंचायत भंडारडिगी अंतर्गत डांगरा, ग्राम पंचायत गुदुम अंतर्गत पित्तेफुलचूर और ग्राम पंचायत परभरेली अंतर्गत भेलवापानी में रेत खदान संचालित की जा रही है, जो ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर सरपंच ग्राम पंचायत के पक्ष में स्वीकृत किया गया है। इन रेत खदानों के उत्खनन और रेत परिवहन किए जाने पर वर्ष 2025-26 में माह फरवरी तक 15 लाख 70 हजार 22 रूपए की रायल्टी तथा 33 लाख 91 हजार 248 रूपए प्रीमियम राशि प्राप्त हुई है। दुर्गूकोंदल तहसील में कुल चार अस्थाई रेत भण्डारण अनुज्ञप्ति ग्राम पंचायत भण्डारडिगी के आश्रित ग्राम डांगरा, ग्राम पंचायत गोड़पाल, ग्राम पंचायत लोहत्तर अंतर्गत ग्राम सोनादई तथा ग्राम पंचायत हानपतरी अंतर्गत ग्राम नवागांव में स्वीकृत एवं संचालित है, जो संबंधित ग्रामसभा से प्राप्त अनुमति एवं अनापति अनुसार स्वीकृत किए गए हैं। खनिज अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी 2026 टॉस्क फोर्स की टीम द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण एवं कार्यवाही करते हुए दुर्गूकोंदल तहसील में अवैध रेत परिवहन के 46 प्रकरण दर्ज कर 46 वाहन जप्त किए गए और 14 लाख 44 हजार 200 रूपए समझौता राशि वसूल किया गया है। अवैध भण्डारण के दो प्रकरण ग्राम चिहरो एवं ग्राम पंचायत महेन्द्रपुर अंतर्गत महेन्द्रपुर सटेली में प्रकरण दर्ज कर दो मशीन जप्त किया गया है। क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर तहसीलदार दुर्गूकोंदल द्वारा 17 मार्च को ग्राम सटेली में एक मशीन एवं 26 मार्च को रात्रि में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा ग्राम जाड़ेकुर्से एवं डंडईखेड़ा में दो मशीन जप्त किया गया है, जिसमें संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। इसी प्रकार दुर्गूकोंदल तहसील में स्वीकृत 02 खदानों में पट्टा शर्तों के उल्लंघन किए जाने पर ग्राम पंचायत भण्डारडिगी अंतर्गत रेत खदान डांगरा और ग्राम पंचायत गुदुम अंतर्गत रेत खदान पित्तेफुलचूर पर दण्डात्मक कार्यवाही की गई है एवं अर्थदण्ड की राशि 01 लाख 50 हजार रूपए आरोपित किया गया है। खनिज अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में रेत खदानों का नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करते हुए अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है, साथ ही सतत निगरानी भी रखी जा रही है।
————————
05 . लखनपुरी में अब प्राईवेट डंपिंग का खेला भी, पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं।
— महानदी से अवैध तरीके से खनन सिर्फ माफिया ही नहीं यहां के हार्डवेयर मालिक भी कर रहे हैं। तत्संबंध में घर बनाने के लिए लाये जाने की बात पर टालने वाले जहल हार्डवेयर ने पूछे जाने पर खुद बताया कि उनके पास किये हुए डंप का पीटपास नहीं है। इधर ग्राम पंचायत पिपरौद हाथ पर हाथ धरे देख रहा है,पर कार्रवाई शुन्य है। लोग बेखौफ होकर पिपरौद ग्राम पंचायत के बोदेली घाट की तरफ से जहां उनकी मर्जी आए ट्रेक्टर अब तो पिकअप से भी रेत निकाल कर अपने घरों,बाडियों में डम्प कर रहे हैं।
————————
06. चारामा विकासखंड के सभी वीएलई को दिया गया महतारी वंदन ई-केवाईसी का प्रशिक्षण।

— इन दिनों जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर महतारी वंदन के हितग्राहियों को ई-केवाई सी कराने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस संदर्भ आज चारामा विकासखंड के प्रत्येक सीएससी संचालकों की उपस्थिति अनिवार्य रखा गया गया था। सभी वीएलई समय पर जनपद पंचायत के सभागार में उपस्थित हुए,जहां डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पारसमल चांडक द्वारा विस्तार से स्क्रीन पर ई-केवाईसी प्रोसेस की जानकारियां दी गई।

शासन द्वारा इस कार्य के लिए वीएलई को मेहनताना की बात की गई। हितग्राहियों का ई-केवाईसी निःशुल्क किया जाना है। अभी आगे पांच महीनों तक जब तक कि ई-केवाईसी नहीं हो जाता, तब तक महतारी वंदन की राशि आती रहेंगी। टेªनिंग के दौरान इसी बीच पिछले नवंबर में महतारी वंदन के वो हितग्राही जिनका नाम छूट गया था, का कार्य वीएलई के माध्यम कराया गया। वीएलई त्रिवेश सिन्हा ने बताया कि उन्होंने तकरीबन 117 लोगों का ई-केवाईसी किया,जहां उन्हें शासन द्वारा तकरीबन 1100 रूपये मिलना था,लेकिन उन्हें अभी तक उनके खाते में 362 रूपये ही आया है। इसी तरह की अन्य शिकायतें भी है,जिन्हें दूर किया जाना चाहिए।
————————
07. अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले ढाबा संचालको पर कांकेर पुलिस की बडी कारवाही। अवैध रूप से शराब बिक्री करने एवं ढाबा में बैठाकर शराब पिलाने वाले 04 आरोपी पर की गई आबकारी एक्ट के तहत् कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि, निखिल राखेचा (भापुसे.) पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर जिला में चल रहे ‘उजियारा’ अभियान के तहत् दिनांक 31.03.2026 को थाना प्रभारी प्रतीक दादा साहेब(भापुसे) के आदेश पर थाना स्टॉफ व्दारा विशेष टीम गठित कर कांकेर क्षेत्र में हाईवे रोड़ से लगे ढाबों का सघन चेकिंग किया गया जिसमें ग्राम कोमलपुर में स्थित ‘सालिक ढाबा’ व ‘कोमलपुर कावडे ढाबा एवं रेस्टोरेन्ट’ एवं ‘कुंवर दादरा ढाबा’ गढपिछवाडी के ढाबा एवं रेस्टोरेन्ट पर पुलिस टीम ने ढाबा को चारो तरफ से घेराबंदी कर ‘रेड की कार्यवाही’ कर सचांलको व्दारा अवैध रूप से शराब रखकर ब्रिकी एवं शराब पिलाने हेतु रखे भारी मात्रा में शराब जप्त कर अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने हेतु ढाबा संचालको के विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत् अपराध क्र. 116/2026, 117/2026, एवं अपराध क्रमांक 119/2026 धारा- 34(1)(ख),34(2),36(ए) आबकारी एक्ट पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही में लिया गया। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस का यह ‘उजियारा’ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस टीम का विवरणः- थाना प्रभारी बनसोडे प्रतिक दादासाहेब(भापुसे0), उप निरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उप.निरीक्षक डी.आर.साहू, सहा उप निरीक्षक सोमेन्द्र सिंह, तेजेश्वर कश्यप, प्रधान आरक्षक 392 फलेश्वर कुदराम, गीतेश्वर कुलदीप,आरक्षक 645 शक्ति सिहॅ, आरक्षक 1184 अरूण
————————
08. श्रीमद्भागवत कथा आयोजन स्थल सराधु नवागांव पहूंची भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी एवं कांग्रेस टीम।

—क्षेत्र के साराधुनवागांव ( चारामा ) में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में भानुप्रतापपुर की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी आयोजन स्थल पहूंची एवं कथा का श्रवण किया। इस दौरान प्रमुख रूप रोमनाथ जैन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष, नरेन्द्र यादव पूर्व सदस्य गौ सेवा आयोग,हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा,नीलू सत्तार खान जनपद सदस्य, सत्तार खान मंडल अध्यक्ष जैसा कर्रा सरजू नरेटी,महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस कांकेर, आदि उपस्थित थे।

————————
05 . पखांजूर क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर कांग्रेस ने आक्रोश के साथ जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए निकाली रैली।
— आज कांग्रेस ने पखांजूर क्षेत्र में बिजली के लौ-वोल्टेज जैसे संकट को लेकर मरोडा से पखांजूर तक 15 किमी रैली निकाली। बिजली आफिस का घेराव किया। आगामी दो दिनों में व्यवस्था पर सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
10.नवोदय चयन पर परिवार ने दी प्रेरणा की मिसाल, दुर्गूकोंदल स्कूल को भेंट किया वाटर फिल्टर।
– शासकीय प्राथमिक शाला दुर्गूकोंदल में कक्षा पांचवी में अध्ययनरत कुमारी मिताली देवांगन के जन्मदिन और नवोदय विद्यालय में चयन की खुशी में उनके माता-पिता ने विद्यालय को वाटर फिल्टर भेंट कर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।मिताली के पिता मुकेश देवांगन, जो स्थानीय जनरल स्टोर संचालक हैं, और उनकी माता शिक्षिका श्रीमती योगिता बाली देवांगन ने इस विशेष अवसर को समाजोपयोगी बनाते हुए शाला परिवार को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई।
————————
विशेष-
बिहान योजना से सशक्त हो रहीं महिलाएंः आजीविका सेवा केन्द्र बना आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार
जिला पंचायत सीईओ ने आजीविका सेवा केंद्र बाबूदबेना का किया निरीक्षण
– जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी द्वारा बाबूदबेना स्थित आजीविका सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आजीविका केन्द्र को खेती की नवीनतम वैज्ञानिक तकनीक, प्रदर्शनीय मॉडल, पशु पालन से संबंधित सामग्री, कृषि यंत्र एवं उन्नत बीज विभिन्न सरकारी योजनाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिला समूहों को लाभ मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से गरीब महिला किसानों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत संचालित इंटिग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (आईएफसी) एवं आजीविका सेवा केन्द्र से ग्रामीण महिलाएं सशक्त हो रही हैं। आजीविका सेवा केन्द्र के माध्यम से महिलाओं को मुर्गी पालन, सब्जी उत्पादन, फूल एवं सुगंधित धान की खेती, बकरी पालन तथा वनोपज जैसी विविध गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इस एकीकृत खेती मॉडल के तहत 16 गांवों की लगभग 1500 महिला किसानों को चयनित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत कांकेर जनपद पंचायत अंतर्गत इंटिग्रेटेड फार्मिंग मॉडल महानदी महिला क्लस्टर संगठन माकड़ीखूना से बागोडार, सिदेसर, हाटकोंगेरा, भीरावाही तथा कंचन महिला क्लस्टर संगठन बारदेवरी से माटवाड़ा लाल, कोकपुर, बारदेवरी, किरगोली एवं जागरूक महिला कलस्टर संगठन धनेलीकन्हार से बाबूदबेना, पोटगांव, अंडी, मरकाटोला तथा आदर्श महिला कलस्टर संगठन गढ़पिछवाड़ी से चयनित गांव वेबरती, पटौद, पुसावंड, दसपुर समूह के दीदीयों को इंटिग्रेटेड फार्मिंग कलस्टर आईएफसी आजीविका वृद्धि कर महिलाओं को ’लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में बाबूदबेना केन्द्र के माध्यम से 148 महिला किसानों को सब्जी बीज एवं मुर्गी चूजों का वितरण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कांकेर के सीईओ, बिहान टीम, क्षेत्रीय समन्वयक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिला किसान उपस्थित रहे।
————————
कलेक्टर, एसपी ने किया सेमरगांव कर्रसाड़ स्थल का निरीक्षण
-कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी आज जिले के अंतागढ़ विकाखण्ड में आमाबेड़ा के पास स्थित ग्राम सेमरगांव में 02 अप्रैल से शुरू होने वाले लिंगों पेन कर्रसाड़़ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और समाज के लोगों से चर्चा कर कर्रसाड़ स्थल एवं मेला स्थल में मुहैय्या कराए जा रहे आवश्यक सुविधाओं जैसे-बिजली, पेयजल, पार्किंग इत्यादि की जानकारी ली, साथ ही स्थल का अवलोकन भी किया। उनके द्वारा मुख्य मार्ग के पास निर्माधान अस्थायी हैलीपेड, कर्रसाड़ स्थल के नजदीक बागझर नाला में बनाए गए स्टाफ डेम का निरीक्षण भी किया। जिला प्रशासन द्वारा कर्रसाड़ स्थल तक आवागमन के लिए परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, इसके संबंध में समाज के पदाधिकारियों को जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर अंतागढ़ श्री ए.एस पैकरा, एसडीएम अंतागढ़ श्री राहुल रजक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद थे।

कर्रसाड़ स्थल तक आवागमन हेतु बस की सुविधा
– अंतागढ़ विकाखण्ड में आमाबेड़ा के पास स्थित ग्राम सेमरगांव में 02 से 04 अप्रैल तक आयोजित होने वाले लिंगों पेन कर्रसाड़़ स्थल तक आवागमन के लिए जिला प्रशासन कांकेर द्वारा निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कर्रसाड़ अवधि में अंतागढ़ से सेमरगांव, कांकेर से सेमरगांव, और कोरर से सेमरगांव के लिए बस संचालित की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार अंतागढ़ बस स्टैण्ड से सेमरगांव व्याहा-कढ़ाई खोदरा-बड़ेपिंजोड़ी-सेमरगांव। इसी प्रकार कांकेर नया बस स्टैण्ड से सेमरगांव, व्याहा-मलांजकुडुम-गुमझीर-उसेली-निलझर-बोड़ागांव से सेमरगांव और कोरर बस स्टैण्ड से सेमरगांव, व्याहा-हाटकर्रा-तरान्दूल-खसगांव-बोड़ागांव-सेमरगांव मार्ग से कर्रसाड़ स्थल तक पहुंचने के लिए निःशुल्क बस संचालित किया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
————————
पीएमश्री हायर सेकेण्डरी स्कूल अंतागढ़ एवं मावा मोदोल लाइब्रेरी का राजस्व सचिव ने किया निरीक्षण, अच्छी व्यवस्थाओं की हुई सराहना
– छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं खाद्य विभाग के सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज अंतागढ़ स्थित पीएमश्री हायर सेकेण्डरी स्कूल और मावा मोदोल लाईब्रेरी एवं नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। पीएमश्री हायर सेकेण्डरी स्कूल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईसीटी लैब, कंप्यूटर लैब, मीडिया लैब, रिटेल लैब, केमिस्ट्री लैब, फिजिक्स लैब, बायोलॉजी लैब, पुस्तकालय एवं शौचालय सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सचिव श्रीमती कंगाले ने परिसर में हरियाली बढ़ाने, स्कूल परिसर के मध्य शेड निर्माण कराने तथा बरामदे में पेवर ब्लॉक लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं बिजली की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली, जिस पर कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने 100 एमबीपीएस की इंटरनेट स्पीड उपलब्ध होने की जानकारी दी।

सचिव श्रीमती कंगाले ने विद्यार्थियों को वेयरहाउस, बैंकिंग प्रणाली एवं क्रेडिट एक्सेस के बारे में जानकारी प्रदान करने तथा उन्हें बैंकों का भ्रमण कराने की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर कलेक्टर ने उन्हें जिले में स्थापित किए जाने वाले फाइनेंस लैब की जानकारी देते हुए बताया कि इससे छात्रों को भविष्य में वित्तीय ज्ञान प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि पीएमश्री स्कूल अंतागढ़ में वर्तमान में कुल 967 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिसमें हिन्दी माध्यम से 268 और अंग्रेजी माध्यम से 699 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे है। स्कूल निरीक्षण के पश्चात उन्होंने मावा मोदोल लाइब्रेरी अंतागढ़ का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद किया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। दूरस्थ अंचल के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना भी की। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने मावा मोदोल कोचिंग सेंटर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कांकेर जिले में 04 क्रमशः कांकेर, भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल और अंतागढ़ में मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिले से इस वर्ष यहां के 20 युवाओं ने सीजीपीएससी प्री परीक्षा उत्तीर्ण की है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, एसडीएम राहुल राजक, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






